Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 5489

चौतरफा खरीदारी से सेंसेक्स 250 अंक मजबूत, निफ्टी 10400 के ऊपर

नई दिल्ली। ट्रेड वार की चिंता घटने और ग्लोबल मार्केट से मिले संकेतों से मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सेंसेक्स 301 अंक की तेजी के साथ 34,047 अंक पर खुला। वहीं निफ्टी 62 अंक की उछाल के साथ 10,420 अंक पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार में बैंक, ऑटो समेत सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी दिख रही है।

मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में तेजी
– लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीददारी देखने को मिल रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.94 फीसदी मजबूत हुआ है। मिडकैप शेयरों में वक्रांगी, एबीएफआरएल, जिंदल स्टील, श्रीराम ट्रांसपोर्ट फाइनेंस, आईडीबीआई, टोरेंट पावर, नेशनल एल्युमीनियम, वर्लपूल, जीएमआर इंफ्रा, टाटा ग्लोबल, सेल, रिलायंस इंफ्रा 1.89-4.98 फीसदी तक बढ़ी।
– वहीं बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स 0.85 फीसकी तेजी आई है।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़े, निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.91 फीसदी मजबूत
– कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी मेटल इंडेक्स में 1.91 फीसदी दर्ज की गई है। ट्रेड वार के डर से सोमवार को मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली थी।
– इसके अलावा बैंक निफ्टी इंडेक्स 0.72 फीसदी की बढ़त के साथ 24,998.30 प्वाइंट्स पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी ऑटो में 0.45%, निफ्टी एफएमसीजी में 0.41%, निफ्टी आईटी में 0.23%, निफ्टी मीडिया में 1.09%, निफ्टी फार्मा में 0.28%, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.55% और निफ्टी रियल्टी में 1.14% की बढ़त नजर आ रही है।

दिखा ट्रेड वार का डर
सोमवार के कारोबार में भारतीय शेयर बाजार पर ट्रेड वार का डर दिखा था। ट्रेड वार शुरू होने के डर से बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 300 अंक गिरकर 33,747 अंक पर क्लोज हुआ था। वहीं निफ्टी 99 अंक टूटकर 10,359 अंक पर बंद हुआ था।

अपडेट्स
09:22 AM
सेंसेक्स 34047 और निफ्टी 10420 अंकों पर खुले
– ट्रेड वार की चिंता घटने और ग्लोबल मार्केट से मिले संकेतों से मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सेंसेक्स 301 अंक की तेजी के साथ 34,047 अंक पर खुला। वहीं निफ्टी 62 अंक की उछाल के साथ 10,420 अंक पर ओपन हुआ।
09:08 AM
रुपए की मजबूत शुरुआत
– सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को रुपए की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे की बढ़त के साथ 64.95 के स्तर पर खुला। वहीं सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया सपाट 65.10 के स्तर पर बंद हुआ था।
08:58 AM
DII और FII दोनों ने की बिकवाली
– सोमवार को कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एफआईआई) के साथ डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (डीआईआई) दोनों ने भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली की। एफआईआई ने सोमवार के कारोबार में 366.6 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। वहीं डीआईआई ने 154.2 करोड़ रुपए मार्केट से निकाले।
08:54 AM
ट्रेड वार की चिंता घटने से एशियाई बाजारों में तेजी
– ग्लोबल बाजारों से मिले अच्छे संकेतों से मंगलवार को एशियाई बाजारों में भी तेजी देखने को मिल रही है। सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ 10,392 अंक पर कारोबार कर रहा है। जापान का बाजार निक्केई 445 अंक की तेजी के साथ 24,487 अंक पर कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग 252 अंक बढ़कर 30,138 अंक पर कारोबार कर रहा है।
– कोरियाई बाजार का कोस्पी इंडेक्स 1.13 फीसकी की मजबूती के साथ 2402 अंक पर कारोबार कर रहा है, जबकि ताइवान इंडेक्स 106 अंक चढ़कर 10,745 अंक पर कारोबार कर रहा है। हालांकि शंघाई कम्पोजिट में 0.38 फीसदी की कमजोरी दिख रही है। वहीं स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 1.09 फीसदी की उछाल के साथ 3476 अंक पर कारोबार कर रहा है।
08:54 AM
अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद
– ट्रेड वार की चिंता घटने से सोमवार को अमेरिकी बाजारों में शानदार तेजी देखने को मिली। डाओ जोंस 337 अंक की बढ़त के साथ 24875 अंक पर बंद हुआ। नैस्डैक 73 अंक बढ़कर 7331 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.10 फीसदी की उछाल के साथ 2721 अंक पर बंद हुआ।

धोखाधड़ी के बाद विदेशी बैंकों ने पीएनबी को सोना बेचने से किया इनकार

मुंबई। पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) में 12,700 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद बैंक का सोने के आयात का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

विदेशी बैंक पीएनबी को सोना बेचने को तैयार नहीं हैं। बैंक में गारंटी पत्र (एलओयू) के जरिये हुई धोखाधड़ी से कमजोर अनुपालन की बात उजागर हुई है और यही वजह है कि विदेशी बैंक कोई जोखिम नहीं लेना चाहते हैं। पीएनबी सहित कई बैंक कीमती धातुओं के कारोबारियों और परिशोधकों की तरफ से आयात के लिए नामित एजेंसियां हैं।

हाल के महीनों में पीएनबी सोने का आयात करने वाले सबसे बड़े बैंकों की सूची में शामिल था जहां उसे 1 से 2 फीसदी मार्जिन मिलता था।  बैंक मर्केंडाइज एक्सपोर्ट फ्रॉम इंडिया स्कीम (एमईआईएस) के तहत सोने के निर्यातकों द्वारा प्रोत्साहन के तौर पर जारी किए जाने वाले ड्यूटी क्रेडिट सर्टिफिकेट खरीदता था। इसे एक्जिम स्क्रिप्स भी कहा जाता है।

एमईआईएस योजना अप्रैल 2015 में घोषित की गई थी।  पीएनबी जैसे आयातक हस्तांतरणीय एक्जिम स्क्रिप्स खरीदते हैं और आयात शुल्क का भुगतान करने पर उन्हें क्रेडिट मिलता है। पीएनबी फिर कारोबारियों को सोना बेचता था और अपनी कमाई का कुछ हिस्सा उन्हें देते थे। विदेशी बैंकों के सूत्रों का कहना है कि वे एक्जिम स्क्रिप्स के फर्जी होने का जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं।

एमईआईएस के तहत जारी एक्जिम स्क्रिप्स के इस्तेमाल से सोने का आयात पिछले साल जुलाई में शुरू हुआ था। कुछ बिचौलियों को लगा कि इसमें कम जोखिम है। कच्चे सोने का आयात करने वाले परिशोधकों के अलावा पीएनबी सहित दो बैंक भी इस योजना के तहत सोने का आयात करने लगे।

थॉमसन रॉयटर्स जीएफएमएस के मुताबिक अक्टूबर 2017 में देश में सोने के कुल आयात में से 30 फीसदी आयात एमईआईएस के तहत किया गया जो दिसंबर में बढ़कर 55 फीसदी हो गया।

यह साफ नहीं है कि पीएनबी ने एक्जिम स्क्रिप्स के इस्तेमाल से कितने सोने का आयात किया लेकिन इसके जरिये पिछले 6 महीनों में करीब 70 टन सोने का आयात किया गया।

सूत्रों के मुताबिक पीएनबी सोने के बड़े आयातकों में शामिल था। इस बारे में पीएनबी को भेजी गई प्रश्नावली का कोई जवाब नहीं आया। धोखाधड़ी सामने आने के बाद पीएनबी का कारोबार के लिए वित्त मुहैया कराने का काम और सोने का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मूडीज उसकी रेटिंग पर नजर रख रहा है और इसे घटाए जाने की संभावना है।

मूडीज इनवेस्टर्स सर्विस की उपाध्यक्ष (फाइनैंशियल इंस्टीट्यूशन ग्रुप) अलका अंबारासू ने कहा कि पीएनबी के एकल क्रेडिट प्रोफाइल पर दबाव के मद्देनजर दूसरे बैंक उससे लेनदेन करने में सावधानी बरत सकते हैं। धोखाधड़ी से बैंक की कमाई पर दबाव रह सकता है।

मूडीज के मुताबिक एकमात्र सकारात्मक बात यह है कि सरकार बैंकों को सपोर्ट करती रही है, यह विदेशी बैंक और दूसरे बैंक के लिए राहत की बात होनी चाहिए।

स्मार्टफोन पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा

हाल में एक स्टडी में कहा गया है आने वाले समय में 2040 तक स्मार्टफोन्स और डेटा सेंटर जैसी इन्फर्मेशन और कम्यूनिकेशन टेक्नोलॉजी पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा बन जाएंगी। कनाडा की मैकमास्टर यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स की स्टडी में ऐसा दावा किया गया है।

इस रिसर्च में 2005 तक के स्मार्टफोन, लैपटॉप, टैबलेट, डेस्कटॉप के साथ-साथ डेटा सेंटर्स और कम्यूनिकेशन नेटवर्क जैसी डिवाइसेज के कार्बन फुटप्रिंट की स्टडी की गई है।

इस स्टडी में यह पता लगा है कि न सिर्फ सॉफ्टवेअर के कारण इन्फर्मेशन और कम्यूनिकेशन टेक्नॉलजी (आईसीटी) का कंजंप्शन बढ़ रहा है बल्कि हमारे अंदाजे से कहीं ज्यादा आईसीटी का प्रदूषण पर प्रभाव है।

ज्यादातर प्रदूषण प्रॉडक्शन और ऑपरेशन से हो रहा है। मैकमास्टर के असोसिएट प्रफेसर लॉफी बेलखिर के मुताबिक, ‘अभी प्रदूषण में इसका योगदान 1.5 पर्सेंट का है लेकिन अगर यही ट्रेंड चलता रहे तो 2040 तक कुल ग्लोबल कार्बन फुटप्रिंट में आईसीटी का योगदान 14 पर्सेंट होगा।

यह दुनियाभर के ट्रांसपॉर्टेशन सेकटर का लगभग आधा होगा। आप जब भी कोई टेक्स्ट मैसेज, फोन कॉल, विडियो अपलोड या डाउनलोड करते हैं तो यह सब एक डेटा सेंटर के कारण ही संभव हो पाता है।’

उन्होंने कहा, ‘टेलिकम्यूनिकेशन्ज नेटवर्क और डेटा सेंटर को काम करने के लिए काफी बिजली की जरूरत होती है और ज्यादातर डेटा सेंटर्स को जीवाश्म ईंधन के जरिए ऊर्जा की सप्लाई की जाती है।

यह ऊर्जा की खपत है जो हमें नहीं दिखाई देती है।’ जर्नल ऑफ क्लीनर प्रॉडक्शन में पब्लिश इस स्टडी में कहा गया है कि 2020 तक पर्यावरण को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाली डिवाइस स्मार्टफोन्स होंगे।

हालांकि ये डिवाइसेज बहुत कम एनर्जी पर रन करती हैं लेकिन इनके प्रॉडक्शन में 85 पर्सेंट तक प्रदूषण इनके प्रॉडक्शन में होता है। ये डिवाइस काफी कम समय चलते हैं जिसके कारण फिर से इनका प्रॉडक्शन किया जाता है।

जिससे और ज्यादा प्रदूषण बढ़ता है। प्रफेसर ने कहा कि 2020 तक स्मार्टफोन द्वारा किया जाने वाला एनर्जी कंजंप्शन पर्सनल कंप्यूटर और लैपटॉप से ज्याहा हो जाएगा।

कार्ति केसः चिदंबरम के पास तक पहुंची जांच, होगी पूछताछ

नई दिल्ली। कार्ति चिदंबरम से मिलीभगत के आरोप पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), फॉरेन इनवेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) के पूर्व सदस्यों से पूछताछ करेगा। इस कदम से जांच यूपीए सरकार के दौरान वित्त मंत्रालय के कामकाज के करीब पहुंच गई है।

एफआईपीबी को कथित तौर पर प्रभावित करने के आरोप में कार्ति से अभी न्यायिक हिरासत में पूछताछ चल रही है। एफआईपीबी को पिछले साल भंग कर दिया गया था। आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव इसके प्रमुख हुआ करते थे।

एफआईपीबी में डिपार्टमेंट ऑफ इंडस्ट्रियल पॉलिसी ऐंड प्रमोशन (डीआईपीपी), वाणिज्य और विदेश मंत्रालयों का भी प्रतिनिधित्व हुआ करता था।

कार्ति के खिलाफ चल रही जांच से वाकिफ अधिकारियों ने बताया कि आधा दर्जन अधिकारियों को नोटिस भेजे गए हैं, जो उस वक्त एफआईपीबी से जुड़े हुए थे जब

आईएनएक्स मीडिया में विदेशी निवेश को मंजूरी मिली थी। एक अधिकारी ने बताया कि जांच एजेंसियों ने इंद्राणी और पीटर मुखर्जी की कंपनी आईएनएक्स मीडिया को मिली एफआईपीबी की मंजूरी की बारीक पड़ताल करने के बाद नोटिस जारी किए हैं।

इससे पहले कार्ति के वकीलों ने कहा था कि एजेंसियां एफआईपीबी के अधिकारियों से पूछताछ नहीं कर रही हैं, जबकि एफआईआर में अज्ञात एफआईपीबी मेंबर्स और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों का जिक्र किया गया है। इसलिए ईडी के इस कदम की काफी अहमियत है।

जांच एजेंसियों ने यह नहीं बताया कि किन अधिकारियों को नोटिस भेजे गए हैं। एक बड़े अधिकारी ने बताया, ‘संबंधित एफआईपीबी अप्रूवल की पड़ताल के बाद नोटिस जारी किए गए हैं।’ इसके अलावा कार्ति के मालिकाना हक वाली चार कंपनियों को घूस देने के मामलों की भी जांच चल रही है।

एक अधिकारी ने बताया, ‘एक केस दर्ज किया गया है, जबकि चार में अभी जांच चल रही है। ईडी ने जो चार कंप्लेन भेजी हैं, उनमें सीबीआई अगर किसी में केस दर्ज करती है तो हमारी तरफ से जरूरी कार्रवाई शुरू की जाएगी।’

जांच एजेंसियां रिश्वत देने के सबूत भी तलाश रही हैं। उनका कहना है कि इससे कथित तौर पर उन कंपनियों के बारे में जानकारी मिल सकती है, जिन्हें कार्ति और उनके संपर्कों की वजह से फायदा हुआ था।

तत्कालीन वित्त मंत्री पी चिदंबरम का नाम सीबीआई की एफआईआर में नहीं है, लेकिन जांच एजेंसी ने कहा है कि वित्त मंत्रालय के अधिकारियों ने तब विदेशी निवेश के प्रस्ताव को मंजूरी देने में पक्षपात किया था। अडवांटेज स्ट्रैटेजिक कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के चार ‘मालिकों’ से भी कुछ पेमेंट्स के बारे में पूछताछ की जा सकती है।

जांच एजेंसियों को शक है कि यह पैसा एफआईपीबी क्लियरेंस को मैनेज करने के लिए कार्ति को दिया गया था। इस बीच, मंगलवार को सीबीआई कार्ति की हिरासत की अवधि बढ़ाने की मांग कर सकती है।

बेटी के जन्म पर माता पिता का सम्मान करेगा अग्रवाल समाज

कोटा। अग्रवाल सेवा उत्थान समिति कोटा की बैठक अग्रसेन भवन रामपुरा में सम्पन्न हुई। संस्था के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि अग्रवाल समाज की ओर से महिला दिवस पर अस्पताल में पैदा होने वाली बेटियों के माता -पिता का सम्मान किया जाएगा।

युवा अध्यक्ष संजय गोयल ने बताया कि इसी दिन एमबीएस अस्पताल में महिला वार्ड गोद लिया जाएगा। बैठक में महिला अध्यक्ष किरण अग्रवाल, महामन्त्री किरण गोयल, संस्था के उपाध्यक्ष महेन्द्र गर्ग, जगदीश अग्रवाल, गोपाल गोयल, युवा महामन्त्री संजय मित्तल, भँवर लाल अग्रवाल, जितेंद्र गोयल, भावना गर्ग, शोभा गर्ग, प्रभात मित्तल, सुनीता गोयल सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।

सूचना अधिकारियों पर 3.21 करोड़ का जुर्माना

जयपुर। सरकार के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए 12 साल पहले लागू किए गए सूचना का अधिकार कानून की लोक सूचना अधिकारियों को परवाह नहीं है। लोक सूचना आयोग के पास 13 हजार से अधिक अपीलें लंबित पड़ी है। सूचना नहीं देने पर आयोग द्वारा लगाए जाने वाले जुर्माने के आदेश पर लोक सूचना अधिकारी गंभीरता नहीं बरत रहे हैं।

यही कारण है कि पिछले 8 साल में आयोग ने लोक सूचना अधिकारियों 3.21 करोड़ का जुर्माना लगाया है। आयोग की पिछले सालों की प्रगति रिपोर्ट देखने पर सामने आया कि लोक सूचना अधिकारियों ने इसमें से केवल 81 लाख रुपए ही जमा कराए हैं।

आयोग ने वर्ष 2015-16 में सर्वाधिक 89 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना लोक सूचना अधिकारियों पर आरोपित किया था। इसमें से केवल 7 लाख रुपए ही जमा हो पाए। अगर कोई व्यक्ति किसी विभाग के लोक सूचना अधिकारी से सूचना मांगता है तो उसके आवेदन में कई तरह की खामियां बताकर उसे लौटा दिया जाता है या अधूरी सूचना भेज दी जाती है। 
2015-16 में 89 लाख का जुर्माना, उसमें सिर्फ सात लाख की वसूली

13 हजार अपीलें अभी भी लंबित
वर्ष 2015-16 में पहले से 14580 अपीलें लंबित चल रही थी। इस वर्ष 8013 अपीलें और आ गई। कुल 22593 हो गई। इस साल 9 हजार से अधिक अपीलों का निस्तारण कर दिया गया। इस कारण 13570 अपीलें लंबित पड़ी थी।

आरटीआई से घोटाले उजागर 
सरकार ने 12 साल पहले शासन के काम काज में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता लाने के उद्देश्य से सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 लागू किया था। इसे लागू होने के बाद कई लोगो ने आरटीआई से सूचना मांगकर घोटाले एवं भ्रष्टाचार के मामले उजागर किए हैं।

कब और किस पर लगता है जुर्माना
एडवोकेट संदीप कलवानिया का कहना है कि यदि लोक सूचना अधिकारी ने सूचना आवेदन लेने से मना किया हो, तय समयावधि में सूचना नहीं दी हो, जानबूझकर अधूरी, अशुद्ध या भ्रामक सूचना दी हो, सूचना आवेदन की विषय वस्तु को नष्ट कर दिया हो या सूचना उपलब्ध कराने में बाधा डाली हो तो सूचना आयोग को लोक सूचना अधिकारी पर शास्तियां (जुर्माना) आरोपित करने की शक्तियां प्रदान की गई है। 

होली मिलन समारोह में दिया स्वच्छता का संदेश

10 मार्च को स्वच्छता अभियान को लेकर होगा हास्य कवि सम्मेलन

कोटा। तलवंडी व्यापार संघ की ओर से होली मिलन समारोह में स्वच्छता का संदेश दिया गया। यहां विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ एवं नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान का असर कोटा शहर में दिखने लगा है।

उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा गत माह बांटे गए करीब 8000 डस्टबिन की वजह से सभी दुकानदार डस्टबिन रखने लगे हैं। उन्होंने स्मार्ट मार्केट की योजना एक वृहत योजना है जो कि बहुत अच्छी है। इससे मार्केट में आने वाले ग्राहकों को कई सुविधाएं मिलेंगी एवं व्यापारियों का कारोबार भी बढ़ेगा।

महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि जन जाग्रति एवं जनसहभागिता के बिना स्वच्छता असंभव है। व्यापार महासंघ निरंतर अपनी 150 संस्थाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में डस्टबिन बांटने व स्वच्छता रखने का संदेश दे रहा है।

महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन कहा कि शहर की 80 हजार दुकानों पर डस्टबिन रखवाए जाने का हमारा मिशन है। उन्होंने कहा कि 10 मार्च को स्वच्छता अभियान को लेकर एक हास्य कवि सम्मेलन होगा। समारोह स्थल को पूरी तरह स्वच्छता जन जागृति की थीम पर सजाया जाएगा।

तलवंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र बैरागी एवं सचिव कीर्ति कुमार जैन ने व्यापार महासंघ से कहा कि तलवंडी में सबसे बड़ा मार्केट है। इसे भी स्मार्ट मार्केट योजना में शामिल किया जाए। समारोह में क्षेत्र के वार्ड पार्षद गोपालराम मंडा भी उपस्थित थे।

हाजिर में धनिया 200 रुपये तेज और वायदा में भाव टूटे

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार को  माल की कुल आवक 40 हजार बोरी की रही। शुरू में वायदा तेज होने एवं लिवाली निकलने से गीला धनिया 200 रुपये और रामगंजमण्डी में 100 रुपये प्रति क्विंटल तेज बोला गया। स्थानीय मंडी में जहाँ 5000 बोरी और रामगंज मंडी में 20 हजार बोरी की आवक हुई है।

एनसीडैक्स पर धनिया का अप्रैल वायदा 21 रुपये टूट कर 5470 और मई वायदा 56 रुपये लुढ़क कर 5527 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। सोयाबीन 30 रुपये प्रति क्विंटल, गेहूं नया उच्च क्वालिटी का 150 रुपये प्रति क्विंटल तेज रहा ।

गेहूं मिल 1550 से 1575 लोकवान 1600 से 1650 पीडी 1600 से 1650 टुकडी 1625से 1750 गेहूं नया 1650 से 1950 रुपये प्रति क्विंटल। धान सुगंधा 2600 से 2800 पूसा-1 2500 से 2800 पूसा-4 (1121) 2500 से 3300 धान (1509) 2000 से 3100 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 2400 से 3780 सरसो 3100 से 3800 तिल्ली 6000 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल। मैथी 2000 से 2800 धनिया बादामी नया 3800 से 4200 ईगल 4000 से 4500 रंगदार 5000 से 6500 धनिया पुराना 3000 से 4000 मूंग 3300 से 4000 उडद 2000 से 3411 रुपये प्रति क्विंटल।

चना 3000से 3600 चना काबुली 6000 से 8000 चना पेपसी 3400 से 3800 चना मौसमी 3000 से 3700 मसूर 3000 से 3550 रुपये प्रति क्विंटल।  ग्वार 3000से 3860 मक्का 1000 से 1250 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन 100 से 1100 रुपये प्रति क्विंटल रहा।

शराबंदी, मांसाहार एवं बेटी बचाओ का संदेश दिया आचार्य ने

कोटा। शहर के कुन्हाड़ी स्थित रिद्धी सिद्वी नगर में 7 मार्च को दिगम्बर जैन संतों को ऐतिहासिक मिलन होगा। इसके लिए सोमवार को सकल दिगम्बर जैन समाज समिति तथा जैन समाज के प्रमुख लोग बूंदी पहुंचे और आचार्य विराग सागर एवं एनके संघ को कोटा आने का विधिवत निमंत्रण दिया।

सकल दिगम्बर जैन समाज समिति के अध्यक्ष अजय बाकलीवाल ने बताया कि सोमवार को सुबह पूर्व मंत्री शांति धारीवाल एवं समाज के प्रमुख पदाधिकारी सकल समाज के महामंत्री विनोद टोरड़ी, कार्याध्यक्ष जेके जैन, परम संरक्षक राजमल पाटोदी, सुरेश चांदवाड़, नरेश जैन, पारसमल, विकास अजमेरा, मनोज टोंग्या, दीपक जैन, विजय दुगेरिया, कमलेश सांवाला आदि ने बड़ी संख्या में बूंदी में आचार्य विराग सागर को श्रीफल भेंट कर कोटा आने का निवेदन किया।

आचार्य एवं 55 पिच्छिधारी संतों का संघ लालकिला नई दिल्ली से रवाना हो कर टोंक के रास्ते कोटा होते हुए गंतव्य की पदयात्रा पर है। आचार्य ने इस अवसर पर शांति धारीवाल को धर्मघ्वजा भेंट की। धर्मसभा में आचार्य ने अपने संबोधन में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ,शराब बंदी,कन्या भ्रूण हत्या,मांसाहार पर रोक एवं स्वच्छता के संदेश युक्त 5 सूत्र दिए। कोटा के धर्मावलम्बियों ने आचार्य से महावीर जयंती तक कोटा में ही विराजने का अनुरोध किया है।

ऐतिहासिक मिलन होगा संतों को
बाकलीवाल ने बताया कि 7 मार्च को बंदी की तरफ से आ रहे आचार्य विराग सागर हाराज एवं उनके साथ के 45 साधु साघ्वियों के संघ का कोटा के तलवण्डी में बिराज रहे आचार्य 108 शशांक सागर एवं आर्यिका विकम्या माता के संतों का भव्य मिलन प्रातः 8 बजे से एक्जोटिका गार्डन में बनाए गए भव्य पांडाल में होगा ,इस अवसर पर कोटा एवं आस पास के समूचा जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में संतों की अगवानी करेंगे।

आभूषण विनिर्माताओं की मांग घटने से सोना सस्ता, चांदी में तेजी

नई दिल्ली/कोटा । वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बावजूद स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की कमजोर मांग से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 50 रुपये के नुकसान से 31,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। हालांकि, औद्योगिक इकाइयो तथा सिक्का विनिर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी 70 रुपये के लाभ के साथ 39,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता 50 रुपये टूटकर क्रमश: 31,450 रुपये और 31,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। शनिवार को सोना 140 रुपये चढ़ा था। आठ ग्राम वाली गिन्नी के भाव हालांकि, 24,800 रुपये पर कायम रहे।

वहीं दूसरी ओर चांदी हाजिर 70 रुपये चढ़कर 39,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 180 रुपये की बढ़त के साथ 38,515 रुपये प्रति किलोग्राम रहे। चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपये प्रति सैकड़ा और बिकवाल 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा।

बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं और फुटकर विक्रेताओं की कमजोर मांग से सोने की कीमतों में गिरावट आई। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एल्युमीनियम और इस्पात के आयात पर शुल्क लगाने से डॉलर दबाव में था और वैश्विक बाजारों में मजबूती का रुख था जिससे यह गिरावट सीमित रही।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.28 प्रतिशत के लाभ से 1,326.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी 0.18 प्रतिशत चढ़कर 16.54 डॉलर प्रति औंस रही।

कोटा सर्राफा
चांदी 39300 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 31450 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36680 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 31600 रुपये प्रति दस ग्राम,  सोना 36860 रुपये प्रति तोला।