राजस्थान में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा का शुभारम्भ कोटा से
कोटा। Loktantra bachao-Arajkta hatao Padyatra मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भाजपा का लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान का शुक्रवार को पदयात्रा के माध्यम से कोटा की धरती से शुभारंभ किया। सेवन वंडर्स से प्रारंभ हुई यह पदयात्रा, कोटडी चौराहे से गुमानपुरा होकर, छावनी तक पहुंची। हाथों में स्लोगन लगी तख्तियां लेकर आमजन पदयात्रा में शामिल हुये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इस अभियान के माध्यम से जनता के बीच में जाएंगे, जनसंपर्क करेंगे, तथ्यों और सत्य के आधार पर हम हमारा पक्ष रखेंगे। कांग्रेस के लोकतांत्रिक विरोधी एवं मर्यादाहीन चेहरे को बेनकाब करेंगे।

मोदीजी कहीं नहीं जाने वाले
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में भारत की पूरे विश्व में साख बढ़ी है, सम्मान बढ़ा है। भारतीय लोकतंत्र का पूरा विश्व आदर करता है। वही मोदी की लोककल्याणकारी कार्यक्रमों के कारण पूरे देश में आम व्यक्ति का आर्शीवाद और समर्थन मोदी के पक्ष में लगातार दृ़ढ़ हुआ है। उन्होनें कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प विकसित भारत जन-जन का संकल्प है। वह जब तक पूरा नहीं होगा, तब तक मोदी कहीं नहीं जायेगा।
जब तक हर गरीब के छत नहीं होगी, जब तक अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति आगे नहीं आयेगा, हर महिला, हर किसान, हर मजदूर आर्थिक रूप से मजबूत नहीं होगा, तब तक मोदीजी कहीं नहीं जाने वाले हैं। हम सब मोदी जी के साथ खडे हैं। पूरा देश मोदी जी के साथ खडा है।
कांग्रेस के शासन में भी एसआईआर हुई है
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सेवन वंडर्स पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुये कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुये कहा कि कांग्रेस देश की जनता को यह स्पष्ट बताएं कि एसआईआर यदि गलत है, तो उससे पहले कांग्रेस कार्यकाल में हुई 10 एसआईआर पर उसका क्या मत है। जब कांग्रेस के समय भी एसआईआर हुई है, मतदाता सूचियों का शुद्धीकरण होता आया है तो अब क्या समस्या पैदा हो गयी। विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की संवैधानिक प्रक्रिया है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है । यदि कांग्रेस के पास ठोस प्रमाण है तो सक्षम प्राधिकरण, न्यायालय में जाये, तथ्य पेश करें, लेकिन कांग्रेस ऐसा ना करके, देश की जनता में झूठे बयानबाजी कर रही है।
कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान विरोधी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नें कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी लोकतंत्र एवं संविधान का सम्मान नही किया, वह हमें ज्ञान दे रही है। कांग्रेस का लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति रवैया देश ने आपातकाल के काले अध्याय के रूप में देखा है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार ने देश में आपातकाल लागू किया, इस दौरान नागरिक स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और राजनीतिक गतिविधियों पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए। विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन हुआ। आज लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस को अपने इतिहास के उस अध्याय का भी जवाब देना चाहिए, जब सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचल दिया गया था। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान संविधान के अनुच्छेद 356 का 93 बार उपयोग किया गया। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 50 बार और पंडित जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में 17 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया। यह इतिहास बताता है कि संवैधानिक व्यवस्थाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के उपयोग को लेकर कांग्रेस का अपना रिकॉर्ड भी सवालों से परे नहीं है। जबकि हम लोकतंत्र की पवित्रता के लिये हमेशा डटे रहे है।
आज सफलतापूर्वक एक देश एक चुनाव हो रहे हैं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार तुष्टीकरण जातिवाद के आधार पर ही हमेशा काम किया, इन्होंने जनता के दर्द को कभी नहीं जाना। जब राजस्थान में उनकी सरकार थी तब चार-चार माह तक सरकार होटल में बैठी रहती थी। कांग्रेस जब सत्ता में थी तब दो साल तक पंचायत चुनाव कराते रहे, निकाय चुनाव दो साल तक कराते रहे। हर तीन महीनें में आचार संहिता लगाते रहे। जब हमनें कहा वन स्टेट वन इलेक्शन करायेंगे तो कांग्रेस नेता कहते थे, काका जी भी नहीं करा सकते। किन्तु हमारी सरकार नें वन स्टेट-वन इलेक्शन करवा दिये। निकाय चुनाव हो चुके हैं, पंचायतीराज चुनाव चल रहे है। हमारे कार्यकर्ताओं ने ये चुनाव एक बार में ही करवा दिये।
कांग्रेस ने सभी संस्थाओं पर उठाये प्रश्नचिन्ह
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सीबीआई, ईडी, सर्वाेच्य न्यायालय, चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्नचिन्ह उठाये हैं, जबकि ये संस्थायें संविधान के दायरे में रहकर कार्य करती है। संस्थायें कार्य करेंगी तो कार्यवाही भी होगी, कांग्रेस इससे बौखला गयी है। देश में सरकार बनाने का निर्णय जनमत करता है, भाजपा जनता के बीच 24 घंटे पूरे महीनें 365 दिन रहती है। जनता के सुख दुख में काम करती है। जनता के विश्वास से सरकार में है। कांग्रेस को भी यह समझना होगा कि जनसर्मथन चाहिये तो जन विश्वास जीते।
कांग्रेस का असामाजिक तत्वों से गठजोड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि हम भी लंबे समय तक विपक्ष में रहे हैं, किंतु हमारी भाषा कभी अमर्यादित नहीं हुई है। हमने हमेशा जनादेश का सम्मान किया है। किंतु कांग्रेस ने स्तरहीन भाषा की सभी सीमाएं लांघ कर, दिन प्रतिदिन अपमानजनक और गाली गलौज जैसी भाषा को अपनाया है। वहीं वह लगातार देश की जनता द्वारा प्रदान किए जा रहे जनादेश का भी अपमान कर रही है। राठौर ने कहा कि जब तक लोकसभा सदन चलता है, तो कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश यात्रा पर निकल जाते हैं। वहां से वह क्या कुछ लेकर आते हैं, फिर देश में अराजकता फैलाने लग जाते हैं। कांग्रेस का असामाजिक तत्वों से गठजोड़ भारत विरोधी, संस्कृति विरोधी, समाज विरोधी तत्वों से, संगठनों से, सांठ गांठ अत्यंत निंदनीय है। प्रदेश अध्यक्ष राठौर ने सभा में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि कांग्रेस के छल कपट झूठ और भ्रम के द्वारा अराजकता उत्पन्न करने की साजिशों को विफल करे ।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने स्वागत भाषण में कहा कि हमें गर्व है कि हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हैं। जिनके अथक प्रयासों से राजस्थान का चहुमुखी विकास तीव्रगति से हो रहा है। जैन ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान का राजस्थान में आगाज कोटा की धरती से कर, कोटा को सम्मानित किया है।
इस अवसर पर शिक्षा एवं पंचायती राज्य मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, महापौर अनुसूईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के प्रदेश सहसंयोजक पुनीत कर्णावत एवं पूर्व उपमहापौर अजमेर नीरज जैन आदि मंचस्थ पदाधिकारियों ने पार्टी दुपट्टा,साफा एवं 51 किलो के पुष्पहार से मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत अभिनन्दन किया।

