होंडा ने भारत में लॉन्च की रेबेल 300 क्रूजर बाइक, जानिए फीचर्स एवं कीमत

0
5

नई दिल्ली। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने भारतीय बाजार में अपनी रेबेल 300 (Honda Rebel) मोटरसाइकिल लॉन्च कर दी है। इस दमदार और शानदार मोटरसाइकिल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 2.22 लाख रुपए तय की गई है।

वहीं, इसके ई-क्लच वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 2.62 लाख रुपए है। ये कीमतें काफी कॉम्पिटिटिव हैं। जब कुछ सप्ताह पहले इन बाइक्स को दिखाया गया था, तब इस तरह की कीमतों की उम्मीद भी की जा रही थी।

रेबेल 300 एक क्रूजर मोटरसाइकिल है, जो रेबेल 500 से इंस्पायर्ड है। यह बात बाइक के डिजाइन में साफ दिखती है, चाहे वह हेडलाइट का आकार हो या फ्यूल टैंक या फिर कर्व्ड फेंडर।

होंडा रेबेल 300 का एक्सपोज्ड फ्रेम और सब-फ्रेम भी इसके डिजाइन की खासियतों में से एक है। बाजार में इसका सीधा मुकाबला रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350, रॉयल एनफील्ड मीटियोर 350, रॉयल एनफील्ड गोअन क्लासिक 350 और जावा 42 बॉबर जैसे मॉडल से होगा।

रेबेल 300 में 286cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है जो करीब 30bhp की पावर और 27.5Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। ई-क्लच की मदद से बिना क्लच दबाए बाइक स्टार्ट की जा सकती है। साथ ही, गियर भी बदले जा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर मैनुअल ऑपरेशन के लिए क्लच लीवर भी मौजूद रहता है।

रेबेल 300 में ट्यूबलर स्टील फ्रेम है, जिसे टेलीस्कोपिक फोर्क और ट्विन शॉक एब्जॉर्बर का सपोर्ट मिलता है। बाइक में एलॉय व्हील्स दिए गए हैं और ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ डुअल-चैनल ABS की सुविधा है।

फीचर्स की बात करें तो रेबेल 300 में नया गोल TFT डिस्प्ले दिया गया है, जिसने इंटरनेशनल मॉडल्स में दिखने वाले LCD यूनिट की जगह ली है। इसमें होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल (HSTC) सिस्टम और डुअल-चैनल ABS भी मिलता है।

कंपनी ने लॉन्च के साथ रेबेल 300 की बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक पूरे भारत में किसी भी होंडा बिगविंग डीलरशिप पर 5,000 रुपए देकर बाइक बुक कर सकते हैं। डिलीवरी अक्टूबर के मिड में शुरू होगी। मुकाबले की बात करें तो इसका मुकाबला रॉयल एनफील्ड मीटियोर 350 से है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 2 लाख रुपए से शुरू होती है।