कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रयासों से सांगोद क्षेत्र के सावनभादों में अरू नदी पर उच्च स्तरीय पुल के निर्माण की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इस परियोजना के निर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
सावनभादों क्षेत्र में अरू नदी पर बनने वाली इस नई उच्च स्तरीय पुलिया के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से मानसून एवं बारिश के दिनों में नदी के उफान पर होने के कारण राहगीरों और ग्रामीणों को जिन दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
वे अब पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी। पुलिया निर्माण से न केवल आवागमन सुलभ, सुरक्षित और सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आसपास के गांवों का आपसी संपर्क भी लगातार बना रहेगा।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इस सौगात पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सांगोद विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
अरू नदी पर बनने वाला यह पुल क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। स्वीकृति मिलने की जानकारी मिलते ही सावनभादों और आसपास के क्षेत्रवासियों ने इस सौगात के लिए खुशी जताते हुए राजस्थान सरकार एवं ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का आभार व्यक्त किया है।

