Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 5500

राजस्थान की दूसरी और देश की पांचवीं शोध पीठ कोटा में खुली : देवनानी

0

कोटा। सिंधु अध्ययन शोध पीठ का उद्घाटन समारोह शनिवार को कोटा यूनिवर्सिटी में आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने इस मौके पर कहा कि कोटा में यह शोध पीठ प्रदेश की दूसरी और देश की पांचवीं है। इससे पहले गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली में इसकी स्थापना की गई।

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति विश्व की सबसे पुरानी है। ये हमारी महान संस्कृति के अंग है। उन्होंने कहा कि शोध संस्थान को सुचारू रूप से संचालन करने के लिए सलाहकार समिति गठित करने के लिए वीसी को निर्देश दिए।
सांसद ओम बिरला ने कहा कि सिंधु सभ्यता भारत की आठ हजार साल पुरानी सभ्यता है।

उन्होंने कहा कि आज सिंधी भाषा, विचार विलुप्त होते जा रहे हैं। सांसद ने शोध पीठ के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा में यह शोध पीठ सराहनीय कदम है। कार्यक्रम में हेमंत विजय, ओम अडवानी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. पी.के. दशोरा ने शोध पीठ के बारे में बताया।

कुलसचिव डॉ.संदीप सिंह चौहान ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन डॉ. शिखा दाधीच ने किया। समारोह में सिंधी समाज की ओर से पूज्य सिंधी जनरल पंचायत के अध्यक्ष ओम आडवाणी के नेतृत्व में शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, सांसद ओम बिरला, विधायक संदीप शर्मा सहित अन्य अतिथियों का समाजबंधुओं ने 51 किलो फूलों से स्वागत किया।

वहीं दूसरी ओर पिछले साल यूनिवर्सिटी द्वारा करवाई बीएसटीसी परीक्षा के रेवेन्यू राशि चार करोड़ 22 लाख रुपए का चेक शिक्षा राज्यमंत्री देवनानी को सौंपा। वहीं, यूनिवर्सिटी द्वारा शोध पीठ के लिए एक करोड़ रुपए की घोषणा भी हुई।

 डिग्री पर अधिक फीस वसूली को लेकर सौंपा ज्ञापन
कोटा विश्वविद्यालय मंे शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी को चार करोड़ बाईस लाख का चेक सौंपा।
गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज के छात्रों ने डिग्री और मार्कशीट के लिए अधिक राशि वसूलने पर कोटा यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम में भाग लेने आए शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी को ज्ञापन सौंपा।

देश में एजुकेशन की रैंक 26वें से तीसरे स्थान पर पहुंची
शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि देश में प्रदेश के शिक्षा की रैंक में अच्छी पहचान बनी है। जहां देश में राजस्थान की रैंक 26 वीं थी जो अब तीसरे स्थान पर आ चुकी है। प्रयास होगा कि हम पहले स्थान पर आए। यह बात उन्होंने कोटा में शनिवार को बातचीत में कही।

बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी का हार्ट अटैक से निधन, दुबई में ली अंतिम सांस

मुंबई/नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी का दिल का दौरा पड़ने से दुबई में निधन हो गया। 54 साल की अदाकारा अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी के साथ रविवार को दुबई में एक शादी में शरीक होने गई थीं। अचानक श्रीदेवी के निधन की खबर से बॉलीवुड जगत समेत उनके प्रशंसक स्तब्ध हैं।

श्रीदेवी के मुंबई स्थित घर पर नजदीकी लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है, जहां वे उनकी बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर को ढांढस बंधा रहे हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म ‘धड़क’ के शूटिंग शेड्यूल की वजह से जाह्नवी फैमिली के साथ दुबई नहीं जा सकी थीं। पिछले रविवार को ही बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी छोटी बेटी खुशी और पति बोनी कपूर के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर देखी गई थीं।

ट्विटर पर देने लगे श्रद्धांजलि
– बॉलीवुड ने श्रीदेवी को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला भी शुरू कर दिया है। एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ट्वीट किया है, ‘श्रीदेवी मैम के निधन की खबर सुनकर हैरान और परेशान हूं।’
– एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट किया है, ‘मेरे पास शब्द नहीं हैं। श्रीदेवी को प्यार करने वाले हर शख्स के प्रति संवेदना। एक काला दिन। भगवान उनकी आत्मा शांति दें।’
– क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का ट्वीट है, ‘श्रीदेवी जी के निधन की खबर सुनकर चौंक गया। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’

‘जूली’से किया था डेब्यू
– 13 अगस्त 1963 को तमिलनाडु में जन्मीं श्रीदेवी ने 1975 में आई फिल्म ‘जूली’ से डेब्यू किया था। इसमें वे चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर नजर आई थीं।
– 1983 में आई फिल्म ‘हिम्मतवाला’ ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नही देखा।
– बता दें कि श्रीदेवी ने आखिरी बार ‘मॉम’ फिल्म में काम किया, जो 7 जुलाई 2017 में हुई थीं।
– इसके पहले वे 2012 में आई फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में नजर आई थीं।

बोनी कपूर से शादी
– श्रीदेवी ने फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर से 1996 में शादी की थी। दोनों की लव स्टोरी फिल्म ‘मि. इंडिया’ (1987) की शूटिंग के दौरान से ही शुरू हुई थी। श्रीदेवी ने अपने फैन्स और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को चौंकाते हुए प्रोड्यूसर बोनी कपूर के साथ शादी की थी।
– श्रीदेवी ने ‘सोलहवां सावन’ (1978), ‘हिम्मतवाला’ (1983), ‘मवाली’ (1983), ‘तोहफा’ (1984), ‘नगीना’ (1986), ‘घर संसार’ (1986), ‘आखिरी रास्ता’ (1986), ‘कर्मा’ (1986), ‘मि. इंडिया’ (1987) सहित कई फिल्मों में काम किया।

जेसीआई कोटा चंबल का 24वां स्थापना समारोह आज

कोटा। जेसीआई कोटा चंबल द्वारा 24वां स्थापना दिवस एवं अवार्ड समारोह रविवार सुबह 11 बजे से बूंदी रोड स्थित मेनाल रेजीडेंसी में मनाया जाएगा। निवर्तमान अध्यक्ष जेसी राकेश बंसल व सचिव रवि नागपाल ने बताया कि समारोह में कोटा ग्रेन व सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी मुख्य अतिथि होंगे।

टीम-2018 के लिए गवर्निंग बोर्ड के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जेसी डॉ.धर्मेंद्र माहेश्वरी अध्यक्षता करेंगे। जेसीआई की जोन-5 प्रेसीडेंट डॉ. मेघना शेखावत तथा वाइस प्रेसीडेंट जेसी मनदीप सिंह खुराना विशिष्ट अतिथि होंगे। सचिव जेसी अभिषेक मित्तल ने बताया कि समारोह में शहर के गणमान्य नागरिक व जेसीआई सदस्य भाग लेंगे।

गोविंद नगर के गवर्नमेंट स्कूल को गोद लिया
जेसीआई चंबल द्वारा 20 वर्ष से शहर में गोविंद नगर स्थित सरकारी आदर्श सेकंडरी स्कूल को गोद लेकर वहां पढ़ रहे 650 विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई कार्य निरंतर जारी हैं।

जेसीआई चंबल के स्कूल चेयरमेन संजय मालपानी ने बताया कि स्कूल परिसर में ग्राउंड की भूमि को समतल कर टॉयलेट का निर्माण, शुद्ध पेयजल के लिए एक्वागार्ड, वाटर कूलर, पंखे, ट्यूबलाइटें, फर्नीचर, फर्श आदि की व्यवस्था की गई। राष्ट्रीय पर्व पर यहां क्लब द्वारा पुरस्कार व मिठाई वितरण होता है।

इस वर्ष 3 मेधावी छात्राओं को नकद स्कॉलरशिप प्रदान की गई। बच्चों व शिक्षकों के लिए विशेष मोटिवेशनल सेमिनार की गई। इस माह स्कूली छात्राओं को क्लब द्वारा पेडमेन मूवी दिखाई गई तथा निःशुल्क सेनेटरी नेपकिन वितरित किए गए। सरकारी विद्यार्थियों को शहर के उद्योगों, बिजली व पेयजल संयंत्रों व न्यूजपेपर प्रिंटिंग के विजिट कराए जाएंगे ताकि वे प्रेक्टिल नॉलेज भी ले सकें।

ई-वे बिल एक अप्रैल से लागू करने की सिफारिश : सुशील मोदी

0

नई दिल्‍ली। तकनीकी खामियों की वजह से अटका ई-वे बिल 1 अप्रैल से लागू हो सकता है। जीएसटी के क्रियान्वयन पर बने ग्रुप ऑफ मिनिस्‍टर्स ने इंटर स्‍टेट गुड्स के लिए ई-वे बिल की व्यवस्था 1 अप्रैल से लागू करने की सिफारिश की है जबकि राज्य के भीतर ई-वे बिल बाद में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जायेगा।

9.5 लाख टेक्‍सपेयर्स रजिस्‍टर्ड
शनिवार को ग्रुप ऑफ मिनिस्‍टर के चेयरमैन सुशील मोदी ने कहा, हमने 1 अप्रैल 2018 से इस व्‍यवस्‍था को लागू करने की सिफारिश की है। इस संबंध में आखिरी मंजूरी GST काउंसिल की ओर से दी जाएगी।

बिहार के डिप्‍टी सीएम सुशील मोदी ने कहा कि इसके लागू होने पर 26 से 30 लाख ई-वे बिल जेनरेट होने की उम्मीद है। उन्‍होंने कहा कि 9.5 लाख टेक्‍सपेयर्स ई-वे बिल पोर्टल से रजिस्‍टर्ड हैं। इनमें 6.5 लाख ई-वे बिल्‍स हर दिन जेनरेट होते हैं।

1 फरवरी से लागू होना था
जीएसटी व्यवस्था के तहत अहम ई-वे बिल को 1 फरवरी से लागू होना था, लेकिन तमाम अड़चनों के कारण इसका क्रियान्वयन टालना पड़ा था। आपको बता दें कि इसके लागू होने के बाद दूसरे राज्यों में माल लाने और ले जाने में आसानी होगी। साथ ही, इसके लिए अब अलग-अलग परमिट (ट्रांजिट पास) की जरूरत भी नहीं होगी, बल्कि एक ई वे बिल पूरे देश में मान्य होगा। कई राज्यों में ई वे बिल पहले से ही लागू है। 

क्या है ई वे बिल
जीएसटी लागू होने के बाद 50 हजार रुपए या ज्यादा के माल को एक राज्य से दूसरे राज्य या राज्य के अंदर 10 किलोमीटर या अधिक दूरी तक ले जाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक परमिट की जरूरत होगी। इस इलेक्ट्रॉनिक बिल को ही ई वे बिल कहते हैं, जो जीएसटीएन नेटवर्क के अंतर्गत आता है।

ज्वेलर्स की मांग से सोना 100 रुपए उछलकर 31,580 रुपए बिका

नई दिल्ली। सोने की कीमतों में एक बार फिर से उछाल देखने को मिला है। शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें 100 रुपए उछलकर 31,580 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गई हैं। सोने की कीमतों में यह उछाल नकारात्मक वैश्विक रुख के बावजूद स्थानीय आभूषणकर्ताओं की ओर से लगातार की गई खरीदारी के चलते देखने को मिला है।

हालांकि चांदी की कीमतों में जरूर थोड़ी गिरावट देखने को मिली है। शनिवार के कारोबार में चांदी 40,000 प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे आ गई है। दिन के कारोबार में चांदी 1,075 रुपए टूटक39,475 रुपए के स्तर पर आ गई है इसकी प्रमुख वजह औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान मानी जा रही है।

वहीं बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि सोने की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषणकर्ताओं की ओर से तेज खरीदारी की गई है। हालांकि कमजोर वैश्विक रुख ने इस लाभ को सीमित करने का काम किया है। वैश्विक स्तर पर न्यूयार्क में सोना 0.24 फीसद की गिरावट के साथ 1,328.20 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.57 फीसद की गिरावट के साथ 16.50 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई है।

वहीं सिंगापुर में सोना 0.05 फीसद गिरकर 1,753.45 एसजीडी प्रति औंस हो गई जबकि चांदी 21.81 एसजीडी प्रति औंस हो गई। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 100 रुपए के उछाल के साथ 31,580 और 31,430 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। इससे पहले बीते दिन सोने की कीमत में 130 रुपए का उछाल देखने को मिला था।

कोटा सर्राफा
चांदी 39400 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 31400 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36620 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 31550 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36800 रुपये प्रति तोला। 

आवक की कमी से सरसो उच्च क्वालिटी 100 रुपये प्रति क्विंटल तेज

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में शनिवार को माल की कुल आवक 30 हजार बोरी और लहसुन की आवक 500 कट्टे की रही। लिवाली कमजोर रहने से धान -1121 मे 25 रुपये प्रति क्विंटल की मंदी रही । आवक की कमी से सरसों उच्च क्वालिटी 100 रुपये प्रति क्विंटल तेज बोली गई। 

गेहूं मिल 1600 से 1635 लोकवान 1600 से 1700 पीडी 1600 से 1700 टुकडी 1675 से 1750 रुपये प्रति क्विंटल रहे। धान सुगंधा 2600 से 2850 पूसा-1 2500 से 2925 पूसा- 4 (1121) 2500 से 3450 धान (1509) 2000 से 3150 रुपये प्रति क्विंटल रहे। सोयाबीन 2400 से 3680 सरसों 3100 से 3900 तिल्ली 6000 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

मैथी 2000 से 2850 धनिया बादामी 3800 से 4200 ईगल 4000 से 4300 रंगदार 5000 से 5500 धनिया नया 3000 से 6100 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 3300 से 4300 उडद 2400 से 4011 चना 3000से 3800 रुपये प्रति क्विंटल रहे।

चना काबुली 6000 से 8000 चना पेपसी 3400 से 3800 चना मौसमी 3000 से 3700 मसूर 3000 से 3650 रुपये प्रति क्विंटल रहे। ग्वार 3000से 3860 मक्का 1000 से 1250 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल रहे। लहसुन 200 से 1250 रुपये प्रति क्विंटल रहा।

किराड़ क्षत्रिय महासभा का महा अधिवेशन आज, शिवराज, वसुंधरा आएंगी

कोटा। अखिल भारतीय किराड़ क्षत्रिय महासभा का 11वां राष्ट्रीय महाअधिवेशन रविवार को खड़े गणेश जी स्थित धरणीधर गार्डन में प्रातः 10 बजे से आयोजित किया जाएगा।

महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी पटेल ने शनिवार को धरणीधर गार्डन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि महा अधिवेशन का उद्घाटन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे करेंगे। सीएम राजे प्रातः 11 बजे शिवराज सिंह चैहान को एयरपोर्ट पर रिसीव करने के बाद दोनों साथ में ही कार्यक्रम में पहुंचेंगे।

महाअधिवेशन आयोजन समिति का संयोजक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं कोटा नगर विकास न्यास के चैयरमेन रामकुमार मेहता को बनाया गया है। वहीं, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम मेहता को स्वागताध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अधिवेशन में समाज के विकास एवं संगठनात्मक मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाएगा।

इस दौरान स्मारिका का विमोचन करने के साथ ही समाजसेवियों और प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जाएगा। अधिवेशन के द्वितीय सत्र में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा तथा नई महासभा का गठन भी किया जाएगा। चुनावों के लिए भोपाल के एडवोकेट सरोज वर्मा को चुनाव संयोजक नियुक्त किया गया है।

कार्यक्रम संयोजक मेहता ने बताया कि समारोह के लिए मुख्य आयोजन स्थल धरणीधर गार्डन के अलावा भोजन के लिए निकट ही डेढ बीघा क्षैत्र में विशाल पाण्डाल लगाया गया है। वहीं पार्किंग के लिए रामचरण सर्किल पर व्यवस्था की गई है तथा आवास के लिए शहर के सभी सरकारी गेस्ट हाउस के अलावा होटल और सामुदायिक भवनों में करीबन 3 हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

राष्ट्रीय महामंत्री एवं नगर निगम भोपाल के अध्यक्ष सुरजीत सिंह चौहान तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप चौहान ने बताया कि अधिवेशन में  मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ, महाराष्ट्र, हरियाणा से बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित होंगे। महासभा की जिला इकाईयों के द्वारा लगातार चल रहे जनसम्पर्क के दौरान समाजबंधुओं को पीले चावल बांटे गए हैं। वहीं, हाड़ौती के विभिन्न गांवों से लाने के लिए बसों की भी व्यवस्था की गई है।

स्मारिका में झलकेगा किराड़ों का इतिहास
प्रदेश प्रवक्ता आशीष मेहता तथा स्मारिका संयोजक केएल सुजानिया ने बताया कि अधिवेशन के दौरान स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। स्मारिका में बाड़मेर स्थित ‘किराड़ू’ के मंदिर और महलों को दर्शाया गया है।

‘‘किराडू राज महोत्सव’’ के नाम से प्रकाशित इस स्मारिका में किराड़ समाज की उत्पत्ति, गौरवशाली इतिहास, राजस्थान मंे किराड़ों का योगदान, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शौर्यगाथा, समाजसेवियों के जीवनवृत्त, प्रबुद्धजनों के लेख प्रकाशित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 2015 के बरेली अधिवेशन में समाज का आईएएस बनाकर उसका साक्षात्कार प्रकाशित करने का तय किया था। स्मारिका में पहली महिला आईएएस अंकिता धाकरे का साक्षात्कार प्रकाशित किया है।

कैरियर काउंसलिंग समिति का गठन
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कैरियर काउंसलिंग समिति, भूमि भवन समिति का गठन, छात्रवृत्ति अनुदान समिति का गठन किया गया है। अध्यक्ष शिवाजी पटेल ने कहा कि इन समितियों को आगामी महासभा भी सुचारू रखेगी, इसका अनुरोध किया जाएगा।

वहीं समाज के युवाओं को खेती के अलावा उद्योगों की ओर अग्रसर करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओें को महासभा में 25 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही सामूहिक विवाह सम्मेलनों को महिलाओं के माध्यम से कराने पर जोर दिया जा रहा है। 

किसान और व्यापार के सहयोग से भारत बनेगा मजबूत : मेघवाल

फेडरेशन आॅफ इंडियन स्पाइस स्टेकहाॅल्डर्स का दो दिवसीय राष्टृीय वार्षिक सम्मेलन

-प्रीति जोशी /दिनेश माहेश्वरी 
जयपुर। यह दुनिया 21वीं सदी की ओर कदम बढ़ा चुकी है। यह 21वीं सदी एशिया की होगी, जिसका नेतृत्व भारत करेगा। इसके लिए यह जरूरी है कि देश का व्यापारी और किसान आपसी सहयोग की भूमिका में आ जाए। इसी भूमिका को साकार करने के लिए फेडरेशन आॅफ इंडियन स्पाइस स्टेकहाॅल्डर्स की स्थापना की गई।  केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने देश के किसानों और व्यापारियों को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए देश के विकास की बात कही।

फेडरेशन के दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन के समापन समारोह में अर्जुन राम मेघवााल ने कहा कि सबका साथ और सबका हाथ वाली अवधारणा को फलीभूत करते हुए भारत दुनिया की मजबूत अर्थव्यवस्था बनने में सफल हो पाएगा। इस सदी में मजबूत अर्थव्यवस्था बनने की दौड़ में भारत, चीन, जापान और यूरेशिया जैसे चार देशों  में प्रतिस्पर्धा है और भारत लोकतांत्रिक, सांस्कृतिक छवि के कारण भारत को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नई तकनीकों के विकास के साथ ही कृषि उत्पादन में वृद्धि हो रही है, जिससे किसानों और व्यापारियों दोनों को ही लाभ मिल रहा है। कृषि के लिए विकसित तकनीक की वजह से ही राज्य में जीरा और मैथी की मसाला फसलों का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आश्वासन  दिया कि किसानों की आय दुगुनी करने के प्रयास सरकार द्वारा किए जा रहे हैं।

स्पाइस बोर्ड का पुनर्गठन हो
अधिवेशन में फेडरेशन के चेयरमैन अश्विन नायक ने इस  दौरान स्पाइस बोर्ड के पुनर्गठन की मांग रखी। साथ ही उन्होंने किसानों के हित के लिए धरतीपुत्र विकास योजना की घोषणा की, जिसमें पहले वर्ष में 5 लाख रुपये की राशि किसानों के सहयोग के लिए खर्च की जाएगी। इस अवसर पर डीएस मसाले के ओ.पी. खंडूजा को ज्वैल आॅफ स्पाइस इंडस्टृी के सम्मान से नवाजा गया।

धरतीपुत्र विकास योजना कोष में एक लाख रुपये देने की घोषणा
खंडूजा ने इस मौके पर धरतीपुत्र विकास योजना कोष में एक लाख रुपये देने की घोषणा की। खंडूजा ने इस अवसर पर कहा कि मसाला फसलों का उत्पादन 85 प्रतिशत असंगठित ढंग से होता है, जिसे संगठित करना एक बड़ी चुनौती है। इस दौरान कुंवर जी कमोडिटीज के नरेंद्र भाई ठक्कर को यंग आंत्रप्रिन्योर की श्रेणी में सम्मानित किया गया।

दो दिवसीय अधिवेशन का शनिवार को मसाला की फसलों पर पैनल डिस्कशन और मसाला उद्योगों में आ रही चुनौतियों पर चर्चा करने के साथ ही सम्मान समारोह के साथ समापन हुआ। विभिन्न सत्रों में धनिया, जीरा, सौंफ और मैथी की फसलों की अंतरराश्टृीय स्तर पर इनकी स्थिति पर चर्चा की गई। समारोह के अंत में लाइफटाइम अचीवमेंट और फाॅर्मर कैटेगरी में अवार्ड दिए गए।

गुजरात स्थित पालनपुर में दांतिवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा सौराष्टृ, कच्छ, उंझा और राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, जालोर, सांचोर व नागौर क्षेत्र में सौंफ, जीरा, मैथी और धनिया की फसल पर तैयार की गई सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। साथ ही धनिया, जीरा और सौंफ के संबंध में इंटरनेशनल क्राॅप सर्वे भी प्रस्तुत किया गया।

धनिया डिस्कशन पैनल में प्रमुख रूप से व्यापार दूत कोटा से मुकेश भाटिया, रामगंज मंडी से  
चिराग पटेल, रामनलाल मनीभा ,भारत दशानी कृष्ण राजकोट,  कैलाश,घासीलाल, रामबाबू जयपुर, आदित्य मोटा मंदसौर शामिल थे। पैनल डिस्कशन का संचालन मंदसौर के बृजेश गर्ग ने किया शामिल थे। 

इसके अलावा तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा धनिया और जीरा पर भविष्य की रणनीति प्रस्तुत की गई। अधिवेशन के सफल समापन पर फेडरेशन के सचिव तेजस गांधी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अधिवेशन में मुख्य तौर पर टृस्टी पुखराज चौपड़ा, दिनेश सोनी, नीरज पटेल, किशोर शाह , दिनेश भट्टड़, मितेश पटेल ने विभिन्न स़त्रों का संचालन किया।

छोटे कारोबारियों के लिए बनेंगे बिजनेस पार्क

नई दिल्‍ली। जमीन की बढ़ती कीमतों के कारण छोटे कारोबारियों को वर्क-प्‍लेस की समस्‍या से जूझ़ना पड़ता है। इसी के मद्देनजर केंद्र सरकार ऐसे बिजनेस पार्क बनाने पर विचार कर रही है, जहां छोटे कारोबारी लीज या किराये पर जगह लेकर अपना कारोबार चला सकते हैं।

मिनिस्‍ट्री ऑफ माइक्रो, स्‍मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (एमएसएमई) ने इस आशय का प्रपोजल तैयार किया है, जिस पर नेशनल बोर्ड फॉर माइक्रो, स्‍मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज की मीटिंग में रखा जाएगा। मीटिंग 26 फरवरी को होगी।

क्‍या है प्रपोजल ?
मीटिंग के लिए मिनिस्‍ट्री ऑफ एमएसएमई द्वारा तैयार किए गए एजेंडे के मुताबिक, राज्‍य सरकारों को अपने राज्‍य में अर्बन और मिड अर्बन एरिया में मिड-साइज के लैंड पार्सल को चिन्हित करने के लिए प्रोत्‍साहित किया जाएगा, ताकि वहां बिजनेस पार्क डेवलप करके एसएमई ( स्‍मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज) को किराये पर दिया जा सके।

कौन डेवलप करेगा बिजनेस पार्क ?
केंद्र सरकार द्वारा राज्‍य सरकार से कहा जाएगा कि स्‍टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन या प्राइवेट प्रमोटर को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर बिजनेस पार्क डेवलप करने के लिए जगह उपलब्‍ध कराई जाए। इस पार्क के संचालन के लिए स्‍पेशल परपज व्‍हीकल (एसपीवी) बनाई जाएगी।

प्‍लग एंड प्‍ले मॉडल पर बनेंगे पार्क
एसपीवी द्वारा बिजनेस पार्क को प्‍लग एंड प्‍ले मॉडल पर डेवलप किया जाएगा। यानी कि, एसपीवी द्वारा बिजनेस पार्क में हर तरह का इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर व सर्विसेज पहले उपलब्‍ध कराई जाएंगी। ये पार्क सेक्‍टर वाइज डेवलप किए जाएंगे, ताकि एक ही नेचर के छोटे कारोबारी वहां जाते ही अपना काम शुरू कर दें, उन्‍हें सर्विसेज या इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर का इंतजार न करना पड़े।

क्‍या है समस्‍या ?
एसएमई संगठनों का कहना है कि छोटे कारोबारियों को वर्क-प्‍लेस के लिए काफी दिक्‍कत का सामना करना पड़ता है। तकरीबन हर राज्‍य में इंडस्ट्रियल और कॉर्मिशयल प्रॉपर्टी के रेट बहुत अधिक हैं। इस कारण, छोटे कारोबारियों को सबसे अधिक पैसे का इंतजाम कारखाना या ऑफिस बनाने के लिए करना पड़ता है। इतना ही नहीं, इन इंडस्ट्रियल और कॉर्मिशयल एरिया में इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर की समस्‍या से भी दो चार होना पड़ता है।

मैन्‍युफैक्‍चरिंग एसोसिएशन, फरीदाबाद के महासचिव रमणीक प्रभाकर ने कहा कि यही वजह है कि लगभग हर बड़े औद्योगिक शहरों में छोटे कारोबारी अनॉराइज्‍ड एरिया में अपनी वर्कशॉप खोलना पड़ता है, लेकिन इस वजह से न तो उनका रजिस्‍ट्रेशन हो पाता है, न लोन मिल पाता है और ना ही सरकारी ऑर्डर। प्रभाकर ने कहा कि यदि ऐसे बिजनेस पार्क बनते हैं तो छोटे कारोबारियों को बहुत फायदा होगा ।

इनोवेशन के लिए 1000 करोड़ 
एजेंडे के मुताबिक, एमएसएमई सेक्‍टर में इनोवेशन एंड टैक्‍नोलॉजी डेवलपमेंट के लिए 1000 करोड़ रुपए का एमएसएमई इनोवेशन फंड बनाने का भी प्रस्‍ताव है। इस फंड से इनोवेटिव आइडियाज को डेवलप करने और टैक्‍नीक को इंप्रूव करने के लिए फाइनेंशियल इन्‍सेंटिव दिए जाएंगे। 

स्‍कीम्‍स की होगी समीक्षा 
नेशनल बोर्ड की बैठक में एमएसएमई मिनिस्‍ट्री द्वारा एमएसएमई के बेनिफिट के लिए चलाई जा रही स्‍कीम्‍स की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही, सेल्‍फ इम्‍प्‍लॉयमेंट के टारगेट को हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री इम्‍प्‍लॉयमेंट जनरेशन प्रोग्राम की भी समीक्षा होगी।

फेडरेशन ऑफ़ इंडियन स्पाइस स्टेकहोल्डर्स का राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

जयपुर। भारत सरकार के स्पाइस बोर्ड ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष डाॅ. ए. जयतिलक ने कहा है कि मसालों के कारोबार में नई तकनीक के जरिए कच्चे मसालों को प्रसंस्कृत कर खाने में उपयोगी बनाने की जरूरत है।

उनके अनुसार निर्यात बाजार पर ध्यान देने के साथ ही हमें राजस्थान और गुजरात में होने वाली मसाला फसलों जैसे जीरा, धनिया, सौंफ और मैथी पर अधिक ध्यान देना होगा। वे यहां शुक्रवार को यहां फेडरेशन ऑफ़ इंडियन स्पाइस स्टेकहोल्डर्स (एफआईएसएस) के दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में बोल रहे थे। 

फेडरेशन के चेयरमैन अश्विन नायक ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग तेजी से बढ़ता हुआ उद्योग है, जिसमें रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इस अधिवेशन में महाराष्ट्र, गुजरात के कच्छ, सौराष्ट्र व ऊंझा, राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर जिलों और मध्यप्रदेश से करीब 500 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

गुजरात के कृषि उत्पाद विपणन कमेटी के अध्यक्ष गौरांग पटेल ने मसाला फसलाें संबंधी अधिक शोध पर जोर दिया। अधिवेशन में जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति बलराज सिंह, कृषि अनुसंधान केंद्र बीकानेर के पूर्व निदेशक आर.पी. जांगिड़, मसाला परियोजना के प्रभारी डाॅ. एम.एल मेहरिया, भारतीय किसान संघ जोधपुर के तुलसाराम, फेडरेशन के सचिव तेजस भाई, निदेशक दिनेश सोनी भी मौजूद थे।

अधिवेशन में आज
अधिवेशन के दूसरे दिन के सत्र में भारत सरकार के कृषि राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय राज्य संसदीय मंत्री अर्जुन मेघवाल और केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव संतोष सारंगी मुख्य वक्ता होंगे।