‘भारत जोड़ो’ यात्रा के बाद अब कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान

0
311

झालावाड़। भारत जोड़ो’ यात्रा के बाद अब कांग्रेस ने ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान की प्लानिंग की है। कांग्रेस का मानना है कि वायनाड सांसद राहुल गांधी श्रीनगर पहुंचकर गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को तिरंगा फहरा सकते हैं। इसके बाद ही पार्टी नए अभियान में जुटने की रूपरेखा तैयार कर रही है। कहा जा रहा है कि इस यात्रा का मुख्य चेहरा प्रियंका गांधी वाड्रा होंगी। इस पूरी यात्रा की तैयारियों को समझते हैं।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को कहा, ‘सभी सदस्यों ने सुझाव दिए कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद क्या होगा, इसका फॉलोअप क्या होना चाहिए? उसके लिए एक विशेष कार्यक्रम तैयार किया गया है, ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान, जो त्रिस्तरीय योजना है। तीन स्तर पर किया जाएगा, यात्राएं होंगी ब्लॉक और बूथ स्तर पर, जिले स्तर पर अधिवेशन होंगे और राज्य के स्तर पर रैलियां होंगी।’

रमेश ने जानकारी दी कि यात्रा के जरिए खासतौर से महिलाओं, युवा और समाज के हर वर्ग को कुछ न कुछ संदेश दिा जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा के जरिए राहुल भी ब्लॉक और बूथ स्तर पर संदेश देंगे।

कब से होगा शुरू: कांग्रेस नेता ने बताया कि इसकी शुरुआत 26 जनवरी से की जाएगी और यात्रा को पूरा होने में 2 महीनों का समय लगेगा। पार्टी के अनुसार, अभियान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, वेणुगोपाल, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भाग लेंगे। प्रियंका राज्य की राजधानियों में ‘महिला मार्च’ का नेतृ्त्व करेंगी।

अभी 1041 किमी का सफर बाकी: राहुल के नेतृत्व में शुरू हुई यात्रा को 89 दिनों का समय बीत चुका है। यात्रा अब तक 8 राज्यों की 38 जिलों को कवर कर चुकी है। फिलहाल, पदयात्री कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान के झालावाड़ में हैं। यात्रा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, अभी 1041 किमी का सफर बाकी है। पदयात्री 3500 किमी के सफर पर निकले थे।