न्यू मेडिकल कॉलेज परिसर में पीजी हॉस्टल्स का लोकार्पण, कॉटेज वार्ड का शिलान्यास

0
3

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को न्यू मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 31.70 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कॉटेज वार्ड का भूमिपूजन तथा 30.61 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पीजी हॉस्टल्स का लोकार्पण किया। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से कॉटेज वार्ड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

ऐसे मरीज जिन्हें कई दिनों या सप्ताह तक अस्पताल में रहकर उपचार कराना पड़ता है, उन्हें अब अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण मिलेगा। नए पीजी हॉस्टल्स बनने से युवा चिकित्सकों और रेजिडेंट डॉक्टरों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।

इससे उन्हें अध्ययन, प्रशिक्षण और शोध कार्य के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा, जिसका लाभ अंततः मरीजों को भी मिलेगा। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर व विधायक संदीप शर्मा उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा अगले दो वर्षों में मेडिकल कॉलेज के इन्फ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में व्यापक बदलाव करेंगे। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, उत्कृष्ट उपचार और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के दम पर देश के अग्रणी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। निर्माणाधीन मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, रामाश्रय भवन तथा अन्य स्वास्थ्य परियोजनाएं कोटा को चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान देंगी।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में होगा व्यापक सुधार
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रसूताओं की मृत्यु हमारे लिए पड़ीदायक है, जनसहयोग से भी मदद करेंगे। इस घटना से सीख लेते हुए एम्स सहित देश के विशेषज्ञ चिकित्सकों के सुझावों के आधार पर व्यापक सुधारात्मक योजना तैयार की गई है। अस्पतालों का विस्तार पर्याप्त नहीं है, बल्कि बीमारी के मूल कारणों पर काम करना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ कुपोषण को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की बड़ी चुनौती मानते हुए जनसहयोग से सुपोषित माँ अभियान शुरू किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती: दिलावर
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि कोटा मेडिकल कॉलेज में कॉटेज वार्ड और पीजी हॉस्टल का निर्माण स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल आधुनिक भवनों से नहीं, बल्कि स्वच्छ, हरे-भरे और स्वस्थ वातावरण से भी बेहतर बनता है। उन्होंने परिसर में अधिक से अधिक पौधारोपण का आह्वान करते हुए कहा कि पेड़ पर्यावरण संरक्षण के साथ शुद्ध हवा, वर्षा और बेहतर स्वास्थ्य के आधार हैं। उन्होंने कहा कि भारत में प्रति व्यक्ति पेड़ों की संख्या अभी भी अपेक्षाकृत कम है, इसलिए चिकित्सकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों को भी पौधारोपण कर इसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

लंबे समय से थी आवश्यकता: संदीप शर्मा
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा मेडिकल कॉलेज में कॉटेज वार्ड और नए पीजी हॉस्टल का निर्माण लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करेगा। उन्होंने इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशील सोच के कारण मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कैथ लैब, किडनी ट्रांसप्लांट जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के बाद अब कॉटेज वार्ड और रामाश्रय जैसी परियोजनाएं मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में कोटा चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनकर देश के प्रमुख चिकित्सा केंद्रों में शामिल होगा। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन सहित अन्य विभागों के चिकित्सक व गणमान्य उपस्थित रहे।