मनरेगा मजदूरों का भुगतान रोकने के दोषी कर्मियों से 2.43 लाख रुपये वसूली के आदेश

0
6

कोटा। मनरेगा में मजदूरों से काम करवाने के बावजूद उनका भुगतान नहीं करना ग्राम पंचायत बम्बूलिया कलां के तत्कालीन दो कर्मचारियों को भारी पड़ गया।

पंचायत समिति इटावा की ग्राम पंचायत में खाल खुदाई कार्य के दौरान 120 श्रमिकों का भुगतान अटकाने के मामले में जिला परिषद कोटा के लोकपाल जगदीश शर्मा ने तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मण सिंह और कनिष्ठ सहायक महेश कुमार वर्मा को दोषी माना है।

लोकपाल ने दोनों कर्मचारियों से 2 लाख 43 हजार 583 रुपए ब्याज सहित वसूलने और उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए हैं।मामला हवाखेड़ली ग्रेवल सड़क से रघुनाथपुरा तक खाल खुदाई कार्य का है।

इस कार्य में 20 मई से 4 जून 2024 तक के पखवाड़े का भुगतान श्रमिकों को नहीं मिला था। मेट एवं श्रमिकों प्रमोद नागर, मेनका मीणा, महेंद्र बैरवा, पप्पूलाल बैरवा, साहबलाल बैरवा सहित अन्य ने 22 सितंबर 2026 को लोकपाल के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में मस्टररोल संख्या 4212 से 4223, 4838 और 4236 का भुगतान नहीं होने की बात कही गई थी।

जांच में सामने आया, 120 श्रमिकों को नहीं मिला भुगतान
लोकपाल की जांच और निरीक्षण में सामने आया कि कार्य में लगे कुल 120 श्रमिकों में से किसी को भी भुगतान नहीं किया गया। माप पुस्तिका के अनुसार 2,43,583 रुपए की राशि भुगतान योग्य थी। हैरानी की बात यह रही कि तकनीकी और ब्लॉक स्तर के किसी भी कार्मिक ने कार्यस्थल का समय-समय पर निरीक्षण तक नहीं किया।

अधिकारियों के जवाब में भी विरोधाभास
लोकपाल ने 5 और 12 अक्टूबर को खंड विकास अधिकारी इटावा एवं ग्राम विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा था। जवाब में एक ओर एमआईएस रिपोर्ट में कार्य पूर्ण दर्शाया गया, वहीं दूसरी ओर बताया गया कि मस्टररोल भुगतान के लिए प्रस्तुत ही नहीं की गई। जांच कमेटी की रिपोर्ट में तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मण सिंह और कनिष्ठ सहायक महेश कुमार वर्मा की जिम्मेदारी सामने आई।

स्वीकृत राशि खर्च, फिर भी मजदूरों को भुगतान नहीं
लोकपाल ने आदेश में उल्लेख किया कि कार्य की कुल स्वीकृत राशि 12.86 लाख रुपए थी, जिसमें से 11.4749 लाख रुपए व्यय दर्शाए गए। इसके बावजूद श्रमिकों को उनकी मेहनत का भुगतान नहीं होना ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

आदेश के अनुसार दोनों कर्मचारियों से 2,43,583 रुपए ब्याज सहित वसूल किए जाएंगे। साथ ही दोनों पर एक-एक हजार रुपए की शास्ति भी लगाई गई है। खंड विकास अधिकारी एवं पदेन कार्यक्रम अधिकारी की ओर से समय पर पर्यवेक्षण नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

लोकपाल ने भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। 21 नवंबर 2026 को जारी आदेश की प्रतिलिपि अध्यक्ष राजस्थान लोकपाल अपीलेट अथॉरिटी जयपुर, आयुक्त ईजीएस, जिला कलेक्टर कोटा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद कोटा सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। आदेश से असंतुष्ट पक्ष 30 दिन में अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है।