Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 188

लालकुंआ-राजकोट-लालकुंआ विशेष ट्रेन का संचालन 5 अप्रैल से

कोटा। यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा को ध्यान में रखते हुए लालकुंआ–राजकोट–लालकुंआ विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह विशेष गाड़ी कोटा मंडल के भरतपुर स्टेशन से होकर गुजरेगी, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 05045 लालकुंआ–राजकोट विशेष ट्रेन 5 से 26 अप्रैल तक प्रत्येक रविवार को कुल 4 ट्रिप संचालित की जाएगी तथा गाड़ी संख्या 05046 राजकोट–लालकुंआ विशेष ट्रेन 6 से 27 अप्रैल तक प्रत्येक सोमवार को कुल 4 ट्रिप संचालित की जाएगी।

कोटा मंडल के भरतपुर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 05045 के रूप में 21.00 बजे आगमन एवं 21.05 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 05046 के रूप में 20.30 बजे आगमन एवं 20.35 बजे प्रस्थान करेगी।

यह गाड़ी मार्ग में दोनों दिशाओं में लालकुंआ, किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, बदायूं, उज्जैनी, सोरों शूकर, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, जयपुर जंक्शन, फुलेरा, डेगाना, मेड़ता रोड, जोधपुर जंक्शन, लूणी, समदड़ी, जालोर, भीलड़ी जंक्शन, महेसाना जंक्शन, वीरमगाम, सुरेन्द्रनगर, वांकानेर जंक्शन होते हुए राजकोट तक संचालित होगी।

रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से 35,350 रुपये जुर्माना वसूला

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में कोटा–रामगंजमंडी–भवानीमंडी सेक्शन में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों एवं अवैध वेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 120 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे कुल ₹35,350 की वसूली की गई।

कोटा जिले के किसानों को जल्द मिलेगा 104 करोड़ का फसल बीमा क्लेम

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल को दिया भरोसा

​कोटा। भारतीय किसान संघ, जिला कोटा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

मुलाकात के दौरान मंत्री ने कोटा जिले के किसानों के लिए 104 करोड़ रुपये के फसल बीमा क्लेम को मंजूरी मिलने की बड़ी घोषणा की। प्रतिनिधि मण्डल में संभागीय अध्यक्ष गिरिराज चौधरी, जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा ‘कलमंडा’, जिला मंत्री रूपनारायण यादव समेत भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी शामिल रहे।

प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने बताया कि ​प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान कृषि मंत्री डॉ. मीणा ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि ​कोटा जिले के लिए फसल बीमा का 104 करोड़ रुपए का क्लेम पास हो चुका है, जो आगामी कुछ ही दिनों में सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित (डीबीटी) कर दिया जाएगा।

मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि ​खरीफ 2025 में अतिवृष्टि के कारण हुए फसल खराबे का पूरा मुआवजा (आदान अनुदान) भी जल्द ही स्वीकृत कर वितरित कराया जाएगा। मंडी में हो रही अनियमितताओं पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

​प्रतिनिधिमंडल ने उठाईं 9 सूत्रीय मांगें
​भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा ‘कलमंडा’ और जिला मंत्री रूपनारायण यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में विभिन्न विषय उठाए। प्रतिनिधिमंडल में शामिल संभागीय अध्यक्ष गिरिराज चौधरी और आशीष मेहता ने बताया कि किसान लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं। यदि समय रहते इन मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं होती है, तो भारतीय किसान संघ पूरे जिले में उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

Kota Mandi: प्लांटों की निकलने से कोटा मंडी में सोयाबीन 100 रुपये तेज बिकी

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में शनिवार को मिलर्स की घटे भाव पर लिवाली निकलने से गेहूं 20 रुपये और सोयाबीन 100 रुपये तेज बिकी। कमजोर उठाव से सरसों 150 रुपये और चना नया 50 रुपये मंदा बिका। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब एक लाख कट्टे और लहसुन की 5000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं पुराने 2130 से 2350, गेहूं नया 2250 से 2525, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1650, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3251, धान (1509) 3200 से 3850, धान (1847) 3200 से 3701, धान (1718-1885) 3900 से 4300, धान (पूसा-1) 3600 से 4050, धान (1401-1846) 3800 से 4200, धान दागी 1500 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5650, सरसों 5800 से 6850, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6500, उड़द 4500 से 8150, चना देशी पुराना 4700 से 5001, चना मौसमी नया 5000 से 5150, चना पेप्सी 4800 से 5151, चना डंकी 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5325 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 1500से 10500, मैथी 4000 से 5200, मैथी नयी 5300 से 5600, धनिया बादामी पुराना 7500 से 9800, धनिया ईगल 10200 से 11000, धनिया नया गीला 7500 से 1000, धनिया रंगदार 10000 से 16000 रुपये प्रति क्विंटल।

12GB तक की रैम, 7000mAh की बैटरी वाले मोटोरोला के ये फोन 10 हजार से कम में

नई दिल्ली। मोटोरोला (Motorola) का फोन लेने की सोच रहे हैं और बजट 10 हजार से कम हैं, तो हम आपको दो बेस्ट ऑप्शन के बारे में बता रहे हैं। ये फोन कंपनी की G सीरीज के हैं। इनमें आपको 12जीबी तक की रैम (रैम बूस्ट फीचर) के साथ मिलेगी।

ये फोन 7000mAh तक की बैटरी से लैस हैं। इनमें कंपनी दमदर साउंड के लिए डॉल्बी ऐटमॉस दे रही है। साथ ही इनमें आपको धांसू कैमरा भी मिलेगा।

Motorola G05 4G
4जीबी रैम और 64जीबी के इंटरनल स्टोरेज वाले इस फोन की कीमत अमेजन इंडिया पर 7899 रुपये है। फोन के फीचर्स की बात करें, तो इसमें कंपनी रैम बूस्ट ऑफर कर रही है, जिससे इसकी टोटल रैम बढ़ कर 12जीबी तक की हो जाती है। फोन में कंपनी 6.67 इंच का एचडी+ डिस्प्ले ऑफर कर रही है। यह डिस्प्ले 90Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है।

इसका पीक ब्राइटनेस लेवल 1000 निट्स का है। डिस्प्ले प्रोटेक्शन के लिए इसमें कंपनी गोरिल्ला 3 दे रही है। इसमें प्रोसेसर के तौर पर मीडियाटेक हीलियो G81 अल्ट्रा चिपसेट दिया गया है। फोटोग्राफी के लिए फोन में आपको एलईडी फ्लैश के साथ 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा मिलेगा।

वहीं, सेल्फी के लिए इसमें कंपनी 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दे रही है। मोटोरोला का यह फोन 5200mAh की बैटरी से लैस है। यह बैटरी 18 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए इसमें कंपनी साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर ऑफर कर रही है। ओएस की बात करें, तो यह फोन ऐंड्रॉयड 15 पर काम करता है। फोन में कंपनी दमदार साउंड के लिए स्टीरियो स्पीकर और डॉल्बी ऑडियो दे रही है। कंपनी का यह बजट फोन IP52 डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन रेटिंग के साथ आता है।

Motorola G06 Power
4जीबी रैम और 64जीबी के इंटरनल स्टोरेज वाले इस फोन की कीमत अमेजन इंडिया पर 9430 रुपये है। यह फोन भी रैम बूस्ट फीचर के साथ आता है, जिससे इसकी रैम 12जीबी तक की हो जाती है। फोन के बाकी फीचर्स की बात करें, तो इसमें आपको 1640 x 720 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.88 इंच का डिस्प्ले मिलेगा। फोन में ऑफर किया जा रहा यग डिस्प्ले 120Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। डिस्प्ले का पीक ब्राइटनेस लेवल 600 निट्स का है।

यह डिस्प्ले गोरिल्ला ग्लास 3 प्रोटेक्शन के साथ आता है। यह फोन हीलियो G81 एक्सट्रीम प्रोसेसर पर काम करता है। फोन में आपको फोटोग्राफी के लिए 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा मिलेगा। वहीं, सेल्फी के लिए इसमें 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 7000mAh की बैटरी दी गई है।

टाटा हैरियर ईवी नए अवतार में लॉन्च, मात्र 6.3 सेकेंड में पकड़ेगी 100kmph रफ्तार

नई दिल्ली। टाटा मोटर्स ने अपनी हैरियर ईवी (Harrier.ev) का नया वेरिएंट लॉन्च किया है। इसका नाम Fearless + QWD 75 है। हैरियर के इस नए ड्यूल मोटर क्वॉड वील ड्राइव वेरिएंट की शुरुआती कीमत 26.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।

कंपनी का दावा है कि यह सुपरकार जैसी परफॉर्मेंस और कहीं भी जाने की ऑफरोड कैपेबिलिटी के साथ आती है। इसका टॉर्क 504Nm का है और इसे 0 से 100kmps करने में मात्र 6.3 सेकेंड लगते हैं। आइए डीटेल में जानते हैं इस नए वेरिएंट के बारे में।

अब तक टाटा का QWD (ऑल-वील ड्राइव) सिस्टम केवल टॉप-स्पेक Empowered 75 वेरिएंट तक ही लिमिटेड था। Fearless+ QWD 75 के लॉन्च के साथ बायर्स के पास अब ड्यूल-मोटर सेटअप का मजा लेने का एक अधिक किफायती ऑप्शन आ गया है। यह उन ग्राहकों को अपनी ओर खींचेगा, जो पूरी तरह से फीचर लोडेड होने की बजाय परफॉर्मेंस और ऑफ-रोड कैपेबिलिटी को पसंद करते हैं।

टाटा के acti.ev+ आर्किटेक्चर पर बनी Harrier EV Fearless+ QWD 75 दमदार परफॉर्मेंस वाली एसयूवी है। यह 504 एनएम का टॉर्क जेनरेट करती है और मात्र 6.3 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ लेती है। ड्यूल-मोटर सेटअप ऑल-वील ड्राइव से लैस यह एसयूवी हर तरह की रोड कंडीशन्स पर बेहतर ट्रैक्शन और स्टेबिलिटी ऑफर करती है। इसमें 6 टेरेन मोड के साथ-साथ ऑफ-रोड असिस्ट और बूस्ट मोड जैसे फीचर भी हैं, जो इसे सिटी और ऑफ-रोड दोनों तरह की ड्राइविंग के लिए परफेक्ट बनाते हैं।

19-इंच अलॉय वील्स
टॉप वेरिएंट से नीचे होने के बावजूद Fearless+ QWD 75 में कई बेहतरीन फीचर दिए गए हैं। इनमें मेमरी फंक्शन के साथ 6-वे पावर्ड ड्राइवर सीट, 4-वे पावर्ड को-ड्राइवर सीट और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स शामिल हैं। इसके अलावा इसमें 360-डिग्री कैमरा, JBL ब्लैक 10-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, 19-इंच अलॉय वील्स और वॉइस-असिस्टेड ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल शामिल हैं। SUV में एम्बिएंट लाइटिंग, रियर कम्फर्ट हेडरेस्ट और रियर सनशेड भी मिलते हैं।

जबर्दस्त सेफ्टी
हैरियर EV को 5-स्टार भारत NCAP रेटिंग के साथ जबर्दस्त सेफ्टी भी ऑफर करती है। इसके साथ ही कंपनी बैटरी पर अनलिमिटेड लाइफटाइम वारंटी भी दे रही है, जिससे ग्राहकों को टेंशन फ्री लॉन्ग-टर्म ओनरशिप का भरोसा मिलता है। बताते चलें कि TATA.ev ने सीवीड ग्रीन नाम का एक नया एक्सटीरियर कलर भी पेश किया है। यह एलिगेंट और सोफिस्टिकेटेड कलर सभी Harrier.ev वेरिएंट में उपलब्ध होगा, जिससे ग्राहकों को अपनी बोल्ड स्टाइल को एक्सप्रेस करने का एक अडिशनल ऑप्शन मिलेगा।

अमेजन ला रहा Transformer फोन, ऐप्स डाउनलोड करने का झंझट खत्म

नई दिल्ली। एक बार फिर अमेजन स्मार्टफोन की दौड़ में शामिल होने वाला है। 2014 में अमेजन ने अपना पहला स्मार्टफोन लॉन्च किया था। उसका लक्ष्य ऐपल और सैमसंग को कड़ी टक्कर देना था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

संस्थापक Jeff Bezos की देखरेख में बनाया गया Fire Phone लॉन्च होने के एक साल से कुछ ही ज्यादा समय में बंद कर दिया गया। इसे अमेजन की सबसे बड़ी असफलताओं में से एक बताया जाता था।

अब अमेजन एक बार फिर स्मार्टफोन कंपनियों को टक्कर देने के लिए नया फोन लाने की तैयारी में है, जिसे “Transformer” नाम दिया गया है। यह फोन मौजूदा स्मार्टफोन्स से काफी अलग हो सकता है। इसमें ऐप स्टोर से ऐप डाउलोड करने की जरूरत नहीं होगी। आइये, डिटेल में जानते हैं।

Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, Amazon एक दशक के बाद फिर से स्मार्टफोन मार्केट में कदम रखने वाला है। ट्रांसफार्मर को कंपनी की डिवाइस और सर्विस यूनिट में डेवलप किया जा रहा है। यह जानकारी इस मामले से जुड़े चार लोगों ने दी।

इसका मतलब है कि यह यूजर की पसंद-नापसंद को समझकर खुद को आपके हिसाब से ढाल लेगा। यह घर में मौजूद वॉइस असिस्टेंट Alexa के साथ सिंक किया जा सकेगा और पूरे दिन अमेजन के यूजर्स के लिए एक माध्यम यानी मीडियम का काम कर सकेगा।

“Star Trek” से इंस्पायर्ड
बता दें कि Bezos आवाज से चलने वाले कंप्यूटिंग असिस्टेंट को बाजार में लाना चाहते थे, जो साइंस फिक्शन सीरीज “Star Trek” में दिखाए गए आवाज से कंट्रोल होने वाले कंप्यूटर जैसा हो।

उन्होंने एक ऐसे स्मार्टफोन के बारे में सोचा था जिसका फोकस शॉपिंग पर हो और जो प्राइम मेंबरशिप के जरिए शिपिंग की सुविधा और छूट देकर ऐपल को टक्कर दे सके। इस प्रक्रिया के लिए कंपनी को यूजर्स के ढेर सारे डेटा की जरूरत होगी और ऐसा डेटा केवल मोबाइल फोन के जोरिए ही मिल सकता है। इसमें खरीदारी की हिस्ट्री और कंटेंट की पसंद भी शामिल होती है।

कई चीजों को बनाएगा आसान
Reuters की रिपोर्ट में अभी स्मार्टफोन की अनुमानित कीमत, फीचर्स की जानकारी नहीं दी गई है। लोगों ने बताया कि उम्मीद है कि इस नए फोन के पर्सनलाइजेशन फीचर्स की मदद से Amazon.com से खरीदारी करना, प्राइम वीडियो देखना, प्राइम म्यूजिक सुनना या Grubhub जैसे पार्टनर से खाना ऑर्डर करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।

डाउनलोड नहीं करना पड़ेगा ऐप
रिपोर्ट के अनुसार, Transformer प्रोजेक्ट का एक मकसद डिवाइस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की क्षमताओं को जोड़ना है। इससे ट्रेडिशनल ऐप स्टोर की जरूरत खत्म हो सकती है, जहां किसी भी ऐप को इस्तेमाल करने से पहले उसे डाउनलोड और रजिस्टर करना पड़ता है। फोन का खास फीचर शायद Alexa होगा। लेकिन जरूरी नहीं कि यह फोन का प्राइमरी ऑपरेटिंग सिस्टम ही हो।

सैमसंग का यह धांसू फोन 5 हजार रुपये सस्ता हुआ, जानिए ऑफर्स एवं कीमत

नई दिल्ली। फ्लिपकार्ट पर आपके लिए एक तगड़ी डील है। यह डील Samsung Galaxy S25 FE पर दी जा रही है। फोन के 8जीबी रैम और 128जीबी के इंटरनल स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत फ्लिपकार्ट पर 59,999 रुपये है। इस फोन पर 5 हजार रुपये का कूपन डिस्काउंट दिया जा रहा है।

आप इस फोन को 2750 रुपये तक के कैशबैक के साथ भी खरीद सकते हैं। फोन पर कंपनी 52400 रुपये तक का एक्सचेंज बोनस भी दे रही है। ध्यान रहे कि एक्सचेंज ऑफर में मिलने वाला अडिशनल डिस्काउंट आपके पुराने फोन की कंडीशन, ब्रैंड और कंपनी की एक्सचेंज पॉलिसी पर निर्भर करेगा।

फीचर और स्पेसिफिकेशन
कंपनी इस फोन में 2340×1080 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.7 इंच का फुल एचडी+ इन्फिनिटी-O डाइनैमिक एमोलेड डिस्प्ले ऑफर कर रही है। फोन में ऑफर किया जा रहा यह डिस्प्ले 120Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। डिस्प्ले का पीक ब्राइटनेस 1900 निट्स का है। यह डिस्प्ले गोरिल्ला ग्लास विक्टस+ प्रोटेक्शन के साथ आता है। फोन 8जीबी रैम और 512जीबी तक के इंटरनल स्टोरेज से लैस है। प्रोसेसर के तौर पर फोन में आपको 4nm प्रोसेसर और Samsung Xclipse 940 GPU के साथ Exynos 2400 चिपसेट देखने को मिलेगा।

कैमरा सेटअप: फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर में एलईडी फ्लैश के साथ ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है। इनमें 50 मेगापिक्सल के मेन लेंस के साथ एक 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड ऐंगल सेंसर और एक 8 मेगापिक्सल का टेलिफोटो सेंसर शामिल है। फोन का मेन कैमरा OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन फीचर को सपोर्ट करता है। सेल्फी के लिए आपको इसमें 12 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा देखने को मिलेगा।

बैटरी: फोन को पावर देने के लिए इसमें 4900mAh की बैटरी दी गई है। यह बैटरी 45 वॉट की वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन 15 वॉट की वायरलेस चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है। बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए आपको इस फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर देखने को मिलेगा। यह फोन IP68 रेटिंग वाले डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन रेटिंग के साथ आता है।

ओएस: फोन ऐंड्रॉयड 16 पर बेस्ड OneUI 8 पर काम करता है। कनेक्टिविटी के लिए कंपनी इस फोन में 5G SA/NSA, 4G VoLTE, Wi-Fi 6E 802.11ax (2.4/5GHz), ब्लूटूथ 5.4, GPS + GLONASS, USB Type-C 3.2 Gen 1 और NFC जैसे ऑप्शन दे रही है। दमदार साउंड के लिए कंपनी इसमें डॉल्बी ऐटमॉस भी दे रही है।

स्कोडा की नई कुशाक फेसलिफ्ट भारत में लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स

नई दिल्ली। Skoda New Kushaq Facelift Launched: स्कोडा ऑटो इंडिया (Skoda Auto India) ने नई कुशाक (Kushaq) फेसलिफ्ट को लॉन्च करते हुए इसकी कीमतों से पर्दा उठा दिया है। इसे पहली बार जनवरी 2026 में पेश किया गया था।

यह कार भारतीय बाजार में पहली बार लॉन्च होने के 5 साल बाद आई है। इस फेसलिफ्ट मॉडल की एक्स-शोरूम कीमतें 10.69 लाख रुपए से शुरू होती है। नई कुशाक 5 वैरिएंट में आती है। जिसमें क्लासिक, सिग्नेचर, स्पोर्टलाइन, प्रेस्टीज और मोंटे कार्लो शामिल हैं।

इस SUV को दो टर्बो पेट्रोल ऑप्शन्स में खरीद पाएंगे। जिसमें 1.0 TSI या 1.5 TSI, जिसमें मैनुअल या ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प मिलता है। इसका 1.0 TSI इंजन 114 bhp की पावर और 178 Nm का टॉर्क देता है।

यह 6-स्पीड मैनुअल या 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है। इसकी ARAI फ्यूल एफिशिएंसी यानी माइलेज की बात करें तो मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ 19.66 Kmpl और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ 19.09 Kmpl है।

कुशाक फेसलिफ्ट में 1.5 TSI इंजन मिलता है, जो 148 bhp की पावर और 250 Nm का टॉर्क जनरेट है। इसमें 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का इस्तेमाल किया गया है। ARAI के अनुसार, इसकी फ्यूल एफिशिएंसी 18.72 kmpl है।

स्कोडा कुशाक के सभी वैरिएंट को ग्लोबल NCAP से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। इनमें 40 सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। स्टैंडर्ड फीचर्स में 6 एयरबैग, LED हेडलैंप और टेललैंप, इलेक्ट्रिक सनरूफ, और क्लाइमेट्रॉनिक ऑटो AC शामिल हैं।

सेफ्टी : लेवल 2 ADAS दिया गया है। स्कोडा के पुराने ब्रांड डायरेक्टर पेट्र जेनेबा ने पहले कहा था, “ADAS 2.0 के बारे में हम को पूरे [MQB A0-IN] प्लेटफॉर्म (जो कुशाक का भी हिस्सा है) पर फेसलिफ्ट के साथ स्टेप-बाय-स्टेप लाएंगे।”

जानकारी के लिए, ज्यादातर सेगमेंट कॉम्पिटिटर पहले से ही ADAS सूट देते हैं, जिसमें नई टाटा सिएरा, मारुति सुजुकी विक्टोरिस, होंडा एलिवेट, MG एस्टर वगैरह शामिल हैं।

इंफोटेनमेंट सिस्टम: क्लासिक वैरिएंट में रेन-सेंसिंग वाइपर्स, रियर वाइपर और 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। हाई ट्रिम्स में वर्चुअल कॉकपिट, पैनोरमिक सनरूफ और पिछली सीट पर मसाजर भी मिलते हैं।

कलर ऑप्शन: ये 8 कलर ऑप्शन में उपलब्ध हैं, जिनमें तीन नए शेड्स शिमला ग्रीन, स्टील ग्रे और चेरी रेड शामिल किए गए हैं। स्कोडा फेसलिफ्ट के साथ 4 साल या 1 लाख किलोमीटर की वारंटी के साथ 4 साल की रोडसाइड असिस्टेंस और 2 साल या 30,000 किलोमीटर तक चार लेबर-फ्री सर्विस मिलती हैं।

सोना 21 दिन में 11% और चांदी 20% गिरी, जानिए अब क्या

नई दिल्ली। ईरान पर इजरायल और अमेरिकी हमले को आज 22वां दिन है। 28 फरवरी से शुरू हुआ यह हमला दुनिया की अर्थव्यवस्था को हिला चुका है। इसमें सोना-चांदी भी नहीं बचे हैं।

अमूमन माना जाता है कि जब वैश्विक तनाव पैदा होता है तो सोना और चांदी की कीमत बढ़ती है। ऐसा इसलिए क्योंकि लोग सुरक्षित निवेश की ओर भागते हैं। लेकिन ईरान युद्ध में ऐसा बिल्कुल दिखाई नहीं दे रहा।

सोना चांदी की कीमत बढ़ने की जगह लगातार कम हो रही है। ऐसे में वे लोग ज्यादा परेशान दिखाई दे रहे हैं जिन्होंने 2-3 महीने पहले दोनों धातुओं की बढ़ती कीमत के कारण इसे खरीद लिया था। तब के मुकाबले अब कीमत बहुत गिर गई है।

ऐसे में वे इंतजार कर रहे हैं कि इनकी कीमत कब बढ़ेगी। वहीं सोना-चांदी सस्ता होने पर काफी लोगों ने इन धातुओं को तब ही खरीद लिया था। अब वे भी इंतजार कर रहे हैं कि इनकी कीमत कब बढ़ेगी।

सोने में आई गिरावट
पिछले साल से लेकर इस साल जनवरी के लगभग आखिरी तक सोना बहुत तेजी से भागा था। पिछले साल इसमें करीब 70 फीसदी की तेजी आई थी। 29 जनवरी 2026 को एमसीएक्स पर यह प्रति 10 ग्राम करीब 1.92 लाख रुपये पर पहुंच गया था। उसके बाद चार दिनों इसमें इतना बड़ा झटका लगा कि इसकी कीमत गिरकर करीब 1.39 लाख रुपये पर आ गई। अब ईरान युद्ध के बाद इसमें फिर से गिरावट आ रही है। 27 फरवरी को सोना 1,62,104 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। कल यानी शुक्रवार को अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 129 रुपये की गिरावट के साथ 1,44,825 रुपये पर बंद हुआ। ऐसे में इसमें इन 21 दिनों में करीब 11% की गिरावट आई है।

चांदी को लगा झटका
ईरान युद्ध की मार से चांदी भी नहीं बच पाई है। इसमें भी पिछले साल रेकॉर्ड तेजी आई थी। एक साल में इसने करीब 160 फीसदी रिटर्न दिया था। 29 जनवरी 2026 को यह एमसीएक्स पर अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। उस समय चांदी की कीमत प्रति किलो 2.30 लाख से ज्यादा थी।

उसके बाद चार दिनों में यह भी धड़ाम होकर 2.30 लाख से नीचे आ गई थी। अब ईरान युद्ध में भी इसकी कीमत गिर रही है। 27 फरवरी को चांदी की कीमत प्रति किलोग्राम 2,82,644 रुपये थी। कल यानी शुक्रवार को मई डिलीवरी वाली चांदी 3990 रुपये गिरकर 2,27,470 रुपये पर बंद हुई। ऐसे में इसमें इन 21 दिनों में करीब 20% की गिरावट आई है।

निवेशक क्या करें?
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के कमोडिटीज एनालिस्ट मानव मोदी ने बताया कि सोने और चांदी में इस समय सावधानी और अनुशासन के साथ ट्रेडिंग करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर आप सोना-चांदी खरीदना चाहते हैं तो सोने में ज्यादा निवेश करें। अपने पोर्टफोलियो में सोने की हिस्सेदारी 70-75% और चांदी की 30-35% रखना बेहतर रहेगा।

पृथ्वी फिनमार्ट के मनोज कुमार जैन ने निवेशकों को फिलहाल इन धातुओं से दूर रहने की सलाह दी है, क्योंकि दोनों मेटल्स अपने शॉर्ट-टर्म सपोर्ट लेवल तोड़ चुके हैं। नई खरीदारी से पहले बाजार में स्थिरता का इंतजार करना चाहिए।

वहीं अन्य एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर कम कीमत पर सोना-चांदी खरीदा है तो मुनाफा कमा सकते हैं। वहीं अगर वैल्यू कम हुई है तो कुछ समय इंतजार करें। जैसे ही कीमत बढ़े मुनाफावसूली करके निकल जाएं। अगर लंबे समय तक निवेश को बनाए रखना चाहते हैं तो बेहतर होगा।

राजस्थान में बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, सर्वे शुरू

जयपुर। Rajasthan Crop Damage: पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ हुई बेमौसम बारिश ने बढ़ती गर्मी से राहत तो दी, लेकिन खड़ी और कटी हुई रबी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचाया। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने नुकसान के आकलन और राहत प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि राजस्व विभाग को फसल नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि या बेमौसम बारिश से 33% से अधिक नुकसान होने पर किसानों को SDRF के नियमों के तहत मुआवजा दिया जाएगा।

सरकार ने राहत देते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पोस्ट-हार्वेस्ट नुकसान को भी कवर किया है। कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी फसल यदि 14 दिनों के भीतर बारिश या प्राकृतिक आपदा से खराब होती है, तो किसान क्लेम के पात्र होंगे।

इसके लिए किसानों को 72 घंटे के भीतर एग्रीकल्चर रक्षक पोर्टल, हेल्पलाइन 14447, बीमा कंपनी, बैंक या कृषि कार्यालय में सूचना देनी होगी। अधिकारियों के अनुसार शिकायत मिलते ही बीमा कंपनियों को तुरंत फील्ड सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर क्लेम का निपटारा हो सके। साथ ही विभागीय टीमें प्रभावित क्षेत्रों में जाकर किसानों की मदद कर रही हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई, जिसमें बीकानेर के नोखा में सर्वाधिक 25 मिमी बारिश हुई। अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा। सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर उत्तर-पूर्वी राजस्थान, खासकर भरतपुर और जयपुर संभाग में बना रह सकता है, जहां हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने यह भी कहा कि 21-22 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि अगले 4-5 दिनों में अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।

बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर, करौली, डीग और अलवर जिलों में देखने को मिला, जहां पककर तैयार सरसों और गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ। भरतपुर के अमोली गांव के किसान हिमांशु सिंह ने कहा कि कटाई के समय हुई बारिश ने उनकी फसल बर्बाद कर दी, जिससे आजीविका पर संकट आ गया है।

कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान का सही आंकलन हो सकेगा। किसानों को 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनियों को सूचना देने की सलाह दी गई है। भरतपुर में कई गेहूं के खेतों में पानी भर गया, जबकि शहर के कुछ इलाकों में जलभराव के चलते लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष राजाराम सिसिनी ने सरकार से जल्द सर्वे और मुआवजे की मांग की है।

सबसे ज्यादा जीरा-इसबगोल में नुकसान
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बालोतरा, जालौर और जैसलमेर में भी तेज हवाओं और बारिश से जीरा, इसबगोल, अरंडी और सरसों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह खेतों में पड़ी कटी फसल भी भीग गई, जिससे नुकसान बढ़ गया।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार इसबगोल की फसल को 80% तक और जीरा को करीब 40% तक नुकसान हुआ है। बाड़मेर के किसान प्रेम सिंह सोढ़ा ने कहा कि उनकी फसल लगभग पूरी तरह बर्बाद हो गई है। वहीं बालोतरा के किसान अमराराम ने कहा कि कर्ज लेकर बोई गई फसल के नुकसान से किसान टूट गए हैं और सरकार से तुरंत राहत की मांग की है।

प्रभावित जिलों के किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा, कर्ज में राहत और बिजली बिल में छूट की मांग की है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सरकार से जल्द गिरदावरी कराकर मुआवजा जारी करने की मांग की है। बाड़मेर के प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत सर्वे करने के निर्देश दिए हैं, हालांकि प्रशासन का कहना है कि गिरदावरी के औपचारिक आदेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं।