कोटा। शहर में आज रविवार को गणगौर क्वीन ऑफ हाड़ौती रंगीलो राजस्थान का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हाड़ौती की प्रतिभाशाली महिलाओं और युवतियों की भागीदारी देखने को मिलेगी।
कैट वुमेन विंग कोटा की अध्यक्ष नीलम विजयवर्गीय ने बताया कि इस रंगारंग आयोजन में प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य, और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रदर्शन करेंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और गणगौर जैसे पारंपरिक पर्व को भव्य रूप में मनाना है। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
शनिवार को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष नीलम विजय, सचिव भाविका प्रीत रामानी, सदस्य चित्रांगी अग्रवाल, आकांक्षा गुप्ता, नंदनी श्रृंगी, मिलन सुवालका, नेहा जैन ,नेहा प्रकाश ,पूनम भारद्वाज, गरिमा जैन, प्रेरणा जैन, सिया आडवाणी, शुभी गुप्ता, मेघना शर्मा, रीना विजय, प्रियंका विजय, नूतन सोनी एवं जूही शर्मा मौजूद रहीं।
कोटा। रोटरी क्लब कोटा द्वारा सामाजिक सरोकारों की कड़ी में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘शिक्षा सहयोग कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत क्लब द्वारा संचालित रोटरी ग्रामीण दल, आंवा एवं पिसाहेड़ा के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को कुल 228 स्कूल बैग्स वितरित किए गए। नए और रंग-बिरंगे बैग पाकर स्कूली बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
क्लब अध्यक्ष मनोज सोनी ने बताया कि क्लब का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को सुधारना और बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसी विजन के साथ आंवा एवं पिसाहेड़ा के राजकीय विद्यालयों का चयन किया गया। जहाँ बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह वितरण किया गया।
क्लब सचिव नीरज अग्रवाल ने बताया कि ये बैग्स राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आंवा एवं पिसाहेड़ा के कक्षा 1 से 8 तक के उन जरूरतमंद बच्चों को दिए गए हैं। जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता थी। इस छोटे से सहयोग ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया है।
क्लब कोषाध्यक्ष उमेश गोयल ने कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए कहा कि यह गतिविधि रोटरी इंटरनेशनल के ‘हैप्पी स्कूल प्रोजेक्ट’ एवं ‘चाइल्ड डेवलपमेंट’ अभियान के तहत आयोजित की गई है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी साक्षरता को बढ़ावा देने और विद्यालयों में बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए इस तरह के अनेक जनहितैषी कार्यक्रम जारी रखेगा।
क्लब प्रवक्ता संजय गोयल के अनुसार, इस वितरण समारोह को सफल बनाने में कार्यक्रम समन्वयक दिनेश राठी (अध्यक्ष, आरसीसी आंवा) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने रोटरी क्लब कोटा के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के प्रति एक सराहनीय कदम बताया।
राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए संकल्पित: ऊर्जा मंत्री नागर
कोटा। Technician Main Exam Result:राजस्थान राज्य के विद्युत निगमों में तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई)/ ऑपरेटर-तृतीय (आईटीआई)/ प्लांट अटेंडेन्ट-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2163 पदों पर भर्ती के लिए गत 23 फरवरी को आयोजित ऑनलाइन मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर विद्युत निगमों की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी किसी भी विद्युत निगम की वेबसाइट से अपने प्राप्तांक देख सकते हैं।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए संकल्पित है। इसी क्रम में विद्युत निगमों में भी भर्ती प्रक्रिया को गति मिली है।
तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई)/ ऑपरेटर-तृतीय (आईटीआई)/ प्लांट अटेंडेन्ट-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2163 पदों पर भर्ती हेतु प्रारम्भिक परीक्षा का आयोजन 24 से 27 नवम्बर, 2025 तक किया गया था।
प्रारम्भिक परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर रिक्तियों के लगभग दस गुणा अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा हेतु शॉर्टलिस्ट किया गया था। ‘‘मुख्य परीक्षा’’ 23 फरवरी 2026 को आयोजित की गयी थी जिसमें 23 हजार 789 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। उत्पादन निगम ने एक महीने के अल्प समय में ही मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है।
मुख्य परीक्षाओं में सफल घोषित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 1 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक चम्बल रेस्ट हाऊस, हवा सड़क, सोडाला पुलिस थाने के पास, जयपुर में किया जायेगा।
दस्तावेज सत्यापन हेतु ग्रुप-I में 4498, ग्रुप-II में 63, ग्रुप-III में 51 एवं ग्रुप-IV में 61, कुल 4,673 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है जिनकी सूची विद्युत निगमों की वेबसाईट पर अपलोड कर दी गई है।
इसके अतिरिक्त दस्तावेज सत्यापन हेतु शॉर्टलिस्ट किये गये अभ्यर्थियों को ईमेल एवं एसएमएस से भी सूचित किया गया है। सफल अभ्यर्थी, दस्तावेज सत्यापन हेतु अपने कॉल लेटर वेबसाईट से भी डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा सम्बन्धी जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाईन डेस्क (9414056655) पर सम्पर्क कर सकते है।
शिक्षा सहकारी और स्काउट गाइड ने पौधरोपण के साथ किया विश्व वानिकी सप्ताह का आगाज
कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा कोटा बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विश्व वानिकी सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिन स्काउट गाइड जिला यूथ कमेटी के सहयोग से आंवली वन क्षेत्र में संगोष्ठी, पौधरोपण एवं क्विज प्रतियोगिता जैसे विभिन्न रचनात्मक आयोजन किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सहकार भारती के जिलाध्यक्ष राधेश्याम पारेता रहे। जबकि अध्यक्षता स्काउट गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के सचिव एवं स्काउट गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राधेश्याम पारेता ने कहा कि वृक्ष ऑक्सीजन देते हैं। वे हमारी संस्कृति और जीवन का आधार भी हैं। प्रकाश जायसवाल ने ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला उप प्रधान विजय माहेश्वरी, पर्यावरणविज्ञ हरेंद्र सिंह, शिक्षा सहकारी के उपाध्यक्ष महेंद्र नागर, मंत्री जमनालाल गुर्जर, डायरेक्टर दिनेश कुमार मीणा एवं हाड़ौती युवा संघ समिति के अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश नायक ने शिरकत की।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अतिथियों और स्काउट-गाइड्स ने आंवली वन क्षेत्र में नीम, पीपल, बरगद, गुलर, सहजन, अर्जुन और आम सहित विभिन्न प्रजातियों के 85 पौधे रोपित किए।
इस अवसर पर यूथ कमेटी जिला अध्यक्ष मनराज गुर्जर, तेजमल नागर, सी एल प्रजापति, नरेश मीणा, मुकेश जांगिड़, नंद लाल मीना, लक्ष्मण आर्य, छोटू लाल पोसवाल, प्रहलाद गुर्जर, प्रभु लाल सुमन, उदय सिंह गुर्जर, अंतिमा मेहरा, नीलम पारेता और योगिता महावर सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
वृक्षारोपण के पश्चात विद्यार्थियों और स्काउट-गाइड्स के लिए एक ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण और वानिकी से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथि महेंद्र नागर, जमना लाल गुर्जर, दिनेश कुमार मीणा द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रभुलाल प्रजापति, प्रहलाद गुर्जर एवं छोटू लाल पोसवाल को ‘वृक्ष मित्र’ के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम संयोजक मनराज गुर्जर ने बताया कि इस अभियान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा, नयागांव, रोझड़ी, आंवली के विद्यार्थियों सहित जिला यूथ कमेटी के पदाधिकारी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास, मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम, सरोजिनी नायडू ओपन गाइड कंपनी एवं चंद्र शेखर आजाद स्वतंत्र स्काउट क्रू व ट्रूप के रोवर रेंजर और कब-बुलबुल ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कोटा। कोटा मंडल के यात्रियों की सुविधा एवं अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा सोगरिया–मथुरा–सोगरिया के मध्य द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
यह गाड़ी कोटा मंडल के इंदरगढ़, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, श्री महावीरजी, हिंडौन सिटी, बयाना एवं भरतपुर स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ट्रेन संख्या 02921/02922 सोगरिया–मथुरा–सोगरिया सुपरफास्ट विशेष ट्रेन का संचालन 22 मार्च से 12 अप्रैल 2026 तक (कुल 07 ट्रिप) अतिरिक्त भीड़ के मद्देनज़र किया जाएगा।
ट्रेन संख्या 02921 सोगरिया–मथुरा सुपरफास्ट विशेष ट्रेन प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार को सोगरिया से प्रस्थान कर 08:30 बजे रवाना होगी तथा मार्ग में 09:28 बजे इंदरगढ़, 10:00 बजे सवाई माधोपुर, 10:45 बजे गंगापुर सिटी, 11:13 बजे श्री महावीरजी, 11:28 बजे हिंडौन सिटी, 11:48 बजे बयाना जंक्शन एवं 12:18 बजे भरतपुर जंक्शन होकर 14:05 बजे मथुरा पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 02922 मथुरा–सोगरिया सुपरफास्ट विशेष ट्रेन प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार को मथुरा से 17:10 बजे प्रस्थान कर मार्ग में 17:38 बजे भरतपुर जंक्शन, 18:08 बजे बयाना जंक्शन, 18:33 बजे हिंडौन सिटी, 18:45 बजे श्री महावीरजी, 19:13 बजे गंगापुर सिटी, 19:58 बजे सवाई माधोपुर एवं 20:28 बजे इंदरगढ़ होकर 22:50 बजे सोगरिया पहुंचेगी।
नई दिल्ली। अमेरिका ने ईरानी तेल पर लगी पाबंदियों में अस्थायी छूट देकर एशिया के रिफाइनरों के लिए क्रूड ऑयल खरीदने का रास्ता खोल दिया है। ट्रंप प्रशासन ने 30 दिनों की छूट जारी की, जो समुद्र में पहले से लोडेड ईरानी तेल के लिए लागू है।
यह छूट 20 मार्च तक लोडेड और 19 अप्रैल तक डिस्चार्ज होने वाले तेल पर लागू है, जिसमें प्रतिबंधित टैंकर भी शामिल हैं। यह अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान पर युद्ध के कारण उत्पन्न ऊर्जा संकट को कम करने का प्रयास है, जिससे होर्मुज स्ट्रेट लगभग बंद हो गया है और तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं।
ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने इस छूट को वैश्विक बाजार में 140-170 मिलियन बैरल तेल उपलब्ध कराने का प्रयास बताया। एशिया के देश मध्य-पूर्व से 60% क्रूड आयात करते हैं, जो इस संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
भारतीय रिफाइनर इस छूट का फायदा उठाकर ईरानी तेल खरीदने की योजना बना रहे हैं। तीन भारतीय रिफाइनिंग स्रोतों ने बताया कि वे ईरानी क्रूड खरीदने को तैयार हैं, लेकिन सरकार के निर्देश और वाशिंगटन से भुगतान शर्तों का इंतजार कर रहे हैं।
भारत के पास अन्य बड़े एशियाई आयातकों की तुलना में क्रूड स्टॉक कम हैं, इसलिए उन्होंने हाल ही में रूसी तेल बुक किया था। अब ईरानी तेल की ओर रुख कर रहे हैं, क्योंकि यह छूट तीसरी बार दी गई है।
भारत सरकार से तुरंत टिप्पणी नहीं मिल सकी। बाकी एशियाई रिफाइनर भी इसकी जांच कर रहे हैं कि क्या वे इस तेल को खरीद सकते हैं। चीन पहले से ही ईरानी तेल का सबसे बड़ा खरीदार है, जहां स्वतंत्र रिफाइनर 1.38 मिलियन बैरल प्रतिदिन खरीदते हैं, क्योंकि यह गहरी छूट पर उपलब्ध होता है।
किन देशों के लिए अधिक सुविधा समुद्र में लगभग 170 मिलियन बैरल ईरानी क्रूड फैला हुआ है, जो मध्य-पूर्व की वर्तमान उत्पादन हानि के 14 दिनों से कम के बराबर है। यह तेल मध्य-पूर्व की खाड़ी से चीन के पास तक जहाजों पर है। युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट के लगभग बंद होने से एशियाई रिफाइनरियां कम दर पर चल रही हैं और ईंधन निर्यात कम हो रहा है।
2018 में ट्रंप ने ईरान के न्यूक्लियर कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाए थे, जिसके बाद चीन मुख्य खरीदार बन गया। अब यह छूट उन देशों को फायदा पहुंचा सकती है जो पहले ईरानी तेल खरीदते थे, जैसे भारत, दक्षिण कोरिया, जापान, इटली, ग्रीस, ताइवान और तुर्की।
हालांकि, ईरानी तेल खरीदने में चुनौतियां भी हैं। भुगतान कैसे होगा, इस पर अनिश्चितता है और अधिकांश तेल पुराने शैडो फ्लीट जहाजों पर है। कुछ पूर्व खरीदारों के साथ नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी से करार थे, लेकिन 2018 के बाद तीसरे पक्ष के व्यापारी बेच रहे हैं।
सिंगापुर के एक व्यापारी ने कहा कि प्रशासन और बैंकिंग में समय लगेगा, लेकिन लोग जल्दी प्रयास करेंगे। स्रोतों ने कंपनी नीति के कारण नाम नहीं बताए। यह छूट वैश्विक ऊर्जा बाजार को स्थिर करने का प्रयास है, लेकिन युद्ध के कारण दीर्घकालिक प्रभाव अनिश्चित हैं।
जयपुर। राजस्थान में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने तेल-गैस कंपनियों को गैस सिलेंडर बुकिंग के नए सिस्टम को लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।
इस नए नियम के तहत अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुक करते समय ओटीपी (OTP) के जरिए वेरिफिकेशन करना अनिवार्य होगा। विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से फर्जी बुकिंग पर रोक लगेगी और केवल वास्तविक उपभोक्ताओं को ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
ऑनलाइन बुकिंग पर OTP अनिवार्य नए आदेश के अनुसार, यदि कोई उपभोक्ता मोबाइल एप या संबंधित तेल-गैस कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से गैस सिलेंडर बुक करता है, तो उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। इस ओटीपी को दर्ज करने के बाद ही बुकिंग प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। बिना वेरिफिकेशन के अब कोई भी ऑनलाइन बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी।
अन्य डिजिटल माध्यमों पर भी लागू नियम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि उपभोक्ता फोन-पे, पेटीएम या अन्य यूपीआई आधारित माध्यमों से गैस बुकिंग करता है, तो वहां भी ओटीपी वेरिफिकेशन जरूरी होगा। यानी अब किसी भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से बुकिंग करने पर पहचान की पुष्टि अनिवार्य कर दी गई है। विभाग ने साफ कर दिया है कि इन तय माध्यमों के अलावा किसी अन्य तरीके से की गई बुकिंग मान्य नहीं होगी।
फर्जी बुकिंग पर लगेगी रोक सरकार का कहना है कि इस नई प्रणाली का मुख्य उद्देश्य फर्जी और अनधिकृत बुकिंग को रोकना है। पहले कई मामलों में यह सामने आया था कि एजेंसी संचालक या अन्य लोग उपभोक्ताओं की जानकारी के बिना बुकिंग कर देते थे। अब ओटीपी वेरिफिकेशन लागू होने के बाद ऐसा करना मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि हर बुकिंग के लिए उपभोक्ता की मंजूरी आवश्यक होगी।
डिलीवरी के समय भी DAC जरूरी सिर्फ बुकिंग ही नहीं, बल्कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय भी नए नियम लागू किए गए हैं। अब उपभोक्ता को डिलीवरी के वक्त डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) देना अनिवार्य होगा। यह कोड कंपनी की ओर से बुकिंग के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। डिलीवरी बॉय इस कोड के जरिए ही सिलेंडर की डिलीवरी को कन्फर्म करेगा।
रिकॉर्ड में दर्ज होगा DAC नई व्यवस्था के तहत डिलीवरी बॉय को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ता की पासबुक या गैस डायरी में DAC को अनिवार्य रूप से दर्ज करें। इससे डिलीवरी का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और किसी भी तरह के विवाद की स्थिति में इसका उपयोग किया जा सकेगा।
सप्लाई व्यवस्था सुधारने की पहल खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने यह कदम देश में रसोई गैस की सप्लाई में आ रही दिक्कतों और किल्लत को ध्यान में रखते हुए उठाया है। विभाग का मानना है कि नई प्रणाली लागू होने के बाद गैस वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हो जाएगी।
उपभोक्ताओं को क्या करना होगा नए नियम के तहत उपभोक्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका मोबाइल नंबर गैस एजेंसी में सही तरीके से रजिस्टर्ड हो। बुकिंग के समय प्राप्त ओटीपी को सुरक्षित रखना होगा और डिलीवरी के समय प्राप्त DAC को डिलीवरी बॉय को देना होगा। इन प्रक्रियाओं का पालन किए बिना अब गैस बुकिंग और डिलीवरी संभव नहीं होगी।
पारदर्शिता और सुरक्षा पर जोर कुल मिलाकर, राजस्थान सरकार का यह कदम गैस बुकिंग और वितरण प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे जहां उपभोक्ताओं को सही समय पर गैस उपलब्ध होने में मदद मिलेगी, वहीं अनियमितताओं पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
कोटा। यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा को ध्यान में रखते हुए लालकुंआ–राजकोट–लालकुंआ विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह विशेष गाड़ी कोटा मंडल के भरतपुर स्टेशन से होकर गुजरेगी, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 05045 लालकुंआ–राजकोट विशेष ट्रेन 5 से 26 अप्रैल तक प्रत्येक रविवार को कुल 4 ट्रिप संचालित की जाएगी तथा गाड़ी संख्या 05046 राजकोट–लालकुंआ विशेष ट्रेन 6 से 27 अप्रैल तक प्रत्येक सोमवार को कुल 4 ट्रिप संचालित की जाएगी।
कोटा मंडल के भरतपुर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 05045 के रूप में 21.00 बजे आगमन एवं 21.05 बजे प्रस्थान करेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 05046 के रूप में 20.30 बजे आगमन एवं 20.35 बजे प्रस्थान करेगी।
यह गाड़ी मार्ग में दोनों दिशाओं में लालकुंआ, किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, बदायूं, उज्जैनी, सोरों शूकर, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट, मथुरा जंक्शन, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, जयपुर जंक्शन, फुलेरा, डेगाना, मेड़ता रोड, जोधपुर जंक्शन, लूणी, समदड़ी, जालोर, भीलड़ी जंक्शन, महेसाना जंक्शन, वीरमगाम, सुरेन्द्रनगर, वांकानेर जंक्शन होते हुए राजकोट तक संचालित होगी।
रेलवे ने बेटिकट यात्रियों से 35,350 रुपये जुर्माना वसूला
पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में कोटा–रामगंजमंडी–भवानीमंडी सेक्शन में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों एवं अवैध वेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 120 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे कुल ₹35,350 की वसूली की गई।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल को दिया भरोसा
कोटा। भारतीय किसान संघ, जिला कोटा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
मुलाकात के दौरान मंत्री ने कोटा जिले के किसानों के लिए 104 करोड़ रुपये के फसल बीमा क्लेम को मंजूरी मिलने की बड़ी घोषणा की। प्रतिनिधि मण्डल में संभागीय अध्यक्ष गिरिराज चौधरी, जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा ‘कलमंडा’, जिला मंत्री रूपनारायण यादव समेत भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी शामिल रहे।
प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान कृषि मंत्री डॉ. मीणा ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि कोटा जिले के लिए फसल बीमा का 104 करोड़ रुपए का क्लेम पास हो चुका है, जो आगामी कुछ ही दिनों में सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित (डीबीटी) कर दिया जाएगा।
मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि खरीफ 2025 में अतिवृष्टि के कारण हुए फसल खराबे का पूरा मुआवजा (आदान अनुदान) भी जल्द ही स्वीकृत कर वितरित कराया जाएगा। मंडी में हो रही अनियमितताओं पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने उठाईं 9 सूत्रीय मांगें भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा ‘कलमंडा’ और जिला मंत्री रूपनारायण यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में विभिन्न विषय उठाए। प्रतिनिधिमंडल में शामिल संभागीय अध्यक्ष गिरिराज चौधरी और आशीष मेहता ने बताया कि किसान लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं। यदि समय रहते इन मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं होती है, तो भारतीय किसान संघ पूरे जिले में उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में शनिवार को मिलर्स की घटे भाव पर लिवाली निकलने से गेहूं 20 रुपये और सोयाबीन 100 रुपये तेज बिकी। कमजोर उठाव से सरसों 150 रुपये और चना नया 50 रुपये मंदा बिका। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब एक लाख कट्टे और लहसुन की 5000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-
गेहूं पुराने 2130 से 2350, गेहूं नया 2250 से 2525, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1650, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल।
धान सुगन्धा 2800 से 3251, धान (1509) 3200 से 3850, धान (1847) 3200 से 3701, धान (1718-1885) 3900 से 4300, धान (पूसा-1) 3600 से 4050, धान (1401-1846) 3800 से 4200, धान दागी 1500 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन 5000 से 5650, सरसों 5800 से 6850, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6500, उड़द 4500 से 8150, चना देशी पुराना 4700 से 5001, चना मौसमी नया 5000 से 5150, चना पेप्सी 4800 से 5151, चना डंकी 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5325 रुपये प्रति क्विंटल।
नया लहसुन 1500से 10500, मैथी 4000 से 5200, मैथी नयी 5300 से 5600, धनिया बादामी पुराना 7500 से 9800, धनिया ईगल 10200 से 11000, धनिया नया गीला 7500 से 1000, धनिया रंगदार 10000 से 16000 रुपये प्रति क्विंटल।