MCX पर सोना-चांदी में गिरावट, जानिए क्या रहे आज के भाव

0
19

नई दिल्ली। Gold Silver Price, 23 April 2026: मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज 23 अप्रैल को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखी गई। शुरुआती कारोबार में सोना आधा प्रतिशत से ज्यादा टूट गया, जबकि चांदी में 2% से अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर सोना करीब ₹1,51,947 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा, जबकि चांदी ₹2,43,856 प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई।

गिरावट के कारण

डॉलर की मजबूती ने बिगाड़ा खेल: सोने की कीमतों पर सबसे बड़ा दबाव अमेरिकी डॉलर की मजबूती से आया। डॉलर इंडेक्स में करीब 0.15% की बढ़त दर्ज की गई, जिससे गोल्ड पर दबाव बढ़ गया। दरअसल, जब डॉलर मजबूत होता है तो सोना महंगा हो जाता है, जिससे इसकी मांग घटती है और कीमतें नीचे आती हैं।

  • कच्चे तेल में उछाल: ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 2% की तेजी के साथ यह $103 प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। तेल की कीमत बढ़ने से डॉलर की मांग बढ़ती है, क्योंकि ग्लोबल ट्रेड ज्यादातर डॉलर में होता है। इसका सीधा असर सोने पर पड़ा और कीमतों में गिरावट आई।
  • अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ा: सोने-चांदी की कीमतों पर असर के पीछे अमेरिका और ईरान के बीच तनाव भी है, जो अभी खत्म नहीं हुआ है। जहां एक तरफ सीजफायर बढ़ाया गया है, वहीं दूसरी ओर होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों को लेकर टकराव की खबरें सामने आई हैं। दोनों देशों के बीच प्रस्तावित बातचीत भी नहीं हो पाई, जिससे अनिश्चितता और बढ़ गई है।
  • रेट कट की उम्मीद कम: तेल की बढ़ती कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण महंगाई बढ़ने का खतरा है। ऐसे में अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम हो गई है। रॉयटर्स सर्वे के अनुसार, अब अगले 6 महीनों तक रेट कट टल सकता है, जो सोने के लिए नकारात्मक संकेत है।
  • युद्ध के बाद से सोना दबाव में
    28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-ईरान तनाव के बाद से घरेलू बाजार में सोने की कीमतें 4% से ज्यादा गिर चुकी हैं। हालांकि, इसके बावजूद सोना इस साल के सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले एसेट्स में बना हुआ है।
  • शॉर्ट टर्म दबाव, लॉन्ग टर्म मजबूती: इस साल अब तक सोने ने करीब 14% का रिटर्न दिया है, जबकि पिछले साल इसमें 75% की शानदार तेजी आई थी।इसके मुकाबले निफ्टी 50 इस साल अब तक करीब 7% गिर चुका है, जिससे सोना निवेशकों के लिए अभी भी सुरक्षित विकल्प बना हुआ है। कुल मिलाकर, फिलहाल सोने पर डॉलर और तेल की वजह से दबाव है, लेकिन अनिश्चित वैश्विक माहौल इसे लंबी अवधि में सहारा देता रहेगा।