Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 5825

अप्रैल में सोने का आयात 40 फीसदी से अधिक बढ़ा

0

मुंबई। सोने के आयात में अप्रैल में अक्षय तृतीया से पहले भी तेजी दर्ज की गई थी। मार्च में सोने का आयात 103.8 टन पर रहा और अप्रैल में आभूषण और सराफा कारोबारियों ने फिर से लगभग 75 टन का आयात किया। जीएफएमएस रॉयटर्स के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में आयात 75 टन के आसपास रहा है जो अप्रैल 2016 के आयात की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक है। अप्रैल 2016 में 53 टन सोना आयात किया गया था।
 
इस बीच मुंबई में सोने की कीमतें गिर कर 27,960 रुपये पर आ गईं जो चार महीने का निचले स्तर है। जीएफएमएस टीआर के दक्षिण एशियाई मामलों के प्रमुख विश्लेषक सुधीश नांबियथ ने कहा, ‘पिछले कुछ महीनों में रिटेलरों द्वारा जमाखोरी से संबंधित खरीदारी और अक्षय तृतीया से पहले उपभोक्ता मांग मजबूत होने और जीएसटी के क्रियान्वयन आदि को मांग में बदलाव के संदर्भ में एक प्रमुख कारक के तौर पर देखा जा रहा है।’
 
अनुमान है कि अक्षय तृतीया के दिन 35-40 टन सोने की बिक्री हुई। मांग मजबूत थी ओर कीमतें भी नरम बनी हुई थीं। मांग में बड़ा योगदान दक्षिण भारत के खरीदारों का रहा। सुधीश ने कहा, ‘त्योहारों के लिए मांग के अलावा भी पिछले महीने आभूषण बिक्री मजबूत रही, क्योंकि जो लोग साल की दूसरी छमाही में शादियों के संबंध में खरीदारी की योजना बना रहे थे। उन्होंने भी खरीदारी के लिए इस दिन को शुभ अवसर के तौर पर मानकर खरीदारी की होगी। 

 

21 करोड़ डॉलर के भुगतान पर होगा स्नैपडील और फ्लिपकार्ट का विलय

0

मुंबई।  तीन माह के दौरान 15 बैठकों और 21 करोड़ डॉलर के भुगतान पर सहमति के बाद देश की दो प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों स्नैपडील और फ्लिपकार्ट के बीच विलय की योजना परवान चढ़ती नजर आ रही है। जापानी दूरसंचार दिग्गज सॉफ्टबैंक ने फ्लिपकार्ट में स्नैपडील के विलय की कवायद की है। यह सौदा स्नैपडील के करीब 1 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर हो रहा है, जबकि पिछले साल कंपनी का रिकॉर्ड मूल्यांकन 6.5 अरब डॉलर था।

 इस सौदे के बारे में अगले 72 घंटों में कभी भी घोषणा की जा सकती है। इस सौदे की अंतिम बाधा स्नैपडील के शुरुआती निवेशक नेक्सस वेंचर पार्टनर्स की ओर से थी, जिसने प्रस्तावित सौदे के खिलाफ वीटो अधिकार का इस्तेमाल किया था। कंपनी की सबसे बड़ी निवेशक सॉफ्टबैंक, नेक्सस को अपने पाले में करने में विफल रही।

हालांकि गुरुवार को घोषणा की गई कि नेक्सस स्नैपडील और फ्लिपकार्ट के विलय पर सहमत हो गया है। हालांकि इस सौदे की रकम का खुलासा नहीं किया गया है लेकिन माना जा रहा है कि नेक्सस को स्नैपडील से बाहर निकलने के लिए करीब 8 करोड़ डॉलर मिलेंगे। इनमें नकद और विलय के बाद बनने वाली इकाई के शेयर, दोनों शामिल हैं।

समझा जाता है कि स्नैपडील के संस्थापकों कुणाल बहल और रोहित बंसल को एकीकृत कंपनी में कोई शेयर नहीं दिया जाएगा। बहल और बंसल की कंपनी में करीब 6.5 फीसदी हिस्सेदारी है और विलय से उन्हें 6 करोड़ डॉलर मिल सकते हैं। संस्थापकों की कुल हैसियत फिलहाल 35 करोड़ डॉलर (2,300 करोड़ रुपये) है।

इस सौदे के बाद उनकी हैसियत 40 करोड़ डॉलर से अधिक हो सकती है। सॉफ्टबैंक द्वारा 21 करोड़ डॉलर के भुगतान से स्नैपडील के संस्थापकों और शुरुआती दौर के निवेशकों कलारी कैपिटल तथा नेक्सस को भुगतान किया जाएगा। कलारी को करीब 7 करोड़ डॉलर मिल सकते हैं। हालांकि नेक्सस ने इस सौदे पर सहमति जता दी है लेकिन सौदे की शर्तों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

स्नैपडील की ओर से सौदे को हरी झंडी मिलने के बाद सॉफ्टबैंक द्वारा टाइगर ग्लोबल के साथ बातचीत शुरू करने की उम्मीद है। टाइगर ग्लोबल फ्लिपकार्ट की निवेशक है। माना जा रहा है कि वास्तविक विलय में थोड़ा समय लगेगा। एक अन्य सूत्र ने कहा, ‘फ्लिपकार्ट इसमें कम से कम एक माह ले सकती है।’ सॉफ्टबैंक स्नैपडील के निवेशकों को अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए राजी करने के लिए दिग्गज अधिकारी कबीर मिश्रा को लेकर आई थी।

 

ट्रैन से कर सकेंगे अब चार धाम की तीर्थयात्रा, 40,000 करोड़ की लागत आएगी

0

नई दिल्ली। चारधाम की तीर्थयात्रा करने के लिए श्रद्धालुओं को कड़ा परिश्रम करना पड़ता है। अब सरकार चारधाम यात्रा को ट्रेन के जरिए सुगम बनाने की दिशा में काम कर रही है। भारतीय रेलवे की ओर से इसी सप्ताह उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित चारधाम तीर्थों का फाइनल लोकेशन सर्वे करेगा। इस पर 40,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।

रेलवे की कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड को इस प्रॉजेक्ट के फाइनल सर्वे की जिम्मेदारी दी गई है। चार धाम कहे जाने वाले गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ और केदारनाथ को देहरादून और कर्णप्रयाग से जोड़ा जाएगा। इससे पहले रेल विकास निगम ने 2014-15 में पैमाइश की थी और 2015 में रिपोर्ट सौंपी थी।पैमाइश के सर्वे के मुताबिक यह पूरा रूट 327 किलोमीटर का होगा और 43,292 करोड़ रुपये तक की लागत आएगी।

रेलवे की ओर से किए गए सर्वे में इस रूट पर 21 नए रेलवे स्टेशन, 61 सुरंगें और 59 पुल बनेंगें।  रेलवे के लिए इस प्रॉजेक्ट को तैयार करने में कंस्ट्रक्शन से जुड़ी बड़ी चुनौतियां होंगी। चारधाम के प्रस्तावित रूट के करीब डोईवाला, ऋषिकेश और कर्णप्रयाग स्टेशन होंगे। 13 मई को रेल मंत्री सुरेश प्रभु सिंगल ब्रॉडगेज लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे का शिलान्यास करेंगे।

धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने का विचार

0

नयी दिल्ली। सरकार जुलाई से शुरू होने वाले आगामी फसल वर्ष 2017..18 के लिए धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य :एमएसपी: को 80 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा कर 1,550 रुपये करने के बारे में विचार कर रही है।

चालू फसल वर्ष में साधारण किस्म के धान का एमएसपी 1,470 रुपये क्विंटल था। ए ग्रेड धान का एमएसपी थोड़ा उंचा रहता है जो इस वर्ष के लिए 1,510 रुपये निर्धारित किया गया था।

सूत्रों के अनुसार कृषि मंत्रालय ने अंतर.मंत्रालयीय विचार विमर्श के लिए एक मंत्रिमंडलीय परिपत्र को जारी किया है तथा इस प्रस्ताव को जल्द ही मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने की संभावना है।

मंत्रालय ने फसल वर्ष 2017..18 के लिए धान के एमएसपी को 80 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाने का प्रस्ताव किया है। एमएसपी के बारे में जो सुझाव है वह कॉमन ग्रेड के लिए 1,550 रुपये तथा ए ग्रेड के लिए 1590 रुपये का है।

धान के लिए जो मूल्य वृद्धि का प्रस्ताव किया गया है वह फसल वर्ष 2016..17 के लिए प्रभावी 60 रुपये की वृद्धि से मामूली अधिक है।प्रस्तावित दरें विशेषग्य निकाय कृषि लागत एवं मूल्य आयोग :सीएसीपी: की सिफारिशों के अनुरूप है।

चालू वर्ष में चावल उत्पादन सर्वकालिक उच्च स्तर 10 करोड़ 91.5 लाख टन होने का अनुमान है जिसमें से नौ करोड़ 50.9 लाख टन का उत्पादन खरीफ के धान का है। इससे पहले का उच्चम रिकॉर्ड फसल वर्ष 2013..14 का है जबकि 10 करोड़ 66.5 लाख टन धान की पैदावार हुई थी।

इक्विटी म्युचुअल फंड में निवेश 4 माह के उच्चस्तर पर

मुंबई। इक्विटी म्युचुअल फंडों में निवेश अप्रैल में चार महीने के उच्चस्तर 9,429 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। खुदरा निवेशकों की भागीदारी तथा म्युचुअल फंड कंपनियों द्वारा जागरूकता के प्रसार से इसमें निवेश का प्रवाह बढ़ा है। यह लगातार 13वां महीना रहा जबकि इक्विटी योजनाओं में निवेश का प्रवाह हुआ।

इससे पहले मार्च, 2016 में इस तरह के कोषों से 1,370 करोड़ रुपये निकाले गए थे।  इस मजबूत प्रवाह से इक्विटी म्युचुअल फंडों की परिसंपत्तियां अप्रैल में इससे पिछले महीने की तुलना में पांच प्रतिशत बढ़ गईं। 

बजाज कैपिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल पारेख ने कहा, ‘भारतीय निवेशकों ने अंतत: म्युचुअल फंडों ने स्वीकार कर लिया है और इसका श्रेय नियामकों और म्युचुअल फंड उद्योग की एएमसी को जाता है।’

पारेख ने कहा, ‘सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (सिप) और सिस्टेमैटिक ट्रांसफर प्लान (एसटीपी) जैसे निवेश के तरीकों ने निवेशकों को चयन का विकल्प दिया है। इसके अलावा निवेशकों को एकमुश्त या एक निश्चित समय के हिसाब से निवेश का भी विकल्प मिला है।’ 

एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के अनुसार इक्विटी कोषों में अप्रैल में शुद्ध प्रवाह 9,429 करोड़ रुपये का रहा जो इससे पिछले महीने के 8,216 करोड़ रुपये से अधिक है।

सपाट बंद हुआ बाजार, निफ्टी 9422 के स्तर पर बंद

मुंबई। सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद गुरुवार को शेयर बाजार सपाट बंद हुए है। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 3 अंक की मामूली बढ़त के साथ 30,250 के स्तर पर और निफ्टी 15 अंक की बढ़त के साथ 9422 के स्तर पर कारोबार कर बंद हुए है। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज पर मिडकैप इंडेक्स 0.02 फीसद की बढ़त और स्मॉलकैप 0.52 फीसद की कमजोरी के साथ कारोबार कर बंद हुए हैं।

ऑटो सेक्टर में तेजी

सेक्टोरियल इंडेक्स की बात करें तो बैंक और फाइनेंशियल सर्विस को छोड़ सभी सूचकांक हरे निशान में कारोबार कर बंद हुआ है। सबसे ज्यादा खरीदारी ऑटो सेक्टर में देखने को मिली है। एफएमसीजी (0.30 फीसद), आईटी (0.36 फीसद), मेटल (0.56 फीसद), फार्मा (0.72 फीसद) और रियल्टी (0.26 फीसद) की बढ़त देखने को मिली है।

आईशर मोटर्स के शेयर्स टॉप गेनर

दिग्गज शेयर्स की बात करें तो निफ्टी में शुमार शेयर्स में से 29 हरे ऩिसान में और 22 गिरावट के साथ कारोबार कर बंद हुआ है। सबसे ज्यादा तेजी आईशर मोटर्स, जील, हीरोमोटोकॉर्प, हिंडाल्को और बजाज ऑटो के शेयर्स में देखने को मिली है। वहीं, गिरावट एक्सिस बैंक, ओएनजीसी, भारती एयरटेल, आईओसी और गेल के शेयर्स में देखने को मिली है।

भारती एयरटेल में 8 फीसद तक की तेजी
दिग्गज शेयर्स की बात करें तो निफ्टी में शुमार शेयर्स में से 39 हरे निशान में, 11 शेयर गिरावट के साथ और एक बिना किसी परिवर्तन के कारोबार कर रहा है। सबसे ज्यादा तेजी भारतीएयरटेल, जील, हिंदुस्तान यूनिलिवर, ऑरोफार्मा औऱ एचडीएफसी के शेयर्स में है। वहीं, गिरावट विप्रो, टाटापावर, अल्ट्रासीमेंट, एशियन पेंट औऱ एचसीएलटेक के शेयर्स में देखने को मिल रही है।

एस. आर. पब्लिक सी. से. स्कूल में “लक्ष्य” समर कैम्प 2017 का शुभारम्भ

कोटा। एस.आर.पब्लिक सी. से. स्कूल  में गुरुवार को विद्यालय के छोटे बच्चों के साथ चेयरमैन आनंद राठी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर “लक्ष्य” समर कैम्प 2017 का शुभारम्भ किया। वहीं प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने इस  मौके पर सभी छोटे बच्चों को रंग-बिरंगे गैस के गुब्बारे दिए।

एसआर पब्लिक स्कूल के चेयरमैन आनंद राठी “लक्ष्य” समर कैम्प का शुभारम्भ करते हुए।

यह कैम्प 11 से 21 मई तक आयोजित किया जा रहा है । इस कैम्प के लिए विद्यालय में आकर रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है. विद्यालय की ओर से बच्चों को संपूर्ण कोटा से लाने एवं ले जाने की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध करवाई जा रही है ।

इस कैम्प में पचास से अधिक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं । इन गतिविधियों का सभी उम्र के बालक-बालिकाएं आनंद उठाते हुए ज्ञान व गुणों के माध्यम से कैम्प को यादगार बना रहे हैं । सभी बच्चों ने पहले दिन कैम्प में खूब बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अभिभावक रजिस्ट्रेशन काउन्टरों पर अपने बच्चों का रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे थे । बच्चों व अभिभावकों में कैम्प को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा था ।

इसुजु की mu-X, फॉर्चुनर हुई लॉन्च, कीमत 23.99 लाख रुपये से शुरू

मुंबई। इसुजु ने एमयू-एक्स एसयूवी को लॉन्च कर दिया है। यह केवल एक वेरियंट में उपलब्ध है। इसकी कीमत 23.99 लाख रुपये से शुरू होकर 25.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) तक है। सेगमेंट में इसका मुकाबला टोयोटा फॉर्चूनर, फॉर्ड इन्डेवर और शेवरले ट्रेलब्लेजर से होगा। इसे इसुजु के लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक डी-मैक्स वी-क्रॉस पर तैयार गया है।

फीचर्स : इसुजु एमयू-एक्स में कई अच्छे फीचर मिलेंगे। इस में एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइटें, प्रॉजेक्टर हैडलैंप्स, 17 इंच के डायमंड-कट अलॉय वील, टू-टोन फ्रंट और रियर बंपर, ड्यूल-टोन आइवरी-ग्रे कॉम्बिनेशन, सॉफ्ट लैदर सीटें और सेंटर कंसोल पर पियानो ब्लैक फिनिशिंग मिलेगी।

कंफर्ट के लिए इस में इलेक्ट्रिक अजस्टेबल ड्राइवर सीट, वन-टच फोल्ड और टंबल फंक्शन वाली सेकंड रो सीट, थर्ड रो में पावर आउटलेट, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, सभी रो में एसी वेंट्स, रूफ माउंटेड 10 इंच का डीवीडी मॉनिटर और क्रूज कंट्रोल मिलेगा। इस में 7.0 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेंमंट सिस्टम भी दिया गया है, यह 8 स्पीकर्स वाले साउंड सिस्टम से जुड़ा होगा, इस में आईपॉड और ब्लूटूथ कनेक्टिविटी भी दी गई है।

पैन से आधार जोड़ने के लिए आयकर विभाग ने शुरू की नई सुविधा

नयी दिल्ली। आयकर विभाग ने व्यक्यिों की स्थायी खाता संख्या पैन को उनके आधार कार्ड से जोड़ने की एक नयी ई-सुविधा शुरू की है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए पैन संख्या के साथ साथ आधार संख्या भी अनिवार्य कर दिया है।

आयकर विभाग की ई-फाइलिंग website www.incometaxindia.gov.in पर एक नया लिंक शुरू किया है। इससे व्यक्तियों को अपने दोनों विशिष्ट पहचान पत्रों को जोड़ने में आसानी होगी। इस लिंक पर जाने के बाद किसी व्यक्ति को अपनी पैन संख्या और आधार संख्या देने के बाद आधार कार्ड में उल्लेखित नाम को दर्ज करना होगा।

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से पुष्टि होने के बाद यह जुड़ जाएंगे। यदि कोई गड़बड़ होती है तो आधार द्वारा भेजे जाने वाले एकबारगी पासवर्ड की जरूरत होगी जो आधार पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। इस सुविधा का प्रयोग करने के लिए आयकर विभाग की ई-फाइलिंग वेबसाइट पर पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी।

इसे कोई भी उपयोग कर सकता है। किसी प्रकार की विफलता से बचने के लिए दोनों पहचान कार्डों पर उल्लेखित जन्मतिथि एक समान होना जरूरी है। गौरतलब है कि सरकार ने वित्त अधिनियम 2017 के तहत पैन और आधार को आपस में जोड़ना अनिवार्य कर दिया है। यह एक जुलाई 2017 से प्रभापी होगा।

जस्टिन बीबर के मुंबई में शो पर 100 करोड़ खर्च , अब तक का सबसे बड़ा और महंगा कंसर्ट

मुंबई। ग्रैमी अवॉर्ड विजेता कनाडाई सिंगर 23 वर्षीय जस्टिन बीबर का जादू भारत में बाहुबली के बाद दूसरा फीवर साबित हुआ। बुधवार रात मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में  उनका पहला गीत था ‘द फीलिंग’। हुई लाइव परफॉर्मेंस में उनके प्रशंसक झूम उठे। जस्टिन के 90 मिनट के शो पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च हुए।

सेटअप पर ही करीब 26 करोड़ खर्च किए गए हैं, जबकि बीबर की फीस, ट्रैवलिंग, होटल और डिमांड पर 25 से 30 करोड़ रुपये खर्च हुए ।फोर्ब्स मैग्जीन के मुताबिक, 2016 में बीबर की सालाना कमाई 5.6 करोड़ डॉलर (करीब 358 करोड़ रुपये) थी।  मुंबई में हुआ जस्टिन का यह कंसर्ट अब तक का सबसे बड़ा और महंगा कंसर्ट माना जा रहा है। इसमें करीब 45 हजार दर्शक जुटे।

सबसे महंगा टिकट 76 हजार का

इसका सबसे महंगा टिकट 76 हजार रुपये में बिका। 29 राज्यों का भोजन परोसा भारतीय खाने के शौकीन जस्टिन को भारत के 29 राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले व्यंजन परोसे गए।  व्यंजन राजस्थान से आए शाही खानसामों ने बनाए।

सोने-चांदी की प्लेटों में खाना

खाना परोसने के लिए खासतौर से सोने-चांदी की प्लेटें बनाई गई थीं, जिस पर जस्टिन और उनकी टीम के नाम हिंदी में उकेरे गए हैं।
फैशन वर्ल्ड के जाने-माने डिजाइनरों ने बीबर को देने के लिए खास गिफ्ट तैयार किए हैं। डिजाइनर रोहित बल ने कॉटन और वेलवेट की बाइकर जैकेट डिजाइन की है।

बच्चों संग पहुंचे सितारे

बीबर के कंसर्ट में बालीवुड के सितारे अपने परिवार के साथ दिखाई दिए। अरबाज खान जहां पत्नी मलाइका व बेटे के साथ दिखे तो श्रीदेवी भी पति बोनी कपूर व बेटी के साथ पहुंची। सोनाली बेंद्रे ने कहा कि उनका बेटा बीबर का बहुत बड़ा फैन है।  सिने सितारों में आलिया भट्ट, जैकलीन फर्नांडीज, रेमो डिसूजा, रोहित रॉय, अनु मलिक व अरमान मलिक भी डीवाई पाटिल स्टेडियम पहुंचे।