कोटा। समाज के सामुदायिक विकास और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से किशोरपुरा में संत गाडगे कम्युनिटी हॉल के शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वशिष्ठ धोबी महासभा समिति के अध्यक्ष बालचंद रजवानियां ने बताया कि कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने कम्युनिटी हॉल की आधारशिला रखी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि विधायक संदीप शर्मा और भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा शहर जिला मंत्री एवं धोबी समाज संभाग अध्यक्ष श्याम दौहडिया ने की।
अपने संबोधन में ओम बिरला ने कहा कि धोबी समाज अपनी मेहनत, सेवा भावना, स्वच्छता और संस्कारों के लिए विशेष पहचान रखता है। उन्होंने संत गाडगे महाराज के जीवन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके द्वारा दिया गया स्वच्छता, मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश आज भी प्रासंगिक है तथा समाज को नई दिशा प्रदान कर रहा है। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष सूरजमल दाहवा, सुन्दरलाल खुवाल, वरिष्ठ संरक्षक नारायण दुवाला, कोषाध्यक्ष हनुमान सामरिया, संदीप रजवानियां, पप्पू अखेरिया, दानमल दुवाला, विनोद बातकी, पूर्व आईएएस प्रकाश पवन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में अतिथियों का सम्मान किया गया तथा समाज हित में उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

