Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 4895

यूट्यूब ला रहा है नॉन-प्रीमियन यूजर्स के लिए पिक्चर-इन-पिक्चर मोड

नई दिल्ली।यूट्यूब प्रीमियम लॉन्च के साथ ही ऐड-फ्री विडियो वॉचिंग और पिक्चर-इन-पिक्चर जैसे कई फीचर्स प्रीमियम यूजर्स को दिए गए हैं। अब पिक्चर-इन-पिक्चर (पीआईपी) मोड को नॉन-प्रीमियन यूजर्स के लिए भी रोल-आउट किया जा रहा है। यूएस से बाहर के नॉन-प्रीमियम यूजर्स को यह फीचर लेटेस्ट अपडेट्स में मिल रहा है।

फिलहाल यह फीचर इटली में नॉन-प्रीमियम यूजर्स को मिलना शुरू हुआ है और उम्मीद है कि बहुत जल्द इसे बाकी देशों में भी रोल-आउट किया जाएगा। GSMArena की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पिक्चर-इन-पिक्चर मोड को इनेबल करने का ऑप्शन यूजर्स को यूट्यूब के ऐंड्रॉयड ऐप की सेटिंग्स>जनरल मेन्यू में जाने के बाद मिलेगा।’

हालांकि, यह ऑप्शन केवल उन्हीं यूजर्स को मिलेगा जिनके स्मार्टफोन्स ऐंड्रॉयड 8.0 ओरियो या फिर इसके बाद के ऑपरेटिंग सिस्टम पर रन कर रहे हैं। गूगल सपॉर्ट पेज के मुताबिक, यूएस में नॉन-पेइंग यूजर्स ऐड्स के साथ पीआईपी प्लेबैक का लुत्फ उठा सकते हैं। यूट्यूब प्रीमियम का ऐक्सेस न होने पर भी यूजर्स कोई विडियो चलाकर ऐप से एग्जिट कर सकते हैं और विडियो चलता रहेगा।

अपनी कलाई पर पहनिए स्मार्टफोन, Nubia Alpha ने किया लॉन्च

नई दिल्ली। अब वह दिन दूर नहीं जब स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड की तरह यूजर्स स्मार्टफोन भी अपने हाथ पर पहनकर घूमेंगे। इसकी शुरुआत चाइनीज टेक ब्रैंड न्यूबिया ने अपने Nubia Alpha वियरेबल स्मार्टफोन के लॉन्च के साथ कर दी है। सबसे पहले स्पेन के बार्सिलोना में हुए MWC 2019 में दिखे इस स्मार्टफोन को अब चीन मे लॉन्च कर दिया गया है।

न्यूबिया के इस फोन की सबसे खास बात है कि इसे मोड़कर आप अपनी कलाई पर घड़ी की तरह बांध सकते हैं। फोन आसानी से फोल्ड होकर कलाई पर फिट हो जाए इसके लिए इसमें फ्लेक्सिबल स्क्रीन दी गई है। न्यूबिया अल्फा को एक खास लॉन्च इवेंट में चीन में उतारा गया है और इसकी शुरुआती कीमत 3,499 युआन (करीब 36000 रुपये) रखी गई है।

इस स्मार्टफोन की पहली सेल 10 अप्रैल को होगी। बता दें, ईसिम वाला फोन का ब्लैक वेरियंट जहां 3,499 युआन (करीब 36000 रुपये) का है, वहीं इसका एक 18 कैरट गोल्ड प्लेटेड एडिशन भी ईसिम पावर्ड है, जिसकी कीमत 4,499 युआन (करीब 46,500 रुपये) है। बता दें, इस फोन का एक ब्लूटूथ ओनली वर्जन भी है, जिसे कंपनी ने अभी चीन में रिलीज नहीं किया है।

स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो 4 इंच स्क्रीन वाला यह वियरेबल स्मार्टफोन क्वलकॉम के स्नैपड्रैगन वियर 2100 चिपसेट पर काम करता है। फोन में आपको 1जीबी रैम और 8जीबी की इंटरनल स्टोरेज मिलती है। फोन में केवल 500mAh की बैटरी मौजूद है जो इस फोन के लिए काफी है।

कंपनी का दावा है कि फोन की बैटरी फुल चार्ज होने पर एक से दो दिन का बैकअप आराम से मिल जाता है। फोन के ऑपरेटिंग सिस्टम को न्यूबिया ने खासतौर से इसी वियरेबल फोन के लिए डिवेलप किया है और यह आम स्मार्टफोन ओएस से थोड़ा अलग फील देता है।

वियरेबल फोन ब्लूटूथ, वाई-फाई और 4G eSIM सपॉर्ट के साथ आता है। आसान भाषा में कहें तो आप इस फोन से किसी भी स्मार्टफोन की तरह ही टेक्स्ट मेसेज, कॉल और इंटरनेट ब्राउज कर सकते हैं।

फटॉग्रफी के लिए न्यूबिया ऐल्फा में 5 मेगापिक्सल का कैमरा मौजूद है जिससे आप सेल्फी लेने के अलावा विडियो भी शूट कर सकते हैं। फिटनेस हेल्थ ट्रैकर से साथ आने वाले इस फोन में एयर कंट्रोल फीचर दिया गया है जिसकी मदद से आप केवल हैंड जेस्चर से ही फोन के मेन्यू को स्क्रॉल कर सकते हैं।

IT Raid : मप्र में 281 करोड़ कैश जुटाने वाले रैकेट का खुलासा

नई दिल्ली। आयकर विभाग के द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के सहयोगियों के ठिकानों पर की गई छापेमारी में कई बातें उजागर हो रही है। आयकर विभाग ने इस कार्रवाई में 281 करोड़ रुपये कैश जुटाने के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस रैकेट में कई नेता, व्यापारी और सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। इस मामले में सबसे खास बात यह है कि जहां-जहां चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है, उसकी जानकारी आयकर विभाग ने चुनाव आयोग को दे दी है।

आयकर विभाग केअनुसार, इस रैकेट के जरिये कैश का एक हिस्सा दिल्ली में एक प्रमुख राजनीतिक दल के मुख्यालय को भेजा गया। इसके साथ ही नई दिल्ली के तुगलक रोड स्थित उस राजनीतिक दल के वरिष्ठ नेता के निवास से 20 करोड़ रुपये राशि उस राजनीतिक दल के मुख्यालय को हवाला के माध्यम से भेजी गई। आयकर विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, भोपाल, इंदौर और गोवा में 52 जगहों पर छापेमारी कर इस मामले से जुड़े सुबूत और दस्तावेज बरामद किए हैं।

बरामद दस्तावेजों में हाथ से लिखी डायरियां, कंप्यूटर फाइल और एक्सेल शीट हैं जो इस बात की तस्दीक करती हैं कि कहां और किसे कितना कैश भेजा गया। इसके अलावा शराब की 252 बोतलें, हथियार और बाघ की खाल भी इस दौरान बरामद की गई है। आयकर विभाग ने सोमवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी है। विभाग ने हालांकि अपने वक्तव्य में इस राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया है।

आयकर विभाग का कहना है कि इस राजनीतिक दल के एक वरिष्ठ नेता के नजदीकी रिश्तेदार के यहां छापेमारी के दौरान 230 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी यानी अन-अकाउंटेंड कैश के लेन-देन के पुख्ता प्रमाण मिले हैं। इसके अलावा टैक्स हैवंस में 80 से अधिक कंपनियों के फर्जी बिलों के माध्यम से 242 करोड़ रुपये के गबन का प्रमाण मिला है। साथ ही दिल्ली में कई पॉश इलाकों में बेनामी संपत्तियों के भी सबूत भी मिले हैं।

विभाग केअनुसार इस रैकेट को उजागर करने के लिए चार राज्यों में अभियान चलाया गया जिसमें 300 से अधिक आयकर अधिकारी शामिल हुए। गौरतलब है कि कमलनाथ के सहयोगियों पर टैक्स चोरी और हवाला के आरोप हैं। हवाला डीलर पारसमल लोढा से जुड़े कम से कम आधा दर्जन लोगों की जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में कमलनाथ के पूर्व ओएसडी प्रवीण कक्कड़, पूर्व सलाहकार राजेंद्र, अश्वनी शर्मा और उनके रिश्तेदार की लॉ फर्म मोजर बेयर और रतुल पुरी की कंपनी से जुड़े कर्मचारियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई है। इनके 50 से अधिक ठिकानों पर रविवार को जांच शुरू की गई थी।

प्रिया दत्त 96 करोड़ की हैं मालकिन, संपत्ति के मामले में उर्मिला से आगे

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व सांसद प्रिया दत्त और हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपना नामांकन फार्म भरा। प्रिया दत्त ने उत्तर-मध्य मुंबई और उर्मिला मातोंडकर ने उत्तर मुंबई लोकसभा चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से नामांकन दाखिल किया।

संपत्ति की बात करें तो प्रिया दत्त 96.20 करोड़ रुपए की संपत्ति की मालकिन हैं। उर्मिला के पास 68.9 करोड़ रुपए की संपत्ति है। प्रिया दत्त के पास 13,04,725 रु हैं। उन्होंने कई जगहों पर 90.50 लाख का लोन दिया है। उनके पास 583.19 ग्राम गोल्ड है, जिसकी कीमत 13,85,265 रुपए है। 19.12 लाख रुपए का 49.22 कैरेट डायमंड भी है। इसके अलावा उनके पति और बच्चों के पास भी लाखों की संपत्ति है।

3.35 करोड़ रुपए का कर्ज
अचल संपत्तियों में उनके पास कुल 69.77 करोड़ रुपए की कृषि भूमि, बांद्रा में कमर्शियल कॉम्पलेक्स और रेजिडेंशियल बिल्डिंग हैं। बात करें कर्ज की, तो प्रिया दत्त के ऊपर 3.35 करोड़ रुपए का कर्ज है।

उर्मिला मतोंडकर संपत्ति- 68.9 करोड़ रुपए
उर्मिला के पास 91.9 लाख रुपए की चार गाड़ियां हैं। इनमें से Mercedes E 220D Avant Garde3 की कीमत 66.74 लाख रुपए, i20 Active Magma की कीमत 7.24 लाख रुपए है। 16 लाख की Tata Storme और 1.98 लाख रुपए की Royal Enfield Desert Storm बाइक भी हैं।

ज्वेलरी और प्रॉपर्टी
उनके पास 2.04 करोड़ रुपए की ज्वेलरी है। 27.34 करोड़ रुपए की जमीन और रेजिडेंशियल प्रॉनर्टी है। उनके पति के पास 30 लाख रुपए की जमीन और प्रॉपर्टी है।

कोटा मंडी : देसावरी मांग के अभाव में मैथी 200 रुपये मंदी बिकी

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार को आवक बढ़ने से गेहूं 25 रुपये क्विंटल टूट गया। लिवाली निकलने से सोयाबीन 50 रुपये तेज बोली गई। देसावरी मांग के अभाव में मैथी 200 रुपये प्रति क्विंटल मंदी बिकी। सभी जिंसों का मिलाकर एक लाख बोरी का कारोबार हुआ। नये लहसुन की आवक 6000 कट्टे की हुई। जिंसों के भाव इस प्रकार रहे –

गेहूं मिल 1670 से 1705 लोकवान 1750 से 1800 पीडी 1750 से 1850 गेहूं टुकडी नया 1750 से 1950 मक्का 2000 से 2200 जौ 1400 से 1550 ज्वार 1500 से 3700 रुपये प्रति क्विंटल। धान सुगंधा 2400 से 2861 पूसा 1 2500 से 2841 पूसा 4 (1121) 3300 से 3600 धान लाजवाब (1509 ) 3000 से 3405 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 2500 से 3861 सरसों 3300 से 3500 अलसी 3600 से 3800 तिल्ली 9000 से 10000 रुपये प्रति क्विंटल। मैथी 3000 से 4300 कलौजी 6500 से 9800 धनिया बादामी 5500 से 6300 ईगल 6000 से 6701 रंगदार नया 7000 से 10001 रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन नया 1300 से 4700 रुपये प्रति क्विंटल

मूंग 3500 से 5000 उड़द 2000 से 4221 चना 3600 से 4050 चना कांटिया 3950 चना काबुली 3000से 5600 चना पेप्सी 3800 से 4400 चना मौसमी 3000 से 4100 मसूर 3800 से 4250 रुपये प्रति क्विंटल। ग्वार 2500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

JEE Main परीक्षा: फिजिक्स व मैथेमेटिक्स में पेपर ज्यादा कैलकुलेटिव रहा

कोटा। जेईई मेन-अप्रैल परीक्षा बीई व बीटेक के लिए सोमवार से शुरू हो गई। पूरी तरह से कम्प्यूटर बेस्ड (सीबीटी) मोड पर हो रही में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट द्वारा विद्यार्थियों से एलन के विशेष एप सी-सैट पर पेपर का फीडबैक लिया गया। इसके आधार पर ही यह एनालिसिस तैयार किया गया। विद्यार्थियों के फीडबैक के अनुसार जेईई मेन के पेपर का स्तर जनवरी मेन जैसा ही रहा।

ऐसे में उन विद्यार्थियों की परफाॅर्मेन्स में सुधार की उम्मीद है जो जनवरी के बाद अप्रैल मेन परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि वे एक बार पहले परीक्षा दे चुके हैं। अधिकांश बच्चों ने अपने फीडबैक में पेपर का स्तर आसान बताया। कुछ परीक्षा केन्द्रों पर विद्यार्थियों ने कम्प्यूटर स्लो चलने की शिकायत की। विद्यार्थियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समस्या का समाधान किया गया एवं ऐसे विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय भी दिया गया।

एनसीईआरटी बेस्ड रहा पेपर
जेईई मेन का पेपर ओवरआल एनसीईआरटी बेस्ड रहा। फिजिक्स में सबसे ज्यादा प्रश्न 12वीं कक्षा के सिलेबस से पूछे गए। मैथेमेटिक्स में कक्षा 11 एवं 12 दोनों के सिलेबस से समान प्रश्न पूछे गए। इसी प्रकार कैमेस्ट्री के पेपर में 12वीं कक्षा के सिलेबस से ज्यादा प्रश्न पूछे गए। सुबह की शिफ्ट में फिजिक्स एवं शाम की शिफ्ट में मैथेमेटिक्स का पेपर ज्यादा कैलकुलेटिव रहे।

कुछ टाॅपिक जो जेईई एडवांस्ड के सिलेबस में नहीं है, उनसे भी प्रश्न पूछे गए। इस तरह के फिजिक्स में 4 से 5, मैथेमेटिक्स में 2 से 3 एवं कैमेस्ट्री में लगभग 3 प्रश्न पूछे गए। कैमेस्ट्री में सबसे ज्यादा प्रश्न फिजिकल कैमेस्ट्री पार्ट से पूछे गए। विद्यार्थी ने बताया कि सुबह की पारी में फिजिक्स में एक प्रश्न अधूरा भी था।

एलन में मेडिकल के मेगा ओरियन्टेशन में 18 हजार छात्र व अभिभावक शामिल

कोटा। मेडिकल व इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए श्रेष्ठ एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में पढ़ाई शुरू होने से पहले होने वाले ओरियन्टेशन सेशन्स का सिलसिला जारी है। गत दो दिनों में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के विद्यार्थियों के लिए सात ओरिएंटेशन सेशन आयोजित किए गए। इन ओरियन्टेशन सेशन्स में 18 हजार से अधिक विद्यार्थी और अभिभावक शामिल हुए।

नीट आल इंडिया होने के कारण अब मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स का रूझान कोटा की तरफ बढ़ने लगा है। एलन के शुरूआती फेजों में हो रहे प्रवेशों में गत वर्ष की अपेक्षा 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो रही है। ओरियन्टेशन सेशन की शुरुआत में निदेशक राजेश माहेश्वरी ने कहा कि जिस तरह पौधे को खाद, प्रकाश, अच्छी हवा चाहिए होती है, वैसे ही स्टूडेंट्स को भी अच्छा माहौल चाहिए होता है। अच्छे टीचर्स, बेहतर संसाधन चाहिए होते हैं। अब आप सब खुद से कमिटमेंट करें कि सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

निदेशक नवीन माहेश्वरी ने कहा कि आप सभी घर से दूर आए हैं। ये शहर आपके जज्बे को देखते हुए आपके साथ मिलकर आपके सपने पूरे करने के लिए संकल्पित है। आपका संकल्प और हमारा साथ ही सुनहरे भविष्य की इबारत लिखेगा। यहां आपके भोजन, आवास समेत अन्य सभी समस्याओं के समाधान के लिए एलन स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी है जो आपका ध्यान रखेगी।

सेशन को एचओडी बायलोजी केजी वैष्णव एवं एचओडी केमेस्ट्री पीबी सक्सेना ने भी सम्बोधित किया। संस्थान के एचओडी व सीनियर फैकल्टीज ने एलन के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, अकादमिक कैलेण्डर, स्टडी पैटर्न, वीकली टेस्ट सिस्टम, प्राॅब्लम काउंटर्स समेत अन्य बिन्दुओं समेत शैक्षणिक नगरी कोटा के बारे में भी जानकारी दी।

वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख से सोना 33,000 रुपये के पार

नयी दिल्ली/ कोटा । वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच आभूषण विनिर्माताओं की मांग बढ़ने से सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 425 रुपये की बढ़त के साथ 33,215 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की मांग बढ़ने से चांदी भी 170 रुपये की बढ़त के साथ 38,670 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख तथा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की मांग बढ़ने से पीली घातु की कीमतों में तेजी आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में न्यूयॉर्क में सोना बढ़त के साथ 1,298.30 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। चांदी भी बढ़त के साथ 15.23 डॉलर प्रति औंस पर थी।

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता 425-425 रुपये की बढ़त के साथ क्रमश: 33,215 रुपये और 33,045 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। शनिवार को सोना 32,790 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था। आठ ग्राम की गिन्नी के दाम 26,400 रुपये प्रति इकाई पर कायम रहे।

चांदी हाजिर 170 रुपये की बढ़त के साथ 38,670 रुपये प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलिवरी 594 रुपये के लाभ के साथ 37,753 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी सिक्का लिवाल 80,000 रुपये और बिकवाल 81,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर कायम रहा।

कोटा सर्राफा
चांदी 38700 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 33000 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38500 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33160 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38680 रुपये प्रति तोला।

हाजिर बाजार के संकेतों से बिनौला तेल खली वायदा में गिरावट

नयी दिल्ली। हाजिर बाजार से नकारात्मक संकेत लेते हुए सटोरियों ने अपने सौदों की कटान की जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में बिनौला तेल खली की कीमत 16.5 रुपये की गिरावट के साथ 2,430 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि हाजिर बाजार की कमजोर मांग के बीच पर्याप्त मात्रा में तैयार स्टॉक की उपलब्धता के कारण व्यापारी अपने सौदों की कटान कर रहे थे जिससे यहां वायदा कारोबार में बिनौला तेल खली कीमतों में गिरावट आई।

एनसीडीईएक्स में मई महीने में डिलिवरी वाले बिनौला तेल खली अनुबंध के भाव 16.5 रुपये यानी 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,430 रुपये प्रति क्विन्टल रह गये जिसमें 99,300 लॉट का कारोबार हुआ।

इसी प्रकार बिनौला तेल खली के जून महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध के भाव भी 14 रुपये यानी 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,456 रुपये प्रति क्विन्टल रह गये जिसमें 11,180 लॉट का कारोबार हुआ।

मजबूत निर्यात मांग से ग्वारगम वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली। भारी निर्यात मांग के बीच व्यापारी अपने सौदों का आकार बढ़ाने में लग गये जिससे सोमवार को वायदा कारोबार में ग्वारगम की कीमत 56 रुपये की तेजी के साथ 9,147 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गई।

एनसीडीईएक्स में मई महीने में डिलिवरी वाले ग्वारगम अनुबंध के भाव 56 रुपये यानी 0.6 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,147 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गये जिसमें 62,875 लॉट का कारोबार हुआ।

ग्वारगम के जून महीने में डिलिवरी वाले अनुबंध के भाव भी 36 रुपये यानी 0.39 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,268 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गये जिसमें 31,005 लॉट का कारोबार हुआ।