Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 225

ईरानी मिसाइलों की रेंज में भारत समेत कई देश, इजरायली सेना ने दी दुनिया को चेतावनी

तेल अवीव। इजरायल ने बार-बार कहा है कि ईरान सिर्फ उसके लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा है। अब इजरायली सेना (IDF) ने एक मानचित्र जारी कर समझाया है कि ईरानी मिसाइलों की रेंज कहां तक है।

इस मानचित्र में भारत को भी ईरानी मिसाइलों की रेंज में दिखाया गया है। यह पहला मौका है, जब इजरायली सेना ने इस तरह का मानचित्र जारी किया है। इसमें भारत के अलावा रूस और चीन के अधिकांश हिस्से और पूरे यूरोप को जद में दिखाया गया है।

आईडीएफ के X हैंडल पर पोस्ट की गई तस्वीर का कैप्शन है, “ईरानी शासन की धमकी न केवल इजरायल के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए खतरा है।” इस पोस्ट में ईरानी मिसाइलों की रेंज वाली तस्वीर लगी हुई है।

इसमें ईरान की मिसाइलों की 300, 1000, 2000 और 3000 किलोमीटर की रेंज में बांटा गया है। भारत का पश्चिमी क्षेत्र ईरान की 1000 किमी की दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों की रेंज में है। इसके बाद आधा भारत 2000 किमी की रेंज वाली मिसाइलों और पूरा भारत 3000 किमी तक मार करने वाली मिसाइलों की रेंज में है।

ईरान के पास मिसाइलों का बड़ा जखीरा
ऐसा अनुमान है कि ईरान के पास बैलिस्टिक मिसाइलों का एक बड़ा भंडार है। इनमें से अधिकांश मिसाइलों को अंडरग्राउंड बंकरों में छिपाकर रखा गया है। इन मिसाइलों को अमेरिका और इजरायल के खिलाफ हमले में इस्तेमाल किया गया है। ईरान ने मध्य पूर्व में अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों से अमेरिका के कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इन हमलों में अमेरिकी सेना को भारी नुकसान पहुंचने की भी सूचना है। कम से कम चार अमेरिकी सैनिक इन हमलों में मारे जा चुके हैं।

ईरान के पास लंबी दूरी की कई मिसाइलें
ईरान के पास लंबी दूरी तक मार करने वाली कई मिसाइलें हैं। इनमें सेजिल मिसाइल की रेंज 2000 किलोमीटर है। इमाद मिसाइल की रेंज 1700 किलोमीटर, गदर मिसाइल की रेंज 2 000 किलोमीटर और खोर्रमशहर मिसाइल की रेंज 2000 किलोमीटर है। खोर्रमशहर-4 मिसाइल की रेंज 3000 किमी बताई जाती है। इनके अलावा सिमोर्ग मिसाइल की रेंज 4000 से 6000 किमी और घैम-100 मिसाइल की रेंज 3000 से 4000 किमी मानी जाती है।

पाकिस्तानी राष्ट्रपति जरदारी हमले के डर से भारत से बातचीत को बेकरार

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी भारत के साथ बातचीत को बेकरार हैं। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत को तैयार है। उन्होंने पाकिस्तानी संसद में भाषण के दौरान कहा कि भारत के साथ बातचीत ही इलाके की सुरक्षा के लिए एकमात्र रास्ता है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत, पाकिस्तान के साथ एक और जंग की तैयारी कर रहा है। हालांकि, संसद में उनके संबोधन के दौरान विपक्षी दलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान जरदारी को वापस भेजने और इमरान खान की रिहाई के नारे लगे।

इस दौरान जरदारी ने कहा, “मेरा उनके (इंडिया) लिए मैसेज है कि वे जंग के मैदान से हटकर मतलब वाली बातचीत की टेबल पर आएं, क्योंकि इलाके की सिक्योरिटी के लिए यही एकमात्र रास्ता है। इंडिया के लीडर्स का कहना है कि वे एक और जंग की तैयारी कर रहे हैं। इलाके की शांति के लाइफलॉन्ग सपोर्टर के तौर पर, मैं इसकी सलाह नहीं दूंगा।”

युद्ध को बताया आखिरी रास्ता
बतौर राष्ट्रपति जरदारी नौवीं बार नेशनल असेंबली के संयुक्त सत्र को संबोधित करने पहुंचे थे। शांति का राग अलापते हुए राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने सोमवार को युद्ध को आखिरी रास्ता बताते हुए भारत को आंखें दिखाने की कोशिश की। अपनी झूठी तारीफ करते हुए आगे कहा कि पाकिस्तान ने पहले ही भारत और अफगानिस्तान दोनों को अपनी काबिलियत का बस एक छोटा सा हिस्सा ही दिखाया है।

पाकिस्तान की गीदड़ भभकी
इसके साथ ही जरदारी ने पाकिस्तान के परमाणु शक्ति होने का एहसास कराते हुए गीदड़भभकी की। बोले, “पाकिस्तान एक जिम्मेदार परमाणु संपन्न देश है और उस जिम्मेदारी का वजन समझता है। साथ ही, हम एक ऐसा देश हैं जो जरूरत पड़ने पर अपना बचाव करना भी जानता है।” संयुक्त बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी घरेलू या विदेशी ताकत को अपनी शांति भंग करने के लिए पड़ोसी इलाके का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दे सकते।”

जरदारी के खिलाफ नारेबाजी
गौर करने वाली बात ये रही कि जरदारी अपनी भड़ास निकालते रहे और उधर विपक्ष उनके खिलाफ नारे लगाता रहा। ‘गो जरदारी गो’ और ‘खान को रिहा करो’ के नारे से संसद गूंजती रही। पीटीआई की अगुवाई में विपक्षी गठबंधन पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग कर रहा था। उनके बोर्ड ऑफ पीस में सहभागिता को लेकर सवाल उठाते रहे। नारे लग रहे थे ‘जाली पीस बोर्ड से बाहर निकलें।’ दरअसल, पाकिस्तान की अवाम फिलिस्तीन को लेकर इजरायल के रवैए से नाराज रहती है।

ईपीएफओ ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नहीं बढ़ाई ब्याज दर, पुरानी ब्याज दर रहेगी लागू

नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ( ईपीएफओ ) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) जमा पर 8.25 फीसदी ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। यह लगातार दूसरा साल है जब ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दिल्ली में आयोजित केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की 239वीं बैठक में ईपीएफ की ब्याज दर को लेकर यह फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने की।

पिछले वर्षों में ब्याज दर का उतार-चढ़ाव
ईपीएफओ ने 2019-20 के लिए भविष्य निधि जमा पर ब्याज दर को 2018-19 के लिए निर्धारित 8.65 प्रतिशत से घटाकर सात वर्षों में सबसे कम 8.5 प्रतिशत कर दिया था।
वित्त वर्ष 2016-17 में अपने ग्राहकों को 8.65 प्रतिशत और 2017-18 में 8.55 प्रतिशत ब्याज दर प्रदान की थी। 2015-16 में ब्याज दर थोड़ी अधिक यानी 8.8 प्रतिशत थी।
वित्त वर्ष 2013-14 और 2014-15 दोनों वर्षों में 8.75 प्रतिशत की ब्याज दर दी, जो 2012-13 की 8.5 प्रतिशत दर से अधिक थी। 2011-12 में ब्याज दर 8.25 प्रतिशत थी।

पैसा कब आएगा अकाउंट में
सीबीटी के फैसले के बाद प्रस्तावित ब्याज दर को अंतिम स्वीकृति के लिए वित्त मंत्रालय को भेजा जाएगा। औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद 7 करोड़ से अधिक ईपीएफओ सदस्यों के खातों में नई ब्याज दर के अनुसार रकम जमा की जाएगी।

ईपीएफ पर ब्याज की गणना मासिक आधार पर की जाती है, लेकिन इसे वित्त वर्ष के आखिर में अकाउंट में जमा किया जाता है। हालांकि, जो खाते 36 महीने तक निष्क्रिय रहते हैं, उन पर आगे ब्याज नहीं मिलता और उन्हें डॉर्मेंट माना जाता है।

होली पर आज शेयर बाजार में अवकाश, NSE और BSE पर नहीं होगा कारोबार

नई दिल्ली। Stock Market Holiday: होली के अवसर पर भारतीय शेयर बाजार 3 मार्च 2026 (मंगलवार) को बंद रहेंगे। प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज NSE और BSE में इस दिन इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स और अन्य सेगमेंट में कोई कारोबार नहीं होगा। हालांकि देश के कई हिस्सों में रंगों का त्योहार 4 मार्च (बुधवार) को मनाया जाएगा, लेकिन एक्सचेंजों ने 3 मार्च को ही अवकाश निर्धारित किया है।

MCX शाम 5 बजे से खुलेगा
देश का सबसे बड़ा गैर-कृषि कमोडिटी एक्सचेंज Multi Commodity Exchange of India (MCX) सुबह के सत्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा, लेकिन शाम के सत्र में शाम 5 बजे से रात 11:30 बजे तक कारोबार फिर से शुरू होगा। वहीं, प्रमुख कृषि जिंस एक्सचेंज National Commodity & Derivatives Exchange (NCDEX) दोनों सत्रों में पूरी तरह बंद रहेगा।

मार्च में किस-किस दिन है छुट्टी?

  • 26 मार्च (गुरुवार): श्री राम नवमी
  • 31 मार्च (मंगलवार): महावीर जयंती

अप्रैल से दिसंबर तक की छुट्टियों की लिस्ट

  • 3 अप्रैल (शुक्रवार): गुड फ्राइडे
  • 14 अप्रैल: अंबेडकर जयंती
  • 1 मई: महाराष्ट्र दिवस
  • 28 मई: बकरीद
  • 26 जून: मुहर्रम
  • 14 सितंबर: गणेश चतुर्थी
  • 2 अक्टूबर: गांधी जयंती
  • 20 अक्टूबर: दशहरा
  • 10 नवंबर: दिवाली बलिप्रतिपदा
  • 24 नवंबर: गुरु नानक जयंती
  • 25 दिसंबर: क्रिसमस

नगर परिक्रमा में स्काउट गाइड और शिक्षकों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कोटा। ठाकुर जी की नगर परिक्रमा एवं संकीर्तन के विशाल जुलूस में सोमवार को आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहाँ एक ओर संकीर्तन की धुनों पर श्रद्धालु झूम रहे थे। वहीं दूसरी ओर स्काउट गाइड और शिक्षा सहकारी के सदस्यों ने ‘वन एवं वन्य जीव संरक्षण’ का अलख जगाकर इस आयोजन को एक नई सार्थकता प्रदान की।

जुलूस के दौरान स्काउट गाइड, कब और बुलबुल के नन्हे सदस्यों ने अनुशासित ढंग से चलते हुए हाथों में विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां और बैनर थाम रखे थे। इन पोस्टरों के माध्यम से वन्य जीवों की रक्षा और जंगलों को बचाने की अपील की गई। जिसे मार्ग में खड़े आम जनमानस ने काफी सराहा।

शिक्षा जगत से जुड़े इन प्रहरियों ने यह संदेश दिया कि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तभी मानव जीवन का अस्तित्व बचेगा। नगर परिक्रमा के दौरान संकीर्तन की भक्तिमय लहर और वन्य जीव संरक्षण के नारों ने पूरे क्षेत्र को नई ऊर्जा से भर दिया। अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण की रक्षा और समाज के हर वर्ग को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल, उपाध्यक्ष महेंद्र नागर और मंत्री जमुनालाल गुर्जर ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) सुल्तानपुर ने अपनी उपस्थिति से स्काउट्स का मनोबल बढ़ाया। शिक्षा सहकारी डायरेक्टर गायत्री मीणा और दिनेश कुमार मीणा ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।

जुलूस में प्रमुख रूप से तेजमल नागर, नरेश मीणा, श्रीमती उमा मीणा, भवानी शंकर व्यास, कार्तिक जायसवाल, अंतिमा मेहरा, नीलम पारेता, जिया मेघवाल, तनु वैष्णव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

ईरान पर हमले में साथ देने वाले ब्रिटिश पीएम पर ट्रंप ने निकाली जमकर अपनी भड़ास

वाशिंगटन। ईरान के खिलाफ ब्रिटेन ने अमेरिका को अपने एयरबेस के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है, लेकिन इसके बाद भी ट्रंप ने कीर स्टार्मर को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

दरअसल, शुरूआत में ब्रिटेन ने इस क्षेत्र में स्थित अपने बेस का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ करने से इनकार कर दिया था लेकिन रविवार को उन्होंने अमेरिकी सेना को इसके रक्षात्मक इस्तेमाल की अनुमति दे दी। ट्रंप ने बताया कि शुरुआत में जब ब्रिटेन ने अपने बेस का इस्तेमाल करने देने से इनकार कर दिया, तो वह बेहद निराश थे।

टेलीग्राफ को दिए अपने इंटरव्यू में ट्रंप ने ब्रिटिश पीएम पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, “शुरुआत में ब्रिटेन द्वारा चागोस द्वीप के सैन्य अड्डे के उपयोग को लेकर स्टार्मर का इनकार ऐसा था जैसा हमारे देशों के बीच में कभी नहीं हुआ।” हालांकि, जब ट्रंप ने पूछा गया कि अब उन्होंने इसकी अनुमति दे दी है, तो ट्रंप ने कहा कि इसमें बहुत ज्यादा समय लग गया है।

ब्रिटिश अखबार से बता करते हुए ट्रंप ने कहा कि स्टार्मर को शुरुआत से ही शुरुआत से ही हिंद महासागर में स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अमेरिका-ब्रिटेन के संयुक्त वायुसेना अड्डे डिएगो गार्सिया के उपयोग की अनुमति दे देनी चाहिए थी।

उन्होंने दावा किया कि ईरान “आपके देश के बहुत से लोगों की मौत के लिए ज़िम्मेदार” है। ट्रंप ने कहा कि अब अमेरिका के लिए डिएगो गार्सिया से सैन्य अभियान शुरू कर पाना “उपयोगी” होगा। इसके साथ ही उन्होंने साथ ही चागोस द्वीपसमूह की संप्रभुता को लेकर स्टार्मर द्वारा किए गए समझौते की भी आलोचना की, जहां डिएगो गार्सिया स्थित है।

हिंद महासागर के बीच स्थित चागोस द्वीप समूह लगभग 60 द्वीपों और 7 एटोल का समूह है। यह मुख्यतः मॉरीशस का क्षेत्र है, लेकिन ब्रिटेन ने इस पर अभी तक कब्जा बनाया हुआ था। मई 2025 में हुए एक समझौते में ब्रिटेन ने चागोस द्वीप समूह की संप्रभुता मॉरीशस को सौंप दी, हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने डिएगो गार्सिया पर स्थिति यूके और यूएस के सैन्य अड्डों के लिए 99 साल की लीज बढ़ा दी थी।

इस अड्डे का इस्तेमाल ऐतिहासिक रूप से अमेरिका और ब्रिटेन द्वारा अफगानिस्तान युद्ध के लिए किया गया था। हालांकि, ब्रिटेन ने भले ही इस द्वीप को लेकर मॉरीशस के साथ समझौता कर लिया हो, लेकिन ट्रंप ने इस समझौते का खुला विरोध किया था।

ईरान पर हमले में ब्रिटेन की भूमिका नहीं
ब्रिटेन 28 फरवरी को ईरान पर हुए हमलों में शामिल नहीं है। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से ईरान लगातार क्षेत्र में मौजूद अमेरिका और यूरोपीय देशों के ठिकानों पर हमले करने लगा। इन हमलों में अमेरिका का काफी हद तक नुकसान हुआ। इसके बाद पहले अमेरिका को एयरबेस से इनकार कर चुके ब्रिटेन ने रक्षात्मक उपयोग के लिए इनके इस्तेमाल की इजाजत दे दी।

होली पर कोटा–मथुरा–कोटा अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का संचालन

कोटा। होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा कोटा–मथुरा–कोटा के मध्य होली अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इस विशेष व्यवस्था से यात्रियों को त्यौहार के दौरान सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

यह गाड़ी कोटा मंडल के लाखेरी, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, श्री महावीर जी, हिण्डौन सिटी, बयाना एवं भरतपुर स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे मार्ग के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09809 (कोटा–मथुरा) का संचालन दिनांक 02.03.2026 से 04.03.2026 तक कुल 03 फेरों के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन कोटा से प्रातः 08.40 बजे प्रस्थान कर लाखेरी 09.28 बजे, सवाई माधोपुर 10.08 बजे, गंगापुर सिटी 10.55 बजे, श्री महावीर जी 11.23 बजे, हिण्डौन सिटी 11.35 बजे, बयाना 12.05 बजे एवं भरतपुर 12.38 बजे ठहरते हुए 14.20 बजे मथुरा पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09810 (मथुरा–कोटा) दिनांक 02.03.2026 से 04.03.2026 तक 03 फेरों के लिए संचालित की जाएगी। यह ट्रेन मथुरा से सायं 17.00 बजे प्रस्थान कर भरतपुर 17.28 बजे, बयाना 18.00 बजे, हिण्डौन सिटी 18.24 बजे, श्री महावीर जी 18.35 बजे, गंगापुर सिटी 19.10 बजे, सवाई माधोपुर 20.03 बजे एवं लाखेरी 21.08 बजे ठहरते हुए 22.50 बजे कोटा पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 10 डिब्बे लगाए गए हैं। यह गाड़ी मार्ग में दोनों दिशाओं में कोटा, लाखेरी, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, श्री महावीर जी, हिण्डौन सिटी, बयाना एवं भरतपुर स्टेशनों पर ठहराव लेकर संचालित होगी।

आसनसोल–जयपुर एकतरफा होली स्पेशल ट्रेन
होली पर्व पर आसनसोल–जयपुर एकतरफा होली स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है। यह गाड़ी कोटा मंडल के अंतर्गत आने वाले भरतपुर स्टेशन से होकर गुजरेगी|

गाड़ी संख्या 03535 आसनसोल–जयपुर एकतरफा स्पेशल रेलसेवा 03.03.2026 को आसनसोल से 12.30 बजे प्रस्थान कर 05.03.2026 को 01.00 बजे जयपुर पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, सुबेदारगंज, गोविन्दपुरी, इटावा, बाह, फतेहाबाद, आगरा कैंट तथा कोटा मंडल के भरतपुर स्टेशन सहित बांदीकुई, दौसा व खातीपुरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

अजमेर–संत्रागाछी विशेष ट्रेन के 5 अतिरिक्त फेरे
गाड़ी संख्या 08611/08612 अजमेर–संत्रागाछी–अजमेर विशेष ट्रेन के संचालन को 02.03.2026 से 02.04.2026 तक 5 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है। यह विशेष गाड़ी कोटा मंडल के अटरू, बारां, सोगरिया, बूंदी, मांडलगढ़ एवं चंदेरिया स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

कोटा–मंदसौर एक्सप्रेस का 28 फरवरी से नीमच तक ही संचालन होगा

कोटा। रतलाम मंडल के मंदसौर–मल्हारगढ़ रेल खंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के कारण गाड़ी संख्या 19816/19815 कोटा–मंदसौर–कोटा एक्सप्रेस 28 फरवरी से 11 मार्च तक मंदसौर के स्थान पर नीमच स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट की जाएगी तथा यही से शॉर्ट ओरिजिनेट होकर संचालित होगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व गाड़ी की अद्यतन स्थिति की जानकारी अधिकृत माध्यमों से प्राप्त करने की अपील की है।

होली पर सूतक के कारण मथुराधीश मंदिर पर दर्शनों के समय में बदलाव

कोटा। पुष्टिमार्गीय शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री मथुराधीश प्रभु मंदिर में 3 मार्च को होली महोत्सव के अवसर पर दर्शन व्यवस्था में विशेष परिवर्तन रहेगा। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, पुष्टिमार्गीय परंपरा और ग्रहण के सूतक काल के कारण इस दिन मंगला, ग्वाल, राजभोग, भोग आरती और शयन के दर्शन ‘भीतर’ होंगे, अर्थात ये दर्शन भक्तों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

श्रद्धालु डोल (होली) के चौथे भोग के दर्शन प्रातः 10 बजे से निश्चित समय तक कर सकेंगे। इसके पश्चात, दोपहर 3:20 बजे से शाम 6:47 बजे तक ग्रहण के विशेष दर्शनों के लिए पट खुले रहेंगे। शाम 6:47 बजे के बाद मंदिर में अन्य कोई दर्शन नहीं होंगे।

प्रथम पीठ युवराज मिलन बावा ने बताया कि पुष्टिमार्ग (शुद्धाद्वैत दर्शन) में होली महोत्सव 40 दिनों का एक विस्तृत और भावपूर्ण ‘रस उत्सव’ है। श्री मथुराधीश जी मंदिर पर इसे अत्यंत भव्यता और भक्ति के साथ मनाया जाता है। जिसकी शुरुआत बसंत पंचमी से हो जाती है।

इसी दिन मंदिर में ‘गुलाल’ का खेल शुरू होता है और होली के पद ‘धमार’ गाये जाते हैं। यह वसंत के आगमन और ठाकुर जी के आनंदमयी स्वरूप का प्रतीक है। इस दौरान प्रभु के श्रीअंग पर केसरिया, गुलाबी और श्वेत अबीर अर्पण किया जाता है। भक्त इसे ‘प्रभु का प्रसाद’ मानकर ग्रहण करते हैं।

डोल महोत्सव के तहत् ठाकुर जी को पालने (डोल) में झुलाया जाएगा। प्रभु को होली के विशेष पकवान ‘फगवा’ का भोग लगाया जाएगा। भक्त ‘सखा’ या ‘गोपी’ भाव से अपने आराध्य के साथ होली खेलेंगे।

मंदिर में इस दौरान राजसी ठाट-बाट और विशेष श्रृंगार के दर्शन होंगे। ग्रहण या सूतक जैसी खगोलीय घटनाओं के दौरान, सेवा प्रणाली को शास्त्रों के अनुसार ‘भीतर’ (गोपनीय) कर दिया जाता है, ताकि प्रभु की मर्यादा बनी रहे।

मोटोरोला का पहला फोल्डेबल फोन Gorilla Glass 3 के साथ होगा लॉन्च

नई दिल्ली। मोटोरोला कंपनी जल्द अपना पहला “बुक-स्टाइल” फोल्डेबल फोन लॉन्च करने वाला है। यह फोन 8.1 इंच की बड़ी LTPO OLED फोल्डेबल डिस्प्ले और बाहरी 6.6-इंच OLED स्क्रीन है।

इसके साथ ही इस फोन में दो शानदार 50MP ट्रिपल कैमरा सेटअप, प्रीमियम बिल्ड और Moto AI जैसे हाई-एंड फीचर्स शामिल होंगे। सबसे खास बात है कि Motorola के Razr Fold में Corning Gorilla Glass Ceramic 3 का इस्तेमाल होने वाला है।

यह ग्लास रोजमर्रा के उपयोग और गिरने-फिरने से बेहतर सुरक्षा देती है। इस साल Honor Magic V6, Oppo Find N6, Vivo X Fold 6 और Samsung Galaxy Fold 8 जैसे फोल्डेबल फोनों को टक्कर देने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स और लीक्स के मुताबिक यह प्रीमियम फोल्डेबल फोन Q2 2026 में पेश होगा। आइये आपको डिटेल में बताते हैं Motorola Razr Fold के सभी फीचर्स की डिटेल्स:

फीचर्स
Motorola Razr Fold को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर को हर बार फोन खोलने की जरूरत न पड़े। इसके बाहर की तरफ 6.6 इंच की OLED कवर डिस्प्ले दी गई है, जो क्विक इंटरैक्शन के लिए काम आती है। मतलब आप नोटिफिकेशन देख सकते हैं, कॉल रिसीव कर सकते हैं, मैसेज का जवाब दे सकते हैं और कई जरूरी ऐप्स का इस्तेमाल बिना फोन अनफोल्ड किए ही कर सकते हैं। इसी बाहरी स्क्रीन पर 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी दिया गया है, जिससे आप हाई क्वालिटी सेल्फी ले सकते हैं या वीडियो कॉल कर सकते हैं।

जब फोन को पूरी तरह खोला जाता है तो अंदर 8.01 इंच की बड़ी LTPO OLED डिस्प्ले मिलती है। यह स्क्रीन टैबलेट जैसा अनुभव देती है, जिससे मूवी देखना, गेम खेलना या मल्टीटास्किंग करना काफी आसान हो जाता है। LTPO तकनीक की वजह से स्क्रीन जरूरत के हिसाब से रिफ्रेश रेट एडजस्ट कर सकती है, जिससे बैटरी की बचत भी होती है।

कैमरा सेटअप इस फोन की बड़ी खासियतों में से एक है। इसके रियर में ट्रिपल कैमरा सिस्टम दिया गया है। इसमें 50 मेगापिक्सल का Sony Lytia प्राइमरी सेंसर शामिल है, जो डिटेल और कलर को बेहतर तरीके से कैप्चर करता है। इसके साथ 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस मिलता है, जिसमें मैक्रो सपोर्ट भी है।

यानी आप बड़े फ्रेम की फोटो भी ले सकते हैं और बहुत पास से छोटे ऑब्जेक्ट की डिटेल शॉट भी क्लिक कर सकते हैं। तीसरा कैमरा 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस है, जो 3x ऑप्टिकल जूम देता है। इससे दूर मौजूद सब्जेक्ट को बिना क्वालिटी खराब किए साफ तरीके से कैप्चर किया जा सकता है।

सॉफ्टवेयर की बात करें तो Razr Fold, Android 16 पर आधारित Hello UX पर चलता है। यह इंटरफेस खास तौर पर बड़े फोल्डेबल स्क्रीन के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है, जिससे मल्टीटास्किंग और स्प्लिट स्क्रीन जैसे फीचर्स आसानी से काम करते हैं।

परफॉर्मेंस के मामले में भी यह फोन काफी दमदार नजर आता है। हाल ही में इसे Geekbench पर देखा गया, जहां से पता चला कि इसमें Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट दिया जाएगा। इसके साथ फोन में 16GB RAM मिलेगी, जिससे मल्टीटास्किंग और भी स्मूद हो जाएगी।

अतिरिक्त फीचर्स की बात करें तो इसमें Motorola Pen का सपोर्ट मिलेगा, जिससे आप नोट्स लिख सकते हैं, स्केच बना सकते हैं। सुरक्षा के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। खबर है कि यह फोन दो प्रीमियम रंगों Blackened Blue और Lilly White में उपलब्ध होगा।