मंडी क्षेत्र की 9 सड़कों के कायाकल्प के लिए 4.37 करोड़ की प्रशासनिक व वित्तीय मंजूरी

0
11

सांगोद। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर की अनुशंसा पर सांगोद विधानसभा में कोटा अनाज मण्डी समिति क्षेत्र की 9 प्रमुख सम्पर्क सड़कों के कायाकल्प के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी हुई है।

कृषि विपणन विभाग, जयपुर द्वारा कृषि उपज मण्डी समिति, कोटा (अनाज) के अंतर्गत आने वाली इन 9 महत्वपूर्ण सम्पर्क सड़कों के नवीनीकरण कार्यों के लिए कुल 4.37 करोड़ रुपए से अधिक की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। ऊर्जा मंत्री की इस पहल से ग्रामीण अंचल के किसानों, व्यापारियों एवं आमजन के लिए राह आसान होगी तथा कृषि उपज मण्डी तक आवागमन सुगम और सुरक्षित बनेगा।

​जारी प्रशासनिक स्वीकृति के अनुसार, क्षेत्र की कुल 15.65 किलोमीटर लम्बाई की 9 सड़कों का जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण किया जाएगा। इसके तहत कनवास-सांगोद रोड से बाछीहेड़ा माइनर होते हुए पंचायत हिंगोनिया-कैशोली रोड (1 कि.मी.) के नवीनीकरण हेतु 27.50 लाख रुपए, ग्राम खडीपुर पंचायत देवली से आमली सड़क (1.20 कि.मी.) के लिए 33 लाख रुपए तथा ग्राम खरकनाखेड़ी से मुख्य मार्ग सड़क (2.25 कि.मी.) के नवीनीकरण कार्य हेतु 61.88 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

​इसी प्रकार, बपावर-खानपुर रोड से चतरपुरा वाया रैगर बस्ती ग्राम मोई कलां सड़क (0.75 कि.मी.) के लिए 20.63 लाख रुपए, मोतीकुवां से सरोला सड़क (3 कि.मी.) के लिए 82.50 लाख रुपए, मुख्य मार्ग पीसाहेड़ा खजूरी से खंडगांव सड़क (2 कि.मी.) के लिए 55 लाख रुपए तथा मुख्य मार्ग चरेल से बहलावन सड़क (2.30 कि.मी.) के नवीनीकरण हेतु 63.25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई है।

इसके अलावा, मुख्य मार्ग सिमलिया कल्याणपुरा सड़क (2.70 कि.मी.) के लिए 74.25 लाख रुपए और सुहाना से हनुमान मंदिर सड़क (0.70 कि.मी.) के लिए 19.25 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है।

​ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि ग्रामीण ढांचागत विकास और सड़कों की सुदृढ़ स्थिति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लंबे समय से जर्जर हो चुकी इन सड़कों के नवीनीकरण से क्षेत्र के दर्जनों गांवों का आपस में संपर्क सुधरेगा और मंडी में अपनी फसल बेचने आने वाले किसानों को परिवहन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।