Tuesday, July 28, 2026
Home Blog Page 4962

कमजोर निर्यात मांग से ग्वारगम वायदा कीमतों में गिरावट

नयी दिल्ली। कमजोर निर्यात मांग के बीच हाजिर बाजार की कमजोर धारणा के कारण व्यापारियों द्वारा सौदों की कटान करने से वायदा कारोबार में मंगलवार को ग्वारगम की कीमत 57 रुपये की हानि के साथ 8,503 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि ऊंचे स्तर पर निवेशकों के सौदों की कटान तथा तेल खनन कंपनियों की कमजोर निर्यात मांग के कारण हाजिर बाजार के निराशाजनक माहौल की वजह से वायदा कारोबार में ग्वारगम कीमतों में गिरावट आई।

एनसीडीईएक्स में ग्वारगम के मार्च में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 57 रुपये अथवा 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,503 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई जिसमें 46,215 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

इसी प्रकार ग्वारगम के अप्रैल में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 76 रुपये अथवा 0.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,657 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई जिसमें 66,325 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

सटोरिया गतिविधियों से तांबा वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली। विदेशों में बेस धातुओं की कीमतों में तेजी के रुख के बीच सटोरियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को तांबा की कीमत 0.73 प्रतिशत की तेजी के साथ 453.30 रुपये प्रति किग्रा हो गई।

एमसीएक्स में तांबा के अप्रैल महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 3.30 रुपये अथवा 0.73 प्रतिशत की तेजी के साथ 453.30 रुपये प्रति किग्रा हो गई। इसमें 14,258 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू हाजिर बाजार की भारी मांग के कारण भी यहां वायदा कारोबार में तांबा कीमतों में तेजी आई। लंदन मेटल एक्सचेंज में तीन माह में डिलीवरी वाले तांबा की कीमत 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,407 डॉलर प्रति टन हो गई।

स्मार्ट सिटी कोटा में धरोहर संरक्षण का काम हो: इंटेक

कोटा । भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटेक) कोटा अध्याय की साधारण सभा की बैठक सोमवार को किशोर सागर तालाब बाराद्वारी पर आयोजित की गई। बैठक में धरोहर संरक्षण संबंधी विषयों पर सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए ,जिनको लेकर इंटेक सरकार के साथ समन्वय कायम करेगी।

इंटेक के समन्वय निखिलेश सेठी ने बताया कि जगमंदिर की हालात का सदस्यों ने जायजा लिया। वहां बैठक में इंटेक की आगामी कार्ययोजना एवं सदस्यों के सुझावों पर विचार विमर्श किया गया जिनमें ऐतिहासिक बुर्जों की मरम्मत व सौंदर्यीकरण, चम्बल शुद्धिकरण की ठोस कार्ययोजना, ज्वालातोप का संरक्षण, मुकंदरा टाईगर रिजर्व के पर्यटन विकास, स्मार्ट सिटी में धरोहर संरक्षण के साथ ही पर्यटन विकास के अनेक सुझाव दिए गए।

जगमंदिर के सिर पर लगा साइनबोर्ड हटाने की प्रशासन से मांग की गई। सह समन्वयक बहादुर सिंह हाड़ा ने बताया कि बैठक में राज्य के सह समन्वयक वरिष्ठ सदस्य ठाकुर रणवीर सिंह, इतिहासविज्ञ डॉ. जगत नारायण, पूर्व एयरफोर्स अधिकारी आरपी भटनागर, डॉ. हुकम चंद जैन, पूनम मेहता, डॉ. सुषमा आहूजा, डॉ. सुसेन राज, फिरोज अहमद, घनश्याम दास मोहता, एएच जैदी, केएम प्रधान, तरूमीत सिंह बेदी, शुभम लोढ़ा, डॉ. मुक्ति पाराशर, डॉ. कृष्णेंद्र सिंह, गौरवसेन झाला, पीयूष जैन, बनवारी यदुवंशी, रवि जैन, अभय सिंह खेडली तंवरान, अभिनंदन, एकता, आदित्य सेठी आदि ने सुझावों में स्मार्ट सिटी में जन भागीदारी पर जोर दिया।

बैठक का संचालन बृजेश विजयवर्गीय ने बताया कि प्रशासन के साथ इंटेक सदस्यों की समन्वय समिति तमाम विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेगी। नए सदस्यों का जोड़ने के लिए जागरूकता कार्यक्रम किए जाऐंगे।

होली पर दिल्ली से चलेंगी 4 स्पेशल ट्रेन, जानिए क्या रहेगा शिड्यूल

0

नई दिल्ली । होली पर दिल्ली से यूपी-बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटें फुल हो गईं हैं। ऐसे में पैसेंजरों को परेशानी न हो। इसको लेकर रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनों का ऐलान कर दिया है। फिलहाल नॉर्दर्न रेलवे ने दिल्ली से चलने वाली 4 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की हैं। इनमें नई दिल्ली से बरौनी, निजामुद्दीन से पुणे, आनंद विहार से पटना, आनंद विहार कामाख्या स्पेशल ट्रेन है। कुछ ट्रेनों में बुकिंग शुरू हो गई है, जबकि कुछ ट्रेनों को सिस्टम में फीड किया जा रहा है।

नई दिल्ली से बरौनी
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन 12 से 22 मार्च के बीच हर मंगलवार व शुक्रवार को शाम 7:25 बजे चलेगी। अगले दिन शाम 7:45 बजे बरौनी पहुंचेगी। वहीं बरौनी से यह रेलगाड़ी 13 से 23 मार्च के बीच हर बुधवार व शनिवार को रात 9:35 बजे चलेगी और अगले दिन रात 10:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर पर रुकेगी।

निजामुद्दीन से पुणे
यह ट्रेन निजामुद्दीन से 12 से 26 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार को रात 9:35 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात को 9:25 बजे पहुंचेगी। इसी तरह पुणे से यह ट्रेन 14 से 28 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार को सुबह 5:15 बजे चलेगी और निजामुद्दीन अगले दिन सुबह 5:35 बजे पहुंच जाएगी। रास्ते में यह ट्रेन मथुरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी, वसई रोड, कल्याण और लोनावला पर रुकेगी।

आनंद विहार से कामाख्या
यह ट्रेन आनंद विहार से 13 से 20 मार्च तक प्रत्येक बुधवार को रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2:45 बजे कामाख्या पहुंचेगी। इसी तरह कामाख्या 16 से 23 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को सुबह 5:35 बजे कामाख्या से चलेगी और अगले दिन आनंद विहार शाम 6:15 बजे पहुंचेगी। रास्ते में गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, सीतापुर, गौंडा, गोरखपुर समेत कुछ 25 स्टेशनों पर ठहरेगी।

आनंद विहार से पटना
यह ट्रेन आनंद विहार से 16 से 23 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को रात 12:00 बजे बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6 बजे पटना पहुंचेगी। इसी तरह पटना से 16 से 23 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को शाम 7:35 बजे पटना से रवाना होगी। अगले दिन आनंद विहार दोपहर 2:20 बजे पहुंचेगी। रास्ते में गाजियाबाद, कानपुर, इलाहबाद, पं दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा पर रुकेगी।

ज्वैलर्स की मांग घटने से सोना 100 रुपये और सस्ता, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली/ कोटा मंगलवार के कारोबार में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। आज के कारोबार में सोना 100 रुपये सस्ता होकर 33,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ है। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से घटी मांग और मजबूत वैश्विक संकेतों के बावजूद इक्विटी मार्केट में बढ़ा फंड इसकी प्रमुख वजह है।

वहीं दूसरी ओर चांदी में 50 रुपये की मजबूती देखने को मिली है। आज के कारोबार में चांदी 39,580 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई है। चांदी की कीमतों में तेजी की वजह औद्योगिक इकाईयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से तेज उठान रही है।

ट्रेडर्स का कहना है कि घरेलू ज्वैलर्स की ओर से घटी मांग और निवेशकों का इक्विटी की ओर बढ़े ध्यान ने पीली धातु (सोने) की कीमतों को कम करने का काम किया है। हालांकि फैक्ट्रियों की ओर से बढ़ी मांग के कारण चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है।

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना बढ़त के साथ 1,296.80 डॉलर प्रति औंस और चांदी बढ़त के साथ 15.49 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर बंद हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 100 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 33,150 रुपये और 32,980 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ है।

हालांकि गिन्नी के भाव 26,400 रुपये प्रति 8 ग्राम पीस पर बरकरार रहे हैं। वहीं दूसरी ओर तैयार चांदी का भाव 50 रुपये बढ़कर 39,580 रुपये प्रति किलोग्राम रहा जबकि साप्ताहिक आधारित डिलीवरी 55 रुपये गिरकर 38,660 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर रही है।

कोटा सर्राफा
चांदी 39300 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 33100 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38600 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33270. रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38800 रुपये प्रति तोला।

पाकिस्तान को टमाटर की सप्लाई शुरू, श्रीनगर मार्ग से ढुलाई

नई दिल्ली। पुलवामा हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश का माहौल था जिसका असर भारत और पाकिस्तान के व्यापारिक रिश्तों पर पड़ा। सड़क मार्ग से होने वाली कई जरूरी वस्तुओं की सप्लाई में कमी आई है। दोनों देशों के बीच तनाव के चलते कारोबार ठप हो गया था और ट्रकों की आवाजाही भी रुक गई थी। अब श्रीनगर से पाकिस्तान के कब्जे वाले चकोटी के बीच ट्रकों की आवाजाही शुरू हो गई है।

रावलपिंडी और लाहौर के बाजारों में भारत से आई सब्जियों से लदे ट्रक पहुंचने लगे हैं। यह सप्लाई आम रूट अब भी बंद होने से ट्रेडर्स को यह महंगा पड़ रहा है। अभी सिर्फ श्रीनगर-मुजफ्फराबाद मार्ग से ही माल जा रहा है, जिसका ढुलाई खर्च अटारी रूट के मुकाबले दो से चार गुना तक बढ़ गया है।

इस रास्ते से भेजा रहा है सामान
पाकिस्तान को टमाटर सप्लाई करने वाले व्यापारियों का कहना है ‘तनाव घटने के साथ सप्लाई शुरू हुई है, लेकिन ट्रेड के लिहाज से इसे नॉर्मल नहीं कहा जा सकता। अभी सिर्फ श्रीनगर-मुजफ्फराबाद मार्ग से ही रोजना 15 से 20 ट्रक माल जा रहा है, जबकि आम दिनों में पाकिस्तान को रोजाना 75 से 100 ट्रक सप्लाई होती है।’

ट्रेडर्स ने अब अटारी-बाघा बाॅर्डर से सप्लाई शुरू करने के लिए सरकार को संपर्क शुरू कर दिया है और इसके लिए किसानों के हितों का हवाला दिया जा रहा है। टमाटर के अलावा भी कई सब्जियां भारत से पाकिस्तान जाती है।

बैंकिंग शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 481 अंक उछला, निफ्टी 11,300 के पार

नई दिल्ली। बैंकिंग और कैपिटल गुड्स शेयरों में छाई लिवाली के दम पर भारतीय शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन मंगलवार 12 मार्च 2019 को बढ़त के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स एक दिन पहले के स्तर से 481 अंक उछलकर 37,535 अंकों पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 133 अंकों की बढ़त के साथ 11,301 अंकों पर बंद हुआ।

सेक्टोरियल इंडेक्स की बाद करें तो सेंसेक्स में बैंकिंग और कैपिटल गुड्स कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त रही। बैंकिंग की बात करें तो इंड्सइंड बैंक में 3.69 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 3.27 फीसदी, एचडीएफसी बैंक में 1.90 फीसदी, एक्सिस बैंक में 1.10 फीसदी और कोटक बैंक में 0.90 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।

इसके उलट सार्वजनिक क्षेत्र के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे बैंकों के शेयरों में गिरावट रही। कैपिटल गुड्स सेक्टर में सबसे ज्यादा सीजी पावर के शेयरों में 10.12 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स में आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।

ये रहा निफ्टी का हाल
50 शेयरों के संवेदी सूचकांक निफ्टी में 30 शेयर हरे, 19 शेयर लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी-50 मिडकैप 0.12 फीसदी की तेजी के साथ 4917 अंकों पर और स्मॉलकैप 1.40 फीसदी की तेजी के साथ 3208 अंकों पर बंद हुए। सेक्टोरियल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी में आईटी और पीएसयू बैंकों को छोड़कर सभी सेक्टर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।

इन शेयरों में रही तेजी
सेंसेक्स में मनपसंद में 16.28 फीसदी, बॉम्बे डाइंग में 11.12 फीसदी, सीजी पावर में 9.73 फीसदी, केईआई में 9.11 फीसदी और गुजरात गैस में 7.87 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। निफ्टी में भारती एयरटेल में 5.35 फीसदी, इंड्सइंड बैंक में 4.01 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 3.33 फीसदी, एलएंडटी में 3.15 फीसदी और अडानी पोर्ट्स में 2.76 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।

इन शेयरों में रही गिरावट
सेंसेक्स में बजाज कंज्यूमर केयर लिमिटेड में 8.92 फीसदी, लेमन ट्री में 5.91 फीसदी, स्पाइस जेट में 5.53 फीसदी, नवकार कॉरपोरेशन में 5.53 फीसदी और एचडीएफसी लाइफ में 5.00 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी में आयशर मोटर्स में 2.05 फीसदी, बजाज फाइनेंस में 1.25 फीसदी, भारती इंफ्राटेल में 1.00 फीसदी, ओएनजीसी में 0.59 फीसदी और इंफोसिस में 0.56 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

WhatsApp इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे आप, जानिए क्यों

नई दिल्ली। उपभोक्ताओं और प्लेटफॉर्म की सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए सोशल मीडिया सेवा प्रदाता कंपनी WhatsApp ने एक बड़ा फैसला लिया लिया। Facebook के स्वामित्व वाली कंपनी WhatsApp ने उसके एप के थर्ड पार्टी वाले मॉडीफाइड वर्जन की सेवाएं बंद करने का फैसला किया है।

WhatsApp की ओर से जारी बयान के अनुसार, जो उपभोक्ता WhatsApp Plus या GB WhatsApp जैसे थर्ड पार्टी मॉडीफाइड एप इस्तेमाल कर रहे हैं, उनकी सेवाएं कभी भी बंद की जा सकती है। कंपनी ने कहा है कि वह थर्ड पार्टी की ओर से विकसित वर्जन की सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकती है।

यह अनऑफिशियल एप्स ऑफिशियल एप की सेवा शर्तों का उल्लंघन कर रहे हैं। कंपनी ने एक पोस्ट जारी कर कहा है कि यदि आपके एप पर अस्थायी बंदी ‘Temporarily banned’ का मैसेज आता है तो समझ लीजिए कि आप ऑफिशियल एप के बजाए थर्ड पार्टी एप का इस्तेमाल कर रहे हैं।

स्विच करने से पहले सहेज लें अपनी चैट
कंपनी ने सोमवार को अपनी पोस्ट में कहा है कि यदि आप थर्ड पार्टी मॉडीफाइड WhatsApp चला रहे हैं तो जल्द से जल्द ऑफिशियल एप डाउनलोड कर लें। साथ ही कंपनी ने कहा है कि ऑफिशियल एप पर स्विच करने से पहले सभी उपभोक्ता अपनी चैट का बैकअप ले लें। कंपनी ने कहा है कि उपभोक्ताओं को WhatsApp की सेवाएं बरकरार रखने के लिए हर हाल में ऑफिशियल एप डाउनलोड करना होगा।

सीए एग्जाम की डेट आगे बढ़ी, जानिए नया शेड्यूल

नई दिल्ली। इंस्टीट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ़ इंडिया (ICAI) ने Chartered Accountants (CA) परीक्षा की तारीखों को आगे बढ़ा दिया है पहले यह परीक्षा 2 मई से शुरू हो रही थीं लेकिन अब नए शेड्यूल के मुताबिक यह परीक्षा 27 मई को शुरू होंगी। मई में होने वाले लोकसभा चुनावों को देखते हुए परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया गया है।

अपनी ऑफिशल रिलीज में आईसीएआई ने कहा कि ‘’ देश में अप्रैल -मई में 17वीं लोकसभा के चुनावों को देखते हुए। चार्ट्ड अकाउंटेंट की परीक्षा जो 2 मई से 17 मई के बीच आयोजित की जा रही थी वो अब 27 मई से शुरू होकर 12 जून 2019 तक चलेंगे।

ICAI ऑफिशल नोटिफिकेशन देखने के लिए क्लिक करें
नए शेड्यूल के मुताबिक फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा 4,7,9 और 11 जून को आयोजित की जाएगी। Intermediate (IPC) course की परीक्षा दो ग्रुप में आयोजित की जाएगी। पहले ग्रुप की परीक्षा 29,30 मई और 1 और 3 जून को आयोजित की जाएगी।

IPC ग्रुप 2 की परीक्षा 6,8 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। इसी तरह Intermediate course परीक्षा ग्रुप वन की परीक्षा 28,30 मई और 1 और 3 जून को आयोजित की जाएगी और ग्रुप दो की परीक्षा 6,8,10 और 12 जून को आयोजित की जाएगी।

ICAI ने सभी परीक्षा के शेड्यूल में बदलवा किया है इसी तरह फाइनल कोर्स की परीक्षा 27,29,31 और 2 जून को आयोजित की जाएगी और फाइनल एग्जाम के ग्रुप 2 की परीक्षा का आयोजन 6,8,10 और 12 जून को किया जाएगा।

‘बाहुबली’ की मां शिवगामी राम्या कृष्णनन बनीं पॉर्न स्टार

फिल्म ‘बाहुबली’ और ‘बाहुबली 2’ में बाहुबली की मां शिवगामी देवी के शानदार और दमदार किरदार में नजर आईं अभिनेत्री राम्या कृष्णनन को आज बच्चा-बच्चा जानता है। ‘बाहुबली’ सीरीज से न सिर्फ फिल्म के लीड ऐक्टर्स प्रभास, राना दग्गुबत्ति और अनुष्का शेट्टी दुनियाभर में मशहूर हुईं, बल्कि सपोर्टिंग ऐक्टर्स जैसे कि सत्यराज और राम्या कृष्णनन जिन्होंने फिल्म में कटप्पा और शिवगामी का रोल निभाया था, उन्हें भी लोगों का खूब प्यार मिला।

शिवगामी देवी का किरदार निभाने वालीं राम्या कृष्णनन साउथ फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलिवुड में भी हमेशा से ऐक्टिव रहीं हैं। वह बॉलिवुड में अमिताभ बच्चन सहित कई बड़े स्टार्स के काम कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें ‘बाहुबाली’ के बाद जो लोकप्रियता मिली वह पहले नहीं मिली थी। इन दिनों राम्या कृष्णनन अपनी अगली फिल्म की वजह से एक बार फिर से जमकर सुर्खियों में हैं।

राम्या कृष्णनन अपनी अगली फिल्म में पॉर्न स्टार की भूमिका निभा रहीं हैं। तमिल भाषा में बनीं इस फिल्म का नाम ‘सुपर डीलक्स’ है जिसे त्यागराजन कुमारराज ने डायरेक्ट किया है। जब से इस फिल्म का ट्रेलर ऑनलाइन रिलीज़ हुआ है, तभी से इस फिल्म की खूब चर्चा हो रही है। राम्या ने इस फिल्म में लीला नाम की अधेड़ उम्र की महिला का किरदार निभाया है, जो देह व्यापार का काम करती है।

अपने किरदार को लेकर एक इंटरव्यू में राम्या ने कहा कि इस रोल के चलते उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने ‘सुपर डीलक्स’ में अपने कैरक्टर को करियर का सबसे चैलंजिंग रोल बताया। वह कहती हैं, ‘सुपर डीलक्स ऐक्टर्स से ज्यादा कॉन्टेंट वाली फिल्म है।’ फिल्म की शूटिंग के दौरान डायरेक्टर कुमारराजा की वजह से राम्या को एक खास सीन के लिए 2 दिनों में 37 बार टेक लेने पड़े।

राम्या कहती हैं, ‘मुझसे ज्यादा, मेरे असिस्टेंट शॉक्ड थे… कुछ रोल पैसों के लिए होते हैं, कुछ पॉप्युलरिटी के लिए तो कुछ पैशन के लिए। सुपर डीलक्स मैंने पैशन के लिए की है। यह फिल्म 29 मार्च को रिलीज़ होगी। राम्या के अलावा फिल्म में विजय सेथुपथी, समांथा, फहाद फासिल और मास्किन लीड रोल में हैं।