Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 232

Pak Afghanistan War: पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच भीषण जंग शुरू

नई दिल्ली। Pakistan Afghanistan War: भारत के पड़ोस में भीषण जंग शुरू हो गई है। यहां पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद बड़े सैन्य संघर्ष में तब्दील हो चुकी है और पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान के साथ युद्ध का ऐलान कर दिया है।

ताजा संघर्ष तब शुरू हुआ जब अफगानिस्तान ने पाकिस्तान द्वारा बीते सप्ताह किए गए हवाई हमलों का जवाब देते हुए गुरुवार देर रात जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। काबुल ने दावा किया कि उसने डूरंड लाइन पर करीब 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और पाकिस्तान की 15 से अधिक चौकियों पर कब्जा कर लिया।

इसके बाद पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’ शुरू कर अफगानिस्तान में भीषण हवाई हमले किए जिनमें 130 से ज्यादा तालिबान लड़कों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। पाकिस्तान ने शुक्रवार तड़के काबुल, कंधार और पक्तिया में बमबारी की है।

शांति की अपील
पाकिस्तान और अफगानिस्तान बॉर्डर पर तनाव बढ़ने के बाद संयुक्त राष्ट्र ने शांति की अपील की है। अफगानिस्तान के लिए UN के स्पेशल रिपोर्टर, रिचर्ड बेनेट ने भी दोनों पक्षों से शांत रहने और अंतर्राष्ट्रीय और मानवीय कानून का सम्मान करने की भी अपील की है।

दो 50MP OIS कैमरा, 8000mAh बैटरी के साथ लॉन्च होगा OnePlus 15T फोन

नई दिल्ली। वनप्लस का अगला फ्लैगशिप फोन OnePlus 15T अब सुर्खियों में है। लीक रिपोर्टों के मुताबिक, OnePlus 15T में 7,000mAh से 8,000mAh तक की बड़ी बैटरी देखने को मिल सकती है।

साथ ही कंपनी 100W तक की फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दे सकती है, जिससे बड़ी बैटरी भी बहुत जल्दी चार्ज हो जाएगी। इतना ही नहीं OnePlus 15T में वायरलेस चार्जिंग और मैग्नेटिक कूलिंग एक्सेसरी जैसे फीचर्स भी मिल सकते हैं, जो इसे सिर्फ पावर नहीं बल्कि स्मार्ट और एडवांस्ड फोन बनाते हैं। खास बात यह है कि यह फोन कंपैक्ट साइज में पेश होगा।

साथ ही OnePlus 15T की कैमरा डिटेल भी लीक हो गयी हैं इसमें दो 50 मेगापिक्सल के रियर कैमरे होंगे और दोनों में OIS सपोर्ट होगा। दोनों कैमरा में OIS मौजूद है, जिससे फोटो और वीडियो दोनों और स्थिर और साफ आएंगे।

रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि OnePlus 15T मार्च या अप्रैल 2026 के आसपास लॉन्च हो सकता है और यह दुनिया भर में अलग-अलग मार्केट में OnePlus 15s नाम से भी उपलब्ध हो सकता है।

कलर ऑप्शन और स्टोरेज
वनप्लस क्लब के X पर पोस्ट के मुताबिक OnePlus 15T को कंपनी कई स्टोरेज और कलर ऑप्शन के साथ लॉन्च कर सकती है। इस फोन का 12GB रैम और 256GB स्टोरेज वेरिएंट सिर्फ Relaxing Matcha कलर में उपलब्ध हो सकता है। वहीं 12GB रैम और 512GB स्टोरेज मॉडल तीन रंगों Pure Cocoa, Healing White Chocolate और Relaxing Matcha में पेश किया जा सकता है।

इसके अलावा 16GB रैम और 256GB स्टोरेज वेरिएंट भी इन्हीं तीनों कलर ऑप्शन Pure Cocoa, Healing White Chocolate और Relaxing Matcha में देखने को मिल सकता है। 16GB + 512GB मॉडल भी इन्हीं तीन रंगों में उपलब्ध रहने की उम्मीद है। सबसे टॉप वेरिएंट 16GB रैम और 1TB स्टोरेज के साथ आएगा, और यह भी Pure Cocoa, Healing White Chocolate और Relaxing Matcha कलर में पेश किया जा सकता है।

OnePlus 15T के फीचर्स
OnePlus 15T में इंडस्ट्री का सबसे पतला मैग्नेटिक कूलिंग एक्सेसरी मिल सकता है। यह एक्सेसरी फोन के बैक पर मैग्नेटिक तरीके से जुड़ती है और फोन को ठंडा रखती है, खासकर जब आप गेम खेल रहे हों या किसी भारी टास्क पर काम कर रहे हों। OnePlus 15T को स्नैपड्रैगन 8 Elite Gen 5 चिपसेट के साथ पेश किया जा सकता है जो आज के सबसे शक्तिशाली प्रोसेसर में से एक है।

फोन में 6.32-इंच OLED 165Hz डिस्प्ले होने की उम्मीद है। नए लीक के अनुसार OnePlus 15T में दो 50 मेगापिक्सल के रियर कैमरे होंगे। पहला कैमरा Sony LYTIA 700 सेंसर वाला मुख्य कैमरा होगा। दूसरा कैमरा Samsung ISOCELL JN5 सेंसर वाला telephoto कैमरा होगा, जिसका काम ज़ूम और पोर्ट्रेट फोटो को और बेहतर बनाना है। दोनों कैमरों में OIS मिलेगा, जिससे तस्वीरें और वीडियो स्थिर और साफ आएंगी।

दिल्ली शराब घोटाले में क्लीन चिट मिलने पर भावुक हुए ‘आप’ चीफ केजरीवाल

0

दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 लोग बरी

नई दिल्ली। Delhi liquor scam: राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 लोगों को बरी कर दिया है। दिल्ली शराब घोटाला में क्लीन चिट मिलने के बाद आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पत्रकारों से बात करते वक्त फूट-फूटकर रो पड़े।

केजरीवाल ने कहा, ‘पिछले कुछ सालों से बीजेपी जिस तरह से शराब घोटाले के बारे में कह रही थी और हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी तो आज कोर्ट ने सभी आरोप खारिज कर दिए और सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। हमें न्यायपालिका पर भरोसा है, सत्य की जीत हुई, AAP को खत्म करने के लिए सभी बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया था।’

केजरीवाल ने आगे कहा, ‘यह पूरा फर्जी केस था, केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और AAP कट्टर ईमानदार है’, उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, ‘अच्छा काम करके सत्ता में आइए और झूठे केस करके हमें जेल में डालना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता।’

देखिए मामले में बरी हुए लोगों की पूरी लिस्ट

  1. कुलदीप सिंह
  2. नरेंद्र सिंह
  3. विजय नायर
  4. अभिषेक बोइनपल्ली
  5. अरुण रामचंद्र पिल्लई
  6. मूथा गौतम
  7. समीर महेंद्रू
  8. मनीष सिसोदिया
  9. अमनदीप सिंह धल्ल
  10. अर्जुन पांडे
  11. बुच्चीबाबू गोरंतला
  12. राजेश जोशी
  13. दामोदर प्रसाद शर्मा
  14. प्रिंस कुमार
  15. अरविंद कुमार सिंह
  16. चनप्रीत सिंह रयात
  17. के.कविता
  18. अरविंद केजरीवाल
  19. दुर्गेश पाठक
  20. अमित अरोड़ा
  21. विनोद चौहान
  22. आशीष चंद माथुर
  23. सरथ चंद्र रेड्डी

केजरीवाल के वकील ने क्या बोला
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के वकील विवेक जैन ने कहा, ‘एक्साइज स्कैम में राउज एवेन्यू के स्पेशल कोर्ट ने सभी मुजरिमों को बरी कर दिया है। उन्होंने बरी तब किया है जब सभी साक्ष्य और सभी स्टेटमेंट कोर्ट द्वारा देखे गए थे, उन्होंने माना कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ कोई आरोप नहीं है, CBI का आरोप था कि जो पॉलिसी बनाई गई थी, उसमें पूरी तरह से हेरफेर किया गया था। उसमें नकली डॉक्यूमेंट्स जोड़े गए थे।

कोर्ट ने आदेश में क्या कहा
स्पेशल जज (PC एक्ट) जितेंद्र सिंह ने मामले में आरोपों पर अपना आदेश सुनाते हुए कहा कि आबकारी नीति में कोई व्यापक साजिश या आपराधिक मंशा नहीं थी। लिहाजा, अदालत ने सीबीआई को आदेश दिया कि वह इन सभी 23 लोगों के खिलाफ अपना केस बंद कर दे। अदालत ने यह भी कहा कि अभियोजन का केस न्यायिक स्क्रूटनी में टिक नहीं पाता क्योंकि सीबीआई ने सिर्फ अंदाजे के आधार पर साजिश की कहानी बनाने की कोशिश की थी। इस तरह सीबीआई इन 23 आरोपियों में से किसी के भी खिलाफ कोई प्रथम दृष्टया केस खड़ा करने में नाकाम साबित हुई।

सीबीआई फैसले को तुरंत देगी चुनौती
सीबीआई ने दिल्ली शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और के. कविता सहित अन्य को आरोप मुक्त किए जाने के फैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती देने का निर्णय लिया है। बता दें कि दिल्ली की विशेष अदालत ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत अन्य सभी आरोपियों को कथित शराब नीति घोटाला मामले में शुक्रवार को आरोप मुक्त कर दिया। CBI के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि एजेंसी ने ट्रायल कोर्ट के फैसले के खिलाफ तुरंत हाई कोर्ट में अपील करने का फैसला किया है क्योंकि जांच के कई पहलुओं को या तो नजरअंदाज कर दिया गया है या उन पर ठीक से विचार नहीं किया गया है।

पीएम मोदी के इजरायल दौरे से पाकिस्तान की नींद हराम हो गई, जानिए क्यों

इस्लामाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया इजरायल दौरे ने वैश्विक कूटनीति में बड़ी हलचल पैदा कर दी है, और इसका सबसे ज्यादा असर पड़ोसी देश पाकिस्तान पर देखने को मिल रहा है।

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा एक नए ‘हेक्सागन अलायंस’ की घोषणा के बाद से ही पाकिस्तान में बौखलाहट का माहौल है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने एक ताजा बयान जारी कर इस गठबंधन को इस्लामी दुनिया के खिलाफ एक ‘साजिश’ करार दिया है और खुले तौर पर अपनी सुरक्षा को लेकर डर जाहिर किया है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय (FO) ने गुरुवार को कहा कि वह भारत और इजरायल के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग पर ‘करीबी नजर’ रखे हुए है। यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री मोदी की हालिया इजरायल यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रक्षा, टेक्नोलॉजी, ऊर्जा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की घोषणा की है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भारत द्वारा इजरायली रक्षा प्रणालियों और प्लेटफॉर्म्स के इस्तेमाल को लेकर इस्लामाबाद सतर्क है। उनके अनुसार- हम अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए उत्पन्न खतरे से पूरी तरह अवगत हैं।

पाकिस्तान की बौखलाहट की वजह
पीएम मोदी के दौरे के दौरान, बेंजामिन नेतन्याहू ने एक नए रणनीतिक गुट की रूपरेखा दुनिया के सामने रखी, जिसने पाकिस्तान की चिंता बढ़ा दी है। नेतन्याहू ने ऐलान किया कि इस ‘हेक्सागन अलायंस’ में इजरायल के साथ भारत, ग्रीस और साइप्रस मुख्य रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा कुछ अरब, अफ्रीकी और एशियाई देशों के भी इसमें जुड़ने की बात कही गई है, हालांकि उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है।

गठबंधन का उद्देश्य: इजरायली पीएम ने स्पष्ट किया कि यह अलायंस मिलकर इस्लामी कट्टरपंथी दुश्मनों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ेगा।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय का रिएक्शन
नेतन्याहू के इस ऐलान के तुरंत बाद, पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना डर और विरोध दर्ज कराया था। अंद्राबी ने इस नए अलायंस को सीधे तौर पर मुस्लिम देशों के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश बताया है। पाकिस्तान का मानना है कि ‘कट्टरपंथ’ के खिलाफ लड़ाई की आड़ में इस गठबंधन का असली निशाना मुस्लिम राष्ट्र हैं।

पाकिस्तान ने खुले तौर पर माना है कि उसे इस गुट से खतरा है। अंद्राबी ने कहा- हम उन खतरों से पूरी तरह वाकिफ हैं, जो वे (अलायंस के देश) हमारी सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए पैदा करते हैं। अपने डर को छिपाने और अपनी आवाम को ढांढस बंधाने के लिए अंद्राबी ने आगे जोड़ा- हम बताना चाहते हैं कि पाकिस्तान ने दुश्मन ताकतों के किसी भी संभावित हमले को रोकने के लिए अपनी सैन्य तैयारियां पूरी तरह से मजबूत रखी हैं।

पाकिस्तान को ‘खतरा’ क्यों
भारत और इजरायल के बीच बढ़ती रणनीतिक और सैन्य साझेदारी हमेशा से पाकिस्तान के लिए खौफ का विषय रही है। इजरायल भारत को एडवांस हथियार, सर्विलांस ड्रोन और आधुनिक मिसाइल रक्षा प्रणालियां मुहैया कराता है। इस दौरे में भी रक्षा सौदों को लेकर चर्चा हुई है, जिससे पाकिस्तान को अपनी सैन्य हैसियत कमजोर होती दिख रही है।

इस नए ‘हेक्सागन अलायंस’ में भारत की मजबूत मौजूदगी यह दर्शाती है कि मध्य पूर्व और भूमध्यसागरीय क्षेत्र की राजनीति में भारत का कद तेजी से बढ़ रहा है, जबकि पाकिस्तान अलग-थलग पड़ रहा है। आतंकवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ भारत और इजरायल की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति सीधे तौर पर पाकिस्तान के उस इकोसिस्टम पर चोट करती है, जिसके तहत वह अपनी जमीन पर आतंकी गुटों को पनाह देता है।

Gold Price: सोना 1.60 लाख रुपये के पार, चांदी 3% महंगी, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price: एमसीएक्स पर अप्रैल गोल्ड वायदा करीब 500 रुपये यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,60,177 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, मार्च सिल्वर वायदा शुरुआती कारोबार में 7,100 रुपये से अधिक यानी करीब 3 प्रतिशत उछलकर 2,66,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।

इससे पिछले सत्र में एमसीएक्स पर अप्रैल गोल्ड वायदा करीब 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,59,709 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, मार्च सिल्वर वायदा 3 प्रतिशत से अधिक लुढ़ककर 2,59,669 रुपये प्रति किलोग्राम पर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्पॉट सिल्वर में 0.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 88.81 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो बुधवार को तीन सप्ताह के उच्च स्तर को छूने के बाद आया है। वहीं, स्पॉट गोल्ड स्थिर बना रहा और यह 5,187.39 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

अन्य कीमती धातुओं की बात करें तो स्पॉट प्लैटिनम 0.6 प्रतिशत बढ़कर 2,286.53 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि पैलेडियम में 0.5 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई और यह 1,794.13 डॉलर प्रति औंस पर रहा।

जिनेवा में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच हुई अप्रत्यक्ष वार्ता में कुछ प्रगति हुई है, ऐसा मध्यस्थता कर रहे ओमान ने बताया। हालांकि, कई घंटों की चर्चा के बाद भी ऐसा कोई ठोस समाधान निकलता नहीं दिख रहा है जो अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई को निश्चित रूप से टाल सके, खासकर तब जब मध्य पूर्व में सैन्य तैनाती में काफी बढ़ोतरी देखी जा रही है। ईरान की परमाणु गतिविधियों को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य उपस्थिति बढ़ाने के आदेश के बाद दोनों पक्षों ने चेतावनियों का आदान-प्रदान किया है। यह जारी अनिश्चितता सोने की मौजूदा मजबूती का आधार बनी हुई है।

एक्सपर्ट की राय: पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन का मानना है कि आज सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बनी रहेगी। उन्होंने निवेशकों के लिए रणनीति सुझाते हुए कहा कि सोने में गिरावट के दौरान 1,59,100 रुपये और 1,58,000 रुपये के आसपास खरीदारी कर सकते हैं, जिसके लिए स्टॉप लॉस 1,56,500 रुपये से नीचे रखें और 1,60,600 रुपये से 1,61,800 रुपये के लक्ष्य देख सकते हैं। चांदी के लिए उन्होंने सुझाव दिया कि 2,58,000 रुपये और 2,53,000 रुपये के आसपास खरीदारी करें, स्टॉप लॉस 2,48,800 रुपये से नीचे रखें और 2,62,000 रुपये से 2,68,000 रुपये के लक्ष्य रखें।

जैन के अनुसार, आज के सत्र में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का सपोर्ट 5,164 डॉलर और 5,122 डॉलर पर है, जबकि रेजिस्टेंस 5,222 डॉलर और 5,265 डॉलर पर है। चांदी का सपोर्ट 84.40 डॉलर और 80.80 डॉलर पर है और रेजिस्टेंस 90.00 डॉलर और 92.40 डॉलर पर है।

एमसीएक्स पर बात करें तो जैन ने बताया कि सोने को 1,58,200 रुपये और 1,56,500 रुपये पर सपोर्ट मिल रहा है, जबकि रेजिस्टेंस 1,61,000 रुपये और 1,62,500 रुपये पर है। चांदी का सपोर्ट 2,55,000 रुपये और 2,48,800 रुपये पर है और रेजिस्टेंस 2,64,600 रुपये और 2,71,000 रुपये पर है।

Stock Market: सेंसेक्स 377 अंक फिसल कर 82871 पर और निफ्टी 25400 के नीचे

नई दिल्ली। Stock Market Update: घरेलू शेयर मार्केट में गिरावट बढ़ती जा रही है। अल्ट्राटेक, हिन्दुस्तान यूनीलीवर, मारुति, एयरटेल, बजाज फिनसर्व जैसे स्टॉक्स में कमजोरी की वजह से बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 377 अंकों के नुकसान के साथ 82871 पर आ गया है। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी गिरावट के शतक के साथ 144 अंक नीचे 25,352 के लेवल पर है।

सुबह 9:15 बजे घरेलू शेयर मार्केट की शुरुआत आज फरवरी के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कमजोर रही। खुलते ही बाजार और गिर गया। सेंसेक्स 308 अंक नीचे 81940 और निफ्टी 96 अंक नीचे 25399 पर आ गया। बता दें बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 28 अंकों के नुकसान के साथ 82220 पर खुला। जबकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी ने भी 36 अंक नीचे 25,459 के लेवल से आज के कारोबार की शुरुआत की।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

एशियन मार्केट:वॉल स्ट्रीट पर रातभर में गिरावट के बाद एशियाई बाजारों में शुक्रवार को मिलाजुला कारोबार हुआ। जापान का निक्केई 225 0.6 प्रतिशत गिर गया, जबकि टॉपिक्स सपाट कारोबार कर रहा था। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 1.1 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि कोस्डैक में 0.35 प्रतिशत की गिरावट आई। हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने एक सपाट शुरुआत का संकेत दिया।

गिफ्ट निफ्टी: गिफ्ट निफ्टी 25,559 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 77 अंकों की छूट है, जो भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए नकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।

वॉल स्ट्रीट :
अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को ज्यादातर नीचे बंद हुआ। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 17.05 अंक या 0.03 प्रतिशत बढ़कर 49,499.20 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 37.27 अंक या 0.54 प्रतिशत गिरकर 6,908.86 पर आ गया। नैस्डैक कंपोजिट 273.69 अंक या 1.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,878.38 पर बंद हुआ। एनवीडिया के शेयर की कीमत में 5.49 प्रतिशत, एएमडी के शेयरों में 3.41 प्रतिशत, माइक्रोसॉफ्ट शेयर की कीमत में 0.28 प्रतिशत, ऐप्पल शेयर की कीमत 0.47 प्रतिशत, अमेजन के शेयर में 1.29 प्रतिशत की गिरावट, सेल्सफोर्स के शेयर की कीमत में 3.91 प्रतिशत की गिरावट आई, और टेस्ला के शेयर की कीमत 2.11 प्रतिशत गिर गई।

अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता
ईरान ने कहा है कि स्विट्जरलैंड में शाम तक वार्ता रोकने के बाद अमेरिका के साथ परमाणु वार्ता “बहुत गहनता से और बहुत गंभीरतापूर्वक” आगे बढ़ी। दोनों देशों ने गुरुवार को जिनेवा में ओमानी की मध्यस्थता से होने वाली बातचीत का तीसरा दौर शुरू किया।

गुरु उपकार दिवस के रूप में मनाई गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी की दीक्षा जयंती

संतों के चरणों से भूमि होती है धर्ममय: लोकसभा अध्यक्ष

कोटा। आरकेपुरम स्थित मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर, त्रिकाल चौबीसी परिसर के तत्वावधान में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान में गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी एवं आर्यिका विनयश्री माताजी के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने गहन आस्था एवं श्रद्धा के साथ अर्घ्य अर्पित किए। गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी के 32वें दीक्षा जयंती महोत्सव आध्यात्मिक गरिमा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।

मंदिर अध्यक्ष अंकित जैन ने बताया कि प्रातः 9 बजे दीक्षा जयंती महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं पूजन के उपरांत आचार्य विराग सागर जी महाराज एवं गुरुमाता पूजन, पिच्छी परिवर्तन तथा वस्त्र भेंट समारोह संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन मडिया उपस्थित रहे।
समिति उपाध्यक्ष लोकेश जैन बरमुंडा ने बताया कि दीक्षा जयंती समारोह में पादप्रक्षालन का सौभाग्य पवन एवं पलाश जैन परिवार को प्राप्त हुआ।

नवीन पिच्छी भेंट, चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन का सौभाग्य मनोज–नेहा जैसवाल को मिला। शास्त्र भेंट एवं पुरानी पिच्छी प्राप्त करने का सौभाग्य अशोक एवं संजय सांवला परिवार को प्राप्त हुआ। समोशरण में श्रावकों ने भक्ति गीतों—“सुनो गुरुमां हम आपको हृदय में बसाकर रखूंगी”, “गुरुमां के हम दीवाने, दीक्षा दिवस आए मनाने”—के साथ दीक्षा जयंती महोत्सव मनाया।

धर्मसभा में सकल समाज के पदाधिकारियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ओम बिरला ने कहा कि गुरु उपकार दिवस आत्ममंथन का अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरुमां ने 32 वर्षों के तप, संयम और साधना से समाज को नई दिशा दी है। जब साधु-संतों के चरण धरती पर पड़ते हैं तो वह भूमि धर्ममय हो जाती है। उनका वात्सल्य, स्नेह, आशीर्वाद और करुणा ही भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

दीक्षा लेना परम सौभाग्य का अवसर
अपने प्रवचन में गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ने अपने गुरु आचार्य विराग सागर महाराज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि दीक्षा लेना परम सौभाग्य का अवसर है। उन्होने दीक्षा दिवस का स्मरण मोक्ष भावना को जागृत करता है और श्रावकों को आत्मकल्याण के पथ पर अग्रसर करता है। तप, संयम और साधना से ही जीवन की सार्थकता सिद्ध होती है।

म्यूजिकल नाइट: लता-किशोर की यादों से गूंजा सिटीपार्क का एम्फीथिएटर

कोटा। सिटी पार्क स्थित एम्फीथिएटर गुरुवार की सायं एक अलग ही संगीतमय दुनिया में तब्दील हो गया, जब सृजन द स्पार्क, कोटा चैप्टर द्वारा आयोजित भव्य ‘म्यूजिकल नाइट ताल तरंग’ के सुर रात के आकाश में गूंजने लगे। रात 8:15 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक आलोक कटदरे और प्लेबैक सिंगर मोना कामथ (Playback Singer Mona Kamath) ने क्रमशः किशोर कुमार और लता मंगेशकर के कालजयी गीतों को ऐसे जीवंत किया कि श्रोता भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीपप्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में आईजी कोटा रेंज राजेंद्र प्रसाद गोयल उपस्थित रहे। उनके साथ अध्यक्षता कर रहे पूर्व आईजी एवं मुख्य सलाहकार प्रसन्न कुमार खमेसरा, गोविन्द माहेश्वरी, एडिशनल कमिश्नर (जीएसटी) सुनिता डागा, कोटा विकास प्राधिकरण की आयुक्त ममता तिवारी तथा समाजसेवी दीपक राजवंशी,संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना, सचिव संजीव सक्सेना, उपाध्यक्ष अनिमेष जैन, कोषाध्यक्ष विकास अजमेरा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजकुमार जैन, अनिश बिरला एवं उमेश गोयल सहित सृजन के सदस्यो ने कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि 28 जनवरी 2023 को कोटा चैप्टर के गठन के बाद यह 13वां बड़ा आयोजन है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य नए कलाकारों को मंच देना और संगीत को सामाजिक जुड़ाव का सशक्त माध्यम बनाना है। सृजन द स्पार्क ब्रिटेन, दुबई, कनाडा और अमेरिका में भी अपने चैप्टर स्थापित कर एक वैश्विक संगीत संस्थान के रूप में उभर चुकी है।

लता की आवाज़ का जादू फिर जीवंत हुआ
रात की पहली पेशकश थी मोना कामथ की, जिन्होंने मंच संभालते ही ‘रात अकेली है’ से ऐसा समां बांधा कि एम्फीथिएटर में सन्नाटा छा गया – सिवाय तालियों की गड़गड़ाहट के। इसके बाद ‘आइए मेहरबान’ की अदाकारी भरी प्रस्तुति ने दर्शकों को पुरानी हिंदी फिल्मों के स्वर्णिम दौर में पहुंचा दिया।

‘बाहों में चले आओ’, ‘काँटों से खींच के’ और ‘जवानी जानेमन’ जैसे सदाबहार गीतों ने माहौल को और रूमानी बना दिया। मोना ने अपना एकल गीत प्रस्तुत कर यह साबित किया कि लता की विरासत को आगे ले जाने में वे सक्षम हैं।

प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजकुमार जैन ने बताया कि मोना कामथ विभिन्न राष्ट्रीय संगीत मंचों पर सक्रिय हैं और लता मंगेशकर के गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों के लिए व्यापक रूप से सराही जाती हैं।

किशोर कुमार का दूसरा जन्म
जैसे ही आलोक कटदरे ने ‘मैं हूं डॉन’ के बोल छेड़े, दर्शक दीर्घा तालियों से गूंज उठी। किशोर कुमार की शरारत, उनकी नटखट शैली और उनके गीतों की बेफिक्री को आलोक ने इतनी सजीवता से उतारा कि कई श्रोताओं की आँखें नम हो गईं। ‘तेरे चेहरे में वो जादू है’, ‘नीले नीले अंबर’ और ‘मेरे नयना सावन भादो’ ने रूमानियत की चाशनी घोली। ‘एक चतुर नार’ पर दर्शक खिलखिला उठे, जबकि ‘ओ माझी रे’ ने भावनाओं की गहराई को छुआ।

‘चाहिए थोड़ा प्यार’ और ‘ओ मेरे दिल के चैन’ ने पुरानी प्रेम कहानियों को एक बार फिर ताज़ा किया। फिर आया वह जादुई क्षण जब आलोक ने ‘मैं शायर बदनाम / चिंगारी / कुछ तो लोग कहेंगे / ये क्या हुआ / खिज़ाँ के फूल’ की मेडली प्रस्तुत की। यह एकल मेडली कार्यक्रम की सर्वाधिक सराही गई प्रस्तुति बनी। ‘मेरे महबूब क़यामत होगी’, ‘पल पल दिल के पास’, ‘प्यार हमें किस मोड़ पे’ और ‘वादा तेरा वादा’ ने रात के अंतिम पहर में ऐसी भावनात्मक तरंगें उठाईं कि श्रोता झूमते रहे।

KPL 2026: कोटा प्रीमियर लीग में WCR जबलपुर एवं कोटा DCA टीम सेमीफाइनल में

कोटा। KPL 2026: कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 का आयाजन गुरुवार को भी जारी रहा। प्रतियोगिता के पांचवें दिन खेले गए पहले मुकाबले में राजस्थान यूनाइटेड टीम का सामना बाउंड्री ब्रेकर्स टीम से हुआ। मैच में बाउंड्री ब्रेकर्स टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए बाउंड्री ब्रेकर टीम ने बल्लेबाज राजकुमार सैनी की 71 रनो की अर्धशतकीय पारी, मीरान खान के 19 रन तथा पूर्वांश चौधरी के नाबाद 18 रन की सहायता से 8 विकेट के नुकसान पर 151 रनो का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

राजस्थान यूनाइटेड टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए जय गोयल ने तीन विकेट, अमन प्रजापति ने दो विकेट और देवांश सिंह हाडा ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान यूनाइटेड की टीम शुरुआती झटको से अंत तक नहीं उभर सकी और 97 रनो के कुल योग पर ऑलआउट हो गई। बाउंड्री ब्रेकर्स टीम ने यह मुकाबला 54 रनों से जीत लिया तथा राजस्थान यूनाइटेड टीम लगातार तीसरी हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गई।

इस मैच में बाउंड्री ब्रेकर्स टीम के राजकुमार सैनी प्लेयर ऑफ द मैच रहे। पांचवें दिन के दूसरे मुकाबले में कोटा डीसीए टीम का सामना डब्ल्यूसीआर जबलपुर से हुआ। खेले गए मैच में जबलपुर टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 150 रनों का स्कारे बनाया।

टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए असद मिर्जा ने 32 रन, कपिल कुमार ने 26 रन तथा अतं में सुशील ने मात्र 8 गेंद पर 23 रन की तेजतर्रार पारी खेली। कोटा डीसीए टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए सचिन मालव तथा कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा ने दो-दो विकेट, अशोक सिंह निक्की चौहान और अमन राजावत ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोटा डीसीए टीम ने ऑनर तक संघर्ष किया, परंतु टीम लक्ष्य से एक रन दूर रह गई। टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए। टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए अशोक सिंह ने 30 गेंद पर पर 47 रन बनाए तथा कप्तान दिव्यप्रताप सिंह ने 29 रन और तन्मय वर्मा ने 17 रनों का योगदान किया।

जबलपुर टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए अयान चौधरी ने तीन विकेट, आयुष आर्य ने दो विकेट तथा असद मिर्जा ने एक विकेट लिया। जबलपुर टीम ने एक रन से रोमांचक मुकाबला जीत कर प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया। इस मुकाबले में जबलपुर टीम से अयान चौधरी प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

कोटा राज्य के इतिहास की पुस्तिका के अंग्रेजी रूपांतरण का विमोचन

कोटा। डॉक्टर मथुरालाल शर्मा द्वारा लिखी गई कोटा राज्य के इतिहास की पुस्तिका का अंग्रेजी रूपांतरण का विमोचन गुरुवार होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक महेश्वरी, डॉ. मनीषा शर्मा, डॉक्टर प्रमोद गुप्ता, डॉक्टर प्रिशा गुप्ता, डॉ, सुरेश पांडेय एवं डॉक्टर विदुषी शर्मा के सानिध्य में किया गया।

इस पुस्तिका में कोटा के गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का बेहतरीन ढंग से विवरण प्रस्तुत किया गया है। इसका अंग्रेजी रूपांतरण डॉक्टर वागीशा शर्मा जो अमेरिका में निवास करती है, के द्वारा किया गया।

डॉक्टर मनीषा शर्मा ने बताया कि डॉक्टर वागीशा शर्मा द्वारा अंग्रेजी में रूपांतरण की गई कोटा राज्य के इतिहास की पुस्तिका में कोटा की ऐतिहासिक धरोहर हेरिटेज धरोहर पर्यटन स्थलों के इतिहास के बारे में पूरी तरह से उल्लेख किया गया है, जिसका प्रचार विश्व स्तर पर किया जा रहा है।

इस अवसर पर फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि हाडोती के पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण समय है। इस पुस्तिका को कोटा राज्य के इतिहास का प्रदर्शन एवं वितरण कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में आए पूरे देश के ट्यूर ओपरेटरों को किया गया था। जिन्होंने इसे अंग्रेजी रूपांतरण करने के लिए आग्रह किया था।

क्योंकि आधे से अधिक ट्यूर ओपरेटर्स दक्षिण भारत से आए थे, जिन्होंने इच्छा जाहिर की थी। उसी को मध्य नजर रखते हुए इसका अंग्रेजी रूपांतरण करके प्रकाशन किया गया है। इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा डॉक्टर वागीशा शर्मा का दुपट्टा एवं हाड़ोती की सेविनियर देकर सम्मानित किया गया।

समारोह मे मौजूद सभी पर्यटन से जुड़े लोग, इतिहासकार, शिक्षाविद, डॉक्टर एवं सभी अतिथियों को भी कोटा हाड़ोती के पर्यटन पर बनाई गई सेविनियर भेंट की। फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि होटल फेडरेशन हाड़ोती के पर्यटन विकास पर बनाई गई द लिजेण्ड हाड़ोती को नए स्वरूप में प्रकाशन करेगा।

जिसमें कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट और इस वर्ष आयोजित कोटा महोत्सव के माध्यम से हाडोती के समृद्ध इतिहास के साथ-साथ पिछले वर्षों में विकसित हाडोती के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों, चंबल रिवर फ्रंट, किशोर सागर तालाब, गढ़ पैलेस, सिटी पार्क, मुकुंदरा एवं रामगढ़ अभ्यारण्य, तारागढ़ दुर्ग, बांरा का रामगढ़ कैटरर्स, भण्डदेवरा, केशोरायपाटन का मंदिर, झालावाड़ का गागरोन दुर्ग, म्यूजियम, चांदखेड़ी मंदिर सहित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों की संपूर्ण जानकारी इसमे उपलब्ध करवाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।