कोटा बनेगा स्पोर्ट्स हब, खेल के क्षेत्र में होंगे 100 करोड़ के काम: स्पीकर बिरला

0
2

श्रीनाथपुरम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का लोकार्पण

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को श्रीनाथपुरम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 4.42 करोड़ रुपये की लागत से विकसित खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान केडीए द्वारा निर्मित 900 मीटर सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक, बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट तथा मल्टीपरपज हॉल आमजन और खिलाड़ियों को समर्पित किए गए।

इस अवसर पर बिरला ने कहा कि श्रीनाथपुरम स्टेडियम हाड़ौती के प्रमुख आधुनिक खेल परिसरों में शामिल हो चुका है। पहले एथलीट और आमजन एक ही ट्रैक का उपयोग करते थे, जिससे खिलाड़ियों के अभ्यास में बाधा और दुर्घटना की आशंका रहती थी।

अब वरिष्ठ नागरिकों, वॉकर्स और जॉगर्स के लिए अलग सिंथेटिक वॉकिंग ट्रैक तैयार होने से खिलाड़ी सुरक्षित वातावरण में अभ्यास कर सकेंगे और आमजन भी बेहतर स्वास्थ्य के लिए इसका लाभ उठा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कोटा-बून्दी को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। 100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से जे.के. पवेलियन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा।

साथ ही आधुनिक स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज बनेंगे। शहर के साथ ही इटावा, सुल्तानपुर, लाखेरी और रामगंजमण्डी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि श्रीनाथपुरम खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर सारे खेलों की सुविधाएं मिलेंगी, अगले चरण में फुटबॉल ग्राउन्ड को भी शानदार बनाया जाएगा।

श्रीनाथपुरम के साथ मेजर ध्यानचंद स्टेडियम और श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में भी सुविधाओं का विस्तार करेंगे। दादाबाड़ी का बैडमिंटन कोर्ट दोबारा शुरू होगा। आने वाले वर्षों में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हमारा क्षेत्र पूरे राजस्थान में अग्रणी होगा। जिलाध्यक्ष राकेश जैन, मंडल अध्यक्ष अक्षय चौधरी आदि मौजूद रहे।

मॉनसून को लेकर अधिकारियों को निर्देश
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मानसून की तैयारियों, स्वच्छता, हरियाली, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, अपराध नियंत्रण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी तीन माह में बड़े स्तर पर पौधारोपण और नशा मुक्ति अभियान को तेज करने पर भी जोर दिया।

बिरला ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए शहर और गांवों में निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों को चरणबद्ध तरीके से एआई तकनीक से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से नालों के निर्माण एवं सुधार कार्य होंगे। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट की पुनः समीक्षा कर आवश्यक सुधार के भी निर्देश दिए।