भाविप के स्थापना दिवस पर सुसंस्कारित एवं चरित्रवान भारत के निर्माण का संकल्प

0
3

कोटा। भारत विकास परिषद, कोटा महानगर द्वारा परिषद का 64वां स्थापना दिवस समारोह सत्यार्थ सभागार में अत्यंत गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिषद के सेवा, संस्कार, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य रवि प्रकाश विजय ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय संगठन सचिव जगदीश शर्मा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एलन इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. गोविंद माहेश्वरी एवं भारत विकास परिषद के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री श्याम शर्मा उपस्थित रहे।

कोटा महानगर समन्वयक रोहित विजयवर्गीय ने बताया कि समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम्, दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर कोटा महानगर की सभी 15 शाखाओं द्वारा अपने-अपने आदर्श महापुरुषों की जीवंत प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय संस्कृति के गौरव का भावपूर्ण संदेश दिया। साथ ही सभी शाखाओं के संस्थापक अध्यक्ष एवं संस्थापक सचिवों का अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मान किया गया।

समारोह में वरिष्ठ सदस्य किशन पाठक, क्षेत्रीय पदाधिकारियों कमल सुरेखा, हिमांशु चतुर्वेदी, प्रांतीय पदाधिकारियों सुनीता गोयल, पराग टोंगिया सहित सभी विशिष्ट अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत किया।

सह-समन्वयक मेघना खंडेलवाल, प्रांतीय महिला प्रमुख उमा पालीवाल, रचना पाठक, कविता शर्मा एवं शीलू जैन के निर्देशन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। वहीं विवेक शर्मा के निर्देशन में प्रस्तुत शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जीवन पर आधारित प्रेरणादायी नाटक ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और खूब सराहना प्राप्त की।

अपने उद्बोधन में रवि प्रकाश विजय ने भारत विकास परिषद की 63 वर्षों की गौरवशाली यात्रा तथा कोटा महानगर की 37 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए परिषद को सशक्त बनाने वाले सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि परिषद का मूल उद्देश्य सेवा, संस्कार, समर्पण और राष्ट्रीय चेतना के माध्यम से सुसंस्कारित एवं चरित्रवान भारत का निर्माण करना है।

मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद ने कोटा में सेवा, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। परिषद के कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. गोविंद माहेश्वरी ने परिषद की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि परिषद के प्रत्येक कार्यक्रम में समन्वय, उत्कृष्टता, अनुशासन एवं भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री श्री श्याम शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में क्षेत्रीय संगठन सचिव जगदीश शर्मा ने कहा कि तकनीकी रूप से विकसित होते वर्तमान युग में युवाओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। परिषद इसी दिशा में सतत कार्य कर रही है।

समारोह के समापन पर कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंत में मेघना खंडेलवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन अश्वनी विजय एवं कविता शर्मा ने किया। समारोह में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य, विभिन्न शाखाओं के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।