जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार सत्ता भाव से नहीं, संवेदनशीलता के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है। इन दो साल में राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को अजमेर स्थित कायड़ विश्राम स्थली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास की सौगात देने के बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र पर हम लगातार काम कर रहे हैं। विकास के जिन वादों के साथ राजस्थान में डबल इंजन सरकार सेवा में आई थी, उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है।
डबल इंजन सरकार में युवाशक्ति हो रही सशक्त
श्री मोदी ने कहा कि आज करीब 17 हज़ार करोड़ रुपए की परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण से सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि दो साल पहले तक राजस्थान में भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की ही खबरें आती रहती थीं। अब राजस्थान में पेपर लीक पर लगाम लगी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। आज डबल इंजन सरकार में युवाशक्ति और सशक्त हो रही है। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 21,863 युवाओं को शुभकामनाएं भी दी।
नारीशक्ति की समस्याओं का किया समाधान
प्रधानमंत्री ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ देश की नारीशक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि अगर मां स्वस्थ होती है, तो परिवार हर संकट का सामना करने में सक्षम रहता है। इसी भावना से केन्द्र सरकार ने महिलाओं को संबल देने वाली अनेक योजनाएं चलाई हैं। वर्ष 2014 से पहले के दौर में शौचालय की समुचित सुविधा नहीं होने से बहनों-बेटियों को पीड़ा और अपमान झेलना पड़ता था। अलग टॉयलेट की सुविधा नहीं होने के कारण बच्चियां स्कूल छोड़ देती थी। पहले इन समस्याओं की चर्चा तक नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि हमने इन समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ मिशन मोड पर समाधान किया। गर्भावस्था के दौरान मां को पोषक आहार मिल सके इसके लिए 5 हजार रुपए बहनों के खाते में जमा करने की मातृ वंदना योजना शुरु की। महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्जवला गैस योजना की शुरूआत की।
राजस्थान में बढ़ रहे निवेश के अवसर
श्री मोदी ने कहा कि आज का समय राजस्थान के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अच्छी सड़क, रेल और हवाई सुविधा से सिर्फ सफर आसान नहीं होता बल्कि पूरे क्षेत्र की किस्मत बदल जाती है, इसलिए हमारी सरकार राजस्थान में आधुनिक कनेक्टिविटी पर बहुत बल दे रही है। कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन बढ़ता है। पर्यटक आते हैं तो होटल, ढाबे, टैक्सी, गाइड आदि को काम मिलता है, राजस्थान के कारीगरों का बनाया सामान बिकता है। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी बढ़ने से राजस्थान में निवेश के लिए अवसर भी बढ़ रहे हैं।
सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है लेकिन राजस्थान की पूर्ववर्ती सरकार ने सिंचाई की परियोजनाओं को दशकों तक लटकाए रखा। ईआरसीपी परियोजना को फाइलों और घोषणाओं में उलझाकर रखा लेकिन हमारी सरकार ने आते ही इस स्कीम को फाइलों से निकालकर धरातल पर उतारने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना हो या यमुना-राजस्थान लिंक प्रोजेक्ट, नदियों को जोड़ने के अभियान का राजस्थान को भी बड़ा फायदा मिलेगा।
सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती
श्री मोदी ने कहा कि राजस्थान अब सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन रहा है। राजस्थान में धूप की कोई कमी नहीं और अब प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं से यही धूप आमजन के लिए बचत और कमाई का साधन बन रही है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में सरकार लोगों को छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपए की सहायता सीधे बैंक खाते में दे रही है। प्रदेश में सवा लाख से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं और इस योजना की वजह से कई घरों का बिजली बिल अब लगभग जीरो आ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के आरंभ में तीर्थराज पुष्कर, सावित्री माता, वीर तेजा जी महाराज, भगवान देवनारायण, वरुण अवतार भगवान झूलेलाल को नमन किया। उन्होंने कहा कि अजमेर, आस्था और शौर्य की धरती है, यहां तीर्थ भी हैं और क्रांतिवीरों के पद्चिन्ह भी हैं। उन्होंने मेजर दलपत सिंह के शौर्य को याद करते हुए कहा कि राजस्थान के वीरों की इज़रायल के हाइफा शहर को आज़ाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका थी।

