सेंसेक्स ने तोड़े तेजी के रिकॉर्ड, 137 अंक उछल कर 40,302 पर बंद

851

नई दिल्ली। बीएसई के सेंसेक्स ने सोमवार को जहां अपने अब तक के जीवनकाल के सर्वोच्च स्तर को छू लिया, वहीं वह सर्वकालिक ऊपरी स्तर पर बंद भी हुआ। सेंसेक्स ने 40,483.21 का सर्वोच्च ऊपरी स्तर छुआ। इससे पहले गुरुवार 31 अक्टूबर को सेंसेक्स ने 40,392.22 का रिकॉर्ड ऊपरी स्तर छुआ था।

शेयर बाजारों में लगातार सातवें सत्र में तेजी का माहौल बना हुआ है। दिवाली से लेकर अब तक एक भी दिन बाजार में गिरावट नहीं देखी गई। सेंसेक्स 136.93 अंकों की तेजी के साथ 40,301.96 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले तीन जून को सेंसेक्स 40,267.62 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 54.55 अंकों की तेजी के साथ 11,945.15 पर बंद हुआ। निफ्टी हालांकि अभी रिकॉर्ड स्तर से दूर है। निफ्टी ने इसी साल तीन जून को 12,103.05 का सर्वोच्च स्तर बनाया था और इसी दिन 12,088.55 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।

सात सत्रों में सेंसेक्स 1,281.57 अंक मजबूत
लगातार सात कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स कुल 1,281.57 अंक मजबूत हो चुका है। 24 अक्टूबर को सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ 39,020.39 पर बंद हुआ था। इसके बाद से बाजार ने एक भी सत्र में गिरावट दर्ज नहीं की है।

सेंसेक्स में इन्फोसिस टॉप गेनर
सेंसेक्स में इन्फोसिस में सर्वाधिक 3.05 फीसदी तेजी देखी गई। वेदांता, एचडीएफसी, टाटा स्टील और ओएनजीसी दो फीसदी से अधिक उछले। दूसरी ओर मारुति सुजुकी में 2.54 फीसदी की सर्वाधिक गिरावट देखी गई। हीरो मोटोकॉर्प और इंडसइंड बैंक दो फीसदी से अधिक और टाटा मोटर्स और पावर ग्रिड एक फीसदी से अधिक लुढ़के।

धातु शेयरों में सर्वाधिक खरीदारी
बीएसई के धातु सेक्टर में सर्वाधिक 3.20 फीसदी तेजी रही। दूसरी ओर ऑटो सेक्टर में सर्वाधिक 1.29 फीसदी गिरावट रही। बीएसई के मिडकैप इंडेक्स में 0.01 फीसदी और स्मॉलकैप में 0.22 फीसदी तेजी देखी गई।