पर्यटन विकास से हाड़ोती में निवेश के अवसर बनेंगें, अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति: माहेश्वरी

0
3

कोटा। न्यू कोटा प्रोपर्टी डीलर्स एसोसियेशन का स्नेह मिलन समारोह शहर के एक निजी रिसॉर्ट पर सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण के विधायक सन्दीप शर्मा थे। अध्यक्षता कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने की ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण के विधायक सन्दीप शर्मा ने कहा कि कोटा शहर में पयर्टन एवं ओद्योगिक विकास को गति प्रदान करने के लिए निरन्तर कार्य हो रहे हैं। पयर्टन एवं ओद्योगिक विकास को दृष्टिगत रखते हुए कई योजनाएं शहर मे चल रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हाड़ोती को पयर्टन एवं औद्योगिक हब बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध है। शीघ्र ही इसके सुखद परिणाम सामने आएंगे।

संदीप शर्मा ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा निरंतर हमारे समक्ष जो भी योजनाएं बताई जा रही है, उनको पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजित कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के सफल आयोजन के बाद राज्य सरकार ने मेवाड़ ट्रैवल मार्ट के आयोजन के लिए जोधपुर संभाग को सहमति प्रदान कर दी है। हमारा पूरा प्रयास है कि कोटा में भी कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 का आयोजन हो, ताकि हाड़ोती के पर्यटन को और मजबूती से बढ़ाया जा सके।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि एक ही क्षेत्र में पिछले वर्षों में हुए भारी निवेश से उस क्षेत्र में आए गतिरोध के चलते कोटा की अर्थव्यवस्था के समक्ष नई चुनौतियां खड़ी हो गई है।

इससे निपटने के लिए हमारे पास पर्यटन एवं औद्योगिक क्षेत्र में विकास की विपुल संभावनाएं हैं। वर्तमान में कोटा में रियल एस्टेट में आए ठहराव को भी गतिशीलता मिलेगी और इस दिशा में जिस तरह से कार्य हो रहे हैं आने वाला समय पर्यटन एवं औद्योगिक दृष्टिकोण से उज्जवल दिखाई दे रहा है। निश्चित ही उनके विकास से कोटा की अर्थव्यवस्था को नई दिशा और स्फूर्ति मिलेगी ।

इस अवसर पर न्यू कोटा प्रॉपर्टी डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा, सचिव मणिराज सिंह ने कहा कि कोचिंग व्यवसाय में पिछले 3 वर्षों से आए गतिरोध के कारण रियल स्टेट व्यवसाय में भी गतिरोध पैदा हो गया है। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, चंबल सफारी, श्री मथुराधीश कॉरिडोर, चंबल गार्डन का विकास, केशोराय पाटन मंदिर के साथ-साथ हाड़ोती में बढ़ते पर्यटकों की संख्या को देखते हुए निरंतर बाहर के निवेशकों का कोटा में आवागमन हो रहा है।

इससे कहीं बड़े-बड़े ग्रुपों ने भी हाड़ोती मे निवेश करने की इच्छा जाहिर की है। हम बाहर से आने वाले निवेशकों को उनकी मनपसंद की लोकेशन में कृषि भूमि और शहर की अच्छी लोकेशन में प्लाट और भूखंड दिलाने में पूरा सहयोग कर रहे हैं। ताकि, आने वाले समय में कोटा की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिल सके।