Friday, July 10, 2026
Home Blog Page 5644

धनिया, सोयाबीन और लहसुन में गिरावट

भामाशाह अनाज मंडी में 1लाख25 हजार बोरी जिंस का कारोबार 

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार को धनिया 100 सोयाबीन 25 लहसुन 200 रुपये प्रति क्विंटल मन्दा बिका ।  लहसुन की आवक 8000 हजार कट्टे की रही । माल की कुल आवक1लाख25 हजार बोरी की रहीं। धान की आवक 75 हजार बोरी की रहीं ।

गेहूं मिल 1550से 1575 लोकवान 1600 से 1700 पीडी 1650 से 1700 टुकडी 1600से 1750। धान सुगंधा 2000 से 2350 पूसा 1 2200 से 2600 पूसा-4 (1121) 2000 से 3100 धान (1509) 2000 से 2700 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन 2200 से 2700 सरसो 3200 से 3500 तिल्ली 5000 से 6600 मैथी 2000 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल।

धनिया बादामी 3400 से 3800 ईगल 3600 से 3900 रंगदार 4000 से 5000 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 3500 से 3800 उडद 2400 से 4000 चना 4000 से 4700 चना काबुली 7000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल।

चना पेपसी 4500 से 4800 चना मौसमी 4500 से 5000 मसूर 3000 से 3300 रुपये प्रति क्विंटल। ग्वार 2500से 3050 मक्का नई 800 से 1200 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन 800 रू से 3650 रुपये प्रति क्विंटल। 

खा़द्य सुरक्षा की रणनीति पर राष्ट्रीय मंथन 8 से कोटा में

भारत, ईरान, कुवैत, नेपाल व अरब देशों के कृषि विशेषज्ञ व शोधकर्ता कृषि के अनुसंधान पर करेंगे पैनल चर्चा

अरविंद, कोटा। देश में खाद्य सुरक्षा की नवीनतम वैज्ञानिक रणनीति तैयार करने के लिए देश-विदेश के कृषि विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं वैज्ञानिक 8 व 9 नवंबर को कोटा आएंगे। वे खाद्य सुरक्षा, संरक्षण एवं प्रबंधन पर रिसर्च पेपर प्रस्तुत कर नई तकनीक पर मंथन करेंगे।

कॅरिअर पॉइंट यूनिवर्सिटी (सीपीयू) के कुलपति डॉ. डीएन राव ने बताया कि ‘खाद्य सुरक्षा के लिए कृषि एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण व प्रबंधन के लिए प्रभावी रणनीति’ विषय पर दो दिवसीय नेशनल एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन बुधवार को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे।

नेशनल एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में इमाम खोमेइनी हायर एजुकेशन सेंटर कराज, ईरान के डॉ.अली अंसारी, कुवैत सरकार में कृषि मंत्रालय के आर्थिक सलाहकार डॉ. अमरसिंह सोलंकी, इनडोरमा फर्टिलाइजर एंड केमिकल्स के एशिया कॉर्डिनेटर डॉ.बलबीर सिंह, नेपाल एग्रीकल्चर रिसर्च काउंसिल के डॉ. जीबान श्रेष्ठा एवं अरब रिपब्लिक ऑफ इजिप्ट से कॉर्न ब्रीडर व डॉ. मागेड हामुडा कृषि रणनीति पर चर्चा करेंगे।

सीपी टॉवर स्थित ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ता कृषि एवं उत्पादन पर रिसर्च पेपर पढेगें। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला करेंगे तथा कोटा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो.पीके दशोरा, विधायक संदीप शर्मा, हीरालाल नागर विशिष्ट अतिथि होंगे।

एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. गुरुदत्त कक्कड़ व एग्रीकल्चर साइंस के डीन डॉ.एसएस तोमर ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में एग्रीकल्चर कॉलेज व ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के छात्र व विशेषज्ञ, फूड टेक्नोलॉजिस्ट, बिजनेस एंटरप्रिन्योर, एग्रीकल्चर इंजीनियर्स, बॉयोटेक्नोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री व माइक्रोबायोलॉजिस्ट आदि भाग लेंगे।

कृषि अनुसंधान पर नेशनल अवार्ड
कॉन्फ्रेंस की आयोजक सचिव व एचओडी डॉ.अर्पिता शर्मा ने बताया कि कॉन्फ्रेंस में शोधकर्ताओं को बेस्ट पेपर प्रजेंटेशन अवार्ड, यंग साइंटिस्ट अवार्ड, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, इनोवेटिव फार्मर अवार्ड एवं बेस्ट एक्सटेंशन अवार्ड से नवाजा जाएगा।

अवार्ड कमेटी के विशेषज्ञ देश की खाद्य सुरक्षा व संरक्षण के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने हेतु सर्वश्रेष्ठ शोध पेपर, सुझावों व प्रजेंटेशन को अवार्ड के लिए चिन्हित करेगी।

रोड शो के साथ कोटा में साथ :7 क्रिकेट महोत्सव का शुभारम्भ

कोटा। वंडर सीमेंट के साथ:7 क्रिकेट महोत्सव का शुभारम्भ कोटा में सोमवार को शॉपिंग सेंटर चोपटी से हुआ। यह आयोजन राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश में एक साथ किया गया । जिसमें 300 जगहों पर गाडियों के साथ रोड शो का आयोजन भी किया।

जनता को इस आयोजन के प्रति जागरूक करने के लिए ये गाडियां सात दिनों तक प्रतिदिन 100 किलोमीटर की दूरी तय करेंगीं और इस दौरान आयोजन को प्रमोट करने के साथ-साथ इच्छुक खिलाडियों का पंजीयन भी किया जाएगा।

इससे पहले दूसरे सत्र के इस धूम-धडाके से भरे टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व क्रिकेटर कपिलदेव के हाथों दिल्ली में हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी ओर से फाइनल मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाडी को एक लाख रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की जो उदयपुर में 24 दिसंबर 2017 को खेला जाएगा।

पत्रकार वार्ता में वंडर सीमेंट के जोनल हेड चेतन कुमावत ने बताया कि 40 लाख की ईनामी राशि के साथ इस साल के वंडर सीमेंट साथ:7 क्रिकेट महोत्सव में कुल 48,000 प्रतिभागी भाग लेंगे तथा इसमें राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश राज्य के अंतर्गत कुल जगहों पर 300 मैच खेले जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 16 चयनित टीमों के बीच 15 मैच खेलने के बाद एक तहसील विजेता टीम का चयन होगा। जो जिला स्तर पर खेलेंगे। जिससे जिला विजेता टीम का चयन होंगा। जिला विजेता टीम आपस में खेलकर जोन पर खेलेंगी और 8 जोन विजेता टीम उदयपुर में प्लेऑफ के लिए खेलेंगे।

फाइनल मैच उदयपुर में ही खेला जाएगा जहाँ टूर्नामेंट के विजेता की घोषणा की जाएगी। वंडर सीमेंट साथ:7 क्रिकेट महोत्सव में 7 खिलाडियों की एक टीम के साथ 7 ओवर के मैच का फॉर्मेट तय किया है तथा हर उस टीम को उसे 7 रन बोनस देना तय किया है। 

अंत में कोटा नागरिक सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेश बिरला ने झंडी दिखाकर रोड शो का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर शहर भाजपा के जिला महामंत्री जगदीश जिंदलकम्पनी के जोनल हेड चेतन कुमावत, कोटा डिवीजन के डिप्टी मैनेजर केजी मंत्री, बिजनेस पार्टनर संजय गोयल भी मौजूद थे।

सफेद मूसली से मालामाल हुआ उदयपुर का किसान

जयपुर। जिला उदयपुर के कोल्यारी तहसील झाड़ोल के निवासी नाना लाल शर्मा पहले एक सामान्य किसान की तरह गेहूँ, मक्का, उड़द की खेती करते थे। लेकिन इसमें उन्हें ज्यादा लाभ नहीं मिलता था।

तब उन्होंने कथौड़ी समाज के लोगों को जंगल से सफेद मूसली लाकर बेचते हुए देखा तो उनके भी मन में आया कि सफेद मूसली की खेती की जानी चाहिए।

शर्मा ने जुलाई 2001 में धरावण के जंगल से सफेद मूसली के 5000 पौधे लाकर खेत में लगाये। उन्हीं पौधों से तैयार जड़ों को पुनः 2002 में खेत में बुवाई के चौथे दिन अंकुरण शुरू हो गया, एक माह बाद सफेद फूल आये इन्हें देखकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई।

सितम्बर 2002 में शर्मा को सफेद मूसली की फसल प्राप्त हुई। इस प्रक्रिया में कृषि विभाग पूूर्ण रूप से मार्गदर्शक के रूप में साथ रहा। कथौड़ियों से जानकारी लेकर सफेद मूसली को सुखा कर वे इसे बेचने लगे तो इस वर्ष उन्हें आधे बीघा भूमि में 80,000 रूपयों का लाभ हुआ।

इसे देखकर अन्य किसान भी बीज ले जाकर खेती करने लग गये। सफेद मूसली का उत्पादन बोऎ गऎ बीज मात्र का पंद्रह गुणा तक प्राप्त होता है। मूसली का छिलका उतारते हुए शर्मा के मन में आया कि सुखी मूसली बेचने के बजाय पाउडर बनाकर बेचा जाए तो ज्यादा लाभ होगा। शर्मा ने इसका पाउडर बना कर बेचा। 

लड्डु बनाना, हलवा बनाना या दूध के साथ लेना, इसमें चिकनाहट होती है अतः खाने या दूध के साथ लेने में दिक्कत होती है। दूध में मूसली डालकर नहीं पी सकते है चिकनाहट बहुत होती है। उसी समय शर्मा ने के मन में तरीका सूझा की क्यों नहीं मूसली पाउडर के केप्सूल बनाकर बेचा जाये। यहीं से मूसली के केप्सूल बनाने का कार्य प्रारम्भ हुआ। 

 वर्तमान में शर्मा सफेद मूसली के 1.50 से 2.00 लाख केप्सूल बनाकर 2 प्रति केप्सूल की दर से प्रति वर्ष बेच रहें हैं। बीज भी बेच रहे हैं इससे उन्हें 4 लाख से अधिक की आय हो रही है। शर्मा का मानना है कि झाड़ोल फलासिया में सफेद मूसली की खेती प्रति वर्ष 100 करोड़ से पार जा सकती है।

शर्मा को उम्मीद है कि वर्तमान में झाड़ोल तहसील जिला-उदयपुर के कोल्यारी, धरावण, जेतावाड़ा, सीगरी, मैसांणा, ओड़ा, धोबावाड़ा, तलाई आदि गांवों में 3500 किसानों से बढ़ाकर 15000 से अधिक किसान इसकी खेती प्रारम्भ करें। सफेद मूसली की खेती को कोटड़ा तक फैलाना, क्षेत्रफल बढ़ाना, प्रसंस्करण यूनिट स्थापित करवाना उनका सपना है।

इस यूनिट के माध्यम से मूसली केप्सुल और इसके पाउडर की अच्छी पैकिंग की जाकर बाजार में बेच जा सकेगा एवं किसानों की उत्पादन व मार्केटिंग कम्पनी बनाकर इसके निर्यात का रास्ता तैयार हो सकेगा। उदयपुर में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट‘ के दौरान मूसली के मूल्यवर्धित उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

फन्ने खान शूटिंग के दौरान दुर्घटना, असिस्टेंट डायरेक्टर घायल

मुंबई। ऐश्वर्या राय बच्चन और अनिल कपूर स्टारर फिल्म फन्ने खान की शूटिंग के दौरान मुंबई में रविवार को सड़क दुर्घटना में फिल्म से जुड़ी असिस्टेंट डायरेक्टर घायल हो गईं।

बताया जाता है कि दक्षिण मुंबई के फ़्लोरा फाउंटेन इलाके में रविवार को अतुल मांजरेकर निर्देशित ऐश और अनिल कपूर स्टारर फिल्म फन्ने खान की शूटिंग चल रही थी। जानकारी के मुताबिक इसी दौरान जब एक महिला असिस्टेंट डायरेक्टर सड़क पार कर रही थीं तभी एक मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोर से टक्कर मार दी।

बताते हैं कि उन्होंने वॉकी-टॉकी के साथ हेड फोन लगा रखा था जिसकी वजह से उनको मोटरसाइकिल की आवाज़ सुनाई नहीं दी और बाइक ने उनको टक्कर मार दी। इस बात का पता चलते ही ऐश तुरंत उस तरफ गईं, जहां एक्सीडेंट हुआ था लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घटनास्थल के पास जाने से रोक दिया।

इस फिल्म को राकेश ओम प्रकाश मेहरा के साथ प्रेरणा अरोड़ा प्रोड्यूस कर रही हैं। एक बयान में उन्होंने बताया है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सहायक निर्देशक को चोट आई है और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया। अब उनकी हालत ठीक है। इस मामले में पुलिस अपनी तरफ से कार्रवाई कर रही है। फन्ने खान की शूटिंग आगे जारी रहेगी।

सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट, जानिए 10 ग्राम गोल्ड के दाम

नई दिल्ली/कोटा। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू ज्वैलर्स की ओर से कमजोर मांग के चलते सोना 115 रुपये गिरकर 30135 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर आ गया है। कीमतों में गिरावट कमजोर वैश्विक संकेत और डॉलर में मजबूती के चलते देखने को मिली है।

इसी तरह चांदी भी 450 रुपये गिरकर 40050 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गया है। कीमतों में गिरावट इंडस्ट्रीय यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के चलते देखने को मिला है। घरेलू ज्वैलर्स, रिटेलर्स और फंड्स को इक्विटी की ओर ट्रांसफर करने के चलते गोल्ड की मांग में कमी दर्ज की गई है।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.03 फीसद की कमजोरी के साथ 1269 डॉलर प्रति औंस केस्तर पर आ गया है। देश की राजधानी दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 115 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 30135 रुपये और 29985 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है।

चांदी भी 450 रुपये की कमजोरी के साथ 40050 रुपये प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक आधारित डिलिवरी 490 रुपये की गिरावट के साथ 39135 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। चांदी के सिक्कों के भाव 1000 रुपये की गिरावट के साथ 73000 रुपये लिवाल और 74000 रुपये बिकवाल प्रति सैंकड़ा के स्तर पर आ गया है।

कोटा सर्राफा
चांदी 39800 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 30150 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35170 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 30300 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35340 रुपये प्रति तोला।

रिकवरी के बाद सेंसेक्स, निफ्टी ने खोई बढ़त

नई दिल्ली। कारोबारी हफ्ते की शुरुआत के दौरान बाजार की शुरुआत भले ही लाल निशान पर हुई हो लेकिन बाजार में जल्द ही रिकवरी देखने को मिली। पिछले कई दिनों से रेकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने का रेकॉर्ड सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को बनाने में भी कामयाब रहा।

सेंसेक्स नया रेकॉर्ड बनाते हुए पहली बार 33,800 तक पहुंचा, वहीं निफ्टी ने 10,490 का स्तर पार किया। बाजार बंद होने तक बैंकिंग शेयरों में दबाव के कारण बढ़त गिरी। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है।

बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.15 फीसदी की मामूली बढ़त दर्ज की गई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.3 फीसदी चढ़कर बंद हुआ है।

बैंकिंग शेयरों के अलावा कैपिटल गुड्स और पावर शेयरों में बिकवाली देखने को मिली है। बैंक निफ्टी 0.3 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,570 के करीब बंद हुआ है। बीएसई के कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 0.4 प्रतिशत और पावर इंडेक्स में 0.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

GST के नाम पर यूं पकड़ें फर्जी बिल और हेराफेरी

0

कोटा। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) बिल में हेराफेरी की खबरें आने लगी हैं। कई दुकानदार ग्राहकों को फर्जी बिल दे रहे हैं। ऐसे में जानना जरूरी है कि सही और गलत बिल को कैसे पहचानें…

सभी दुकानों को जीएसटी में रजिस्टर्ड होकर GSTIN नंबर लेने की जरूरत नहीं है। लेकिन जिस किसी बिल में जीएसटीएन नंबर लिखा होता है।

उसमें सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) और स्टेट जीएसटी (स्टेट जीएसटी) को अलग-अलग दर्शाना जरूरी है। जिनका पूरे देश के कारोबार का सालाना टर्नओवर 20 लाख रुपये से कम है, उन्हें जीएसटी रजिस्ट्रेशन से छूट मिली हुई है।

अगर किसी का कारोबार असम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड या त्रिपुरा में हो, तो उसके लिए यह सीमा 10 लाख रुपये की है।

हालांकि, वे चाहें तो अपनी मर्जी से रजिस्ट्रेशन करवाकर जीएसटीआईएन नंबर ले सकते हैं। इनमें कुछ दुकानदार ऐसे हैं जो ग्राहकों से जीएसटी वसूल तो रहे हैं, लेकिन सरकार को नहीं दे रहे हैं।

यह भी देखा गया है कि कुछ कारोबारी और दुकानदार नए GSTIN की जगह VAT/TIN और सेंट्रल सेल्स टैक्स नंबर वाले पुराने रिसीट्स का इस्तेमाल कर रहे हैं और ग्राहकों से जीएसटी वसूल रहे हैं।

कई दुकानदार बिना जीएसटीआईएन वाले बिल देकर भी सेंट्रल और स्टेट जीएसटी वसूल रहे हैं। ये कहते हैं कि उन्होंने GSTIN के लिए अप्लाई किया है, लेकिन अभी नंबर अलॉट नहीं हुआ है।

यह सही तरीका नहीं है क्योंकि जीएसटी बिल में जीएसटीआईएन नंबर बिल्कुल जरूरी है।‘जिन कारोबारियों ने अब तक GSTIN नंबर नहीं लिया है, उन्हें हर हाल में अपना प्रविजनल नंबर बिल में लिखना चाहिए।’

आप ऐसे पता कर सकते हैं कि दुकानदार ने बिल में फर्जीवाड़ा किया है या नहीं…
1. https://www.gst.gov.in पर लॉग-इन करें।
2. ‘search taxpayer’ ड्रॉपडाउन में ‘search by GSTIN/UIN’ क्लिक करें।
3. अगर GSTIN गलत होगा तो नीचे का मेसेज दिखाई देगा…
“The GSTIN/UIN that you have entered is invalid. Please enter a valid GSTIN/UIN.”
4. अगर GSTIN सही होगा तो GSTIN स्टेटस के साथ यह सूचना मिलेगी…
” Legal name of business
” State
” Date of registration
” Constitution of business – private or public limited company, sole-proprietor or partnership

5. अगर पोर्टल पर ‘Active pending verification’ का मेसेज भी आ रहा हो तो भी GSTIN को सही मानना चाहिए। दरअसल, GSTINके लिए अप्लाई करने के बाद जारी किया गया यह प्रविजनल आईडी है।

अगर आपको GSTIN का फॉर्मेट जानना है तो यह तस्वीर देखें। बिल पर अंकित 15 अंकों का GSTIN का यही फॉर्मेट देशभर में लागू है। इसमें पहला दो डिजिट स्टेट कोड होता है।

अगला 10 डिजिटल दुकानदार या कारोबारी का पैन नंबर होता है।

13वां अंक एक राज्य में रजिस्ट्रेशन की संख्या को दर्शाता है जबकि 14वीं डिजिट Z है और 15वां अंक टैक्स डिपार्टमेंट की आंतरिक जांच के लिए होता है।

यह अंक का अक्षर, कुछ भी हो सकता है।

 

रिलायंस निप्पोन लाइफ 17 फीसद प्रीमियम के साथ हुआ लिस्ट

0

नई दिल्ली । अनिल अंबानी के स्वामित्व वाली कंपनी रिलायंस निप्पॉन एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) के शेयर्स नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सोमवार को लिस्ट हो गए हैं।

कंपनी ने इसके लिए 247 रुपये से 252 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। सोमवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यह 17.42 फीसद की ऊंचाई के साथ 295.90 रुपये की दर से लिस्ट हुआ है।

कंपनी का आईपीओ 25 अक्टूबर से 27 अक्टूबर, 2017 तक सब्सक्रिफ्शन के लिए खुला था। यह आखिरी दिन क्लोजिंग के समय 81.54 गुना सब्सक्राइब होकर बंद हुआ था।

जानकारी के लिए बता दें कि रिलायंस कैपिटल और जापान की निप्पॉन लाइफ की साझा कंपनी रिलायंस निप्पॉन एएमसी आईपीओ पेश करने वाली पहली एसेट मैनेजमेंट कंपनी है।

इसके जरिए कंपनी की योजना 2000 करोड़ रुपये जुटाने की है। इसमें 2.45 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। रिलायंस कैपिटल 1.12 करोड़ और निप्पॉन लाइफ 2.55 करोड़ शेयर बेचेगी। रिलायंस निप्पॉन एएमसी आईपीओ से जुटाई गई राशि को कंपनी की ग्रोथ में खर्च करेगी।

खादिम इंडिया के आईपीओ का आज आखिरी दिन-
देश की बड़ी फुटवियर ब्रांड खादिम इंडिया का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 6 नवंबर तक के लिए खुला है। कोलकता की इस फुटवियर कंपनी की इस आईपीओ से 543 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है।

इसका प्राइस बैंड 745-750 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसका एक लॉट 20 शेयर्स का है। इसमें न्यूनतम निवेश 15 हजार का किया जा सकता है।

कंपनी के देश के 23 राज्यों और एक यूनियन टैरिटरी में 853 ब्रैंडेड एक्सक्लूसिव रिटेल स्टोर हैं। इसमें में 150 स्टोर मेट्रो और मिनी मेट्रो, 109 टायर-I सिटी, 124 टायर II और 446 टायर II शहर में हैं।

कंपनियों के तिमाही नतीजे तय करेंगे बाजार की चाल

नई दिल्ली । दो हफ्ते से तेजी के रास्ते पर बढ़ रही दलाल स्ट्रीट की नजर इस हफ्ते तिमाही नतीजों पर रहेगी। इस हफ्ते भारतीय स्टेट बैंक, टाटा मोटर्स और कोल इंडिया जैसी ब्लूचिप कंपनियों के नतीजे आने हैं। बाजार की दिशा तय करने में इन नतीजों की अहम भूमिका रहेगी।

बीते हफ्ते बाजार में अच्छी बढ़त देखने को मिली थी। बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 528.34 अंक की बढ़त लेकर अपने सर्वोच्च स्तर पर बंद हुआ। इससे पिछले हफ्ते भी सेंसेक्स में 767 अंक की तेजी आई थी।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी बीते हफ्ते 129.45 अंक बढ़कर अपना अब तक का सर्वोच्च स्तर छूने में सफल रहा। सैमको सिक्योरिटीज के जिमीत मोदी ने कहा, ‘तिमाही नतीजों का दौर चल रहा है। अब तक मिलेजुले नतीजे देखने को मिले हैं।

अब तक कोई ऐसा ट्रेंड देखने को नहीं मिला है, जिससे अर्थव्यवस्था की स्थिति को सही-सही आंका जा सके। जीएसटी और नोटबंदी का कुछ क्षेत्रों पर असर स्पष्ट रूप से दिखा है, वहीं कुछ क्षेत्रों पर इनके प्रभाव को लेकर अब भी अनिश्चितता है।’

अन्य बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशकों की धारणा सकारात्मक बनी हुई है। हालांकि कच्चे तेल (क्रूड) की बढ़ती कीमतें भारतीय बाजार में चिंता की वजह बन सकती हैं।

टॉप-10 में से आठ का मार्केट कैप बढ़ा
सेंसेक्स की शीर्ष दस में से आठ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह कुल 86,932.41 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। समीक्षाधीन सप्ताह में एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 22,486.25 करोड़ बढ़कर 2,16,399.25 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

सप्ताह के दौरान एचडीएफसी, एसबीआइ रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी इंडिया और ओएनजीसी के बाजार पूंजीकरण में भी बढ़ोतरी हुई। शीर्ष दस में सिर्फ आइटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के एमकैप में गिरावट आई।