राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर आने वाले समय में पर्यटकों की पहली पसंद बनेगी हाड़ौती
कोटा। पिछले तीन दिनों से कोटा एवं बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रहे 11 राज्यों से आए 50 से अधिक प्रमुख टूर ऑपरेटर्स ने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के बाद उत्साहजनक फीडबैक दिया।
उन्होंने चम्बल रिवर फ्रंट की तारीफ करते हुए कहा कि कोटा में वर्ल्ड क्लास टूरिज्म है। यहां के जितने भी टूरिस्ट पैलेस हैं, उनको प्रमोट करने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने एयर कनेक्टिविटी की भी जरूरत बताई। .
टूर ऑपरेटर्स ने कहा कि हाड़ौती में वह सभी खूबियां मौजूद हैं, जिन्हें पर्यटक किसी पर्यटन गंतव्य में तलाशते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में हाड़ौती राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर पर्यटकों की पहली पसंद बन सकती है।
टूर ऑपरेटर्स ने कहा कि एक ही क्षेत्र में तीन-तीन अभयारण्य, चंबल जैसी महत्वपूर्ण नदी, ऐतिहासिक धरोहरें, पुरातात्विक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य तथा आधुनिक शैली के पर्यटन स्थल मौजूद हैं। इन सभी स्थलों को देखकर वे बेहद प्रभावित हुए।
उन्होंने मुक्त कंठ से हाड़ौती की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों में हाड़ौती का स्थान अग्रिम पंक्ति में होना चाहिए, लेकिन प्रचार-प्रसार एवं प्रमोशन के अभाव में हाड़ौती को अभी तक वह स्थान नहीं मिल पाया है, जिसकी वह हकदार है।
टूर ऑपरेटर्स ने विश्वास दिलाया कि वे देश-विदेश के पर्यटकों को हाड़ौती भेजने के लिए अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही राजस्थान के विभिन्न पर्यटन सर्किटों की आइटनरी में हाड़ौती को शामिल कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकें।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि मेवाड़ और हाड़ौती के सामूहिक पर्यटन पैकेज को भी टूर ऑपरेटर्स ने काफी सराहा है। इससे दोनों क्षेत्रों को एक साथ पर्यटन आइटनरी में शामिल करने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सहसचिव कृष्ण अवतार खंडेलवाल, सुभाष शर्मा सहित जयपुर से आए पदाधिकारियों ने विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स का स्वागत एवं अभिनन्दन किया और हाड़ौती के पर्यटन को लेकर उनके अनुभव एवं फीडबैक लिए।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों से हाड़ौती को पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि हाड़ौती आज राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपना स्थान अंकित कर चुकी है। कोटा डिवीजन द्वारा फेम टूर के माध्यम से शुरू की गई यह मुहिम निश्चित रूप से आने वाले समय में हाड़ौती के पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
हुसैन खान ने कहा कि पर्यटन विकास में टूर ऑपरेटर्स की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उनके फीडबैक से हमारा उत्साह बढ़ा है। आने वाले समय में अजमेर, जयपुर और पुष्कर सहित राजस्थान के प्रमुख पर्यटन सर्किटों से हाड़ौती को जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य के कई संभागों की अर्थव्यवस्था एवं रोजगार पर्यटन पर निर्भर है। ऐसे में पर्यटकों की निरंतरता बनाए रखने के लिए नए पर्यटन स्थलों का विकास और नए पर्यटन डेस्टिनेशन को पर्यटन सर्किट से जोड़ना बेहद आवश्यक है। हाड़ौती इस दिशा में एक उपयुक्त और नई पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से उभर रही है।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि हाड़ौती पर्यटन को लेकर किए जा रहे निरंतर प्रयासों के परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। फेम टूर में 11 राज्यों से आए प्रसिद्ध टूर ऑपरेटर्स ने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जमकर सराहना की है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को टूर ऑपरेटर्स को कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाया गया। इनमें चंबल सफारी, गढ़ पैलेस, अभेडा महल, सिटी पार्क, सेवन वंडर्स तथा किशोर सागर तालाब प्रमुख रहे। इन स्थलों को देखकर टूर ऑपरेटर्स काफी प्रभावित हुए और उन्होंने कोटा के पर्यटन स्थलों की प्रशंसा की।
माहेश्वरी ने बताया कि टूर ऑपरेटर्स ने चंबल सफारी को विशेष रूप से अद्वितीय बताते हुए कहा कि इस तरह की चंबल सफारी भारत में अन्यत्र देखने को नहीं मिलती। टूर ऑपरेटर्स को कोटा के होटल एवं रिसॉर्ट्स का भी भ्रमण करवाया गया, जिसे उन्होंने काफी पसंद किया।
उन्होंने कहा कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी, चंबल रिवर फ्रंट और रामगढ़ विषधारी अभयारण्य हाड़ौती के पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पत्रकार वार्ता में विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स ने कहा कि वे आने वाले समय में हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार करेंगे और अपने पर्यटकों को हाड़ौती भेजने के लिए पर्यटन पैकेज तैयार करेंगे।
टूर ऑपरेटर्स ने हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के साथ-साथ यहां के खान-पान, आतिथ्य सत्कार और प्राकृतिक वातावरण की भी सराहना की। उन्होंने कोटा शहर को पर्यटन की दृष्टि से बेहद आकर्षक बताते हुए कहा कि आने वाले समय में हाड़ौती पर्यटन नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है।
टूर ऑपरेटर्स ने यह भी कहा कि कोटा एक उपयुक्त एवं किफायती डेस्टिनेशन के रूप में विकसित हो सकता है। यहां के होटल एवं रिसॉर्ट्स की दरें अन्य प्रमुख पर्यटन शहरों की तुलना में काफी प्रतिस्पर्धी हैं।
टूर ऑपरेटर्स को जंगल सफारी कल
फेम टूर के तहत शनिवार सुबह सभी टूर ऑपरेटर्स की बी2बी मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात टूर ऑपरेटर्स को मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी का भ्रमण करवाया जाएगा। इस दौरान हाड़ौती के पर्यटन पैकेज एवं भविष्य में अधिक से अधिक पर्यटकों को हाड़ौती से जोड़ने को लेकर भी चर्चा होगी।




