होटल फेडरेशन ने हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 की कार्ययोजना व प्रस्ताव पर्यटन सचिव को सौंपा

0
16

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जयपुर में राज्य की पर्यटन सचिव सुचि त्यागी को कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट–2 की विस्तृत कार्ययोजना एवं प्रस्ताव सौंपा।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान, प्रदेश सचिव रणविजय सिंह, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जयपुर में राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी से मुलाकात कर राज्य सरकार से कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट–2 के आयोजन की अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया गया था।

इस दौरान पर्यटन मंत्री ने आयोजन के प्रति अपनी सहमति व्यक्त करते हुए प्रतिनिधिमंडल को राज्य की पर्यटन सचिव के समक्ष विस्तृत कार्ययोजना एवं प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि जनवरी 2026 में आयोजित प्रथम कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट ऐतिहासिक रूप से सफल रहा, जिसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

ट्रेवल मार्ट के बाद हाड़ोती क्षेत्र में 132 से अधिक पर्यटक समूह भ्रमण कर चुके हैं तथा 400 से अधिक ट्रेवल एजेंटों ने अपनी राजस्थान यात्रा योजनाओं ( आइटनरी) में हाड़ोती को शामिल किया है।

इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में पर्यटकों की निरंतर आवाजाही बढ़ी है और हाड़ोती राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (GITB) के दौरान 18 देशों के 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों ने हाड़ोती का भ्रमण कर यहां के पर्यटन स्थलों की मुक्त कंठ से सराहना की।

वहीं देश के 26 राज्यों के टूर ऑपरेटरों के लिए भी लगातार फेम टूर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका संपूर्ण आतिथ्य एवं समन्वय होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा किया जा रहा है।

माहेश्वरी ने बताया कि 19 जुलाई को इंडिया आउटबॉक्स के साथ एक एमओयू किया गया है, जिसके अंतर्गत 5 से 7 अगस्त तक 11 राज्यों से 60 से अधिक टूर ऑपरेटर उदयपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा एवं बूंदी के भ्रमण पर आएंगे। इन सभी अतिथियों के आतिथ्य की व्यवस्था भी होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हाड़ोती में पर्यटन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट–2 का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक स्वरूप देने के लिए डेस्टिनेशन वेडिंग प्लानर्स, इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों, अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटरों, राष्ट्रीय स्तर के यूट्यूबर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को भी आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है।

प्रस्तावित आयोजन में हाड़ोती की लोक कला, संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, पारंपरिक व्यंजन तथा क्षेत्र के प्रसिद्ध उत्पादों जैसे कोटा कचौरी, कोटा डोरिया साड़ी, कोटा स्टोन, चावल, धनिया एवं सैंडस्टोन का विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा।

माहेश्वरी ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार शीघ्र ही कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट–2 के आयोजन की स्वीकृति प्रदान करेगी, जिससे आयोजन की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिल सके और इसे पहले से भी अधिक भव्य, व्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल हाड़ोती के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, रोजगार हस्तशिल्प , संस्कृति एवं स्थानीय उत्पादों को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।