कोटा। राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति के आह्वान पर प्रस्तावित प्रदेशव्यापी आंदोलन को ट्रांसपोर्ट कम्पनीज एसोसिएशन ने समर्थन देते हुए सोमवार को ट्रांसपोर्ट नगर में जागरूकता रैली और जुलूस निकाला। इस दौरान ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को आंदोलन के उद्देश्यों और प्रमुख मांगों की जानकारी दी गई तथा मंगलवार को प्रस्तावित चक्का जाम को सफल बनाने की अपील की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुसूदन खण्डेलवाल और सचिव प्रमोद कुमार गर्ग ने बताया कि सोमवार को ट्रांसपोर्टरों से संपर्क कर उन्हें आंदोलन की पृष्ठभूमि से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कोटा में चक्का जाम कर प्रदेशव्यापी आंदोलन का समर्थन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आंदोलन की प्रमुख मांगों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) की उपलब्धता सुनिश्चित करना, परमिट जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाना, ई-डिटेक्शन के माध्यम से जारी किए जा रहे चालानों की समीक्षा तथा प्रदेश के प्रत्येक जिले में आधुनिक वाहन फिटनेस सेंटर स्थापित करना शामिल है साथ ही स्थानीय अतिक्रमण मुद्दे पर व्यवसायियों ने अपना रोष प्रकट किया और ट्रांसपोर्ट नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मांग की।
खण्डेलवाल ने कहा कि वर्तमान अस्थायी परमिट व्यवस्था लंबी दूरी तक माल परिवहन करने वाले वाहनों के लिए व्यावहारिक नहीं है। राजस्थान से केरल, चेन्नई, गुवाहाटी और अन्य राज्यों तक जाने वाले ट्रकों को विभिन्न राज्यों में अलग-अलग टैक्स एवं परमिट शुल्क का भुगतान करना पड़ता है, जिससे परिचालन लागत लगातार बढ़ रही है।
इसके साथ ही ई-डिटेक्शन चालानों और बढ़ते परिचालन खर्च ने ट्रांसपोर्ट उद्योग को आर्थिक दबाव में ला दिया है। एसोसिएशन ने सरकार से समस्याओं का शीघ्र समाधान कर परिवहन व्यवसाय को राहत देने की मांग की।

