Monday, July 27, 2026
Home Blog Page 288

800 डॉलर तक अमेरिका में बिना शुल्क माल भेजने की सुविधा खत्म, निर्यातक मुश्किल में

नई दिल्ली। अमेरिका में 800 डॉलर तक बिना शुल्क माल भेजने की सुविधा खत्म होने से छोटे निर्यातक मुश्किल में है। अब शुल्क लगने के साथ ही छोटे-छोटे पार्सल को कस्टम प्रक्रिया के तहत बाहर आने में काफी वक्त लगने लगा है। कारोबारी और निर्यातक चाहते हैं कि भारत सरकार इस मुद्दे पर भी अमेरिका से बात करे।

असल में पहले 800 डॉलर मूल्य तक की अमेरिका भेजी जाने वाली खेपों पर कोई शुल्क नहीं लगता था। लेकिन जब पिछले साल टैरिफ वार शुरू हुआ तो चरणबद्ध तरीके से भारतीय सामान पर 50 फीसदी तक टैरिफ लगा दिया।

इसके साथ ही, गत वर्ष संयुक्त राज्य अमेरिका के टैरिफ एक्ट, 1930 की धारा 321 के तहत अमेरिका ने यह सुविधा खत्म कर दी है। इस सुविधा से छोटे निर्यातकों, कारीगरों और सीमा पार ई-कॉमर्स से जुड़े उद्यमों को काफी मदद मिलती थी। इस छूट के समाप्त होने से कई चुनौतियां बढ़ी हैं।

हस्तशिल्प और श्रम आधारित उत्पाद बनाने वाले छोटे उद्यम अब अधिक लागत के कारण अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धा नहीं कर पा रहे हैं। पहले मिलने वाली यह सीमा ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय व्यापार को भी सुगम बनाती थी। अमेरिकी ग्राहकों तक सीधे भारतीय उत्पाद पहुंचाना था और अतिरिक्त शुल्क या जटिल दस्तावेजी प्रक्रिया की जरूरत नहीं होती थी।

इससे कई भारतीय डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर ब्रांडों को वैश्विक पहचान मिली। शुल्क बढ़ने से ऑर्डरों में आई कमी का सीधा असर रोजगार और आय पर पड़ रहा है। अब निर्यातक चाहते हैं कि भारत सरकार अमेरिका से बातचीत कर 800 डॉलर मूल्य तक की बिना शुल्क भेजी जाने वाली खेपों पर मिलने वाली छूट बहाल कराए।

राजगढि़या एक्सपोर्ट के संस्थापक सुदीप का कहना है, ड्यूटी फ्री माल अमेरिका भेजने की सुविधा खत्म होने के नुकसान तो हो ही रहा है। साथ में, कस्टम में माल बाहर आने में बहुत वक्त लगने लगा है। सुविधा बंद होने से देशभर के लाखों छोटे उद्यमी मुश्किल हालात में हैं।

लोक नीति विशेषज्ञ एवं एसोचैम यूपी के को-चेयरमैन हसन याकूब का कहना है कि ऐसे छोटे निर्यातक उद्यम बड़ी संख्या में कारीगरों और कौशल आधारित श्रमिकों को रोजगार देते हैं। शुल्क बढ़ने से ऑर्डरों में आई कमी का सीधा असर रोजगार और आय पर पड़ता है।

धारा 321 के अंतर्गत मिलने वाली यह सुविधा कस्टम प्रक्रिया को भी तेज और सरल बनाती थी, जिससे निर्यातक पूरी तरह अनुपालन के साथ व्यापार कर सकते थे। इस सुविधा के अभाव में भारतीय निर्यातक उन देशों की तुलना में पिछड़ जाते हैं, जिन्हें अब भी ऐसी छूट उपलब्ध है।

भारत सरकार कम मूल्य वाले भारतीय शिपमेंटों को बिना शुल्क प्रवेश देने के लिए स्थिर नीति सुनिश्चित करने का आग्रह करे। यह कदम छोटे उद्यमों, कारीगरों, निर्यातकों और तेजी से बढ़ रहे ई-कॉमर्स निर्यात तंत्र को सशक्त करेगा । मेक इन इंडिया,

कब्जे वाले कश्मीर में भारत के खिलाफ जेहादी एजेंडा बढ़ाने में लगा पाकिस्तान

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) में इस्लामाबाद के खिलाफ लगातार गुस्सा बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में पीओके के अंदर विरोध प्रदर्शनों और बयानों में पाकिस्तान विरोधी भावना खुलकर सामने आई है।

पाकिस्तानी नेतृत्व ने इसे चेतावनी के तौर पर लेते हुए भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी तेज कर दी है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और देश के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने हाल ही में पीओके के कई दौरे किए हैं। इस दौरान भारत के खिलाफ भाषण दिए गए जिससे इलाके को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

जनरल मुनीर ने हाल ही में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के दौर पर खुलेआम जिहाद को बढ़ावा दिया। मुनीर ने कश्मीर की जल्द आजादी की कसम खाई। उन्होंने इलाके में तैनात अधिकारियों और सैनिकों की लड़ाई की तैयारी की जानकारी ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी सैन्य नेतृत्व के रुख को दोहराया है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, पीओके में एक सभा को संबोधित करते हुए शहबाज ने कहा कि भारत के पास कश्मीरियों को आत्मनिर्णय का अधिकार देने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि इलाके में अशांति और आतंकवाद के सबसे बड़े सप्लायर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पर आक्रामक और विस्तारवादी इरादे रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया में तब तक स्थायी शांति नहीं मिल सकती जब तक भारत उन चीजों को नहीं छोड़ देता।

हालांकि, पाकिस्तानी राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व का भारत के खिलाफ जहर उगलना भी काम नहीं आ रहा है और पीओके में लोगों का गुस्सा कम नहीं हो रही है। सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि पीओके में कई लोगों का मानना है कि इस्लामाबाद का आक्रामक रुख इलाके की आबादी के लिए चिंता नहीं, बल्कि राजनीतिक संदेश है। स्थानीय लोगों में भावना है कि इस भड़काऊ बयानबाजी ने पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को सक्रिय रूप से नुकसान पहुंचाया है।

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में लोगों के अंदर इस्लामाबाद के अत्याचार के खिलाफ गुस्सा उबल रहा है। पिछले साल दिसम्बर में पीओके में बड़ा प्रदर्शन हुआ था, जिसमें हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और पाकिस्तान के खिलाफ जुलूस निकालकर नारेबाजी की।

पाकिस्तान की सरकार ने पीओके को लूट का अड्डा बना रखा है। इलाके में बड़े पैमाने पर बिजली पैदा होने के बावजूद यहां के लोगों को इससे दूर रखा जाता है। बड़े पैमाने पर इंटरनेट पाबंदियों लगी हुई हैं और लोगों पर पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां हर पर नजर रखती हैं।

होटल फेडरेशन ने किया 35 इन्फ्लुएंसर और ट्रांसपोर्टेशन टीम को सम्मानित

कोटा। होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के आयोजन को सफल बनाने के लिए कोटा इन्फ्लुएंसर (Influencer) एसोसियेशन ट्रांसपोर्टेशन एवं गाइड टीम के 35 सदस्यों को गुरुवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि आगे भी फरवरी माह में कोटा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है, जो हाडोती के पर्यटन को ओर आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। वे सभी हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की रीलें निरन्तर बनाते रहें, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रसार हो सके।

कोटा इन्फ्लुएंसर एसोसियेशन की अध्यक्ष भाविका ने बताया कि कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के बाद इन्फ्लुएंसर को देश के में आज कई जगह बुलाया जा रहा है एवं इन्फ्लुएंसर की मांग बढ़ती जा रही है। इसके लिए उन्होंने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता सेविनियर, समन्वयक ऋषभ भार्गव भी मौजूद थे। नमन ट्रैवल के पवन जैन कोटा केब के कुणाल मिश्रा एवं गाइड एसोसिएशन के चंद्रशेखर सहित कई सदस्यो को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया ।

सरस घी के 200 एमएल से कम क्षमता वाले पैक पर भी क्यूआर कोड लगाने के निर्देश

कलेक्टर समारिया ने सरस डेयरी का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता देखी

कोटा। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बुधवार को कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (कोटा सरस डेयरी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डेयरी परिसर की स्वच्छता, दुग्ध प्रसंस्करण प्रणाली और उत्पादों की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की तथा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के समय कोटा सरस डेयरी के चेयरमैन चैन सिंह राठौड़ एवं डेयरी प्रबंधक दिलखुश मीणा उपस्थित रहे। चेयरमैन राठौड़ ने जिला कलेक्टर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें डेयरी प्लांट का भ्रमण कराया। इस दौरान दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही घी, छाछ, लस्सी सहित अन्य सरस उत्पादों की गुणवत्ता व मानकों से अवगत कराया गया।

चेयरमैन राठौड़ ने बताया कि नकली एवं मिलावटी घी की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरस डेयरी द्वारा 200 एमएल घी पैक पर क्यूआर कोड आधारित उत्पाद लॉन्च किया गया है, जिससे उपभोक्ता उत्पाद की शुद्धता एवं प्रामाणिकता की तुरंत पुष्टि कर सकें। राठौड़ ने कहा कि सरस डेयरी उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस पर जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने 200 एमएल से कम क्षमता वाले घी पैक पर भी क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन राठौड़ ने जनता की सुविधाओ में वृद्धि करते हुए नए बूथो की एनओसी कार्य को जल्द पूरा करने का आग्रह किया, जिससे शहर में सरस दूध की उपलबधता बढ़े।

उन्होंने डेयरी बूथ संचालकों की समस्याओं की ओर भी जिला कलेक्टर का ध्यान आकर्षित करते हुए दूध के साथ-साथ नाश्ते से जुड़ी वस्तुओं के विक्रय की अनुमति भी देने की मांग की। कलेक्टर ने इस सुझाव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

हाड़ोती के 78 नेत्रदाता परिवारों का 8 फरवरी को होगा सम्मान

कोटा। आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान कोटा चेप्टर की ओर से 8 फरवरी को सुबह 10:30 बजे ईथॉस हॉस्पिटल में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। सोसायटी के कोटा चेप्टर के अध्यक्ष डॉ केके कंजोलिया ने बताया कि समारोह में हाड़ौती क्षेत्र के 78 से अधिक नेत्रदानी परिवारों का सम्मान होगा।

सचिव सुरेश सेडवाल ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उर्जा मंत्री हीरालाल नागर रहेंगे। विशिष्ट अतिथि राजेश कृष्ण बिरला स्टेट चेयरमैन रेड क्रॉस सोसाइटी होंगे एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा करेंगे।

ब्रिगेडियर विवेक सिंह ठाकुर एवं मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ संगीता सक्सेना, सीएमएचओ डॉ नरेन्द्र नागर, डॉ धर्मराज मीणा अधीक्षक एमबीएस हॉस्पिटल, हरिमोहन शर्मा उपायुक्त उद्योग विभाग भी उपस्थित रहेंगे। आई बैंक सोसाइटी जयपुर के अध्यक्ष बी एल शर्मा एवं वाइस प्रेसिडेंट ललित कोठारी की भी उपस्थिति रहेगी।

डा. कंजोलिया ने बताया कि कार्यक्रम में नेत्रदान एक महादान है। आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, कोटा चैप्टर वर्ष 2011 से निरंतर नेत्रदान एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

संस्था अब तक 2180 से अधिक नेत्रदान ( कॉर्निया) संकलित कर चुकी है एवं इनमें से 1258 कॉर्निया प्रत्यारोपित किए जा चुके है। वर्ष 2025 में कोटा शहर से 113 जोड़ी नेत्रदान प्राप्त किए गए, जिनकी उपयोगिता दर लगभग 70 प्रतिशत रही,जो प्रदेश स्तर पर एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

सनातन प्रीमियर लीग का सीजन-1 मार्च माह में इंदौर में होगा

कोटा। क्रिकेट को सनातन मूल्यों, अनुशासन और देशभक्ति से जोड़ने वाली अनोखी सनातन प्रीमियर लीग का सीजन-1 मार्च माह में इंदौर में धूम मचाएगा। जयपुर के श्रीबालाजी क्रिकेट एकेडमी में निःशुल्क ट्रायल की शुरुआत हो चुकी है, जहां बड़ी संख्या में 15-40 वर्ष के युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन किया।

संस्थापक विजय शर्मा, सह-संस्थापक देव जोशी व आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सनातन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित यह लीग देश के प्रमुख शहरों में ट्रायल आयोजित करेगी। चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण शिविरों में तैयार किया जाएगा। उसके बाद 12 से 15 मार्च तक इंदौर में होने वाले मुख्य टूर्नामेंट में वे मैदान संभालेंगे।

मैच प्रमुख स्पोर्ट्स चैनलों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर लाइव प्रसारित होंगे, जिससे जमीनी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा। आयोजकों का उद्देश्य क्रिकेट से जुड़े युवाओं को सही दिशा देना है, जो अक्सर जीवन मूल्यों से भटक जाते हैं।

खेल को संस्कृति व सामाजिक जिम्मेदारी का माध्यम बनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना लक्ष्य है। लीग को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती, देवकीनंदन ठाकुर महाराज, पंडित प्रदीप मिश्रा, चिन्मयानंद बापू, इंद्रेश उपाध्याय व अनिरुद्धाचार्य जैसे संतों का मार्गदर्शन व आशीर्वाद प्राप्त है।

जयपुर ट्रायल में चयनकर्ता विलास जोशी, कुलदीप सिंह, सिद्धार्थ जोशी, विवेक यादव, दुष्यंत त्यागी, अमरदीप कुमार, राहुल राणा व प्रणय शर्मा उपस्थित रहे। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा, “यह लीग युवाओं में अनुशासन, सेवा भाव व सांस्कृतिक संस्कार विकसित करेगी। आय से बेटियों की शिक्षा-विवाह, आपदा राहत व सामाजिक कल्याण को बढ़ावा मिलेगा।

विजेता टीम को 31 लाख रुपये, उपविजेता को 15 लाख; शानदार प्रदर्शन वाले खिलाड़ियों को कार, बाइक व नकद पुरस्कार मिलेंगे। लीग की आय से प्राकृतिक आपदाओं में सहायता, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, एसिड अटैक पीड़ितों का पुनर्वास, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों व वंचित बेटियों को सहयोग जैसे नेक कार्य होंगे।

Kota Mandi: लिवाली निकलने से कोटा मंडी में सोयाबीन और धान के भाव में उछाल

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में गुरुवार को लिवाली निकलने से सोयाबीन और धान का भाव 100 रुपये उछल गया। कमजोर उठाव से चना 50 रुपये और धनिया 100 रुपये मंदा रहा। एनसीडेक्स पर हालांकि धनिया का अप्रैल एवं मई का वायदा तेज है, लेकिन मंडी में ऊंचे भाव पर लिवाली कमजोर रहने से भावों में गिरावट रही।मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब 60 हजार कट्टे और लहसुन की 2000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे –

गेहूं 2451 से 2500, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 2000 से 2350, मक्का लाल 1500 से 1750, मक्का सफेद 2500 से 2800, जौ 2000 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3351, धान (1509) 3000 से 3951, धान (1847) 3200 से 3751, धान (1718-1885) 3700 से 4450 धान (पूसा-1) 3400 से 4100, धान (1401-1846) 3800 से 4200, धान दागी 1200 से 2900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 6011, सरसो 6200 से 6700, सरसों नयी 5300 से 6500, अलसी 7000 से 7800, तिल्ली 7000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900,उड़द 4500 से 8400, चना देशी 4700 से 5311, चना मौसमी 4700 से 5200, चना पेप्सी 4800 से 5251, चना डंकी 3500 से 4700, चना काबुली 6000 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल।

पुराना लहसुन 3000 से 11000, नया लहसुन 7500 से 11000, मैथी 4000 से 5500, धनिया बादामी 7500 से 9200, धनिया ईगल 9500 से 10000 रुपये प्रति क्विंटल।

रोटरी क्लब का मोटिवेशनल टॉक शो 8 को, राजेश्वरी मोदी करेंगी सम्बोधित 

कोटा। रोटरी क्लब कोटा की ओर से 8 फरवरी को जवाहर नगर स्थित सत्यार्थ सभागार में मोटिवेशनल टॉक शो आयोजित किया जाएगा। जिसमें मोटिवेशनल स्पीकर राजेश्वरी मोदी “राज दीदी” व्याख्यान देंगी। गौरतलब है कि राज दीदी 2 वर्ष पूर्व भी रोटरी क्लब कोटा के कार्यक्रम में व्याख्यान दे चुकीं हैं।

प्रोजेक्ट चेयरमैन आशीष-सपना बिरला ने बताया कि कार्यक्रम के दो सेशन आयोजित किए जाएंगे। जिनमें राज दीदी छात्र छात्राओं को अवसाद मुक्त, चिंता मुक्त अध्ययन पर आधारित लीडिंग अ मीनिंग फुल लाइफ विषय पर  सम्बोधित करेंगी। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ सहित जयपुर से भी लोगों ने पंजीकरण करवाएं है।

कोटा सेंटर हेड तारा झावर और प्रोजेक्ट आर्किटेक्ट निमिषा मेघवानी ने बताया कि इस बार का टॉपिक “कुबेर का खजाना” है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर गौरव-निधि सिंघवी, विकास-रितु महेश्वरी, केके-नेहा बंसल, रेखा चौरसिया ने बताया कि पिछले वर्ष 1700 से अधिक संख्या में लोगों ने राज दीदी के टॉक का आनंद उठाया था। इसी तर्ज पर इस बार भी 2 हजार लोगों के आने का अनुमान है।

प्रियंका पाटनी और रमन अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के पोस्टर एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने किया। प्रोजेक्ट चेयरमैन आशीष बिरला ने बताया कि राजेश्वरी मोदी जिन्हें लोग प्यार से राजदीदी कहते है।

नारायण रेकी सत्संग परिवार की संस्थापिका है। कॉमर्स ग्रेजुएट राजदीदी उसुई व करुणा रेकी की ग्रांडमास्टर है इसके अलावा वे एक उच्च कोटि की काउंसलर व एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट भी हैं।

दीदी का आभामंडल सकारात्मक सोच व आपसी संबंधों की दृढ़ता से भरपूर देवीयता का साक्षात स्वरूप हैं | बचपन से ही समाज सेवा के प्रति उनका रुझान था। जिसे उन्होंने दाम्पत्य जीवन व दो बच्चों की माँ बनने के साथ बखूबी निभाया। क्योंकि घर परिवार उनकी सर्वप्रथम प्राथमिकता थी।

इसलिए घर पर दोपहर में रेकी और एक्यूप्रेशर की क्लास शुरू की। धीरे धीरे उनकी सोच लोगों की समझ में आने लगी और तेजी से इसका प्रचार  प्रसार हुआ तो दीदी ने राजस्थानी मंडल गोकुलधाम के कार्यालय में अपनी सेवा देना शुरू कर दिया। गहन साधना व सोच के बाद उन्होंने यह पाया की सकारातमक तरीके से संबंधों को दृढ़ बनाकर, समाज को सुधार जा सकता है।

इसके लिए उन्होंने नारायण जीवन चक्र का प्रतिपादन किया और बड़े ही साधारण शब्दों में लोगो को मानवजीवन का उद्देश्य बताया। रेकी के माध्यम से हम सकारात्मक होकर जीवन विकास कैसे कर सकते है। नारायण रेकी सत्संग परिवार एक सामजिक संस्था है।

नारायण रेकी सत्संग परिवार रेकी क्लास से आने वाली पूरी धनराशि का उपयोग ज़रूरतमंद बच्चो की पढाई, लड़कियों के विवाह और असहाय बच्चो के चिकित्सा के लिए करते है। 

मुंबई, अहमदाबाद, बरोदा,सूरत, नॉएडा, नासिक, जयपुर, भीलवाड़ा, इंदौर, कोलकोता, बेंगलुरु, उदयपुर आसाम में नारायण रेकी सत्संग परिवार के रेकी हीलिंग केंद्र है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बैंकॉक और अमेरिका के न्यू जर्सी व शिकागो शहरों में रेकी सेमिनार का आयोजन किया जा  चुका है।

होंडा के इस स्कूटर का स्टाइलिश स्पेशल एडिशन लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स

नई दिल्ली। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने गुरुवार को अपने पॉपुलर स्कूटर डिओ 125 का नया X-एडिशन लॉन्च किया है।

ये उन ग्राहकों को टारगेट करके तैयार किया गया है जो डेली इस्तेमाल में बिना किसी समझौता के एक मजबूत स्कूटर चाहते हैं। इसकी एक्स-शोरुम कीमत 87,733 रुपए है। ये मॉडल 125cc सेगमेंट में होंडा के पॉपुलर नाम को नया स्टाइल और प्रीमियम डिजाइन टच देता है।

डिजाइन
डिओ 125 X-एडिशन बॉडी पैनल पर एक्सक्लूसिव X-एडिशन ग्राफिक्स के जरिए ज्यादा अग्रेसिव और स्पोर्टी लुक देता है। इसमें एक अट्रेक्टिव डुअल-टोन कलर स्कीम मिलती है, जो पर्ल डीप ग्राउंड ग्रे के साथ पर्ल सायरन ब्लू है। ये साइबर ड्रिफ्ट थीम से इंस्पायर्ड है, जो स्कूटर को एक डायनामिक और एनर्जेटिक लुक देता है।

इसके विज़ुअल अपील को और बढ़ाने के लिए इसमें खास मैट फ्रेश शेड में कलर्ड एलॉय व्हील्स दिए गए हैं। साथ ही, नए X-एडिशन डेकल्स हैं जो स्कूटर की युवा और इंडीपेंडेंट पर्सनैलिटी को दिखाते हैं। कंपनी डिओ 125 X-एडिशन को Gen-Z राइडर्स और युवा प्रोफेशनल्स के लिए एक बेहतरीन विकल्प के तौर पर पेश करता है जो अपनी डेली राइड के जरिए अपनी पहचान जाहिर करना चाहते हैं।

डायमेंशन
डाइमेंशन की बात करें तो Dio 125 की लंबाई 1,850 mm, चौड़ाई 707 mm और ऊंचाई 1,160 mm है, जिसका व्हीलबेस 1,260 mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 162 mm है, जो इसे शहर में इस्तेमाल के लिए बहुत उपयुक्त बनाता है। इसमें 765 mm की सीट हाइट, 107 kg का कर्ब वेट और 5.3-लीटर का फ्यूल टैंक है, जो एजिलिटी, कम्फर्ट और डेली की प्रैक्टिकैलिटी के बीच एक अच्छा बैलेंस बनाता है।

इंजन
होंडा डिओ 125 X-एडिशन में वही 123.92 cc, 4-स्ट्रोक SI इंजन है जो 6,500 rpm पर 6.20 kW (8.4 PS) और 5,000 rpm पर 10.5 Nm का टॉर्क देता है, जिसे होंडा के PGM-FI फ्यूल इंजेक्शन के साथ जोड़ा गया है ताकि स्मूथ परफॉर्मेंस और बेहतर माइलेज मिल सके। कंपनी ने लॉन्च के साथ इसकी बुकिंग देशभर में शुरू कर दी है। ग्राहक अपनी बुकिंग होंडा की ऑफिशियल वेबसाइट से ऑनलाइन या ऑथराइज्ड डीलरशिप पर जाकर कर सकते हैं। इसकी डिलीवरी फरवरी 2026 के दूसरे सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है।

CTET 2026 के एडमिट कार्ड जारी, सीधे लिंक से ऐसे करें डाउनलोड

नई दिल्ली। CTET Admit Card 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) फरवरी 2026 के लिए बहुप्रतीक्षित एडमिट कार्ड आज, 5 फरवरी 2026 को आधिकारिक तौर पर जारी कर दिए हैं। शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों उम्मीदवार अब अपना हॉल टिकट आधिकारिक पोर्टल ctet.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं।

इस बार उम्मीदवारों की भारी संख्या को देखते हुए सीबीएसई ने परीक्षा के आयोजन में बड़ा बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा केवल एक दिन के लिए निर्धारित थी, लेकिन अब इसे 7 और 8 फरवरी 2026 को दो दिनों में आयोजित किया जाएगा।

ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
उम्मीदवार नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं:

  1. आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाएं।
  2. होमपेज पर “Download Admit Card: CTET Feb-2026” लिंक पर क्लिक करें।
  3. एक नया लॉगिन पेज खुलेगा, यहाँ अपना एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि (DOB) दर्ज करें।
  4. सिक्योरिटी पिन (कैप्चा) भरकर ‘सबमिट’ बटन पर क्लिक करें।
  5. आपका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा। इसे डाउनलोड करें और भविष्य के लिए कम से कम दो प्रिंटआउट लेकर रख लें।

परीक्षा का समय और शिफ्ट
परीक्षा ऑफलाइन (OMR आधारित) मोड में दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। दोनों ही दिन शिफ्ट का समय इस प्रकार रहेगा-

  • पेपर-II (कक्षा 6 से 8 के लिए): सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
  • पेपर-I (कक्षा 1 से 5 के लिए): दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक।

परीक्षा केंद्र के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
बोर्ड ने उम्मीदवारों के लिए सख्त गाइडलाइन्स जारी की हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है

  • रिपोर्टिंग समय: सुबह की शिफ्ट के लिए सुबह 7:30 बजे और दोपहर की शिफ्ट के लिए 12:30 बजे रिपोर्ट करना होगा। गेट परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले बंद कर दिए जाएंगे।
  • अनिवार्य डॉक्यूमेंट: एडमिट कार्ड के प्रिंटआउट के साथ एक वैलिड फोटो आईडी कार्ड (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस) और एक नीला/काला बॉलपॉइंट पेन जरूर ले जाएं।
  • प्रतिबंधित वस्तुएं: मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, किताबें या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा हॉल में ले जाना पूरी तरह वर्जित है।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एडमिट कार्ड पर अंकित अपने परीक्षा केंद्र के पते और अपनी शिफ्ट को ध्यान से देख लें। किसी भी तरह की गलती होने पर तुरंत सीटीईटी यूनिट से संपर्क करें।