शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 का लाभांश वितरण कल से

0
15

कर्मचारी सदस्यों को 2.41 करोड़ रुपए से अधिक का लाभांश वितरण होगा

कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सरकारी सभा 696 आर. कोटा बारां ने वर्ष 2024- 25 में 4 करोड़ 55 लाख 58 हजार 127 रु का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।

शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि शुद्ध लाभ में से विभिन्न कोष प्रावधान के बाद 2 करोड़ 41 लाख 79 हजार 295 रुपए का लाभ सदस्यों के बीच 15 से 17 अक्टूबर को राजकीय महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय गुमानपुरा मल्टीपरपज में प्रातः 10.30 बजे से 4.30 बजे तक वितरित किया जाएगा।।

मंत्री जमनालाल गुर्जर ने बताया कि शिक्षा सहकारी ने वर्ष 2024- 25 में 4 करोड़ 55 लाख 58 हजार 127 का शुद्ध लाभ कमाया है। जिसमें सुरक्षित कोष, जनहित कोष, लाभ समानीकरण कोष, शिक्षा कोष सहित विभिन्न प्रावधानों में 2 करोड़ 13 लाख 78 हजार 832 रुपए की व्यवस्था करने के उपरांत 2 करोड़ 41 लाख 79 हजार 295 रुपए का लाभ सदस्यों के बीच वितरित होगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान संचालक मंडल ने कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही संस्था सदस्यों एवं कार्मिकों के हित एवं सम्मान को ध्यान में रखते हुए अपनी गतिविधियां प्रारंभ की। संस्था निरंतर प्रगति केपथ पर अग्रसर है। यह पहला अवसर है जब संस्था लगातार 3 वर्षों से लाभांश वितरण कर रही है। इतना ही नहीं जीरो और दो से ढाई प्रतिशत मिलने वाले लाभांश को बढ़ाया गया है। जो अब चार प्रतिशत तक पहुंच गया है।

अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल एवं उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने बताया कि वर्तमान संचालक मंडल का प्रयास सदस्यों के सम्मान के साथ संस्था के हितों की रक्षा का रहा है। संस्था को भ्रष्टाचार मुक्त संचालन पहली प्राथमिकता है। जायसवाल ने बताया कि संचालक मंडल डिफॉल्टर से वसूली एवं मितव्ययता के साथ संस्था संचालन की दिशा में भी अच्छा प्रयास कर रहा है। जिसमें संचालक गायत्री मीणा, राजमल मीणा, अनुराधा शर्मा, कमल कुमार शर्मा, रवि गौतम, दिनेश कुमार मीणा, धर्मेंद्र मेघवाल, शिवराज गोचर, दिनेश नागर, पूनम गौतम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

जायसवाल ने बताया कि वर्तमान संचालक मंडल खेलकूद एवं स्काउट गाइड संचालन को बढ़ावा देने का कार्य करने के साथ विद्यालयों में संसाधन उपलब्ध करवाने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। इसी के साथ साथ अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतर्गत जहां वन व वन्य जीव संरक्षण, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन, जल संरक्षण, रक्तदान, स्वच्छता की दिशा में भी संचालक मंडल ने काम करना प्रारंभ किया है।

जायसवाल ने बताया कि संचालक मंडल ने आने वाले समय में वर्षों से धूल फांक रही डॉ. राधा कृष्णन की प्रतिमा को शिक्षा सहकारी के परिसर में स्थापित करने का निर्णय किया है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से संस्था ने अभी तक सीबीईओ सुल्तानपुर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बंबोरी, पलसावा एवं वन विभाग जगपुरा में पौधारोपण किया और करवाया है। वहीं रक्तदान की दृष्टि से शेरगढ़ में रक्तदान शिविर आयोजित किया है। वहीं नवंबर में अटरु एवं सुल्तानपुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।