विधानसभा चुनावों के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी संभव, जानिए क्यों

0
7

नई दिल्ली। ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमत में काफी तेजी आई है। यह पिछले महीने 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया था जो चार साल में इसका उच्चतम स्तर था। फिलहाल यह 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ट्रेड कर रहा है।

लेकिन भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं आया है। इससे कंपनियों का नुकसान बढ़ता जा रहा है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के मुताबिक विधानसभा चुनावों के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में प्रति लीटर 25 से 28 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। तमिलनाडु में आज सभी सीटों के लिए मतदान हो रहा है जबकि पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है।

ईरान यु्द्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही बंद है। इससे दुनिया में तेल का बड़ा संकट पैदा हो गया है। इसकी वजह यह है कि दुनिया का करीब 20 फीसदी कच्चा तेल इसी रास्ते गुजरता है।

सप्लाई बाधित होने से कच्चे तेल की कीमत में तेजी आई है। इससे भारत का आयात बिल बढ़ गया है क्योंकि मार्च और अप्रैल में भारतीय क्रूड बास्केट में काफी तेजी आई है। आयात में 13 से 15 फीसदी गिरावट के बावजूद हमारा रोजाना का क्रूड इम्पोर्ट बिल 190 से 210 मिलियन डॉलर बढ़ गया है।

अभी क्या है भाव
लेकिन देश में पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कोटक के मुताबिक इससे रिफाइनिंग कंपनियों का नुकसान बढ़ रहा है। सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी। लेकिन इससे कंपनियों को मामूली राहत मिली है। यही कारण है कि विधानसभा चुनावों के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी हो सकती है। विधानसभा चुनावों में अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है। उसके बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में इजाफा किया जा सकता है।

कच्चे तेल की कीमत
ब्रोकरेज के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की कीमत में 25 से 28 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो सकती है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अभी 94.77 रुपये प्रति लीटर है जबकि डीजल 87.67 रुपये लीटर मिल रहा है। इस बीच कच्चे तेल की कीमत में आज मामूली तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड 0.47 फीसदी यानी करीब 48 सेंट की तेजी के साथ 102.4 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह अमेरिकन बेंचमार्क डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.65 फीसदी तेजी के साथ 93.56 डॉलर प्रति बैरल पर है।