सनातन के प्रति दुर्भावना रखने वाले खुद ही मिट जाएंगे: संत समाज

0
52

51 संतों के सान्निध्य में हुआ श्री श्याम भक्ति रस पुस्तक का विमोचन

कोटा। श्री रामधाम आश्रम पर मंगलवार को हाड़ौती के 51 संतों के सानिध्य में छाजूराम अग्रवाल की पुस्तक ‘श्री श्याम भक्ति रस’ पुस्तक का विमोचन किया गया। इससे पहले सनातन द्रोहियों की सद्बुद्धि के लिए सुंदरकांड का पाठ भी किया गया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय संत समिति हाडोती मंडल के अध्यक्ष रामनरेश दास महाराज ने कहा कि सनातन को कोई मिटा नहीं सकता। सनातन को मिटाने वाले खुद ही मिट जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो सोमनाथ मंदिर को तोड़कर मिटाना चाहते थे, वह मिट गए, लेकिन सोमनाथ मंदिर का शिखर आज भी प्रदीप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में भी जो सत्य सनातन धर्म के साथ खड़ा होगा। संत समाज उसी का साथ देगा।

रामधाम आश्रम के महंत लक्ष्मण दास महाराज ने कहा कि सनातन और भगवान अलग नहीं हैं। सनातन के प्रति दुर्भावना रखने वाले स्वयं ही मिट जाएंगे। भगवान से जुड़कर ही भक्ति से खुद को जोड़ सकते हैं। भगवान की आराधना और उपासना से जुड़कर जीवन को सार्थक किया जा सकता है। कार्यक्रम में हाड़ोती का संत समाज एकत्र हुआ था। संत समाज ने सनातन का विरोध करने वालों पर भी जमकर प्रहार किया।

श्री श्याम भक्ति रस पुस्तक के लेखक और संग्रहकर्ता छाजूराम अग्रवाल ने कहा कि जिस मार्ग से महापुरुष गुरुजन, भक्तजन, संत, महात्मा जाते हैं। वही मार्ग सही और वास्तविक है। इस मार्ग पर चलकर जीवन को सार्थक किया जा सकता है। श्री श्याम भक्ति रस के रूप में भक्ति प्रेम का संग्रह किया गया है। श्याम भक्ति रस का स्मरण पान करने से अवश्य ही भगवान के प्रति श्रद्धा प्रेम जागृत होगा। पुस्तक में भजनों, कथा द्वारा भगवान से अरदास, प्रेम भक्ति, धार्मिक देवी देवताओं के भजन कीर्तन, धार्मिक संतों के उपदेश, प्रभु से भक्ति, प्रार्थना सभी का संग्रह किया गया है।

समारोह में छोटी बड़ी बैठक किशोरपुरा के महंत विजेंद्र दास महाराज, महामंडलेश्वर रामनरेश दास महाराज, रामधाम आश्रम के महामंडलेश्वर अवधेश महाराज, रामानंद आश्रम के महामंडलेश्वर हरिनारायणदास महाराज, छाजूराम अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, सुरज्ञान अग्रवाल, रामावतार अग्रवाल, डॉ. ,महेंद्र कुमार गर्ग, विष्णुप्रकाश मित्तल, संदीप अग्रवाल चांदीवाला समेत कईं लोग मौजूद रहे।

एमबीबीएस की शिक्षा के लिए सौंपा 1 लाख 5 हजार का चेक

समारोह के दौरान महाराज श्री अग्रसेन शिक्षण ट्रस्ट की ओर से उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक संबल प्रकल्प के तहत समृद्धि अग्रवाल को 1 लाख 5 हजार का चैक सौंपा गया। अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार गर्ग ने बताया कि समृद्धि को पहले सेमेस्टर की फीस के लिए यह चैक सौंपा गया है। वहीं एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए 5 साल तक उसे खर्च के रूप में यह राशि दी जाएगी।