सेंसेक्स 700 अंक उछलकर 58,325 पर, मार्केट कैप 2.65 लाख करोड़ बढ़ा

0
236

मुंबई। शेयर बाजार दूसरे दिन बुधवार को भी भारी तेजी बनी हुई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 700 अंक उछल कर 58,325 पर पहुंच गया है। पहले ही मिनट में मार्केट कैप में 2.65 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई है। मंगलवार को यह 260.67 लाख करोड़ रुपए था।

दरअसल आज भारतीय रिजर्व बैंक रेट की घोषणा करेगा। इससे पहले बाजार में बैंकिंग शेयर तेजी में हैं। ऐसा अनुमान है कि रिजर्व बैंक रेपो रेट को जस का तस रख सकता है। जबकि ओमिक्रॉन से पहले रेट में बढ़त किए जाने की उम्मीद की जा रही थी। सेंसेक्स आज 525 पॉइंट्स ऊपर 58,158 पर खुला था। इसके बाद इसमें तेजी की रफ्तार शुरू हो गई।

सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से आज सभी शेयर्स तेजी में हैं। सबसे ज्यादा बढ़त HCL टेक, इंफोसिस और टेक महिंद्रा में है। ये सभी शेयर 2-2% से ज्यादा तेजी में कारोबार कर रहे हैं। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.65%, एयरटेल, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा जैसे सभी स्टॉक ऊपर कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स ने दिन में 58,380 का ऊपरी स्तर जबकि 58,122 का निचला स्तर बनाया।

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 193 अंकों की बढ़त के सआथ 17,370 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,315 पर खुला था और दिन में 17,390 का हाई बनाया। 17308 का इसने निचला स्तर भी बनाया। इसके 50 शेयर्स में से 47 शेयर बढ़त में हैं और 3 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।

आईटी शेयर्स में तेजी
इसके बढ़त वाले शेयर्स में विप्रो, इंफोसिस और HCL टेक हैं। इनमें 2 से 3% की तेजी आई है। टेक महिंद्रा और ONGC भी 2-2% की तेजी में हैं। गिरावट वाले शेयर्स में कोल इंडिया और NTPC हैं। निफ्टी नेक्स्ट 50, मिडकैप, निफ्टी बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेस इंडेक्स तेजी में हैं। इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 886 पॉइंट्स (1.56%) की बढ़त के साथ 57,633 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 267 अंक बढ़कर 17169 पर बंद हुआ।लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 3.54 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई है।