केंद्र सरकार ने देश में पहली बार अंडरवाटर रोड-रेल टनल योजना को मंजूरी दी

0
18

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने असम में ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे अंडरवाटर रोड-रेल टनल बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। यह देश की पहली सुरंग होगी जिसमें सड़क और रेल दोनों होंगी। इसे ट्विन ट्यूब टीबीएम टनल नाम दिया गया है। इसमें एक टनल में रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर और दूसरे में रोड होगी।

इसकी कुल लंबाई 33.7 किमी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की बैठक में इस योजना से जुड़े प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई।

यह सुरंग गोहपुर और नुमालीगढ़ कॉरिडोर के बीच बनाई जाएगी। इसकी कुल लागत 18,662.02 करोड़ रुपये होगी। अभी नुमालीगढ़ से गोहपुर जाने में 240 किमी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है जिसमें करीब 6 घंटे लगते हैं। लेकिन अब ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे रोड कम रेल टनल के जरिए चार लेन की एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी को मंजूरी दी गई है।

इससे नुमालीगढ़ और गोहपुर का रास्ता केवल आधे घंटे में तय हो सकेगा। यह देश में पहली अंडरवाटर कम रोड टनल है। दुनिया में अब तक इस तरह की एक ही सुरंग है। इस प्रोजेक्ट से असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और पूर्वोत्तर के दूसरे राज्यों को फायदा होगा। साथ ही इससे फ्रेट मूवमेंट में आसानी होगी, लॉजिस्टिक्स कॉस्ट में कमी आएगी और पूर्वोत्तर के विकास को गति मिलेगी।

कैबिनेट ने साथ ही नोएडा मेट्रो के विस्तार को भी मंजूरी दे दी है। नोएडा सेक्टर 142 से बोटेनिकल गार्डन के बीच 11.56 किमी सेक्शन को मंजूरी मिल गई है। इस पर कुल 8 एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इसके साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो रेल नेटवर्क 61.62 किमी पहुंच जाएगा। बोटेनिकल गार्डन में यह दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मेजेंटा लाइन से आकर जुड़े। इससे नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाना और आसान हो जाएगा।