नई दिल्ली। बकरीद (ईद-उल-अजहा) के मौके पर गुरुवार, 28 मई को भारतीय शेयर मार्केट बंद रहेंगे। बीएसई और एनएसई दोनों एक्सचेंजों पर आज किसी भी तरह की ट्रेडिंग नहीं होगी।
इसके चलते निवेशक आज शेयरों की खरीद-बिक्री नहीं कर पाएंगे। केंद्र सरकार ने भी 28 मई को सार्वजनिक छुट्टी घोषित किया है। इसी वजह से देश के अधिकांश राज्यों में बैंक और सरकारी दफ्तर भी बंद रहेंगे।
बकरीद गजटेड हॉलिडे होने की वजह से देश के ज्यादातर राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में भी अवकाश रहेगा। हालांकि, कुछ राज्यों में चांद दिखने और स्थानीय प्रशासन के फैसले के आधार पर छुट्टी की तारीख अलग हो सकती है।
BSE और NSE के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार आज इक्विटी मार्केट, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, NDS-RST और ट्राइ पार्टी रेपो सेगमेंट्स में कारोबार बंद रहेगा। यानी इस दौरान शेयर बाजार में किसी भी तरह की ट्रेडिंग गतिविधि नहीं होगी।
MCX पर शाम को खुलेगा बाजार
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में कमोडिटी ट्रेडिंग सुबह के सत्र में बंद रहेगी। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कारोबार नहीं होगा। हालांकि, शाम का सत्र सामान्य रूप से खुलेगा। शाम 5 बजे के बाद कमोडिटी मार्केट में ट्रेडिंग फिर शुरू हो जाएगी और रात 11:30 बजे/11:55 बजे तक जारी रहेगी।
मई में दूसरी बार बंद हुआ बाजार
मई 2026 में यह दूसरा बड़ा ट्रेडिंग हॉलिडे है। इससे पहले 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के कारण शेयर बाजार बंद रहा था। अब 28 मई को बकरीद की छुट्टी के चलते कारोबार नहीं हो रहा है।

