Thursday, June 18, 2026
Home Blog Page 11

US Tariff: अमेरिकी अदालत ने ट्रंप प्रशासन को दी 10 फीसदी टैरिफ वसूली की अनुमति

नई दिल्ली। US Tariff: अमेरिका में आयात शुल्क को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई के बीच ट्रंप प्रशासन को बड़ी राहत मिली है। वॉशिंगटन स्थित संघीय अपील अदालत ने फैसला दिया है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक अमेरिकी सरकार दुनिया भर से आने वाले सामान पर लगाए गए 10 प्रतिशत टैरिफ की वसूली जारी रख सकती है।

अदालत के इस फैसले को ट्रंप प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण जीत माना जा रहा है, क्योंकि इससे सरकार को फिलहाल अपनी व्यापार नीति लागू रखने का रास्ता मिल गया है।

पिछले महीने न्यूयॉर्क स्थित अंतरराष्ट्रीय व्यापार अदालत ने छोटे कारोबारियों द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए इन टैरिफ को अवैध करार दिया था। अदालत की बहुमत पीठ ने माना था कि राष्ट्रपति ने अपने अधिकारों की सीमा से आगे बढ़कर यह कदम उठाया है। अदालत ने कहा था कि टैरिफ लगाने का यह फैसला कानून द्वारा अधिकृत नहीं था।

अपील अदालत ने अपने आदेश में कहा कि ट्रंप प्रशासन की दलीलें पहली नजर में मजबूत दिखाई देती हैं और सरकार का पक्ष अंतिम सुनवाई में सफल हो सकता है। इसी आधार पर अदालत ने अंतिम निर्णय आने तक टैरिफ वसूली जारी रखने की अनुमति दे दी।

क्या है पूरा मामला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल फरवरी में दुनिया के अधिकांश देशों से आयात होने वाले उत्पादों पर 10 प्रतिशत का अस्थायी टैरिफ लगाया था। यह फैसला 1974 के ट्रेड एक्ट की धारा 122 के तहत लिया गया था। यह प्रावधान राष्ट्रपति को सीमित अवधि के लिए अधिकतम 15 प्रतिशत तक वैश्विक आयात शुल्क लगाने की अनुमति देता है। हालांकि इसकी अवधि 150 दिनों तक ही सीमित होती है, जिसके बाद इसे जारी रखने के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होती है।

इस मामले का एक बड़ा पहलू यह भी है कि क्या अमेरिका का व्यापार घाटा अंतरराष्ट्रीय भुगतान संबंधी गंभीर समस्या की श्रेणी में आता है या नहीं। ट्रंप प्रशासन का दावा है कि बढ़ता व्यापार घाटा अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है, जबकि विरोधी पक्ष इस व्याख्या से सहमत नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच सकता है मामला
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला अंततः अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच सकता है। यदि ऐसा होता है तो वहां से आने वाला फैसला अमेरिका की व्यापार नीति और राष्ट्रपति के आर्थिक अधिकारों को लेकर बड़ा प्रभाव डाल सकता है।

Gold Silver Price: MCX पर सोना संभला; चांदी में उछाल, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद का असर सोने और चांदी की कीमत पर भी दिख रही है। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोने की कीमत में 1,600 रुपये से अधिक तेजी आई जबकि चांदी की कीमत 5,000 रुपये से अधिक उछल गई। पिछले सत्र में सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छह महीने के लो पर आ गई थी।

एमसीएक्स पर 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,48,932 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था और आज यह 1,50,595 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 1,668 रुपये की तेजी के साथ 1,50,600 रुपये तक उछला। सुबह 10.20 बजे यह 917 रुपये यानी 0.62 फीसदी की तेजी के साथ 1,49,849 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

इसी तरह 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी की कीमत में भी तेजी आई है। पिछले सत्र में यह 2,39,653 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी और आज 2,42,776 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 5,164 रुपये की तेजी के साथ 2,44,817 रुपये तक पहुंची। सुबह 10.27 बजे यह 3,078 रुपये यानी 1.28 फीसदी तेजी के साथ 2,42,731 रुपये पर पर ट्रेड कर रहा था।

सर्राफा बाजार

सोने और चांदी की कीमतों में पिछले 3 दिनों से आ रही गिरावट थम गई है। आज बुलियंस मार्केट में गोल्ड और सिल्वर का रेट बढ़ा हुआ है। हालांकि, आज की उछाल के बाद भी सोने का रेट 1.50 लाख रुपये के नीचे ही है। बता दें, इंडियन ज्लैवर्स बुलियंस एसोसिएशन की तरफ से आज दोपहर 12 बजे नई कीमतें जारी की गई हैं।

कल यानी गुरुवार को सर्राफा बाजार में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 145584 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था। जोकि आज शुक्रवार को 147609 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। गुरुवार के मुकाबले आज सोने का रेट 2025 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ा है।

इंडियन बुलियंस ज्वैलर्स एसोसिएशन की तरफ से जारी कीमतों के अनुसार 23 कैरेट गोल्ड का रेट आज 147018 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट गोल्ड का रेट 135210 रुपये प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट गोल्ड का रेट 110707 रुपये प्रति 10 ग्राम है। आज 14 कैरेट गोल्ड का रेट 86351 रुपये प्रति 10 ग्राम है।

आज शुक्रवार को चांदी की कीमतों में 8755 रुपये का इजाफा देखने को मिला है। इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार चांदी का रेट 2295 रुपये प्रति किलोग्राम है। इससे पहले गुरुवार को 233540 रुपये चांदी का रेट था।

सरकार ने पेट्रोल पंप से बल्क में पेट्रोल-डीजल खरीद पर रोक लगाई

इंडस्ट्रियल, कॉमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल बायर्स पर 90 दिन के लिए पाबन्दी

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संकट से दुनिया में तेल की सप्लाई टाइट हुई है। इसे देखते हुए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने इंडस्ट्रियल, कमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल यूजर्स को पेट्रोल पंपों से पेट्रोल और डीजल खरीदने से रोक दिया है।

उन्हें अपनी जरूरत का ईंधन बल्क सेल पॉइंट्स से लेने को कहा गया है। इस बारे में सरकार ने गुरुवार को एक नोटिफिकेशन जारी किया है। सरकार ने डीजल की जमाखोरी रोकने के लिए यह कदम उठाया है। इसका मकसद आम उपभोक्ताओं और आवश्यक सेवाओं के लिए ईंधन की उपलब्धता बनाए रखना है।

नोटिफिकेशन के मुताबिक ये पाबंदियां शुरुआती तौर पर 90 दिनों तक लागू रहेंगी। नोटिफिकेशन में रिटेल आउटलेट डीलरों को निर्देश दिया गया है कि वे एक दिन में किसी ग्राहक या गाड़ी को 200 लीटर से ज्यादा हाई-स्पीड डीजल न बेचें। साथ ही यह भी कहा गया है कि इस हाई स्पीड डीजल को आगे दोबारा नहीं बेचा जा सकता।

यह कदम तब उठाया गया जब कुछ इलाकों में डीजल की मांग में असामान्य बढ़ोतरी देखी गई। बल्क यूजर्स कीमत के अंतर के कारण पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदने लगे थे।

दिल्ली में पेट्रोल पंपों पर डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है, जबकि बल्क सेल में इसकी कीमत 134.50 रुपये है। यह अंतर इसलिए आया क्योंकि सरकारी तेल कंपनियों ने आम यूजर्स को लागत में बढ़ोतरी से बचाने के लिए रिटेल कीमतों को नियंत्रित रखा।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल (Temporary Regulation of Supply through Retail Outlets) आदेश, 2026′ जारी किया। इसमें ईंधन रिटेलर्स और तेल मार्केटिंग कंपनियों से कहा गया है कि रिटेल आउटलेट्स से बल्क खरीद पर रोक लगाई जाए। अभी यह व्यवस्था 90 दिन के लिए की गई है।

सरकार का बड़ा फैसला

  • इंडस्ट्रियल और इंस्टीट्यूशनल यूजर्स के लिए पेट्रोल पंपों से पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर रोक
  • सरकार ने इन ग्राहकों को अपनी जरूरत का ईंधन बल्क सेल पॉइंट्स से खरीदने को कहा है
  • सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन, डीजल जमाखोरी रोकने के लिए यह कदम उठाया है
  • इसका मकसद आम उपभोक्ताओं और आवश्यक सेवाओं के लिए ईंधन की उपलब्धता बनाए रखना है
  • नोटिफिकेशन के मुताबिक ये पाबंदियां शुरुआती तौर पर 90 दिनों तक लागू रहेंगी

क्या है हाई-स्पीड डीजल
हाई स्पीड डीजल पेट्रोलियम से बना एक स्टैंडर्ड डीजल फ्यूल है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से गाड़ियों, कमर्शियल ट्रकों, कंस्ट्रक्शन के सामान और पावर जनरेटर को चलाने के लिए किया जाता है। साथ ही इसका यूज ऑफ-रोड कंस्ट्रक्शन, खेती की मशीनों और पेट्रोलियम ड्रिलिंग के उपकरणों को चलाने में किया जाता है। डीजल जनरेटर और गैस टर्बाइन में मुख्य ईंधन के तौर पर इसका इस्तेमाल होता है।

इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड आयल 90 डॉलर के नीचे, फिर भी नहीं घटे पेट्रोल के दाम

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध खत्म करने के दावे के चलते कच्चे तेल की कीमतों में आज भारी गिरावट है। ब्रेंट क्रूड 1 प्रतिशत से अधिक टूटकर अब 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है। इस बीच भारत में पेट्रोल डीजल के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बता दें मई 2026 में पेट्रोल और डीजल के दाम चार बार में 7.50 रुपये लीटर बढ़े।

युद्ध से पहले क्रूड ऑयल के दाम 64-65 डॉलर प्रति बैरल थे, जो बढ़कर लगभग 126 डॉलर पर पहुंच गए। हालांकि, अब 90 डॉलर से नीचे आने के बाद पेट्रोल-डीजल के रेट कम होने की उम्मीद बढ़ गई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने पेट्रोल, डीजल और गैस को लेकर कहा है कि अभी देश के पास 2 महीने का स्टॉक है। हालांकि, उसने इनकी कीमतों के बारे में कुछ नहीं बताया है।

चार महानगरों में पेट्रोल डीजल के रेट
IOCL द्वारा जारी आज के रेट के मुताबिक दिल्ली में सामान्य पेट्रोल का रेट 102.12 रुपये लीटर है। जबकि, डीजल 95.20 रुपये लीटर बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 107.77 रुपये और डीजल की 99.55 रुपये लीटर है। कोलकाता में एक लीटर पेट्रोल की कीमत आज 113.51 रुपये और डीजल की कीमत 99.82 रुपये है। मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 111.21 और डीजल की कीमत 97.83 रुपये है।

Stock Market: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद से सेंसेक्स 1000 अंक उछला

नई दिल्ली। Stock Market Update: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद में आज शेयर बाजार में शानदार तेजी आई है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 1000 अंक उछल गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स करीब 275 अंक ऊपर ट्रेड कर रहा है।

सुबह 9.20 बजे सेंसेक्स 981.88 अंक यानी 1.33% तेजी के साथ 74,814.43 अंक पर पहुंच गया। निफ्टी भी 280 अंक यानी 1.21% ऊपर 23,441.60 अंक पर ट्रेड कर रहा था। इस बीच रुपया भी डॉलर के मुकाबले शुरुआती कारोबार में 60 पैसे मजबूत होकर 95.25 पर पहुंच गया।

सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर तेजी के साथ खुले। इंडिगो में सबसे ज्यादा 3.29 फीसदी तेजी रही। इसके अलावा लार्सन एंड टुब्रो, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, मारुति, एचडीएफसी बैंक, इटरनल, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी ओर टेक महिंद्रा का शेयर मामूली गिरावट के साथ खुला।

निफ्टी में लार्सन एंड टुब्रो, श्रीराम फाइनेंस और इंटरग्लोब एविएशन में सबसे ज्यादा तेजी रही। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप में 1.38 फीसदी और निप्टी स्मॉलकैप में 1.61 फीसदी तेजी आई। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी रियल्टी, निफ्टी ऑटो और निफ्टी ऑटो में तेजी रही जबकि निफ्टी आईटी, निफ्टी हेल्थकेर और निफ्टी फार्मा में गिरावट रही।

शेयर बाजार में तेजी की वजह
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ डील पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने का भी आदेश दिया है। उनका कहना है कि अगले कुछ दिनों में डील पर साइन हो जाएंगे और इसके साथ ही होर्मुज स्ट्रेट खुल जाएगा। इससे कच्चे तेल की कीमत में भी आज गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड अभी 1.67 फीसदी गिरावट के साथ 88.87 डॉलर प्रति बैरल पर है।

ग्लोबल मार्केट का हाल

  • गिफ्ट निफ्टी
    सुबह गिफ्ट निफ्टी 23,487 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से लगभग 287 अंक ऊपर है। इससे संकेत मिल रहा है कि सेंसेक्स और निफ्टी की शुरुआत मजबूत हो सकती है।
  • एशियाई बाजार
    अमेरिका-ईरान तनाव कम होने की उम्मीदों से एशियाई बाजारों में तेजी रही। जापान का निक्केई 225 करीब 3.4% उछला जबकि, टॉपिक्स इंडेक्स 1.8% चढ़ गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 7% से ज्यादा मजबूत हुआ है और कोस्डैक में 3.25% की तेजी दर्ज की गई।
  • डॉऊ जोंस
    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर प्रस्तावित हमले रोकने के संकेत के बाद वॉल स्ट्रीट में जोरदार खरीदारी हुई। डॉऊ जोंस 930 अंक चढ़ा और एसएंडपी 500 में 1.75% की तेजी दर्ज की गई। नैस्डैक भी 2.54% उछला।
  • अमेरिका-ईरान समझौते की उम्मीद
    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान इस सप्ताहांत तक शांति समझौते पर साइन कर सकते हैं। हालांकि ईरान ने अभी किसी अंतिम समझौते की पुष्टि नहीं की है। अगर यह समझौता होता है तो होर्मुज में आवाजाही सामान्य हो सकती है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों को राहत मिलेगी।

यूके चैप्टर की कमान संभालने पर डॉ. केके पारीक का नागरिक अभिनंदन

कोटा। क्लिनिकल कार्डियो डायबिटिक सोसायटी ऑफ इंडिया (CCDSI) के यूके चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कोटा के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.के. पारी​क का पारीक पंचायत कोटा एवं सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा अभिनंदन किया गया।

गौरतलब है कि क्लिनिकल कार्डियो डायबिटिक सोसायटी ऑफ इंडिया ने पहली बार किसी यूरोपीय देश में अपना अंतरराष्ट्रीय चैप्टर स्थापित किया है। लंदन स्थित यूके चैप्टर की जिम्मेदारी डॉ. के.के. पारीक को सौंपे जाने को चिकित्सा जगत के साथ-साथ कोटा के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। डॉ. पारीक वर्तमान में सीसीडीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं।

सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. पारीक ने चिकित्सा सेवा, शोध एवं संगठनात्मक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी नियुक्ति न केवल कोटा बल्कि पूरे राजस्थान के लिए सम्मान का विषय है।

इस अवसर पर पारीक पंचायत कोटा के अध्यक्ष रास बिहारी पारीक, कोषाध्यक्ष विनोद पारीक, शिवगोपाल पारीक, कैलाश पारीक, मदनगोपाल पारीक, देवेंद्र पारीक, वैद्य रेवती रमण पारीक, जयप्रकाश पारीक, गिरिराज पारीक, निर्मला पारीक एवं अनिता पारीक सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण समाज की ओर से राजेंद्र गौतम, जिला अध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा, ईश्वर शर्मा, पुरुषोत्तम पंचोली सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी डॉ. पारीक को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

तलवंडी में चातुर्मास आयोजन को लेकर मुनि संघ से समाजजनों ने किया सामूहिक निवेदन

कोटा। सकल दिगंबर जैन समाज एवं श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर समिति, तलवंडी के तत्वावधान में आगामी चातुर्मास तलवंडी में आयोजित होने की मंगल भावना के साथ मुनि संघ के श्रीचरणों में श्रीफल अर्पित कर सामूहिक निवेदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा युवा शक्ति के सदस्य उपस्थित रहे।

मंदिर समिति अध्यक्ष अशोक पहाड़िया ने बताया कि जैन धर्म में वर्षा ऋतु के दौरान संपन्न होने वाला चातुर्मास एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक परंपरा है। इस अवधि में भूमि पर असंख्य सूक्ष्म जीवों की उत्पत्ति होने के कारण साधु-संत विहार को विराम देकर एक स्थान पर विराजमान रहते हैं।

इससे जीव हिंसा की संभावना कम होती है तथा साधु-संत साधना, स्वाध्याय और धर्मप्रभावना के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। वहीं श्रावक-श्राविकाओं को धर्मश्रवण एवं आत्मकल्याण का विशेष अवसर प्राप्त होता है।

महामंत्री प्रकाश सामरिया ने बताया कि तलवंडी में विराजमान आचार्य शिरोमणि विद्यासागर महाराज के सुशिष्य एवं नवाचार्य समय सागर महाराज के प्रभावक शिष्यों मुनि निरोग सागर महाराज, मुनि निर्मोह सागर महाराज, मुनि निरामय सागर महाराज तथा मुनि निर्भीक सागर महाराज ससंघ के सान्निध्य में धर्मप्रभावना का कार्य निरंतर गतिमान है। मुनि संघ के प्रवचनों एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन से क्षेत्र में धर्म और ज्ञान की गंगा प्रवाहित हो रही है।

उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में भी कोटा शहर को ऐसे पुण्यदायी अवसर प्राप्त होते रहें, इसी मंगल भावना के साथ सकल दिगंबर जैन समाज, कोटा के नेतृत्व में मुनि संघ के श्रीचरणों में आगामी चातुर्मास तलवंडी में आयोजित करने का निवेदन किया गया।

इस अवसर पर सकल समाज के संरक्षक विमल नांता एवं विनोद टोरड़ी, अध्यक्ष प्रकाश बज, मंत्री पदम बड़ला, कोषाध्यक्ष जितेंद्र हरसौरा, कार्याध्यक्ष जे.के. जैन, मनोज जैसवाल, पारस सोगानी, महावीर शाह, नरेश वेद एवं अनिल ठोरा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंदिर समिति अध्यक्ष अशोक पहाड़िया, महामंत्री प्रकाश सामरिया, प्रचार-प्रसार मंत्री राजकुमार लुहाड़िया, उपेंद्र जैन, युवा शक्ति के पिंकेश, शुभम, सुदर्शन, संदीप, राहुल, सुरेश हरसौरा, अशोक जैन एवं राजकुमार तथा महिला मंडल की अनिला झांझरी एवं सुनीता सामरिया ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

राईजिंग राजस्थान के एमओयू धारकों के लिए रीको ने शुरू किया डायरेक्ट अलॉटमेंट

435 औद्योगिक एवं 4 लॉजिस्टिक्स भूखंड उपलब्ध, 16 जून तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

कोटा। राईजिंग राजस्थान निवेश पहल के तहत राज्य सरकार के साथ एमओयू कर चुके निवेशकों के लिए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने कोटा, बूंदी एवं बारां जिलों में औद्योगिक तथा वेयरहाउस/लॉजिस्टिक्स भूखंडों के प्रत्यक्ष आवंटन योजना का 11वां चरण प्रारंभ कर दिया है।

इच्छुक निवेशक 16 जून को सायं 6 बजे तक रीको की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। रीको के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक वी.के. विजय ने बताया कि इस चरण में कोटा, बूंदी एवं बारां जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कुल 435 औद्योगिक भूखंड तथा 4 लॉजिस्टिक्स भूखंड आवंटन के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। योजना का उद्देश्य निवेशकों को त्वरित रूप से भूमि उपलब्ध कराकर औद्योगिक विकास को गति देना तथा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

उन्होंने बताया कि राईजिंग राजस्थान के अंतर्गत राज्य सरकार के साथ एमओयू निष्पादित कर चुके निवेशक रीको की आधिकारिक वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ निर्धारित अमानत राशि जमा कराने की अंतिम तिथि भी 16 जून 2026 सायं 6 बजे निर्धारित की गई है।

वी.के. विजय ने बताया कि किसी भूखंड के लिए एकमात्र आवेदन प्राप्त होने पर उसका प्रत्यक्ष आवंटन किया जाएगा, जबकि एक से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में 22 जून 2026 को ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन प्रक्रिया संपन्न होगी।

योजना के अंतर्गत कोटा जिले के गुण्दी फतेहपुर औद्योगिक क्षेत्र में 10, टॉय पार्क रानपुर में 13 तथा बारां जिले के गुवाड़ी-मझारी में एक भूखंड 99 वर्ष की लीज अवधि के लिए उपलब्ध कराया गया है।

वहीं कोटा जिले के स्टोन पार्क गुण्दी फतेहपुर में 60, वेस्ट रिसाइक्लिंग पार्क गुण्दी फतेहपुर में 46, बपावर में 81, बारां जिले के पीपलखेड़ी में 67 तथा बूंदी जिले के कछालिया में 16, तालाबगांव में 96 और श्रीरामजानकी नैनवां में 45 औद्योगिक भूखंड 33 वर्ष की लीज अवधि के लिए रखे गए हैं।

इसके अतिरिक्त बारां जिले के पीपलखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में 4 लॉजिस्टिक्स भूखंड भी 33 वर्ष की लीज अवधि के लिए योजना में शामिल किए गए हैं। रीको ने निवेशकों की सुविधा के लिए आवंटन के पश्चात शेष 75 प्रतिशत राशि का भुगतान 8.50 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर 19 अथवा 11 त्रैमासिक किश्तों में करने की सुविधा भी प्रदान की है।

श्रीमद भागवत कथा: जिसने प्रभु की गोद पा ली, उसका मानव जीवन सफल है

कोटा। श्री धरणीधर जन सेवा संस्थान एवं समस्त धाकड़ समाज, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में विनोबाभावे नगर स्थित खड़े गणेश जी रोड पर श्री धरणीधर गार्डन में भव्य ‘श्रीमद भागवत कथा एवं रासलीला महोत्सव’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। महोत्सव के पांचवे दिन गुरुवार को पंडाल में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर व्यासपीठ पर विराजमान बनेठ वाले पण्डित हरिओम शास्त्री गुरूदेव ने अमृत वर्षा करते हुए श्रद्धालुओं को समझाया कि भगवान केवल भाव का विषय हैं, वे भाव ग्राही जनार्दन हैं। मनुष्य का भगवान में जितना सच्चा और गहरा भाव होगा, वह उतनी ही सहजता से भगवान को प्राप्त कर सकता है।

गुरुदेव ने जीवन के वास्तविक उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे जीवन का लक्ष्य केवल यह नहीं होना चाहिए कि हमारा कल्याण हो जाए, बल्कि हमारा सर्वोच्च लक्ष्य यह होना चाहिए कि हमें भगवान की गोद मिल जाए। जिसने प्रभु की गोद पा ली, उसका मानव जीवन सफल हो जाता है। कथा के दौरान गुरुदेव के मुखारविंद से बहे भक्ति रस में डूबकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए और भजनों पर झूमने लगे।

​इस दौरान रासलीला के वृंदावन के ख्यातिप्राप्त कलाकार हरिवल्लभ शर्मा ‘छोटे ठाकुर’ महाराज के कुशल निर्देशन में कलाकारों द्वारा अद्भुत और मनोहारी मंचन किया गया। पांचवे दिन के प्रसंगों में कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, नटखट माखन चोरी और गोवर्धन पूजा के प्रसंग का जीवंत प्रदर्शन किया।

कलाकारों ने जब बाल कृष्ण द्वारा गोपियों की मटकी फोड़ने और माखन चुराने का सजीव दृश्य प्रस्तुत किया, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद देवराज इंद्र के अहंकार को चूर-चूर करने के लिए भगवान श्री कृष्ण द्वारा कनिष्ठ उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण करने की अलौकिक लीला दिखाई गई। इस दौरान भव्य छप्पन भोग की झांकी सजाई गई और गोवर्धन महाराज की महाआरती की गई। जिसमें सभी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

​संस्थान के कोषाध्यक्ष महावीर नागर अंथड़ा ने बताया कि महोत्सव 13 जून तक अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों को आमंत्रित करते हुए बताया कि महोत्सव के तहत प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक श्रीमद भागवत कथा का वाचन हो रहा है। इसके साथ ही, प्रतिदिन रात्रि 7:30 बजे से दिव्य रासलीला का मंचन किया जा रहा है।

Realme का 50MP कैमरा वाला फोन हुआ सस्ता, जानिए कितनी रह गई कीमत

नई दिल्ली। Realme ने अपने मिडरेंज स्मार्टफोन Realme P4 Pro 5G पर लिमिटेड टाइम ऑफर की घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक, यह ऑफर 11 जून से 15 जून 2026 तक ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Flipkart पर उपलब्ध रहेगा।

इस दौरान ग्राहक फोन को अट्रैक्टिव प्राइस और अन्य बेनिफिट्स के साथ खरीद सकेंगे। कंपनी का मानना है कि इसका सीधा फायदा उन ग्राहकों को मिलेगा जो फ्लैगशिप लेवल फीचर्स वाला स्मार्टफोन कम कीमत पर खरीदने का मन बना रहे हैं।

ऑफर की बात करें तो Realme P4 Pro 5G का 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट अब 26,999 रुपये के इफेक्टिव प्राइस पर खरीदा जा सकेगा। इसके अलावा ग्राहकों को 2,000 रुपये तक का प्राइस ऑफर और 9 महीने तक की नो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी दिया जा रहा है। वहीं, 8GB + 256GB वेरिएंट का इफेक्टिव प्राइस 28,999 रुपये और 12GB + 256GB वेरिएंट का इफेक्टिव प्राइस 30,999 रुपये रह गया है।

फोन के स्पेसिफिकेशंस
Realme P4 Pro 5G को खासतौर पर उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो स्मार्टफोन में बेहतर परफॉर्मेंस, AI फीचर्स और लंबे वक्त तक चलने वाली बैटरी चाहते हैं। फोन में Qualcomm का Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है, जिसके साथ Hyper Vision AI चिपसेट भी मौजूद है।

यह AI चिपसेट Pixelworks के साथ मिलकर डिवेलप किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह डुअल-चिप आर्किटेक्चर स्मार्टफोन को ज्यादा फास्ट, स्मार्ट और एनर्जी-एफिशिएंट बनाता है, जिससे गेमिंग, मल्टीटास्किंग और AI बेस्ड फीचर्स का एक्सपीरियंस बेहतर होता है।

डिस्प्ले की बात करें तो स्मार्टफोन में 144Hz HyperGlow AMOLED 4D Curve+ डिस्प्ले दिया गया है। हाई रिफ्रेश रेट की वजह से यूजर्स को स्मूथ स्क्रॉलिंग, बेहतर गेमिंग और शानदार वीडियो व्यूइंग एक्सपीरियंस मिलता है।

ऐसे वक्त में जब मोबाइल गेमिंग और वीडियो स्ट्रीमिंग तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में यह फीचर कई ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है। फोन केवल 7.68mm पतला और करीब 189 ग्राम वजन का है। स्टोरेज के लिए इसमें UFS 3.1 तकनीक के साथ 256GB तक स्टोरेज और 12GB तक रैम का विकल्प मिलता है।

बैटरी के मामले में भी यह स्मार्टफोन काफी धांसू है। इसमें 7000mAh की बड़ी Titan Battery दी गई है जो लंबा बैकअप देती है। Realme P4 Pro 5G में डुअल 50 मेगापिक्सल AI कैमरा सिस्टम दिया गया है।

कंपनी का कहना है कि यह कैमरा सेटअप बेहतर फोटोज और वीडियो कैप्चर करने में मदद करता है। खास बात यह है कि यूजर्स को AI फीचर्स की मदद से एडिटिंग का विकल्प भी दिया जा रहा है।

फोन Android 15 आधारित realme UI 6.0 पर चलता है और इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर, Wi-Fi 6, Bluetooth 5.4, IR Blaster, स्टीरियो स्पीकर और Gorilla Glass सुरक्षा जैसे फंक्शंस भी शामिल हैं।