Sunday, July 26, 2026
Home Blog Page 279

राहुल गांधी को बोलने का मौका नहीं मिला तो विपक्ष ने लोक सभा में किया हंगामा

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान लगातार हंगामा जारी है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आरोप है कि उन्हें लोकसभा में बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। विपक्ष के नेता ने स्पीकर से पूछा कि उन्हें बोलना का मौका मिलेगा या नहीं?

इसके बाद जमकर हंगामा होने लगा और लोकसभा की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले विपक्ष के सांसदों ने राहुल गांधी को बोलने का मौका दो के नारे लगाए।

लोकसभा में राहुल गांधी ने कहा, “एक घंटा पहले स्पीकर साहब के पास हम गए। तो उन्होंने हमसे कहा कि वह बोलने देंगे। हमें अब बोलने का मौका दिया जाएगा या नहीं?” इस पर पीठासीन ने कहा कि आपकी तरफ से किसी विषय पर नोटिस नहीं दिया गया है।

राहुल गांधी के यह दावा करने के बाद कि उन्हें सोमवार को फिर से सदन में बोलने की इजाजत नहीं दी गई, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने साफ किया कि स्पीकर ने गतिरोध को खत्म करने की पहल की थी और राहुल गांधी की बातें “पूरी तरह सही नहीं थीं।”

इससे पहले विपक्षी सांसदों के लगातार विरोध के बीच सोमवार को दो बार स्थगित होने के बाद दोपहर 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हुई। राहुल गांधी ने सदन को संबोधित करते हुए कहा, “स्पीकर ने हमसे वादा किया था कि मुझे बजट चर्चा से पहले बोलने दिया जाएगा।

इसलिए मैं चेयर से जानना चाहता हूं कि क्या मुझे वे बातें रखने की इजाजत दी जाएगी।” स्पीकर ओम बिरला ने जवाब दिया कि ऐसा कोई नोटिस नहीं मिला है और सांसदों से बजट चर्चा आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में भारत की GDP ग्रोथ 6.4% रहने का अनुमान: मूडीज

नई दिल्ली। मूडीज रेटिंग्स ने सोमवार को अगले वित्त वर्ष में भारत की GDP ग्रोथ 6.4 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। रेटिंग एजेंसी के अनुसार यह G20 अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज होगी। इसकी वजह मजबूत घरेलू खपत, नीतिगत कदम और स्थिर बैंकिंग सिस्टम है।

अपनी बैंकिंग सिस्टम आउटलुक रिपोर्ट में मूडीज ने कहा कि बैंकों की एसेट क्वालिटी मजबूत बनी रहेगी, हालांकि माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSMEs) में कुछ दबाव दिख सकता है। फिर भी, बैंकों के पास कर्ज नुकसान को संभालने के लिए पर्याप्त रिजर्व मौजूद हैं।

मूडीज ने कहा कि 2026 में बैंकों के लिए ऑपरेटिंग माहौल मजबूत बना रहेगा, जिसे मजबूत मैक्रो स्थितियों और स्ट्रक्चरल सुधारों का समर्थन मिलेगा। मूडीज ने कहा, “हम अनुमान लगाते हैं कि वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की वास्तविक GDP 6.4 फीसदी बढ़ेगी, जो G20 में सबसे तेज होगी। यह मजबूत घरेलू खपत और नीतिगत कदमों से प्रेरित होगी।”

मूडीज ने कहा कि सितंबर 2025 में GST में कटौती और इससे पहले पर्सनल इनकम टैक्स थ्रेशहोल्ड बढ़ाने से उपभोक्ताओं की खरीद क्षमता बेहतर होगी और खपत आधारित ग्रोथ को सहारा मिलेगा। एजेंसी ने FY27 का अनुमान वित्त मंत्रालय के आर्थिक सर्वेक्षण में दिए गए 6.8% से 7.2% के अनुमान से कम है, जिसे पिछले महीने संसद में पेश किया गया था।

आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष (2025-26) में भारत की ग्रोथ 7.4 फीसदी रहने की संभावना है, जो 2024-25 में दर्ज 6.5 फीसदी से ज्यादा है।

मूडीज ने कहा कि महंगाई नियंत्रण में है और ग्रोथ की गति मजबूत बनी हुई है। ऐसे में उम्मीद है कि RBI वित्त वर्ष 2026-27 में मौद्रिक नीति में आगे ढील तभी देगा, जब आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती के संकेत दिखें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2025 में कुल 125 बेसिस प्वाइंट की कटौती कर पॉलिसी रेट को 5.25 प्रतिशत कर दिया है।

मूडीज का अनुमान है कि पूरे सिस्टम में लोन ग्रोथ वित्त वर्ष 2026-27 में हल्की बढ़त के साथ 11% से 13% तक पहुंच सकती है, जो वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक 10.6% रही है।

लोन क्वालिटी बनी रहेगी मजबूत
मूडीज ने कहा कि कॉरपोरेट लोन क्वालिटी मजबूत बनी रहेगी, जिसे बड़ी कंपनियों की मजबूत बैलेंस शीट और बेहतर मुनाफे का समर्थन मिलेगा। हालांकि, रिकवरी की रफ्तार धीमी हो सकती है, क्योंकि बैंक बड़े कॉरपोरेट्स के स्ट्रेस्ड लोन पहले ही काफी हद तक निपटा चुके हैं। एजेंसी ने कहा कि बैंक मजबूत पूंजी स्थिति बनाए रखेंगे, क्योंकि आंतरिक पूंजी निर्माण एसेट ग्रोथ के साथ चलता रहेगा। बैंकों की फंडिंग और लिक्विडिटी स्थिर रहेगी, क्योंकि लोन और डिपॉजिट ग्रोथ लगभग एक जैसी रहने की उम्मीद है। एजेंसी का मानना है कि जरूरत पड़ने पर सरकार बैंकों को मजबूत समर्थन देती रहेगी।

Stock Market: सेंसेक्स 485 अंक चढ़कर 84066 पर और निफ्टी 25800 के पार

नई दिल्ली। Stock Market Closed: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारतीय बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 485.35 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 84,065.75 पर और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 173.60 अंक या 0.68 प्रतिशत चढ़कर 25,867.30 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की टॉप 30 कंपनियों में से 21 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। सबसे अधिक उछाल एसबीआई के शेयरों में देखने को मिली। सेंसेक्स 7 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ बंद हुआ है। वहीं, टाइटन, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में 2 प्रतिशत से अधिक की उछाल दर्ज की गई है।

अच्छे ग्लोबल संकेतों के चलते घरेलू शेयर मार्केट की शुरुआत आज सप्ताह के पहले दिन बंपर उछाल के साथ हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 597 अंकों की उड़ान के साथ 84177 पर खुला। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज NSE के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने 195 अंकों की उछाल के साथ 25889 के लेवल से आज के कारोबार की शुरुआत की।

24GB की रैम, 7000mAh की बैटरी वाला मोटोरोला फोन 14 हजार से कम में

नई दिल्ली। फ्लिपकार्ट की वैलेंटाइन्स डील में स्मार्टफोन पर बेस्ट डील दी जा रही है। वहीं, अगर आप एक ऐसे फोन की तलाश में हैं, जो कम कीमत में बेस्ट परफॉर्मेंट और तगड़ी बैटरी ऑफर करे, तो Motorola G57 Power 5G आपके लिए एक तगड़ा ऑप्शन है।

खास बात है कि फ्लिपकार्ट की वैलेंटाइन्स डील में ये फोन बेस्ट प्राइस पर मिल रहा है। 8जीबी रैम और 128जीबी के इंटरनल स्टोरेज वाला यह फोन फ्लिपकार्ट पर 13999 रुपये के प्राइसटैग के साथ लिस्ट है।

सेल में फोन पर 700 रुपये का बैंक डिस्काउंट दिया जा रहा है। इस डिस्काउंट के साथ यह फोन 13299 रुपये में आपका हो जाएगा। मोटोरोला का यह फोन 7000mAh की बैटरी से लैस है। इसमें आपको रैम बूस्ट फीचर मिलेगा, जिससे इसकी टोटल रैम बढ़कर 24जीबी तक की हो जाती है।

फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
मोटोरोला के इस फोन में आपको 2400 x 1080 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.7 इंच का फुल एचडी+ डिस्प्ले मिलेगा। फोन में ऑफर किया जा रहा है यह डिस्प्ले 120Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसका पीक ब्राइटनेस लेवल 1050 निट्स का है।

फोन में डिस्प्ले प्रोटेक्शन के लिए कंपनी गोरिल्ला ग्लास 7i भी ऑफर कर रही है। यह फोन 8जीबी LPDDR4x रैम और 256जीबी के UFS 2.2 स्टोरेज से लैस है। रैम बूस्ट फीचर के से फोन की रैम 24जीबी तक की हो जाती है।

प्रोसेसर के तौर पर फोन में Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट दिया गया है। फोटोग्राफी के लिए आपको इसमें 50 मेगापिक्सल के मेन लेंस के साथ एक 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड ऐंगल सेंसर मिलेगा। इस फोन का सेल्फी कैमरा 8 मेगापिक्सल का है। फोन में दी गई बैटरी 7000mAh की, 30 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। ओएस की जहां तक है, तो फोन ऐंड्रॉयड 16 पर काम करता है। इसे एक ओएस अपग्रेड मिलेगा।

यह फोन मिलिट्री ग्रेड MIL-STD 810H सर्टिफिकेशन और IP64 रेटिंग वाले डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन के साथ आता है। बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। फोन में दमदार साउंड के लिए आपको डॉल्बी ऐटमॉस के साथ स्टीरियो स्पीकर मिलेंगे।

फास्ट चार्जिंग, 32MP सेल्फी कैमरा वाला OnePlus का यह फोन 9 हजार रुपये सस्ता

नई दिल्ली। वनप्लस फैन्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। पिछले साल लॉन्च हुआ OnePlus 13 अपने लॉन्च प्राइस से सस्ता हो गया है। लॉन्च के समय फोन को 16जीबी रैम और 512जीबी के इंटरनल स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 76999 रुपये थी।

अमेजन की डील में यह फोन अब 9 हजार रुपये सस्ता हो गया है और आप इसे 67999 रुपये में खरीद सकते हैं। फोन पर 3 हजार रुपये का फ्लैट बैंक डिस्काउंट भी दिया जा रहा है।

बैंक डिस्काउंट ऑफर 28 फरवरी तक वैलिड है। फोन पर 3399 रुपये तक का कैशबैक भी दिया जा रहा है। एक्सचेंज ऑफर में यह फोन और सस्ता हो सकता है। ध्यान रहे कि एक्सचेंज ऑफर में मिलने वाला डिस्काउंट आपके पुराने फोन की कंडीशन, ब्रैंड और कंपनी की एक्सचेंज पॉलिसी पर निर्भर करेगा।

फीचर और स्पेसिफिकेशन
वनप्लस के इस स्मार्टफोन में आपको 3168 x 1440 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.82 इंच का शानदार 2K+ LTPO AMOLED डिस्प्ले मिलेगा। फोन में ऑफर किया जा रहा यह डिस्प्ले 120Hz तक के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसका पीक ब्राइटनेस लेवल 4500 निट्स का है। फोन 24जीबी तक की रैम और 1टीबी तक के इंटरनल स्टोरेज ऑप्शन में आता है। फोन में कंपनी स्नैपड्रैगन 8 एलीट प्रोसेसर दे रही है। फोटोग्राफी के लिए फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया गया है।

इसके अलावा फोन में आपको 50 मेगापिक्सल का एक अल्ट्रावाइड ऐंगल लेंस और एर 50 मेगापिक्सल का टेलिफोटो सेंसर भी देखने को मिलेगा। सेल्फी के लिए कंपनी इस फोन में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा ऑफर दे रही है। फोन की बैटरी 6000mAh की है, जो 100W की SuperVOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

यह फोन 50 वॉट की वायरलेस चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है। बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए फोन में कंपनी इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। ओएस की बात करें, तो फोन ऐंड्रॉयड 15 पर बेस्ड Oxygen OS 15 पर काम करता है।

डिग्री ही सब कुछ नहीं होती, छात्र इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स से जुड़ें: पीएम मोदी

नई दिल्ली। Pariksha Pe Charcha 2026: इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पढ़ाई, स्टार्टअप, आर्ट, अनुशासन और विकसित भारत जैसे बड़े मुद्दों पर बेहद आसान और जमीन से जुड़े उदाहरणों के साथ छात्रों को समझाया। कोयंबटूर से लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों से आए सवालों पर पीएम मोदी ने यह साफ किया कि पढ़ाई सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि आदतों, सोच और व्यवहार से मिलकर ही असली शिक्षा बनती है।

कोयंबटूर से आए एक छात्र ने सवाल किया कि अपनी कंपनी शुरू करने के लिए कितनी पढ़ाई जरूरी होती है। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ डिग्री ही सब कुछ नहीं होती। छात्रों को इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स से जुड़ना चाहिए और यह समझना चाहिए कि वे कैसे काम करते हैं।

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि अगर कोई स्टार्टअप करना चाहता है, तो उसे किताबों के साथ-साथ असली दुनिया के अनुभव से भी सीखना होगा। इंडस्ट्री को समझे बिना सिर्फ क्लासरूम नॉलेज से कंपनी खड़ी करना मुश्किल हो सकता है।

Pariksha Pe Charcha 2026 में एक छात्र ने यह भी पूछा कि आर्ट, क्राफ्ट और डिजाइन जैसी रुचियों को पढ़ाई के साथ कैसे बैलेंस किया जाए। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि पढ़ाई और आर्ट को अलग-अलग न देखें।

उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि अगर कोई छात्र साइंस पढ़ते हुए आर्ट में रुचि रखता है, तो वह दोनों को जोड़ सकता है। जैसे लैब में पढ़े जाने वाले केमिकल्स को कागज पर बोतल बनाकर लिखना, या साइंस के कॉन्सेप्ट को ड्रॉइंग और डिजाइन के जरिए समझना। इससे न सिर्फ पढ़ाई आसान होती है, बल्कि याद रखने में भी मदद मिलती है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आर्ट पढ़ाई से होने वाले तनाव और थकान को कम करने का अच्छा तरीका है। रोज़ आधा घंटा या हफ्ते में दो बार आर्ट के लिए समय निकालने से दिमाग तरोताजा रहता है।

विकसित भारत 2047 में युवाओं की भूमिका
एक अन्य छात्र ने सवाल किया कि युवा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में कैसे योगदान दे सकते हैं। इस पर पीएम मोदी ने आदतों पर जोर देते हुए कहा कि देश का विकास सिर्फ बड़ी योजनाओं से नहीं, बल्कि नागरिकों के रोज़मर्रा के व्यवहार से होता है।

उन्होंने सिंगापुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वह कभी एक मछुआरों का गांव था, लेकिन आज विकसित देश है। अगर भारत को भी विकसित बनाना है, तो हमें अपनी आदतें बदलनी होंगी। कचरा इधर-उधर न फेंकना, ट्रैफिक नियमों का पालन करना और खाना बर्बाद न करना जैसे छोटे फैसले भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि अगर हर परिवार यह तय कर ले कि खाने के बाद कुछ भी बर्बाद नहीं होगा, तो देश में बहुत सारा भोजन बचाया जा सकता है। यही नागरिक जिम्मेदारी विकसित भारत की नींव है।

वोकल फॉर लोकल पर जोर
प्रधानमंत्री ने Pariksha Pe Charcha के दौरान अपने वोकल फॉर लोकल अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब हम देश में बने सामान को खरीदते और बढ़ावा देते हैं, तो यह सीधे तौर पर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है।

इसके साथ ही उन्होंने Wed in India पहल का भी उल्लेख किया, जिसके तहत लोगों को विदेश की बजाय भारत में शादी करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इससे देश के भीतर ही रोजगार और आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं।

सफलता के लिए मोटिवेशन या डिसिप्लिन
छात्रों के एक सवाल पर कि सफलता के लिए मोटिवेशन ज्यादा जरूरी है या डिसिप्लिन, पीएम मोदी ने कहा कि दोनों की अपनी भूमिका है। लेकिन अगर अनुशासन नहीं है, तो सिर्फ मोटिवेशन किसी काम का नहीं रह जाता।

उन्होंने समझाया कि मोटिवेशन शुरुआत करवा सकता है, लेकिन डिसिप्लिन ही उस काम को लगातार आगे बढ़ाता है और सही नतीजे तक पहुंचाता है।

परीक्षा पे चर्चा 2026 का रिकॉर्ड जुड़ाव
परीक्षा पे चर्चा 2026 का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के डीडी नेशनल, डीडी न्यूज और डीडी इंडिया चैनलों पर किया गया। इसके अलावा ऑल इंडिया रेडियो, पीएमओ, शिक्षा मंत्रालय, मायगव और स्वयं प्रभा जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी कार्यक्रम लाइव दिखाया गया।

इस साल कार्यक्रम में रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली। 4।5 करोड़ से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि 2।26 करोड़ से अधिक लोग इससे जुड़ी गतिविधियों में शामिल हुए। कुल मिलाकर 6।76 करोड़ से ज्यादा लोगों की भागीदारी ने परीक्षा पे चर्चा 2026 को अब तक का सबसे बड़ा संस्करण बना दिया।

MCX पर सोना 3000 रुपये उछला, चांदी 11000 रुपये महंगी, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: कमजोर डॉलर और अच्छी स्पॉट डिमांड के कारण सोमवार, 9 फरवरी को MCX पर सोने की कीमतों में तेजी से उछाल आया। सोमवार सुबह MCX पर अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स ₹3,000 से अधिक यानी 2% बढ़कर ₹1,58,500 प्रति 10 ग्राम हो गया।

MCX पर मार्च सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट्स करीब ₹11,000, यानी 4.79 % बढ़कर ₹2,61,870 प्रति किलोग्राम हो गए। वहीं, अंतराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 5,000 डॉलर प्रति औंस से अधिक बढ़ गई है। सिंगापुर में सुबह 8:28 बजे तक, सोना 1.3% बढ़कर 5,028.77 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी 1.7% बढ़कर 79.18 डॉलर पर पहुंच गई। प्लैटिनम और पैलेडियम में भी बढ़ोतरी हुई।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक स्पॉट गोल्ड में शुरुआती कारोबार में 1.7% की बढ़ोतरी देखी गई। इसे जापान की मौजूदा प्रधानमंत्री सानाए ताकाईची की चुनाव में भारी जीत से भी समर्थन मिला।

उनकी जीत से ढीली राजकोषीय नीति और येन पर लगातार दबाव बने रहने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं, जो सोने के लिए सहायक होगा क्योंकि निवेशक मूल्य संरक्षण का बेहतर विकल्प ढूंढ रहे हैं।

चांदी की कीमतों में भी वृद्धि हुई। पिछले महीने के अंत में एक रिकॉर्डतोड़ रैली के बाद, कीमती धातुएं अपने ऑल टाइम हाई से गिर गई थीं। शुक्रवार को बंद होने तक, सोना 29 जनवरी के ऑल टाइम हाई से लगभग 11% नीचे था।

निवेशक सॉवरेन बॉन्ड और मुद्राओं से निकलकर सोने जैसी ठोस संपत्तियों में जा रहे हैं। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने सोने में पिछले सप्ताह के भारी उतार-चढ़ाव के पीछे चीनी व्यापारियों को एक कारण बताया।

कारोबार के एक सप्ताह के बावजूद, सोना अपने नुकसान का लगभग आधा हिस्सा वापस पा चुका है। ड्यूश बैंक एजी और गोल्डमैन सैक्स ग्रुप इंक जैसे बैंकों ने दीर्घकालिक मांग के कारकों के चलते सोने में सुधार को समर्थन दिया है। सप्ताहांत के आंकड़ों से पता चला कि चीनी केंद्रीय बैंक ने 15वें महीने तक सोने की खरीद जारी रखी, जो आधिकारिक मांग में स्थिरता को रेखांकित करता है।

Stock Market: सेंसेक्स 467 अंक उछल कर 84 हजार के पार, निफ्टी 25047 पर

नई दिल्ली। Stock Market Opened: भारतीय शेयर बाजार सोमवार को सप्ताह के पहले दिन हरे निशान पर खुला। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 466.88 अंक या 0.56 प्रतिशत चढ़कर 84,047.28 अंक पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 121.90 अंक या 0.47 प्रतिशत चढ़कर 25,047.28 अंक पर आ गया।  

अच्छे ग्लोबल संकेतों के चलते घरेलू शेयर मार्केट की शुरुआत बंपर उछाल के साथ हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 597 अंकों की उड़ान के साथ 84177 पर खुला। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज NSE के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने 195 अंकों की उछाल के साथ 25889 के लेवल से आज के कारोबार की शुरुआत की।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशियाई मार्केट
    जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची की ऐतिहासिक जीत के बाद एशियाई मार्केटों में तेजी रही। जापान का निक्केई 225 पहली बार 5.6 प्रतिशत उछलकर 57,000 को पार कर गया, जबकि टॉपिक्स 3 प्रतिशत से अधिक बढ़कर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.15 प्रतिशत बढ़ा, जबकि कोस्डैक 2.97 प्रतिशत बढ़ा। हांगकांग के हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने उच्च उद्घाटन का संकेत दिया।
  • गिफ्ट निफ्टी टुडे
    गिफ्ट निफ्टी 25,947 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद होने से लगभग 212 अंक। यह भारतीय शेयर मार्केट सूचकांकों के लिए बंपर शुरुआत का संकेत देता है।
  • वॉल स्ट्रीट
    अमेरिकी शेयर मार्केट शुक्रवार को उच्च स्तर पर बंद हुआ, जिसमें डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज ऐतिहासिक 50,000 अंक से ऊपर बढ़ गया। डॉऊ जोन्स 2.47 प्रतिशत बढ़कर 50,115.67 पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक बंद है। जबकि एसएंडपी 500 ने 1.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,932.30 पर समाप्त हो गया। नैस्डैक 2.18 प्रतिशत बढ़कर 23,031.21 पर बंद हुआ।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील
भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) से पहले एक अंतरिम व्यापार ढांचे की घोषणा की, जिसमें दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता के साथ व्यापार को व्यापक बनाने और अमेरिकी पारस्परिक टैरिफ को 18 प्रतिशत तक कम करने की प्रतिबद्धता है।

India-US Deal: सोयाबीन तेल आयात पर शुल्क कटौती को लेकर असमंजस

नई दिल्ली। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के पहले चरण में पशु आहार और सोयाबीन तेल से जुड़े प्रावधानों को लेकर नई तस्वीर सामने आई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका को सूखा अनाज आधारित पशु आहार पर बहुत सीमित रियायत दी गई है।

यह छूट कोटा आधारित है और कुल घरेलू खपत का केवल एक छोटा हिस्सा कवर करती है। इससे बाजार और किसानों पर बड़े असर की आशंका को कम बताया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक भारत ने डीडीजीएस यानी सूखा अनाज आधारित पशु आहार पर सिर्फ 5 लाख टन तक शुल्क रियायत दी है। देश में पशु चारे की कुल खपत करीब 500 लाख टन है। इस हिसाब से अमेरिकी कोटा सिर्फ एक फीसदी बैठता है। सरकार का कहना है कि यह आयात घरेलू कमी को पूरा करने और चारे की लागत को स्थिर रखने में मदद करेगा।

अधिकारियों ने बताया कि डीडीजीएस के सीमित आयात से मक्का और सोयाबीन जैसे कच्चे माल पर दबाव कम होगा। इससे इंसानों के खाने लायक अनाज को पशु चारे में लगाने की जरूरत घटेगी। पोल्ट्री, डेयरी, एक्वाकल्चर और पशुपालन क्षेत्र को लागत में उतार-चढ़ाव से राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इससे खाद्य मुद्रास्फीति को काबू में रखने में भी मदद मिल सकती है।

बढ़ती मांग के कारण पहले भी हुआ आयात
पिछले कुछ वर्षों में मांग बढ़ने के कारण भारत को पशु आहार और उससे जुड़े उत्पादों का आयात करना पड़ा है। वर्ष 2021 में घरेलू कीमतों के दबाव के चलते करीब 15 लाख टन सोयाबीन मील आयात किया गया था। छह लाख टन से अधिक पशु आहार श्रीलंका, चीन, अमेरिका, थाईलैंड और नेपाल से आया। इसके अलावा म्यांमार, यूक्रेन, सिंगापुर और यूएई से मक्का तथा अफ्रीकी देशों से सोयाबीन का आयात भी हुआ है।

सोयाबीन तेल और चारे पर उद्योग सतर्क
व्यापार समझौते के मसौदे का खाद्य तेल और सोयाबीन प्रसंस्करण उद्योग ने सतर्क स्वागत किया है। समझौते के तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। बदले में भारत अमेरिकी औद्योगिक सामान, सोयाबीन तेल, पशु चारा, अखरोट और कुछ फलों पर शुल्क घटाएगा या खत्म करेगा। हालांकि उद्योग जगत टैरिफ कटौती, कोटा व्यवस्था और गुणवत्ता मानकों के स्पष्ट विवरण का इंतजार कर रहा है।

कीमत और जीएम उत्पादों पर सवाल
सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कहा कि भारत सोयाबीन तेल के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है, इसलिए यह कदम अवसर भी हो सकता है। अभी अमेरिका से आने वाला तेल शुल्क के कारण महंगा पड़ता है और अर्जेंटीना के मुकाबले 30 से 40 डॉलर प्रति टन ज्यादा कीमत पर आता है। उद्योग संगठनों ने यह भी कहा कि अभी साफ नहीं है कि जेनेटिकली मोडिफाइड और गैर-जीएम उत्पादों पर सरकार क्या रुख अपनाएगी।

कोटा के औद्योगिक एवं पर्यटन विकास में निवेश के लिए युवा आगे आएं: माहेश्वरी

कोटा। बोहरा समाज द्वारा रविवार को मुस्तफा हाल पर एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में हाड़ोती को नए क्षेत्रों में कैसे विकसित किया जाए इस पर टॉक शो का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक महेश्वरी एवं दी एसएसआई एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल ने किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अशोक माहेश्वरी ने कहा कि हमें ट्रेडिंग व्यवसाय से उठकर उद्योग एवं पर्यटन विकास के क्षेत्र में आगे आना होगा। आज वह समय आ गया है जब बड़ी-बड़ी कंपनियां उत्पादन के साथ-साथ ऑनलाइन मार्केट भी कर रही हैं, जिससे ट्रेडिंग व्यवसाय खतरे में पड़ रहा है।

माहेश्वरी ने कहा कि उत्पादन क्षेत्र में भी हमारी युवा पीढ़ी को आगे लाना होगा। हमें आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी पर्यटन एवं स्वदेशी उत्पादन जैसे क्षेत्रों में निवेश करना होगा। स्वदेशी पर्यटन में हो रही निरंतर प्रगति के चलते हमें होटल रिसोर्ट एवं पर्यटन से जुड़े व्यवसाय को भी हमारी नई पीढ़ी को आगे लाना होगा, जिससे हाड़ोती के पर्यटन का इंफ्रास्ट्रक्चर भी मजबूत होगा एवं हमारी अर्थव्यवस्था भी पुनः गति पकड़ेगी।

माहेश्वरी ने कहा कि बोहरा समाज की व्यापार में अलग ही साख है, लेकिन अभी तक ट्रेडिंग से ही ज्यादा काम कर रहे हैं। बोहरा समाज कर्मशील समाज है जो सदैव देश के प्रति पूर्ण निष्ठावान है। सदैव देश के सर्वांगीण विकास में विश्वास रखता है। इस अवसर पर बोहरा समाज के सैकड़ो व्यवसाई मौजूद थे।

बोहरा समाज के युवाओं द्वारा औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न उत्पादकों की प्रदर्शनी एवं टॉक शो के माध्यम से नए क्षेत्रों में प्रवेश करने के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई।

टॉक शॉ को संबोधित करते हुए संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल एवं भावी अध्यक्ष दीपक मेहता ने कहा कि बोहरा समाज की पहचान ट्रेडिंग व्यवसाय में ज्यादा है लेकिन आने वाले समय उत्पादन और ट्रेडिंग हमेशा साथ करनी होगी। साथ ही स्वदेशी उत्पादन को आगे बढ़ाने के लिए युवा पीढ़ी को आगे आना होगा।

बोहरा समाज की तिजारत राबेडा कमेटी द्वारा युवा पीढ़ी को नए क्षेत्र में प्रवेश करने की दिशा में यह आयोजन किया गया जिससे शहर की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल सके।