Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 4830

शाहिद कपूर की फिल्म ‘कबीर सिंह’ का दमदार ट्रेलर रिलीज

मुंबई। शाहिद कपूर की फिल्म कबीर सिंह का ट्रेलर सोमवार को मुंबई में रिलीज किया गया। इस ट्रेलर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। शाहिद कपूर स्टारर फिल्म ‘कबीर सिंह’ का ऑफिशल ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ढाई मिनट से ज्यादा लंबे इस ट्रेलर में शाहिद दमदार परफॉर्मेंस देते दिखाई दे रहे हैं। उनके एक्सप्रेशन्स से लेकर डायलॉग डिलिवरी इम्प्रेसिव है।

ट्रेलर देखकर ही यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि दर्शक फिल्म देखने के दौरान शाहिद के किरदार से जुड़ाव महसूस कर उसके हर इमोशन को महसूस कर सकेंगे। कियारा आडवानी और शाहिद के बीच की केमिस्ट्री नैचरल नजर आ रही हैं। कई फिल्मों में अपनी ऐक्टिंग से क्रिटिक्स को भी इम्प्रेस कर चुकीं कियारा इस ट्रेलर में भी एक भोली लड़की के रूप में आसानी से दिल जीतती दिखाई दे रही हैं।

ट्रेलर में शाहिद के कैरेक्टर कबीर की कहानी की झलक दिखाई देती है, जो रिबेल है और हर काम अपनी मर्जी के मुताबिक करता है। उसकी जिंदगी में प्यार की एंट्री और फिर उससे दूरी उसे कैसे एंग्री यंग मैन बनाने के साथ ही नशे की लत लगा देती है इसे बड़े शानदार तरीके से ट्रेलर में पेश किया गया है।

तेलुगू फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ की इस हिन्दी रीमेक मूवी को संदीप वांगा ने डायरेक्ट किया है। इस मूवी को 21 जून को रिलीज किया जाएगा। वैसे अगर फिल्म भी ट्रेलर जितनी ही शानदार होती है तो इसे ऑडियंस यकीनन ज्यादा पसंद करेगी।

देश में यात्री वाहनों की बिक्री अप्रैल में 17.07 प्रतिशत घटी

नयी दिल्ली। देश में यात्री वाहनों की बिक्री में अप्रैल महीने में गिरावट दर्ज की गई है। यात्री वाहनों की घरेलू बाजार में बिक्री अप्रैल में 17.07 प्रतिशत गिरकर 2,47,541 इकाइयों पर रही। इससे पहले , अप्रैल 2018 में 2,98,504 यात्री वाहनों की बिक्री हुई थी। भारतीय वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक , घरेलू बाजार में कारों की बिक्री अप्रैल में 19.93 प्रतिशत गिरकर 1,60,279 वाहन रही।

एक साल पहले के इसी महीने 2,00,183 कारें बेची गईं। इस दौरान, मोटरसाइकिल बिक्री भी 11.81 प्रतिशत गिरकर 10,84,811 इकाइयों पर रही जबकि एक साल पहले इसी महीने यह आंकड़ा 12,30,046 इकाइयों पर था। दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री अप्रैल 2019 में 16.36 प्रतिशत गिरकर 16,38,388 इकाइयों पर रह गईं।

इसकी तुलना में अप्रैल 2018 में 19,58,761 दोपहिया वाहन बेचे गए थे। सियाम ने कहा कि वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी अप्रैल में 5.98 प्रतिशत गिरकर 68,680 वाहन रही। अप्रैल 2019 में विविध श्रेणियों में वाहनों की बिक्री 15.93 प्रतिशत गिरकर 20,01,096 इकाई रही, जो कि अप्रैल 2018 में 23,80,294 इकाई थी।

अबॉर्शन कानून के खिलाफ ऐक्ट्रेस की ‘सेक्स हड़ताल’ की अपील

वॉशिंगटन। अमेरिकी अभिनेत्री एलिसा मिलानो अबॉर्शन संबंधी कानून के खिलाफ महिलाओं से सेक्स स्ट्राइक की अपील की। हॉलिवुड में #MeeToo अभियान की शुरुआत करनेवाली मिलानो ने इस कानून को महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ बताते हुए इस कानून के विरोध में एकजुट होने का संदेश दिया।

अभिनेत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पार्टनर को सेक्स के लिए इनकार करने का संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि महिलाओं को अपने पार्टनर पर तब तक सेक्स स्ट्राइक करना चाहिए जब तक हमारी देह पर हमारा अधिकार फिर से न मिले।

यह है पूरा मामला
अमेरिका में जॉर्जिया चौथा राज्य है जिसने अबॉर्शन पर बैन के नियम बदले हैं। हार्टबीट लॉ के तहत यह प्रावधान किया गया है कि भ्रूण के दिल की धड़कन का पता चलने के साथ ही महिलाएं अबॉर्शन नहीं करवा सकेंगी। आम तौर पर भ्रूण की धड़कनें 6 सप्ताह में महसूस की जा सकती है और अक्सर तब तक महिलाओं को अपने गर्भवती होने का अहसास भी नहीं होता है। रिपब्लिकन नेतृत्ववाले राज्य मे इस कानून को लेकर काफी विवाद भी हो रहा है।

एलिसा ने सेक्स स्ट्राइक के संबंध में अपने सोशल मीडिया पर कई ट्वीट किए। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा,’हम सबको यह समझने की जरूरत है कि पूरे देश में स्थितियां कितनी खराब हैं। हम यह अहसास कराने की कोशिश कर रहे हैं कि हमारे शरीर पर हमारा ही अधिकार है और हम इसका कैसे इस्तेमाल करना चाहते हैं।’

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘हम प्रेम करते हैं और अपने शरीर की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष भी कर सकते हैं। मर्दों की बराबरी के लिए बहुत से और वैकल्पिक तरीके हैं। अपने वजाइना की रक्षा करो, लेडीज! सत्ता के पदों पर बैठे मर्द उस पर भी नियंत्रण की कोशिश कर रहे हैं।’

मीटू आंदोलन की नेतृत्वकर्ता एलिसा के इस अभियान का कुछ लोग समर्थन कर रहे हैं तो कुछ उनके खिलाफ भी हैं। उनके विचार का विरोध लिबरल और कंजर्वेटिव दोनों ही कर रहे हैं। कंजर्वेटिव इसकी आलोचना करते हुए कह रहे हैं कि शायद इसका उद्देश्य सेक्स को लेकर संयम बढ़ाना है। लिबरल भी इसकी आलोचना करते हुए कह रहे हैं कि सेक्स स्ट्राइक ऐसा विचार है कि मानो महिलाएं शारीरिक संबंध बनाकर पुरुषों के लिए कोई अहसान कर रही हों।

वह सेक्स चेंज से बनना चाहता था लड़की, पिता ने रोका तो लगा ली फांसी

चेन्नई। तमिलनाडु के मनाली में 21 साल के एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक इस बात से नाराज था कि वह सर्जरी के जरिए सेक्स बदलवाकर लड़की बनना चाहता था लेकिन उसके पिता इसके लिए राजी नहीं थे। पिता से जिद और झगड़े के बाद भी बात नहीं बनी तो उसने फांसी लगा ली।

पुलिस ने बताया कि विरुगंबक्कम के रहने वाले गजेंद्र के 21 वर्षीय बेटे पार्थसारथी ने बीसीए किया था। बीसीए करने के बाद से वह बेरोजगार था। पिता के काफी दबाव के बाद भी वह नौकरी करने को राजी नहीं था। घरवालों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पार्थसारथी के व्यवहार में बदलाव देखा। वह घर में बंद रहता था। अपने दोस्तों से भी नहीं मिलता-जुलता था।

परिजनों ने बताया कि पार्थसारथी ने अपने घर में कहा कि वह अपना सेक्स बदलवाना चाहता है। गजेंद्र ने इस बात पर उसे फटकारा और उसका सेक्स चेंज करवाने से साफ इनकार कर दिया। पिता की डांट के बाद पार्थसारथी ने घर छोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि घर से निकलकर पार्थसारथी ने एक महिला के घर में शरण ली। गजेंद्र अपने बेटे को लेने पहुंचे तो देखा कि वह ट्रांसजेंडर्स के बीच रह रहा है। शुक्रवार को उन्होंने उसे वापस लाने की कोशिश की लेकिन वह सिर्फ इस बात पर वापस आने को राजी था कि उसका सेक्स चेंज कराया जाए। गजेंद्र बेटे से नाराज होकर वापस आ गए।

पुलिस ने बताया कि पिता के जाने के बाद पार्थसारथी ने फांसी लगा ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी गिरावट, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के चलते इसका असर भारतीय तेल बाजार में भी साफ देखा जा सकता है। 13 मई 2019 यानी सोमवार को भारत की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने पेट्रोल डीजल की कीमतों में भारी कमी की।

सोमवार को राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 30 पैसे की कमी आई हैं जिससे यहां पेट्रोल 71.43 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत में 30 पैसे की कमी के बाद पेट्रोल 77.04 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 29 पैसे की कमी के बाद 73.50 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चेन्नी में पेट्रोल 32 पैसे की कमी के बाद 74.14 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

राजधानी में डीजल सोमवार को 65.98 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में डीजल 69.13 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में डीजल 67.73 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चेन्नी में पेट्रोल 69.74 रुपए फ्रति लीटर बिक रहा है।

ब्रेंट क्रूड ऑयल 70.81 डॉलर प्रति बैरल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोमवार को सुबह के कारोबारी सत्र में ब्रेंट क्रूड ऑयल 0.27 फीसदी की तेजी के साथ 70.81 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 0.05 फीसदी की गिरावट के साथ 61.63 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।

सेंसेक्स 74 अंकों की बढ़त के साथ 37,537 पर खुला, निफ्टी 11,292 के पार

नई दिल्ली। शेयर मार्केट में सप्ताह के पहले दिन उठापटक का दौर जारी रहा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 69.91 अंकों की गिरावट के साथ खुला था लेकिन 10 बजकर सात मिनट पर सेंसेक्स 74 अंकों की उछाल के साथ 37537 पर पहुंच गया।

वहीं 27 अंकों की गिरावट के साथ खुलने वाले नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 11 अंकों की बढ़त के साथ 11292 पर खुला। दिग्गज शेयरों की बात करें तो भारतीय स्टेट बैंक (SBI), टीसीएस, विप्रो, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के स्टॉक्स हरे निशान के साथ खुले। वहीं, गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इनमें टाटा स्टील, ग्रासिम इंडस्ट्रीज और इंडियाबिल्स हाउसिंग के स्टॉक्स शामिल हैं।

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो सप्ताह के पहले कारोबारी दिन आईटी और एफएमसीजी के अतिरिक्त अन्य सभी सेक्टर्स लाल निशान के साथ खुले।

प्राइवेट पब्लिशर्स की बुक्स लेने को मजबूर नहीं कर सकते स्कूल

नई दिल्ली। किसी भी स्कूल में अगर बच्चों को एनसीईआरटी या एससीईआरटी की किताब लाने पर परेशान किया जाता है और प्राइवेट पब्लिशर्स की किताब लाने को मजबूर किया जाएगा तो राज्य का स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट उस स्कूल के खिलाफ आरटीई ऐक्ट का उल्लंघन करने पर कार्रवाई करेगा। देश में बाल अधिकारों की संरक्षक संस्था नैशनल कमिशन फॉर प्रटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (एनसीपीसीआर) ने सभी राज्यों के शिक्षा सचिव (स्कूल) को यह निर्देश दिए है

एनसीपीसीआर ने कहा है कि आरटीई के सेक्शन 29(1) के मुताबिक सरकार ने एनसीईआरटी को ऐकेडमिक अथॉरिटी चुना है। एनसीईआरटी ने असेसमेंट के लिए सीसीई मॉडल तैयार किया है। इसी पैटर्न से स्कूलों को छठीं से आठवीं क्लास के स्टूडेंट्स का असेसमेंट करना होगा और एनसीईआरटी या एससीईआरटी के सिलेबस से पढ़ाना होगा।

अगर कोई स्कूल या बोर्ड किसी और पैटर्न से असेसमेंट करता है या सिलेबस लगाता है तो यह आरटीई एक्ट का उल्लंघन है। शिक्षा विभाग ऐसे स्कूलों पर कार्रवाई करें। एनसीपीसीआर चेयरमैन प्रियंक कानूनगो ने कहा कि इससे न सिर्फ बस्ते का बोझ कम होगा बल्कि जो ऐकेडमिक भेदभाव चल रहा था वह भी कम होगा।

गौरतलब है कि पिछले काफी समय से राजधानी के स्कूलों में ऐसी शिकायतें सामने आ रही थीं कि स्कूल प्रबंधन बच्चों को जबरन प्राइवेट पब्लिशर्स की महंगी किताबें खरीदने पर मजबूर कर रहे हैं। पैरंट्स ने भी ऐसी शिकायतें की हैं उनसे बच्चों के लिए जबरन महंगी किताबों के लिए फी वसूली जा रही है।

एटीएम में युवती ने ऐसा क्या देखा, पढ़ कर उड़ जाएंगे आपके भी होश

मुंबई। ठाणे के एटीएम बूथ में एक युवती से रविवार सुबह छेड़छाड़ की घटना हुई। महिला को ऑटोरिक्शा का किराया देना था और संयोग से उसका बर्थडे भी था, इसलिए वह सुबह 3:00 बजे के करीब एटीएम बूथ में पैसा निकालने गई थी।

जानकारी के अनुसार, पैसा निकालने के दौरान उसे दिक्कत आई, तो एक युवक उसकी मदद के बहाने आगे आया। लेकिन, इस दौरान उसने युवती को कई बार टच किया और हद तो तब हो गई, जब वह अपना प्राइवेट पार्ट निकालकर एटीएम में खड़ा हो गया।

युवती ने उसकी घिनौनी हरकत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। जब वह एटीएम बूथ से बाहर आई। उसने पुलिसकर्मियों को पूरा विडियो दिखाकर घटना की सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने फौरन उस युवक का पीछा करना शुरू कर दिया।

उधर, युवती ने पूरा विडियो ट्वीट कर लिखा, ‘वह अपने इलाके को हमेशा सेफ मानती रही है। ऐसी घटना की उसे उम्मीद नहीं थी। एक बीमार मानसिकता वाले शख्स ने ऐसी हरकत उस जगह की, जहां कैमरे लगे होते हैं। आखिर यह सब कब रुकेगा?’ उसने विडियो को ठाणे सिटी पुलिस और सीपी मुंबई पुलिस को भी टैग किया।

ट्रेंड हो गया विडियो
घटना का विडियो ट्वीट होते ही, यह ट्रेंड करने लगा। आम लोग जहां इस युवती की निडरता की तारीफ करने लगे, वहीं मुंबई पुलिस पर दबाव बनाने लगे कि वह उस आरोपी युवक को गिरफ्तार करे। बॉलिवुड ऐक्ट्रेस गुल पनाग ने भी इस विडियो का नोटिस लिया और ट्वीट कर जहां इसे शर्मनाक बताया, वहीं उस युवक को ‘बीमार’ करार दिया।

मुंबई पुलिस ने विडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज की और शाम 4 बजे के करीब आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उस युवती ने खुद ट्वीट करके युवक की गिरफ्तारी की सूचना दी और मुंबई पुलिस का शुक्रिया अदा किया। ट्विटर पर आम लोगों ने भी मुंबई पुलिस का इस कार्रवाई के लिए तहेदिल से शुक्रिया अदा किया।

ग्राहकों की मांग पर होंडा भारत में BS-VI लागू होने के बाद भी बेचेगा डीजल कारें

नई दिल्ली। होंडा भारत में BS-VI उत्सर्जन नियमों (एमिशन नॉर्म्स) के लागू होने के बाद भी डीजल कारों की बिक्री जारी रखेगा। कंपनी का यह फैसला देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki के 1 अप्रैल, 2020 से डीजल कारों की बिक्री बंद करने के ठीक उलट है।

होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (एचसीआईएल) के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कंपनी की योजना उसके दो डीजल इंजनों को बीएस-6 मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने की है। कंपनी इन इंजनों का इस्तेमाल अपनी अमेज, सिटी, डब्ल्यूआर-वी, बीआर-वी, सिविक और सीआर-वी कारों में करती है। कंपनी की योजना चालू वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही से बीएस-6 मानकों के अनुरूप पेट्रोल और डीजल इंजन से लैस कारों को बाजार में उतारने की है।

एचसीआईएल के सीनियर वाइस प्रेजिडेंट और डायरेक्टर (मार्केटिंग और सेल्स) राजेश गोयल ने कहा, ‘हमारा अनुभव है कि 80 प्रतिशत ग्राहक दूरी और रिकवरी की अवधि का ध्यान रखते हुए पेट्रोल और डीजल इंजनों के बीच तार्किक फैसला करते हैं। हालांकि, 20 प्रतिशत ऐसे ग्राहक हैं, जो भावनाओं में आकर किसी खास ईंधन वाले मॉडल्स का चुनाव करते हैं।’

कीमत का अंतर बढ़ेगा
उन्होंने कहा कि कंपनी ऐसे 20 प्रतिशत ग्राहकों का भी ध्यान रखेगी। गोयल ने स्वीकार किया कि बीएस-6 मॉडल्स के बाजार में आने के बाद ईंधन से जुड़ी बहुत सी चीजें बदल जाएंगी और पेट्रोल व डीजल मॉडल्स की कीमत का अंतर बढ़ेगा।

उन्होंने कहा, ‘लेकिन हमारा मानना है कि डीजल कारों की मांग एकदम से नहीं खत्म हो जाएगी। इसलिए हम बाजार की मांग के अनुरूप डीजल मॉडल्स की पेशकश जारी रखेंगे और धीरे-धीरे भविष्य के विकल्पों की ओर रुख करेंगे।’

महेंद्रा की नई Bolero जल्द ही बाजार में, होगी ज्यादा सुरक्षित

नई दिल्ली। महेंद्रा की पॉप्युलर ऑफ-रोड एसयूवी Bolero जल्द ही नए अवतार में आने वाली है। नई Mahindra Bolero हाल में कंपनी की डीलरशिप पर देखी गई है, जो ABS (एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम) से लैस है। इसके अलावा इसमें कुछ और फीचर्स शामिल होंगे। बोलेरो में ये अपडेट्स नए सेफ्टी नॉर्म्स को देखते हुए दिए गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई बोलेरो में एबीएस के अलावा ड्राइवर साइड एयरबैग, सीटबेल्ट रिमाइंडर, स्पीड वॉर्निंग सिस्टम और रियर पार्किंग सेंसर्स जैसे सेफ्टी फीचर्स भी होंगे। 1 अप्रैल से लागू हुए नए सेफ्टी नॉर्म्स को देखते हुए इसमें एबीएस शामिल किया गया है। वहीं, एसयूवी में दिए गए अन्य सेफ्टी फीचर्स 1 जुलाई से अनिवार्य होने वाले हैं, जिन्हें कंपनी ने अभी इसमें शामिल कर दिया है।

ये नियम भी होंगे अनिवार्य
इनके अलावा अक्टूबर 2019 से कारों के लिए फ्रंट और साइड क्रैश टेस्ट में खरा उतरना जरूरी होगा। वहीं, अप्रैल 2020 से बीएस6 एमिशन नॉर्म्स लागू हो जाएगा। हालांकि, नई बोलेरो इन दोनों अपडेट्स के साथ भी आएगी या इसके लिए बाद में दूसरा अपडेटेड मॉडल लॉन्च किया जाएगा, यह अभी साफ नहीं हुआ है।

पॉप्युलर एसयूवी
बता दें कि बोलेरो महिंद्रा की सबसे पॉप्युलर एसयूवी में से एक है। इसे कस्बों और ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने 72,280 बोलेरो बेची हैं। हालांकि, वित्त वर्ष 2017-18 की तुलना में पिछले वित्त वर्ष में इसकी बिक्री में 2.25 पर्सेंट की गिरावट आई, इसके बावजूद यह अपने सेगमेंट की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी में से एक रही।