सेंसेक्स 50 अंक की गिरावट के साथ 58,058 पर, वेदांत फैशन की शानदार लिस्टिंग

0
234

मुंबई। शेयर बाजार बुधवार को अब तक 200 अंक की तेजी गंवा चुका है और यह सेंसेक्स 50 अंक की गिरावट के साथ 58,058 पर कारोबार कर रहा है। उधर, वेदांत फैशन के शेयर्स की आज लिस्टिंग हुई। यह 936 रुपए पर लिस्ट हुआ, पर बाद में यह मामूली नीचे चला गया।

वेदांत फैशन का इश्यू में भाव 824 से 866 रुपए तय किया गया था। कंपनी फैशन और कपड़ों के कारोबार में है। इसने 954 का ऊपरी और 926 का निचला स्तर बनाया। इसका मार्केट कैप 22 हजार करोड़ रुपए से थोड़ा ज्यादा है।

आज सेंसेक्स 168 अंक ऊपर 58,310 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 58,467 का ऊपरी और 58,308 का निचला स्तर बनाया। इसके गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में अल्ट्राटेक डॉ रेड्‌डी, टाटा स्टील, विप्रो, सनफार्मा, SBI हैं। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावरग्रिड, बजाज फिनसर्व, HDFC बैंक, नेस्ले, HDFC और बजाज फाइनेंस हैं।

मारुति और एयरटेल भी बढ़त में
इसके अलावा HCL टेक, मारुति, एयरटेल, कोटक बैंक, ITC, NTPC, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर और TCS भी मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टाइटन और एशियन पेंट्स के शेयर्स भी तेजी में हैं।

144 शेयर लोअर सर्किट में
सेंसेक्स के 144 शेयर्स लोअर और 162 अपर सर्किट में हैँ। इसका मतलब एक दिन में इनकी कीमत में एक तय सीमा से ज्यादा की न तो बढ़त हो सकती है न गिरावट हो सकती है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 263.30 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 261.87 लाख करोड़ रुपए था। लिस्टेड कंपनियों में 1945 के शेयर्स बढ़त में और 475 गिरावट में हैं।

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 13 पॉइंट्स नीचे 17,338 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,408 पर खुला था और 17,367 का निचला तथा 17,450 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके नेक्स्ट 50, निफ्टी मिडकैप, बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स तेजी में हैं।

18 शेयर्स गिरावट में
निफ्टी के 50 शेयर्स में से 32 बढ़त में और 18 गिरावट में हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में विप्रो, डॉ. रेड्‌डी, इंफोसिस और लार्सन एंड टुब्रो हैं। बढ़ने वालों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, HDFC लाइफ और कोल इंडिया हैं। इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,736 अंक (3.08%) बढ़कर 58,142 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 509 पॉइंट्स (3.08%) बढ़त के साथ 17,352 पर बंद हुआ।