नई दिल्ली। Stock Market Update: शेयर मार्केट में गिरावट के बीच शुक्रवार 6 मार्च की सुबह 9:25 बजे बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स में केवल इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टीसीएस, बीईएल, रिलायंस, इटरनल, एनटीपीसी, ट्रेंट और सन फार्मा ही हरे निशान पर ट्रैंड कर रहा हैं। सेंसेक्स 404 अंकों की गिरावट के साथ 79611 पर है। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 102 अंक नीचे 24663 पर है।
सुबह 9:15 बजे शेयर मार्केट की शुरुआत सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन कमजोर रही। कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 356 अंकों की गिरावट के साथ 79658 पर खुला। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के 50 शेयरों वाले सूचकांक निफ्टी की शुरुआत गिरावट के शतक के साथ हुई। निफ्टी 109 अंकों के नुकसान के साथ 24656 के लेवल पर खुला।
गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की आशंकाओं के बीच लगातार तीन दिनों से चल रही गिरावट से उबरते हुए मजबूती दर्ज की थी। इस दिन सेंसेक्स 899.71 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,015.90 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 में भी 285.40 अंक यानी 1.17 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 24,765.90 के स्तर पर बंद हुआ।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
- एशियाई बाजारों में गिरावट
अमेरिकी बाजार में रातोंरात आई गिरावट का असर शुक्रवार को एशियाई बाजारों में भी देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 0.24 प्रतिशत और टॉपिक्स 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.87 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि कोस्डैक में 2.45 प्रतिशत का उछाल रहा। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स के फ्यूचर्स भी कमजोर शुरुआत की ओर इशारा कर रहे थे। - गिफ्ट निफ्टी के संकेत
गिफ्ट निफ्टी 24,605 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से लगभग 249 अंक कम है। यह भारतीय शेयर बाजार के लिए नकारात्मक शुरुआत का संकेत दे रहा है। - अमेरिकी बाजार में भारी गिरावट
मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के छठे दिन और तेल की कीमतों में आई तेजी के चलते गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 784.67 अंक यानी 1.61 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 47,954.74 पर आ गया। एसएंडपी 500 0.56 प्रतिशत गिरकर 6,830.71 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक कंपोजिट में 0.26 प्रतिशत की गिरावट रही और यह 22,748.99 पर बंद हुआ।

