कोटा-बून्दी एयरपोर्ट और 4600 करोड़ के पेयजल-सिंचाई प्रोजेक्ट का शिलान्यास 7 को

0
7

कोटा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कोटा आगमन को लेकर तैयारियों के निमित्त ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने रविवार को जीएमए प्लाजा सभागार में कोटा शहर व कोटा देहात की संयुक्त बैठक ली। इस दौरान विधायक संदीप शर्मा, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन और देहात अध्यक्ष प्रेम गोचर मौजूद रहे।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 7 मार्च को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा औऱ केन्द्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू हाड़ौती के महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट कोटा-बून्दी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान 4600 करोड की जल, सिंचाई परियोजना का शिलान्यास भी होगा।

जे.जे.एम. के अन्तर्गत 1100 करोड की नौनेरा परियोजना, 3500 करोड की परवन परियोजना का भूमिपूजन किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वीडियो संदेश भी प्रसारित किया जाएगा। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलान शर्मा के नेतृत्व में राज्य में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। भाजपा शासन में राजस्थान का चहुंमुखी विकास हो रहा है।

जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों का परिणाम ही है कि कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण में आ रही सभी बाधायें दूर होकर एयरपोर्ट निर्माण की राह साफ हुई।

7 मार्च को कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास कोटा के साथ पूरे हाड़ौती के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। जैन ने कहा कि इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बनने के लिये भाजपा कार्यकर्ताओं सहित आमजन में भारी उत्साह एवं जोश है।