श्री धाकड महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में समाज के उत्थान पर हुआ मंथन

0
7

प्री-वेडिंग शूट, डीजे, नशा और फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने पर बल

कोटा। श्री धाकड महासभा भारतवर्ष की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आरकेपुरम कोटा स्थित ब्लू सफायर होटल में राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र नागर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत आराध्य देव भगवान धरणीधर की पूजा-अर्चना एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम से हुई।

प्रथम सत्र में सभी पदाधिकारियों का परिचय हुआ। जिसके बाद राष्ट्रीय महामंत्री हेमराज नागर ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया और देश भर में धरणीधर जयंती एक ही दिन धूमधाम से मनाने का प्रस्ताव रखा। बैठक में सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों ने वर्ष भर की गतिविधियों का ब्यौरा दिया।

इसमें विशेष रूप से बिजोलिया में आयोजित रक्तदान शिविर (जिसमें 900 महिलाओं सहित 3000 से अधिक यूनिट) और खानपुर के धरणीधर गार्डन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र नागर के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 960 यूनिट रक्तदान कर कीर्तिमान स्थापित करने की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही, प्रत्येक जिले में प्रतिभा सम्मान, करियर सेमिनार और वृक्षारोपण जैसे कार्यों की सराहना की गई। बैठक में समाज के मुख्य पत्र ‘धाकड़ बंधु’ पत्रिका का पुनः प्रकाशन कोटा से शुरू करने का अंतिम निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर महासभा के संरक्षक इंजीनियर कन्हैयालाल ने 1957 से जारी संगठन की यात्रा का उल्लेख करते हुए समाज के हर वर्ग को साथ लेकर संगठित होने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र नागर ने अपने संबोधन में युवाओं और मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए समाज में प्री-वेडिंग शूट, डीजे, नशा और फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि समाज कृषि के साथ-साथ व्यापार और राजकीय नौकरियों में आगे बढ़ रहा है। महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलगुरु प्रताप सिंह धाकड़ ने समाज को शिक्षा, नवाचार और तकनीक अपनाने की सलाह दी।

वहीं युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्जुन धाकड़ ने करियर गाइडेंस शिविरों के आयोजन पर जोर दिया। राष्ट्रीय महामंत्री अशोक पटेल ने महासभा के कार्यों पर प्रकाश डाला, जबकि राष्ट्रीय महामंत्री चंद्र प्रकाश नागर ने कुशल संचालन करते हुए 25 जून को महासभा के स्थापना दिवस के रूप में पूरे देश में धूमधाम से मनाने तथा सेवा कार्य आयोजित करने का आह्वान किया।

बैठक में देश भर से जुटे शीर्ष पदाधिकारी और अतिथि
बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोविंद सिंह धाकड़ जयपुर, बालमुकुंद लिंबोदी, मोना सुस्तानी, दयाराम धाकड़ खाचरोद, भागीरथ नागर सीहोर, भूपेंद्र धाकड़ कोटा, बद्रीलाल सागितला उज्जैन, रामचंद्र पटेल देपालपुर इंदौर, बालूराम धाकड़ शाहपुरा उपस्थित रहे। साथ ही राष्ट्रीय महामंत्री हेमराज नगर नैनवां, अशोक पटेल भोपाल, गौरी शंकर पटेल इंदौर, चंद्रप्रकाश नागर कोटा; राष्ट्रीय मंत्री पदम धाकड़ (प्रधान नैनवा), मुकेश धाकड़ उज्जैन, श्री राम धाकड़ बयाना, डॉक्टर गणेश नागर मांडलगढ़, तख्तमल नागर बारां, राजकुमार ओरा रामगंज मंडी ने भी भाग लिया।

इसके अतिरिक्त राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष इंद्र सिंह मंडलोई, मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष गौरीशंकर नागर, उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश धाकड़, राजस्थान युवा संघ अध्यक्ष रमन धाकड़ और राष्ट्रीय प्रवक्ता शिव धाकड़ सहित महासभा के कई राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।