वंदना नायक समेत 9 महिला आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान से नवाजी

0
48

कोटा। स्थानीय गीता भवन परिसर, सरोवर टॉकीज रोड पर रविवार को सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महिला महासंघ, कोटा की ओर से “आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान” कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया।

इस विशेष समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज में अपनी मेहनत, लगन और सेवाभाव से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाली मातृशक्ति को प्रोत्साहित करना और उन्हें सम्मानित करना था। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं के कार्यों को सराहा गया।

इस गरिमामयी समारोह में हाड़ौती नायक समाज के प्रथम महिला संगठन “शक्ति” (नायक समाज महिला संगठन, कोटा) की संस्थापक एवं अध्यक्ष वन्दना नायक को उनकी उत्कृष्ट सामाजिक सेवाओं और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों के लिए मुख्य रूप से “आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान” से नवाजा गया। इसके साथ ही, उनके संगठन की नौ अन्य कर्मठ महिला सदस्यों को भी समाज में विशिष्ट पहचान बनाने और उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मान पत्र भेंट किए गए।

‘शक्ति’ संगठन के पदाधिकारी जोंटी नायक ने बताया कि वन्दना नायक के साथ-साथ संगठन की जिन अन्य नौ महिलाओं को सम्मानित किया गया है। उनमें अध्यापिका पाना नायक, अध्यापिका अनीता नायक, ऊषा नायक, इंद्रा नायक, गीता नायक, चंद्रकांता नायक, निशा नायक, सरजू नायक और अनीता नायक (रायपुरा) शामिल हैं।

महासंघ के इस कदम की सराहना करते हुए उपस्थित प्रबुद्धजनों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज की अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रेरणा मिलती है।