सेंसेक्स 915 अंक लुढ़क कर 59308 पर, 5 मिनट में निवेशकों के 2.7 लाख करोड़ डूबे

363

मुंबई। ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे से शेयर बाजार सहम गया और घबराहट पूर्ण बिकवाली से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 914.87 अंक लुढ़क कर 59,308.28 पर पहुंच गया है। HDFC लिमिटेड के शेयर में 3% की गिरावट है। निवेशकों को आज 60 सेकेंड में 2.7 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।

सेंसेक्स 492 अंक नीचे 59,731 पर खुला था। खुलते ही पहले मिनट में यह 600 अंक टूट गया। इसके 30 शेयर्स में से केवल 3 शेयर्स बढ़त में हैं बाकी 27 गिरावट में हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में HCL टेक, HDFC बैंक, इंफोसिस और टेक महिंद्रा डेढ़-डेढ़ पर्सेंट नीचे हैं। कोटक बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, ICICI बैंक, बजाज फिनसर्व 1-1% टूटे हैं।

एयरटेल और सनफार्मा बढ़े
बढ़ने वाले स्टॉक में केवल एयरटेल, सनफार्मा, टाटा स्टील और डॉ. रेड्‌डी हैं। सेंसेक्स के 261 स्टॉक अपर सर्किट में और 172 लोअर सर्किट में हैं। सर्किट का मतलब एक दिन में उससे ज्यादा बढ़त या गिरावट किसी शेयर में नहीं हो सकती है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 269.60 लाख करोड रुपए है। कल यह 272.35 लाख करोड़ रुपए था। यानी इसमें आज 2.7 लाख करोड़ की गिरावट आई है।

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 233 अंक गिरकर 17,686 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,768 पर खुला था। दिन में इसने 17,797 का ऊपरी और 17,671 का निचला स्तर बनाया। इसके 50 शेयर्स में से 43 गिरावट में और 7 बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी के मिडकैप, बैंकिंग, फाइनेंशियल और नेक्स्ट 50 इंडेक्स गिरावट में हैं।

HDFC, HCL टेक और HDFC बैंक गिरावट में
निफ्टी के गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में HDFC, HCL टेक, HDFC बैंक, टेक महिंद्रा, और आयशर मोटर्स हैं। बढ़ने वाले शेयर्स में हिंडालको, एयरटेल, UPL और सनफार्मा हैं। इससे पहले कल लगातार चौथे दिन बाजार में बढ़त रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 367 पॉइंट्स बढ़कर 60,223 पर जबकि निफ्टी 120 अंक बढ़त के साथ 17,925 पर बंद हुआ। चार दिनों में सेंसेक्स 2400 अंक बढ़ चुका है।