राष्ट्र सेविका समिति के प्रशिक्षण वर्ग में युवतियां सीख रहीं आत्मरक्षा के गुर

0
63

कोटा। Self defense tricks: राष्ट्र सेविका समिति का सात दिवसीय प्रारंभिक शीतकालीन प्रशिक्षण वर्ग स्वामी विवेकानन्द स्कूल महावीर नगर तृतीय पर चल रहा है। जहां 13 वर्ष से लेकर 40 वर्ष तक की 192 युवतियां और महिलाएं दण्ड चलाना सीख रही हैं तो मानसिक विकास के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा भी कर रही हैं।

विभाग कार्यवाहिका बृजेश वैष्णव ने बताया कि प्रातः 5 बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक की व्यस्ततम दिनचर्या में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रीना शुक्ला ने बताया कि शिविर में कोटा के अलावा बूंदी, बारां, भीलवाड़ा, इकलेरा, रावतभाटा, सांगोद, रामगंजमंडी, दीगोद, मोड़क समेत कईं स्थानों से प्रशिक्षार्थी युवतियां भाग ले रही हैं।

इस दौरान वक्तृत्व कला के विकास के लिए प्रतिदिन कार्यशाला आयोजित होती है। जिनमें युवतियां राष्ट्र और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करती हैं। इसके अलावा हिन्दुत्व और राष्ट्रवादी बातों की विशेष जानकारी देने के लिए बौद्धिक सत्र का आयोजन भी किया जाता है।

वर्ग कार्यवाहिका चेतना मोरवाल ने बताया कि शारीरिक विकास के लिए दण्ड, नियुद्ध, व्यायाम, गण समता, खेल, योग आदि की कक्षाएं आयोजित होती हैं। इस दौरान ‘फूल नहीं चिंगारी हैं, हम भारत की नारी हैं..’’ जैसे उद्घोष भी लगाए जाते हैं।

युवतियों को समिति कार्यपद्धति, राष्ट्र सेविका समिति के कार्य एवं महत्व, व्यक्तित्व निर्माण, सर्वश्रेष्ठ भारतीय संस्कृति, राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका, भारतवर्ष में गुरू का महत्व, भारत मेरी मातृभूमि, भारतीय संस्कृति, घर में देशभक्ति का प्रदर्शन जैसे विषयों के बारे में जानकारी दी गई है। वर्ग अधिकारी रीना शुक्ला ने बताया कि शिविर का समापन 30 दिसम्बर को किया जाएगा।