समाज सेवा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए 150 रोटेरियन सम्मानित

0
9

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ‘रोटरी की लॉटरी’ ने बिखेरे मनोरंजन के अनूठे रंग

​कोटा। रोटरी क्लब कोटा के वर्ष भर सेवा और समर्पण से सराबोर रहे कार्यकाल का भव्य समापन पुरस्कार वितरण समारोह “अद्भुत आभार” के रूप में हुआ। बूंदी रोड स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित इस समारोह में पूरे वर्ष विभिन्न सेवा प्रोजेक्ट्स, चिकित्सा शिविरों, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में अपना अतुलनीय योगदान देने वाले क्लब के 150 सक्रिय सदस्यों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। ​

क्लब अध्यक्ष मनोज सोनी ने बताया कि “अद्भुत आभार” कार्यक्रम पूरे वर्ष समाज के वंचित तबकों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाले हमारे रोटेरियन साथियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का एक पावन पर्व है।

उन्होंने क्लब की सामूहिक टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक सदस्य के निस्वार्थ सहयोग से ही रोटरी क्लब कोटा इस वर्ष समाज सेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करने में सफल रहा है।

​सचिव नीरज अग्रवाल ने मंच संचालन करते हुए क्लब के विशिष्ट प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड्स की घोषणा की। समारोह के मुख्य आकर्षण रहे प्रतिष्ठित पुरस्कारों के तहत लीडरशिप अवार्ड (बीएल गुप्ता ट्रॉफी) से श्याम सुंदर – जॉली गोयल को नवाजा गया। वहीं, प्रतिष्ठित ‘हॉल ऑफ फेम अवार्ड’ रुक्मणी देवी अग्रवाल ट्रॉफी) कपिल – प्रीति जैन को और ‘बेस्ट प्रोजेक्ट अवार्ड’ (मानक ट्रॉफी) राजकुमार – सुमन जैन को प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त, वर्ष भर में सर्वश्रेष्ठ फंड एकत्रण के उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘अमित मेमोरियल ट्रॉफी’ पूर्व अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल को तथा जीवन पर्यंत रोटरी के मूल्यों को समर्पित रहने के लिए ‘लाइफ़ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ (खन्ना ट्रॉफी) पूर्व अध्यक्ष गोपाल सपरा को प्रदान की गई।

रोटरी प्राइड की ‘सपरा ट्रॉफी’ वीरेंद्र पंड्या को, ‘डायमंड रोटेरियन अवार्ड’ (कला कुंज ट्रॉफी) नेहा गुप्ता को, ‘बेस्ट न्यू रोटेरियन’ की ट्रॉफी अनूप जैन भिंडीवाला को एवं वर्ष के ‘बेस्ट रोटेरियन’ की प्रतिष्ठित ‘बिरला ट्रॉफी’ अनिल गोयल को ससम्मान भेंट की गई।

​कार्यक्रम निदेशक अखिलेश राठी ने बताया कि सम्मान समारोह के साथ-साथ सदस्यों के मनोरंजन के लिए कईं आकर्षक आयोजन किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत ‘चाई-चौपाल’ के साथ हुई। जहाँ सदस्यों ने आपसी संवाद और आत्मीयता के पल साझा किए।

इसके पश्चात रंगारंग मंचीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रोटरी सदस्यों और उनके परिवारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं। ‘रोटरी की लॉटरी’ खेल के माध्यम से नकद पुरस्कारों की बौछार ने शाम के रोमांच को दोगुना कर दिया। अंत में सभी आगंतुकों ने टेबल-सर्विस के साथ सुरुचिपूर्ण ‘अद्भुत गाला डिनर’ का रसास्वादन किया।

​क्लब के प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि कृतज्ञता और सद्भाव की इस अद्भुत संध्या में रोटरी क्लब कोटा के लगभग 600 से अधिक सदस्य अपने परिवार सहित उपस्थित रहे। जिससे पूरा परिसर रोटरी की जीवंत और दोस्ताना संस्कृति से सराबोर हो उठा। सभी सदस्यों ने नए उत्साह, नई ऊर्जा और नए समाज सेवा के संकल्पों के साथ आगामी रोटरी वर्ष का स्वागत करने का संकल्प लिया।