कोटा। राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 के सांस्कृतिक मंच पर बुधवार की शाम संगीत और फैशन के नाम रहने वाली है। मेला परिसर स्थित विजयश्री रंगमंच पर बुधवार रात्रि 8:30 बजे भव्य ‘सिने संध्या स्टार नाइट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस बहुप्रतीक्षित शाम में देश के सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक, रैपर और संगीतकार मीका सिंह (अमरिक सिंह) अपनी सुमधुर व ऊर्जावान प्रस्तुतियों से शहरवासियों और संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर करेंगे।
महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि दशहरा मेले के मंच से नगर निगम कोटा द्वारा आमजन को उत्कृष्ट और यादगार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार मीका सिंह कोटा आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मीका सिंह ने वर्ष 1998 में अपने पहले सोलो एल्बम “सावन में लग गई आग” से संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी, जो रातों-रात सुपरहिट साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर गीत दिए।
जिनमें “मौजा ही मौजा” (जब वी मेट), “ढिंका चिका” (रेडी), “बस एक किंग” (सिंह इज किंग), “आज की पार्टी” (बजरंगी भाईजान), “आंख मारे” (सिम्बा), “इब्न-ए-बतूता” और “धन्नो” जैसे सदाबहार और लोकप्रिय गाने शामिल हैं।
गायन के साथ-साथ कई फिल्मों में अभिनय और ‘द वॉयस ऑफ इंडिया’ जैसे लोकप्रिय रियलिटी टीवी शो में जज रह चुके मीका सिंह की दमदार आवाज का जादू बुधवार रात दशहरा मैदान में गूंजेगा।
शाम 7 बजे से परिधान उत्सव का आकर्षण
स्टार नाइट से पूर्व शाम 7 बजे विजयश्री रंगमंच पर कुतुर इंस्टीट्यूट एंड फैशन टेक्नोलॉजी संस्थान की ओर से ‘परिधान उत्सव’ (फैशन शो) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संस्थान के संभागियों द्वारा आधुनिक और पारंपरिक परिधानों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

