व्यापार महोत्सव में कोटा से व्यापार, उद्योग एवं होटल फेडरेशन के प्रतिनिधि होंगे शामिल

0
10

हाड़ोती के व्यापार, उद्योग और पर्यटन को मिलेगी नई दिशा: माहेश्वरी

कोटा। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव- 2026 में कोटा से विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों तथा होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भाग लेंगे।

इस संबंध में कैट के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों तथा होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के पदाधिकारियों की एक बैठक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने की।

कैट के जिला अध्यक्ष अनिल मूंदड़ा एवं महासचिव देवेंद्र कुमार जैन ने बताया कि भारतीय व्यापार महोत्सव- 2026 में भारत में निर्मित उत्पादों, सेवाओं, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, हस्तशिल्प, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्नोलॉजी तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। यह देश का एक बड़ा बहु-क्षेत्रीय व्यापार महोत्सव है, जिसका उद्देश्य भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना, निर्यात को बढ़ावा देना, नए व्यापारिक अवसर सृजित करना तथा स्वदेशी पर्यटन को प्रोत्साहन देना है।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि देश का व्यापारी सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखता है। प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल के आह्वान ने देश के व्यापारियों एवं उद्यमियों को नई ऊर्जा और वैश्विक पहचान प्रदान की है। भारतीय व्यापार महोत्सव केवल व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, उद्यमशीलता और मेक इन इंडिया की क्षमता का वैश्विक प्रदर्शन है।

कोटा से व्यापारियों, उद्यमियों एवं होटल व्यवसायियों का एक दल कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी एवं कैट जिला अध्यक्ष अनिल मूंदड़ा के नेतृत्व में दिल्ली रवाना होगा। यह दल भारतीय व्यापार महोत्सव में हाड़ोती के प्रसिद्ध उत्पादों, व्यापारिक गतिविधियों एवं पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार और मार्केटिंग करेगा। इससे हाड़ोती के व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की संभावना है।

हाड़ोती कोटा स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि हाड़ोती के पास विश्व प्रसिद्ध कोटा स्टोन, सैंड स्टोन एवं मंडाना स्टोन जैसे उत्पाद हैं, जिनकी देश-विदेश में पहचान है। भारतीय व्यापार महोत्सव जैसे आयोजनों में इन उत्पादों का प्रदर्शन होने से नए बाजार और व्यापारिक अवसर उपलब्ध होंगे।

जनरल इंडस्ट्री सप्लायर संघ के अध्यक्ष भगवान न्याती ने कहा कि इस प्रकार के व्यापार महोत्सवों में भागीदारी से नई तकनीक, आधुनिक उद्योगों एवं नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी मिलती है। इससे हाड़ोती में नए उद्योग स्थापित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के सलाहकार गणपत लाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों के माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन को बढ़ावा देने का बड़ा अवसर मिलता है। हाड़ोती में ऐतिहासिक, धार्मिक, प्राकृतिक एवं वन्यजीव पर्यटन के अनेक राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल हैं। भारतीय व्यापार महोत्सव में इन पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार कर देशभर के पर्यटन व्यवसायियों और टूर ऑपरेटरों तक इनकी जानकारी पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि चार दिवसीय इस आयोजन में हाड़ोती के व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी और इससे स्थानीय व्यापार एवं पर्यटन को नई दिशा मिल सकती है।

बैठक में कोटा ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष मनीष बंसल, कोटा स्टोन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके गुप्ता, सचिव हरीश प्रजापति, डीएसएसआई एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमित बंसल, जम्बू कुमार जैन, पूर्व सचिव पवन मूंदड़ा, स्टोन माइंस ट्रेडिंग संगठन के अध्यक्ष विपिन सूद सहित विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।