Saturday, July 25, 2026
Home Blog Page 4939

फरवरी में 20 प्रतिशत से अधिक गिरा चीन का निर्यात

बीजिंग। चीन के सीमा शुल्क विभाग के आंकड़ों के अनुसार फरवरी महीने में चीन का निर्यात 20.70 प्रतिशत और आयात 5.20 प्रतिशत गिर गया। ब्लूमबर्ग न्यूज ने एक सर्वेक्षण में पूर्वानुमान व्यक्त किया था कि फरवरी में चीन का निर्यात पांच प्रतिशत और आयात 0.60 प्रतिशत कम होगा। हालांकि, चीन का आयात और निर्यात दोनों पूर्वानुमान की तुलना में अधिक गिरा है।

अमेरिका के साथ चीन को होने वाले व्यापारिक फायदे पर भी इसका असर पड़ा है। यह जनवरी के 27.30 अरब डॉलर से कम होकर 14.70 अरब डॉलर रह गया। एएनजेड बैंक के रेमंड येउंग ने इस बारे में कहा, ‘‘आज के व्यापार के आंकड़ों से हमारी यह धारणा मजबूत होती है कि चीन के व्यापार में मंदी की शुरुआत होने लगी है।

हमें आगे के लिये बेहद कम ऐसे कारण दिखाई पड़ते हैं जिनसे निकट भविष्य में इसमें सुधार हो सके।’’ चीन के प्रधानमंत्री ली क्विंग ने मंगलवार को कहा था कि इस साल चीन की आर्थिक वृद्धि दर छह से 6.5 प्रतिशत रह सकती है।

फिर बढ़े पेट्रोल के दाम, डीजल हुआ सस्ता, जानिए आज की कीमत

नई दिल्ली। मार्च के महीने में आम आदमी को पेट्रोल और डीजल के दामों में राहत मिली है। शुरुआती दिनों में तेजी के बाद इनकी कीमतों में कटौती शुरू हुई लेकिन इस दौरान जहां पेट्रोल के दाम कभी कम तो कभी ज्यादा होते रहे वहीं डीजल की कीमत कम होती रहीं।

हालांकि, तेल की कीमतों में जारी यह कटौती काफी ज्यादा नहीं है लेकिन इसके बावजूद इसका असर नजर आ रहा है। शुक्रवार को भी जहां पेट्रोल 5 पैसे महंगा हुआ है वहीं डीजल के दाम 7 पैसे कम हुए हैं।

इसके बाद राजधानी में आज पेट्रोल 72.76 रुपए लीटर मिल रहा है वहीं डीजल 66.65 रुपए लीटर मिल रहा है। मुंबई की बात करें तो आज यहां पेट्रोल 78.38 रुपए लीटर मिल रहा है वहीं डीजल 69.81 रुपए लीटर मिल रहा है।

चेन्नई में पेट्रोल 75.57 रुपए लीटर मिल रहा है जबकि डीजल 70.43 रुपए लीटर मिल रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 74.84 रुपए लीटर मिल रहा है जबकि डीजल 68.44 रुपए लीटर बिक रहा है।

Xiaomi के भारत में शुरू नए प्लांट में अब प्रति सेकेंड बनेंगे 3 स्मार्टफोन

नई दिल्ली। शाओमी (Xiaomi) ने भारत में अपने बजट स्मार्टफन Redmi Go को लॉन्च कर दिया है। इसकी कीमत 4999 रुपए हैं। यह फोन क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 425 चिप से लैस है। कम्पनी ने कहा है कि जो लोग बेसिक फोन से स्मार्टफोन पर स्विच करना चाहते हैं, उनके लिए रेडमी गो एक अच्छा चयन हो सकता है।

रेडमी गो 1जीबी रैम के साथ आता है और यह एक एंड्रायड रियो (गो एडिशन) फोन है। इसमें 8 मेगापिक्सल बैक और पांच मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा है। इसका स्क्रीन पांच इंच का है। Xiaomi के मुख्य परिचालन अधिकारी मुरलीकृष्णन बी. ने कहा कि कंपनी फ्लैक्स के साथ साझेदारी में नया मैनुफैक्चरिंग प्लांट शुरू करने को लेकर काफी उत्साहित हैं। हम मेक इन इंडिया को लेकर गम्भीर और प्रतिबद्ध हैं।

हमारा नया संयंत्र भारत में बड़ी संख्या में रोजगार उत्पन्न करेगा। भारत में Xiaomi के सात मैनुफैक्चरिंग प्लांट फैक्सकॉन, फ्लेक्स और हाईपैड के साथ साझेदारी के तहत तैयार किए गए हैं।नए प्लांट के साथ Xiaomi ने दावा किया है कि अब वह प्रति सेकेंड तीन स्मार्टफोन बनाने में सक्षम होगा।

ऑक्सफर्ड इंग्लिश डिक्शनरी में दिखेगी ‘चड्डी’

लंदन।अंग्रेजी की ‘ऑक्सफर्ड इंग्लिश डिक्शनरी’ में ‘चड्डी’ शब्द को शामिल किया गया है। इसके अलावा 650 नई प्रविष्टियों को भी आधिकारिक तौर पर अंग्रेजी शब्द के तौर पर मान्यता दी गई है। ब्रिटेन में ‘चड्डी’ शब्द को ब्रिटिश भारतीय अभिनेत्री मीरा स्याल और संजीव भास्कर के ‘गूडनेस ग्रेशियस मी’ के जरिए लोकप्रियता मिली।

इस शब्द को ‘शॉर्ट ट्राउजर, शॉर्ट्स (कच्छा) के तौर पर परिभाषित किया गया है। यह आम तौर पर ‘अंडरवियर या अंडरपैंट’ होती है। ‘ऑक्सफर्ड इंग्लिश डिक्शनरी’ के वरिष्ठ सहायक संपादक जे. डेंट ने कहा कि हर नई और संशोधित होने वाली प्रविष्टी के लिए कड़ी मेहनत से शोध किया जाता है।

Android Q को अपने स्मार्टफोन में कैसे करें इंस्टॉल, जानिए तरीका

नई दिल्ली। गूगल का नया एंड्रॉइड Q ऑपरेटिंग सिस्टम यूजर्स के लिए रोलआउट कर दिया गया है। इसे बीटा वर्जन में पेश किया गया है। सबसे पहले इस अपडेट को गूगल पिक्सल डिवाइसेज में दिया गया है। इसमें पिक्सल 2, पिक्सल 2XL, पिक्सल 3, पिक्सल 3XL स्मार्टफोन्स शामिल हैं। अगर आप भी पिक्सल स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं तो आप भी एंड्रॉइड Q अपडेट कर सकते हैं।

हालांकि, इससे पहले यह ध्यान रखना जरुरी है कि फोन अपडेट करने से पहले अपना डाटा बैकअप जरुर लें। यहां हम आपको यह बता रहे हैं कि आप अपने फोन में एंड्रॉइड Q कैसे इंस्टॉल और डाउनलोड कर सकते हैं।
पिक्सल स्मार्टफोन में इस तरह करें एंड्रॉइड Q बीटा वर्जन अपडेट:

  • यूजर्स को सबसे पहले google.com/android/beta पर जाना होगा।
  • इसके बाद एंड्रॉइड बीटा प्रोग्राम के लिए एनरोल करना होगा।
  • एनरोल हो जाने के बाद यूजर्स को एक नोटीफिकेशन आएगी। इसमें लिखा होगा की आपका सिस्टम अपडेट के लिए तैयार है।
  • इसके बाद आपके बाद इंस्टॉल का ऑप्शन आएगा। इंस्टॉल करने के बाद आपको स्मार्टफोन रीसेट करना होगा।
  • इसके बाद आपके स्मार्टफोन में एंड्रॉयड Q बीटा आ जाएगा।
  • अगर आप वापस अपने पुराने वर्जन मे आना चाहते हैं तो बीटा वेबसाइट पर जाकर ऑप्ट ऑउट ऑप्शन को क्लिक कर सकते हैं।
  • इसके बाद आपके पास अगले 24 घंटों के दौरान एक अपडेट आएगा। इस अपडेट के बाद आपको स्मार्टफोन रीसेट करना होगा।

Android Q बीटा:
इस नए ऑपरेटिंग सिस्टम के बीटा वर्जन को Android Q के आधिकारिक बीटा के तौर पर रोल आउट किया गया है। गूगल के वाइस प्रेसिडेंट (इंजीनियरिंग) ने अपने ब्लॉग पोस्ट के जरिए ऐप डेवलपर्स को इस ऑपरेटिंग सिस्टम के मुख्य फीचर्स के बारे में बताया है।

Android Q में अतिरिक्त प्राइवेसी और सिक्यॉरिटी पर फोक्स किया जाएगा। ऐप डेवलपर्स इस नए ऑपरेटिंग सिस्टम के कैमरा फीचर जैसे कि डेप्थ मोड में अधिक 3D फिल्टर्स, कस्टमाइज्ड बोकेह फिल्टर्स आदि दिए जा सकते हैं। साथ ही, इसमें ऐप को लोड होने में कम समय लगेगा।

JEE Main-2019: एडमिट कार्ड जारी, ऐसे करें डाउनलोड

नई दिल्ली।नैशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जॉइंट इंट्रेस एग्जाम (JEE-Main 2) का ऐडमिट कार्ड इसकी ऑफिशल साइट पर जारी कर दिया है। जिन कैंडिडेट्स ने JEE (Main2) के लिए अप्लाई किया था वे JEE Main की ऑफिशल वेबसाइट jeemain.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं। ऑफिशल वेबसाइट पर ऐडमिट कार्ड का लिंक ऐक्टिव कर दिया गया है।

कैंडिडेट्स JEE Main 2 2019 Admit Card ऐप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड या ऐप्लिकेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ से डाउनलोड कर सकते हैं।

डाउनलोड के लिए ये स्टेप्स करें फॉलो
-JEE Main exam की ऑफिशल वेबसाइट jeemain.nic.in खोलें
-होमपेज पर आपको लॉगिन ऑप्शन दिखेगा
-इसमें अपनी रजिस्ट्रेशन डिटेल भरें
-डाउनलोड ऐडमिट कार्ड पर क्लिक करें
-आपका ऐडमिट स्क्रीन पर दिखेगा
-इसे डाउनलोड करके प्रिंटआउट ले लें।

पीएनबी के लुटेरे नीरव मोदी की होली पर जेल में कटी रात

लंदन। पंजाब नैशनल बैंक (PNB) में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले को अंजाम देकर भागे नीरव मोदी के लिए यह होली उसके जीवन में सबसे बदरंग साबित हुई। आलीशान बंगलों में मौज करने वाला हीरा व्यापारी आज होली के दिन अपराधियों और कैदियों से खचाखच भरे जेल में सलाखों के पीछे कैद रहा।

मंगलवार को लंदन में गिरफ्तार किए गए नीरव को बुधवार को कोर्ट ने जमानत देने से इनकार कर दिया। अगली सुनवाई 29 मार्च को होनी है। जमानत खारिज होने के बाद नीरव मोदी को दक्षिण-पश्चीमी लंदन स्थित ‘हर मेजेस्टीज प्रीजन’ ले जाया गया। उसने उम्मीद की होगी कि उसे एक अलग सेल में रखा जाएगा, लेकिन जेल पर कैदियों की संख्या का दबाव इतना अधिक है कि उसे 1,430 कैदियों में से किसी के साथ शेल साझा करना होगा।

शान ओ शौकत और दुनियाभर के सितारों के बीच आराम की जिंदगी बिताने वाले नीरव को विक्टोरिया काल के इस जेल में कठोर परिस्थितियों का सामना करना होगा तो कई खतरनाक अपराधियों के बीच रहना होगा। फरवरी-मार्च 2018 में जब ब्रिटेन के चीफ इंस्पेक्टर प्रीजन, पीटर क्लार्क ने यहां का निरीक्षण किया था तो उन्होंने पाया कि यह देश के सर्वाधिक भीड़ वाले जेलों में से एक है।

कई लोगों के ड्रग्स थे तो कई का मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ था। उन्हें अच्छी ट्रेनिंग और शिक्षा भी नहीं मिल रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले निरीक्षण के बाद से आधा दर्ज कैदी जान दे चुके हैं, लेकिन अभी भी स्थिति चिंताजनक है।

निरीक्षक ने यह भी कहा था कि इस जेल में सेल एक आदमी के रहने लायक ही बनाए गए हैं, लेकिन उनमें आमतौर पर 2 कैदियों को रहना पड़ता है। शौचालयों की ठीक से सफाई नहीं होती और कैदियों को सेल से बाहर रहने के लिए समय बहुत कम दिया जाता है।

नीरव मोदी को हॉलबोर्न से मंगलवार दोपहर गिरफ्तार किया गया, जहां वह बैंक में खाता खुलवाने पहुंचा था। वेस्टमिंस्टर अदालत ने इससे सात दिन पहले मोदी के खिलाफ वॉरंट जारी किया था। भारत के प्रत्यर्पण के आग्रह के मद्देनजर यह वॉरंट जारी किया गया था। मोदी 2018 में घोटाले के सामने आने से कुछ महीने पहले ही भारत से फरार हो गया था।

बंपर नौकरियां: 25 मार्च तक कर सकते हैं आवेदन

नई दिल्ली। सरकारी नौकरी (Govt. Job) की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छा मौका है। वे उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPPCL), भारतीय खाद्य निगम (FCI) और सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन ने बंपर वैकेंसी निकाली हैं।

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने टेक्नीशियन के 4102 पदों पर वैकेंसी निकाली हैं। जबकि एफसीआई ने भी 4103 और वेयहाउसिंग कार्पोरेशन ने 628 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।

एफसीआई के लिए 25 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। UPPCL में 10वीं पास आवेदन कर सकते हैं।आवेदन करने की आखिरी तारीख 30/04/2019 है। इन पदों पर फ्रेशर आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों के चयन के लिए कम्प्यूटर बेस्ड परीक्षा आयोजित की जाएगी। अगर आप इन पदों पर आवेदन करना चाहते हैं तो नीचे दी गई जानकारी को ध्यान से पढ़ने के बाद ही अप्लाई करें ।

भारतीय खाद्य निगम(FCI)
पद का नाम : कनिष्ठ इंजीनियर, सहायक ग्रेड-II, स्टेनो ग्रेड-II, टंकक
रिक्तियों की संख्या : 4103
अंतिम दिनांक :25.03.2019

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPPCL)
पद का नाम : टेक्नीशियन
कुल पदों की संख्या: 4102 पद
योग्यता: आवेदन करने वाले उम्मीदवार का 10वीं पास होना अनिवार्य है।
आवेदन तारीख : 30/04/2019
आप उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड की ऑफिशियल वेबसाइट www.upenergy.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं ।

सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन
पद का नाम : विभिन्न पदों
रिक्तियों की संख्या : 628
अंतिम दिनांक :16.03.2019

सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, UIDAI ने 114 पदों के लिए निकाली वैकेंसी

नई दिल्ली। अगर आप भी नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए काफी फायदेंमंद साबित हो सकती है। यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने देश के 53 शहरों में आधार सेवा केंद्र के लिए सेंटर मैनेजर की वैकेंसी निकाली है। UIDAI ने कुल 114 पदों के लिए भर्ती निकाली है।

इसके लिए UIDAI आर्मी एयरफोर्स और नेवी के साथ बीएसएफ और अन्य पैरा मिलिट्री फोर्स के रिटायर्ड जूनियर कमीशन ऑफिसर्स को विशेष तरजीह देगा। इसके लिए आवेदकों की अधिकतम उम्र सीमा 62 वर्ष है। बाद में UIDAI कॉन्ट्रैक्ट की अवधि 3 साल के लिए आगे बढ़ा सकता है। इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 24 मार्च 2019 है।

योग्यता:UIDAI ने कुल 114 पदों के लिए भर्ती निकाली है। इसके लिए UIDAI आर्मी एयरफोर्स और नेवी के साथ बीएसएफ और अन्य पैरा मिलिट्री फोर्स के रिटायर्ड जूनियर कमीशन ऑफिसर्स को विशेष तरजीह देगा। इसके लिए आवेदकों की अधिकतम उम्र सीमा 62 वर्ष है। बाद में UIDAI कॉन्ट्रैक्ट की अवधि 3 साल के लिए आगे बढ़ा सकता है। इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 24 मार्च 2019 है।

सेंटर मैनेजर की की नौकरी पाने के लिए आर्मी, एयरफोर्स और नेवी के साथ ही बीएसएफ और अन्य पैरा मिलिट्री फोर्स के रिटायर्ड जूनियर कमीशन ऑफिसर्स इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से B.Tech/ B.E या पूर्णकालिक ग्रेजुएट डिग्रीधारक भी आवेदन कर सकते हैं।

कार्य: यह पद कॉन्ट्रैक्ट वाला होगा। इसके लिए आवेदकों को नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्मार्ट गवर्नमेंट (NIGS) के कर्मचारी के रूप में आधार प्रोजेक्ट के लिए काम करना होगा। सेटंर मैनेजर को लगभग 30 लोगों की टीम को लीड करना होगा। इसके अलावा उन पर आधार सेवा केंद्र के पूरे कामकाज की जिम्मेदारी होगी।

Tata Tigor पर एक लाख रुपये तक की छूट

नई दिल्ली। Tata Tigor को भारत में सबसे सस्ती सिडैन को तौर पर लॉन्च किया गया था। टिगोर ने अपने फीचर्स के कारण ग्राहकों को अपनी तरफ काफी आकर्षित किया था। बीते कुछ महीनों में टिगोर की सेल में थोड़ी गिरावट आई है। बिक्री में आई इसी कमी को पूरा करने के लिए टाटा ने टिगोर को 1 लाख रुपये की छूट के साथ उपलब्ध कराने का फैसला किया है। डिस्काउंट के बाद टाटा टिगोर की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 5.42 लाख से शुरू है।

प्राइस कट के बाद टाटा टिगोर अब Maruti Baleno से 4,000 रुपये सस्ती हो गई है। गौरतलब है कि मारुती की बलेनो एक प्रीमियम सेगमेंट की हैचबैक कार है। दिल्ली में इसकी शुरुआती कीमत 5.46 लाख रुपये है।

टाटा ने टिगोर की कीमत को कम कर बलेनों के ग्राहकों को अपनी तरफ आकर्षित करने की कोशिश की है। टाटा टिगोर जेटीपी की अगर बात करें तो यह भी बलेनो आरएस के करीब 1.25 लाख रुपये सस्ता है। बलेनो आरएस की कीमत जहां 8.76 लाख है, वहीं टाटा टिगोर जेटीपी 7.49 रुपये में खरीदी जा सकती है।

भारत में टाटा टिगोर तीन इंजन ऑप्शन में उपलब्ध है। इसमें दो पेट्रोल इंजन और एक डीजल इंजन शामिल है। टिगोर का पहला पेट्रोल इंजन 1.2 लीटर का है। 3 सिलिंडर वाला यह इंजन 84 बीएचपी के साथ 115 न्यूटन मीटर टॉर्क पैदा करता है।

जबकि इसका दूसरा पेट्रोल इंजन ऑप्शन है 1.2 लीटर वाला टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन। इस इंजन का मोटर 112 बीएचपी की पावर के साथ 150 न्यूटन मीटर का टॉर्क जेनरेट करता है। दोनों ही इंजन 5-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स के साथ आते हैं। हालांकि इसके टर्बोचार्ज्ड इंजन के परफॉर्मेंस और पिकअप के लिए गियर रेशियो को कम रखा गया है।

ओवरऑल परफॉर्मेंस और फीचर की अगर बात करें तो टाटा टिगोर में वह सभी फीचर मौजूद हैं जो ग्राहकों को चाहिए। इसके बावजूद भी ज्यादातर ग्राहकों का झुकाव मारुती डिजायर, हॉन्डा अमेज और ह्यूंदै ऐक्सेंट की तरफ रहता है। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि टिगोर की कीमत में की गई 1 लाख रुपये की कटौती के बाद से इसकी सेल्स में थोड़ी बढ़त देखने को मिल सकती है।