Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 233

कोटा-बून्दी के हर गांव-ढाणी तक रोड कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी: स्पीकर बिरला

सांगोद को 171 करोड़ रुपये के विकास कार्य़ों को मिली सौगात

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र में 171 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण शिलान्यास किया। इस दौरान भांडाहेड़ा 87 करोड़ से प्रस्तावित कैथून से रेलगांव, भांडाहेड़ा–चारचौमा–बालाजी की थाक–अडूसा सड़क निर्माण सहित 111 करोड़ रुपये और बपावरकलां में 21 करोड़ रुपये से प्रस्तावित सांगोद-बपावर-कवाई सड़क सहित 60 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

बिरला ने कहा कि एक समय यहां केवल एक सड़क मार्ग था, बाजार में जाम और अव्यवस्था आम बात थी। छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी वर्षों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन आज स्थिति बदल रही है और व्यापक स्तर पर विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि कोटा-बून्दी क्षेत्र सड़क संपर्क के मामले में अग्रणी बने। इसी दिशा में पिछले पांच दिनों में ही 713 करोड़ रुपए के सड़क कार्यों का शुभारंभ किया गया है।

कोटा-बून्दी क्षेत्र को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की निकटता का भी लाभ मिल रहा है, जिससे किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुँचाने में सुविधा होगी और परिवहन लागत में कमी आएगी। इससे स्थानीय उद्योग और व्यापार को भी नई गति मिलेगी। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य, इन सभी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है।

क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की रखी नींव- नागर
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि हमने केवल दो वर्षो में सांगोद क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक योजनाओं को नई गति मिल रही है। 171 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात इसका प्रमाण है। आने वाले समय में सांगोद विधानसभा एक नया स्वरूप नजर आएगा। ग्रामीण अंचलों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से आमजन का जीवन स्तर बेहतर होगा और स्थानीय युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे।

इन कार्यों की भी मिली सौगात
कार्यक्रम के दौरान दीगोद-चन्द्रावला पुलिया, जालिमपुरा-हरिपुरा सड़क, जालिमपुरा–हरिपुरा पुलिया, सीमलिया- कंवरपुरा सडक , कल्याणपुरा व उकल्दा सड़क, सीमलिया–हनौतिया संपर्क सड़क, पोलाईकलां-बरगू सड़क, चावण्डहेड़ी व दरबीजी में पुलिया, ग्राम पावड़ा और निमोदा में 33/11 केवी जीएसएस निर्माण तथा भौरां में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण भी किया गया। बपावर में ग्राम कमोलर से जबरीकला–रहलावद–खादिया से स्टेट हाईवे तक 13 करोड़ रुपये की सड़क, ग्राम लटूरी और गेहूंखेड़ा में 33/11 केवी जीएसएस सहित अनेक सौगाते मिली। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण किट का वितरण भी किया गया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह, कृष्णा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

Kota Mandi: एनसीडेक्स पर 4 फीसदी मंदी का सर्किट लगने से धनिया 200 रुपये लुढ़का

कोटा। Kota Mandi Price Today: एनसीडेक्स पर अप्रैल का वायदा में 4 फीसदी मंदी का सर्किट लगने से भामाशाह अनाज मंडी में गुरुवार को धनिया 200 रुपये लुढ़क गया। कमजोर उठाव से गेहूं 30 रुपये, सरसों 100 रुपये, लहसुन 200 रुपये लुढ़क गया।

कारोबारी सूत्रों के अनुसार एनसीडेक्स पर अप्रैल का धनिया वायदा 544 रुपये गिरकर 11320 रुपये, मई वायदा 510 रुपये टूटकर 11432 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब एक लाख कट्टे और लहसुन की 1500 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं 2275 से 2350, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1550, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ 2000 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3201, धान (1509) 3400 से 4100, धान (1847) 3200 से 3701, धान (1718-1885) 3900 से 4350, धान (पूसा-1) 3600 से 4250, धान (1401-1846) 3800 से 4320, धान दागी 1500 से 3500 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 5351, सरसों 5200 से 6300, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900, उड़द 4500 से 8200, चना देशी 4700 से 5001, चना मौसमी 4700 से 5000, चना पेप्सी 4800 से 5001, चना डंकी 3500 से 4700, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना 4500 से 4900 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 3300 से 6500, मैथी 4000 से 5200, धनिया बादामी 7500 से 9300, धनिया ईगल 9200 से 9800, धनिया नया गीला 6700 से 9500, धनिया रंगदार 10000 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल।

लखनऊ मंडल में सिग्नलिंग कार्य के कारण कई गाड़ियों का मार्ग बदला

कोटा। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग व्यवस्था के प्रावधान के कारण कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली निम्नलिखित गाड़ियों का संचालन निर्धारित तिथियों में परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा—

  • गाड़ी संख्या 13240 कोटा–पटना एक्सप्रेस दिनांक 25.02.2026 को अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया कानपुर सेंट्रल–प्रयागराज–चुनार–पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से संचालित की जाएगी।
  • गाड़ी संख्या 19669 उदयपुर सिटी–पटना हमसफर एक्सप्रेस दिनांक 25.02.2026 को अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया कानपुर सेंट्रल–प्रयागराज–चुनार–पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से संचालित की जाएगी।
  • गाड़ी संख्या 15668 कामाख्या जंक्शन–गांधीधाम जंक्शन एक्सप्रेस दिनांक 25.02.2026 को अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया कानपुर सेंट्रल–प्रयागराज–चुनार–पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से संचालित की जाएगी।
  • गाड़ी संख्या 13239 पटना–कोटा एक्सप्रेस दिनांक 26.02.2026 को अपने निर्धारित मार्ग की बजाय परिवर्तित मार्ग वाया पंडित दीनदयाल उपाध्याय–चुनार–प्रयागराज–कानपुर सेंट्रल मार्ग से संचालित की जाएगी।

कोटा में पहली बार ‘प्यूपिलोप्लास्टी’ से लौटी 67 वर्षीय महिला की रोशनी

0

कोटा। चिकित्सा जगत में कोटा शहर ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 67 वर्षीय एक महिला, जिन्होंने बाएं आंख की सर्जरी किसी अन्य अस्पताल में करवाई थी लेकिन जटिलता के कारण उनकी दृष्टि वापस नहीं आ सकी, अब फिर से दुनिया के रंग देख पा रही हैं।

कई अस्पतालों में दिखाने के बाद जब उन्हें यह कह दिया गया कि अब उस आंख से देख पाना संभव नहीं है, तो उन्होंने उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। बाद में नयापुरा, कोटा स्थित एक नेत्र अस्पताल में जांच के दौरान उन्हें विशेषज्ञ राय के लिए सरोया आई हॉस्पिटल रेफर किया गया।

डॉ. अर्नव सरोया और उनकी टीम ने आंख की दृष्टि क्षमता (Visual Potential) जांचने के लिए दो विशेष परीक्षण किए। जांच में यह संकेत मिला कि आंख में दृष्टि वापस आने की संभावना है।

इसके बाद सेंट्रल इंडिया में पहली बार अत्याधुनिक प्रक्रिया ‘प्यूपिलोप्लास्टी’ करने की योजना बनाई गई। डॉ. सरोया को इस प्रकार के जटिल मामलों का व्यापक अनुभव चेन्नई में अपनी सुपर-स्पेशियलिटी ट्रेनिंग के दौरान प्राप्त हुआ था, लेकिन मध्य भारत में यह प्रक्रिया पहली बार की गई। सर्जरी सफल रही।

ऑपरेशन के मात्र 12 घंटे के भीतर महिला की दृष्टि “सिर्फ रोशनी की पहचान” (Perception of Light) से सुधरकर 6/24 हो गई और अगले 5-7 दिनों में और तेज़ी से रोशनी बढ़ने की उम्मीद है ।

अगले ही दिन वे अपने डॉक्टर को पहचान पा रही थीं, अपने पोते और पति का चेहरा साफ देख पा रही थीं और वर्षों बाद फिर से दुनिया के रंगों को निहार सकीं।

सबसे भावुक क्षण तब आया जब उनका पोता अपनी दादी को विज़न चार्ट पढ़ते देख भावुक होकर रो पड़ा। परिवार के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं था।

यह उपलब्धि न केवल सरोया आई हॉस्पिटल बल्कि पूरे कोटा शहर और राजस्थान के लिए गर्व का विषय है। जिस मरीज को 4-5 अस्पतालों में निराशा मिली, उसी मरीज को यहां नई दृष्टि और नई उम्मीद मिली।

चिकित्सकों का कहना है कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञता के सही समन्वय से असंभव दिखने वाले मामलों में भी सफलता पाई जा सकती है।

विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य सेवाओं की नवीनतम प्रगति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी रखें। कोटा, राजस्थान में अब विश्वस्तरीय नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। अंधेरे में उम्मीद की यह किरण बताती है कि सही उपचार और विशेषज्ञता से जीवन में फिर से रंग भरे जा सकते हैं।

सूबेदारगंज–बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट होली स्पेशल ट्रेन 2 मार्च से चलेगी

यह गाड़ी बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर एवं कोटा स्टेशनों से होकर गुजरेगी

कोटा। होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा सूबेदारगंज–बांद्रा टर्मिनस–सूबेदारगंज सुपरफास्ट होली स्पेशल ट्रेन (साप्ताहिक) का संचालन किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04125 (सूबेदारगंज–बांद्रा टर्मिनस) का संचालन दिनांक 02.03.26 से 30.03.26 तक प्रत्येक सोमवार को कुल 05 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन सूबेदारगंज स्टेशन से 05.20 बजे प्रस्थान कर बयाना (14.43 बजे), गंगापुर सिटी (15.40 बजे), सवाई माधोपुर (16.28 बजे) एवं कोटा (17.45 बजे) पर ठहरते हुए अगले दिन 09.30 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04126 (बांद्रा टर्मिनस–सूबेदारगंज) का संचालन दिनांक 03.03.26 से 31.03.26 तक प्रत्येक मंगलवार को 05 फेरे के लिए किया जाएगा।

यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस स्टेशन से 11.15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन कोटा (01.20 बजे), सवाई माधोपुर (02.40 बजे), गंगापुर सिटी (03.30 बजे) एवं बयाना (05.03 बजे) पर ठहरते हुए 17.00 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में सूबेदारगंज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा जंक्शन, टुंडला जंक्शन, ईदगाह जंक्शन, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, बयाना जंक्शन, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर जंक्शन, कोटा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, वडोदरा जंक्शन, सूरत, वापी, बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

इस विशेष ट्रेन में 4 सामान्य श्रेणी, 6 शयनयान श्रेणी, 6 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी एवं 4 वातानुकूलित इकोनॉमी तृतीय श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।

कोटा-पटना एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन
लखनऊ मंडल में मेगा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक के कारण गाड़ी संख्या 13238/13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस का संचालन दिनांक 01.04.2026 से 12.05.2026 तक अपने निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग वाया कानपूर–प्रयागराज–मिर्जापुर–पंडित दीनदयाल उपाध्याय होकर किया जाएगा।

लोकसभा अध्यक्ष और ऊर्जा मंत्री ने भांडाहेड़ा में दी 111 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

सिमलिया/कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गुरुवार को भांडाहेडा के खेल मैदान में क्षेत्रवासियों को 111 करोड़ रुपये की लागत वाले 19 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान सड़क, पुलिया, उप-स्वास्थ्य केंद्र और जीएसएस जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य हर बुनियादी सुविधा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने परवन सिंचाई परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि 2026 तक क्षेत्र के खेतों में पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

बिरला ने विश्वास दिलाया कि आगामी दो वर्षों में ट्यूबवेल और हैंडपंप की निर्भरता खत्म कर ‘हर घर जल’ योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए पोषण किट वितरण और शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि तीन साल बाद जब वे पुनः जनता के बीच आएंगे, तो क्षेत्र 75 वर्षों के अभावों से मुक्त होगा। उन्होंने जनता के भरोसे को अपनी शक्ति बताते हुए कठिन परिश्रम और सेवा का संकल्प दोहराया।

​विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 87.08 करोड़ रुपये की लागत से कोटा-कैथून से अडूसा तक सड़क चौड़ाईकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही संपर्क सड़कों का लोकार्पण भी संपन्न हुआ।

ग्रामीणों की सुविधा हेतु दीगोद-चन्द्रावला, जालिमपुरा-हरिपुरा, चावण्डहेड़ी और दरबीजी में नवनिर्मित पुलियाओं को जनता को समर्पित किया गया। जिससे वर्षा ऋतु में आवागमन की बाधा दूर होगी। साथ ही, ग्राम भौंरा में 55 लाख की लागत से बने उप-स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण से स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि क्षेत्र के विद्युत ढांचे को मजबूती प्रदान करने के लिए 5.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दो नए 33/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) ‘पाचडा’ और ‘नीमोदा’ का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन जीएसएस के निर्माण से दर्जनों गांवों के किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से मुक्ति मिलेगी और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इन परियोजनाओं से तकनीकी छीजत में कमी आएगी और प्रति वर्ष लगभग 13.42 लाख यूनिट बिजली की बचत होगी, जो राजस्व और पर्यावरण दोनों के लिए हितकारी है। मंत्री नागर ने संकल्प दोहराया कि वे किसान के खेत और घर में रोशनी की कमी नहीं आने देंगे।

इस अवसर पर देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल और दीगोद प्रधान कृष्णा शर्मा, दीगोद मण्डल अध्यक्ष इन्द्र मोहन खंडेलवाल, सिमलिया मण्डल अध्यक्ष उछमा मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

कोटा के गायक प्रिंस वर्मा का भजन टी-सीरीज भक्ति सागर पर रिलीज

कोटा। Prince Verma’s bhajan on T-Series: कोटा के प्रसिद्ध गायक और कलाकार प्रिंस वर्मा का नया हिंदी भजन टी-सीरीज पर गुरुवार को लॉन्च हो गया है। वह भजन भगवान खाटू श्याम पर आधारित “श्याम कभी अपने दर से दूर हमें ना करना है। यह उनका पहला हिंदी भजन है। यह बड़े लेवल टी-सीरीज पर रिलीज हुआ है।

यह जानकारी पत्रकार वार्ता में सिंगर प्रिंस वर्मा ने दी उन्होंने बताया कि करीब 7 मिनट के इस भजन को उन्होंने खुद गाया और बोल लिखे हैं। लीड रोल में वे स्वयं है। जबकि म्यूजिक डायरेक्टर जाने माने सिंगर बप्पी लहरी हैं। यह टी-सीरीज भक्ति सागर के प्लेटफॉर्म पर मिलेगा।

उन्होंने बताया की यह भजन “श्याम कभी अपने दर से दूर हमें ना करना” एक श्याम बाबा के भक्त की कहानी पर आधारित है। वह एक ऑफिस में काम करता है और वहां से लाखों कठिनाइयों, अवरोध के बाद भी समय निकालकर बाबा के दर पर दर्शन के लिए जाता है। इस पूरी कहानी को इस वीडियो में दिखाया गया है। वीडियो में पत्नी के रोल में उनके साथ कोटा की इन्फ्लुएंसर सोना रसानिया है। प्रिंस वर्मा का कहना है कि पिता की कृपा और भगवान खाटू श्याम बाबा का आशीर्वाद ही उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की ताकत देता है।

श्याम दर्शन से मिले थे शुरूआती बोल
खाटू श्याम दर्शन के दौरान उन्हें “श्याम कभी अपने दर से दूर हमें ना करना” जैसे शब्द मिले। उनकी कृपा से मिले शब्द को उन्होंने आगे बढ़ाया। फिर यह पूरा भजन गीत “जीना मुश्किल हो जाएगा दूर जो तूने हमको किया श्याम कभी अपने दर से दूर हमें ना करना” तैयार किया। यह पूरा गीत सिर्फ एक महीने में तैयार हो गया, लेकिन वीडियो शूटिंग और टी-सीरीज तक पहुंचने में 8 महीने लगे।

इन लोकेशन पर फिल्माया भजन
वीडियो शूटिंग लोकेशन में मुख्य शूटिंग रींगस श्री खाटू श्याम मंदिर में हुई। इसके साथ ही जयपुर की कई लोकेशन, नेशनल हाईवे, कोटा के प्राइवेट स्कूल्स पर की गई है। प्रिंस वर्मा कहते हैं कि यह गीत पूरी तरह बाबा श्याम की कृपा से बना है। यह भजन भक्तों के लिए एक प्रार्थना है कि श्याम बाबा कभी अपने दरबार से दूर न करें।

प्रिंस का कहना है कि उनका परिवार संगीत के क्षेत्र में काफी आगे है। उनके पिता राजेंद्र कुमार वर्मा भी अच्छे गीतकार थे। दादी मोहिनी देवी वर्मा महात्मा गांधी स्कूल में संगीत की शिक्षक थी। दादी से ही उन्होंने संगीत की अधिकांश शिक्षा ली है। उनके चाचा राजेश वर्मा भी संगीतकार रहे हैं।

भारतीय आयातकों ने अमरीका से 75 हजार टन सोया तेल का आयात सौदा कैंसिल किया

मुम्बई। आमतौर पर जब वैश्विक बाजार मूल्य में गिरावट आती है तब आयातक पूर्व में ऊंचे दाम पर किए गए सौदों को निरस्त करते हैं लेकिन इस बार सोया तेल के मामले में स्थिति उल्टी हो गई। भारतीय आयातकों ने लैटिन अमरीकी देशों से पहले अप्रैल-जून शिपमेंट के लिए 1080-1100 डॉलर प्रति टन की दर से क्रूड सोयाबीन तेल में आयात का अनुबंध किया था

लेकिन बाद में जब वहां इसका भाव उछलकर 1140-1147 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया तब भारतीय आयातकों ने 65 से 75 हजार टन तेल का अनुबंध निरस्त करके उसे वापस आपूर्तिकर्ताओं (निर्यातकों) को ही बेच दिया और इस तरह प्रति टन सोया तेल पर उसे 40 से 60 डॉलर तक का मुनाफा कमाने का अवसर मिल गया। ज्ञात हो कि भारत अब दुनिया में सोयाबीन तेल का सबसे प्रमुख आयातक देश बन गया है। इसका सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से होता है।

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार चूंकि सोयाबीन तेल का अंतर्राष्ट्रीय बाजार मूल्य अब भी ऊंचा चल रहा है इसलिए आगामी समय में आयात अनुबंध के तहत कैंसिल होने वाले सोयाबीन तेल की कुल मात्रा बढ़कर 1.00-1.20 लाख टन पर पहुंच सकती है। कई अन्य आयातक इस तरह की मंशा व्यक्त कर चुके हैं।

पेट्रोलियम की कीमतों में आई तेजी के कारण शिकागों बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबोट) में बेंचमार्क सोयाबीन तेल का वायदा भाव उछलकर गत दो वर्षों के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा भारत के साथ अमरीका का व्यापार समझौता होने तथा अमरीका में जैव ईंधन निर्माण में सोया तेल के उपयोग का कोटा बढ़ाए जाने की उम्मीद से भी कीमतों को काफी समर्थन मिला।

शेयर बाजार की सपाट क्लोजिंग, सेंसेक्स 27 अंक टूटा, निफ्टी 25496 पर बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed: सीमित दायरे में कारोबार करते हुए 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 27.46 अंक या 0.03 प्रतिशत गिरकर 82,248.61 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, इसने 82,579.16 का उच्च और 81,970.47 का निम्न स्तर छुआ, जिसमें 608.69 अंकों का उतार-चढ़ाव आया। वहीं एनएसई निफ्टी 14.05 अंक या 0.06 प्रतिशत बढ़कर 25,496.55 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
सेंसेक्स पैक में, ट्रेंट, एटर्नल, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक सबसे अधिक गिरावट वाले शेयरों में शामिल थे। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, अदानी पोर्ट्स, मारुति और भारती एयरटेल लाभ कमाने वाले शेयरों में शामिल थे।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बढ़त के साथ 82,418 पर ओपन हुआ। खुलते ही यह 82,579 अंक तक चढ़ गया। हालांकि, बाद में लाल निशान में फिसला गया। अंत में 27.46 अंक या 0.03 प्रतिशत गिरकर 82,248.61 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी मजबूती के साथ 25,556 अंक पर खुला। लेकिन कारोबार के दौरान 25,500 के स्तर से नीचे फिसल गया। अंत में 14.05 अंक या 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त लेकर 25,496 पर बंद हुआ।

जियोजित इन्वेस्टमेंट के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ”मिले-जुले वैश्विक संकेतों और अमेरिका–ईरान न्यूक्लियर वार्ता को लेकर बढ़ी सतर्कता के बीच घरेलू बाजार ने शुरुआती बढ़त गंवा दी। साथ ही अमेरिका में बेरोजगारी दावों के आंकड़े और भारत की सकल घरेलू उत्पाद के आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों ने मुनाफावसूली की।”

उन्होंने कहा, ”कारोबार आगे बढ़ने के साथ निवेशकों ने दवा और स्वास्थ्य जैसे कम उतार-चढ़ाव वाले क्षेत्रों की ओर रुख किया। रक्षा शेयरों में भी तेजी देखी गई, क्योंकि भारत–इज़राइल के बीच संभावित तकनीकी सहयोग की उम्मीद से उत्साह बढ़ा। दिन के अंत में भारतीय और अमेरिकी वाणिज्य अधिकारियों की बैठक की खबरों से माहौल कुछ सुधरा। इससे द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में प्रगति की उम्मीद जगी और बाजार लगभग सपाट स्तर पर बंद हुआ।”

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में बीईएल, सन फार्मा, अदानी पोर्ट्स, भारती एयरटेल और मारुति प्रमुख रूप से बढ़त में रहने वाले शेयरों में रहे। दूसरी तरफ, ट्रेंट लिमिटेड, इटरनल, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व और एशियन पेण्ट गिरावट में रहे।

ब्रोडर मार्केट के इंडेक्स में मिला-जुला रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.66 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और स्मॉलकैप इंडेक्स सपाट रहा। सेक्टर के हिसाब से निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी फार्मा ने बेहतर प्रदर्शन किया। ये इंडेक्स क्रमशः 1.24 प्रतिशत और 1.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, निफ्टी मीडिया और निफ्टी एफएमसीजी सूचकांक कमजोर रहे और क्रमशः 0.68 प्रतिशत और 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना परिणय बंधन में बंधे

नई दिल्ली। साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी का इंतजार कर रहे फैंस का इंतजार खत्म हो गया है। आज यानी 26 फरवरी को रश्मिका और विजय शादी के बंधन में बंध गए हैं।

विजय और रश्मिका की शादी उदयपुर में हुई। फैंस को दोनों की शादी की पहली तस्वीर का इंतजार है। रश्मिका और विजय की अभी शादी तेलुगु रीति-रिवाजों से हुई है। शाम को कोडवा रीति-रिवाजों से दोनों की शादी होगी।

रश्मिका और विजय की शादी उदयपुर के मेंमेटोज बाई आईटीसी होटल्स में हुई। सोशल मीडिया पर वेन्यु के बाहर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में रश्मिका और विजय की शादी में पहुंचे कुछ गेस्ट पैप्स को मिठाइयां बांटते नजर आए।

हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन
रश्मिका मंदाना और विजय की आज शादी के बाद चार मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन होगा।इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रश्मिका को कोरियन पॉप कल्चर पसंद है तो वेडिंग फेस्टिविटीज की शुरुआत के-ड्रामा थीम से हुई। विजय ने रश्मिका के लिए PSY का गैंगनम स्टाइल डांस किया। इस दौरान अंताक्षरी खेली गई। रूल ये था कि इसमें बॉलीवुड गानों की बजाय सिर्फ विजय और रश्मिका की फिल्मों के गाने ही गाने होंगे। जीतने वाली टीम को लग्जरी गिफ्ट हैम्पर दिया गया।

रश्मिका और विजय की लव स्टोरी की बात करें तो दोनों की मुलाकात एक फिल्म के सेट पर हुई थी।ये फिल्म दोनों की साथ में पहली फिल्म थी। इस फिल्म का नाम था गीता गोविंदम। फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई थी। दोनों की ऑन-स्क्रीन कैमिस्ट्री को खूब पसंद किया गया था।

इसके बाद से ही दोनों की डेटिंग की चर्चा होने लगी थी। साल 2019 में दोनों की फिल्म डियर कॉमरेड आई। फैंस के बीच दोनों की रिलेशनशिप की बातें होनें लगीं, लेकिन कपल ने कभी भी इस चीज पर आधिकारिक जानकारी नहीं दी। इस फिल्म के बाद रश्मिका और विजय को काफी इवेंट्स वेकेशन और पार्टियों में एक साथ देखा गया।