भारत की इकोनॉमी में इस साल 11.5% की ग्रोथ रहेगी : IMF

441

नई दिल्ली। केंद्र सरकार 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2021-22 का आम बजट पेश करने जा रही है। इसमें अब 5 दिन का समय बाकी रह गया है। इससे पहले भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर दो अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने अच्छी खबर दी है। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) ने कैलेंडर ईयर 2021 में भारतीय अर्थव्यवस्था में 11.5% और यूनाइटेड नेशंस (UN) ने 7.3% की दर से ग्रोथ का अनुमान जताया है।

IMF ने कहा है कि 2021 में भारत डबल डिजिट में ग्रोथ करने वाले दुनिया का पहला देश होगा। कोविड-19 महामारी के बावजूद भारत यह उपलब्धि हासिल कर सकता है। IMF की ओर से मंगलवार को जारी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक में कहा गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में तेज वापसी दिखाई दे रही है। कोरोना के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था में 2020 में 8% की गिरावट का अनुमान जताया गया है।

चीन को पछाड़ देगा भारत
चालू कैलेंडर ईयर में इकोनॉमिक ग्रोथ के मामले में भारत, चीन को पछाड़ देगा। IMF आउटलुक के मुताबिक, 2021 में भारत की इकोनॉमिक ग्रोथ 11.5% रहेगी, जबकि चीन की आर्थिक ग्रोथ 8.1% रहेगी। इसके बाद स्पेन (5.9%) और फ्रांस (5.5) का नंबर आता है। IMF ने आंकड़ों में बदलाव करते हुए कहा है कि 2020 में भारतीय अर्थव्यवस्था में 8% की गिरावट रहेगी। जबकि चीन की आर्थिक ग्रोथ 2.3% रहेगी। 2020 में पॉजिटिव आर्थिक ग्रोथ वाला चीन दुनिया में अकेला देश होगा।

2022 में 6.8% की ग्रोथ का अनुमान
IMF ने कैलेंडर ईयर 2022 में भारतीय अर्थव्यवस्था में 6.8% और चीन की अर्थव्यवस्था में 5.6% की ग्रोथ रहने का अनुमान जताया है। ताजा अनुमान के साथ भारत दुनिया में सबसे तेज बढ़ने वाली विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में टॉप पर रहेगा। पिछले महीने IMF की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टालीना जॉर्जिया ने कहा था कि भारत ने कोरोना से निपटने के लिए बेहतर कदम उठाए हैं।

2021 में 7.3% की ग्रोथ रहेगी
UN ने मंगलवार को विश्व आर्थिक स्थिति और संभावना 2021 नाम से रिपोर्ट जारी की। इसमें कहा गया है कि चालू कैलेंडर ईयर (2021) में भारतीय अर्थव्यवस्था में 7.3% की ग्रोथ रहेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना वायरस के कारण कैलेंडर ईयर 2020 में भारतीय अर्थव्यवस्था में 9.6% की गिरावट रही है। UN का कहना है कि फिस्कल और मॉनेटरी प्रोत्साहन के बावजूद GDP में गिरावट रही है।